कमल कपूर द्वारा लघुकथा पश्चिम की हवाएँ

पश्चिम की हवाएँ (लघुकथा)

लेखिका- कमल कपूर

   एयरपोर्ट पर अभिनव आया था, उसे लेने । मन दुलार से भर उठा था उसे देखकर । यदि उसके दोरंगी बालों और एक कान में पहनी बाली को नज़रअंदाज़ कर दिया जाता तो बिलकुल राघव भैया का युवा संस्करण लग रहा था वह । उसने झुककर विधिवत उसके पाँव छूते हुए कहा “ प्रणाम बुआ जी ! “ तो मन खिल उठा था उसका कि लड़के ने यहाँ पल-पढ़कर भी संस्कार नहीं खोए ।रास्ते भर भी अत्यंत आत्मीयता से बतियाता रहा वह लेकिन घर पहुँचकर ,उसका’ बैगेज ‘ भीतर पहुँचाकर हाथ जोड़कर बोला ,“ चलता हूँ बुआजी! शाम को आऊँगा ,” और बाहर निकल गया ।
 
   “ अरे ! ये कहाँ चल दिया भैया ?” उसने हैरत से पूछा।
 
   “ अपने घर ,” भैया ने दो शब्दों में जवाब दिया.
राम करन सोनी चूजा — Vcare Language Academy
“ अपने घर ? तो यह किसका घर है ? वह मानों आसमां से गिरी ।
 
   “ रानो ! यहाँ बच्चे जब बड़े हो जाते हैं तो मनमानियाँ करते हैं और यूँ भी जो बोया वही तो पाया हमने । इसने तो सिर्फ़ घर छोड़ा है, मैं तो माँ- बाबूजी और तुझसे बेनियाज़ होकर देश ही छोड़ आया था ,” एक ठंडी आह भरकर बोले भैया ।
 
   रानो ने अपने से पंद्रह बरस बड़े पितृवत भाई पर भरपूर दृष्टि डाली…लगभग सारे ही बाल सफ़ेद हो गए थे उनके और चेहरे पर भी बुढ़ापे ने अपने हस्ताक्षर करने शुरु कर दिये थे । उसका मन भर आया और वह तड़पकर भाभी से मुख़ातिब हुईं, “ भाभी ! आप अपनी ममता का वास्ता देकर रोक लेतीं न ? “
 
   जवाब भाभी ने नहीं उनकी बेटी आलिया ने दिया ,” अभि ने  कुछ ग़लत नहीं किया बुआजी !हर किसीको अपनी ‘ स्पेस ‘ चाहिए ,”
 
   “ स्पेस ? इस इत्ते बड़े घर में उस बच्चे के लिए स्पेस नहीं ?”
 
   “। वो वाली स्पेस नहीं बुआजी! मैं तो …
 
    “ चलो अब बस करो, “ बेटी की बात पर आरी चलाकर मातृवत स्नेहमयी भाभी ने कहा ,” सात समंदर पार करके हमारी लाडो रानी आई है और आप लोग बेकार के पचड़े लेकर बैठ गए । चलो रानो बेबी ! जल्दी से वो सारी मिठाई निकालो , जो तुम इंडिया से लाई हो ।”
 
    शाम से कुछ पहले ही अभिनव आ गया किन्तु उसके साथ एक ब्रिगेड थी , जिसमें थे…तीन बकरेनुमा हष्ट-पुष्ट कुत्ते और एक छरहरी सी काया वाली आबनूसी वर्ण की लड़की, जिसे देखकर न जाने क्यों रानो को फ़िल्म-फ़ेयर की ‘ ब्लैक लेडी ट्रॉफ़ी ‘ याद हो आई ।
 
    “ बुआजी! यह ज्यूडी है। मेरे साथ रहती है,” अभिनव ने कहा तो वह चौंकी ,” साथ रहती है मतलब ? तुमने इससे शादी कर ली ?” 
 
   “ अरे नहीं बुआजी! बस साथ रहते हैं । बहुत अच्छी लड़की है ,” वह मुस्कुराया ।
 
    “ इतनी ही अच्छी है तो शादी क्यों नहीं की सपूत ? “
 
   “ शादी के झंझट में मुझे नहीं पड़ना बुआजी ! यहाँ शादी साल भर भी वह नहीं टिकती । तलाक़ होना भी आसान नहीं यहाँ । सौ क़ानूनी अड़ंगे हैं ।”
 
   भैया उनके आते ही उठकर भीतर चले गए थे ।आलिया ज्यूडी के साथ न जाने क्या गिटपिट कर रही थी । अभि वॉशरूम गया तो भाभी ने बताया,” लंबे अर्से से बाप- बेटे में अबोला चल रहा है । पहले तो यह यहाँ आता ही नहीं था । मैंने ज़िद्द की इसने अपने आने की एक शर्त रखी कि ज्यूडी और उसके कुत्ते भी साथ आएँगे । मुझे माननी पड़ी…नहीं तो बेटा खो देती हमेशा के लिये,” भाभी के नैन-कोर भीग आए थे ।उनका दर्द जैसे मेरे सीने में उतर आया ।
 
    “ अभि । तुम इसी कलूटी से कोर्ट-मैरिज़ कर लो…मेरे यहाँ रहते हुए ही । बिन ब्याह के यूँ  साथ रहना- सोना हमारी परम्परा नहीं बेटा ! “
 
   अभिनव तो ख़ामोश रहा लेकिन आलिया भड़क उठी ,” कैसी पुरानी बातें कर रही हैं आप बुआजी । यह ‘ लिव- इन रिलेशनशिप ‘ है और इसमें कोई बुराई नहीं । हो सकता है कल को मैं भी…आप  मॉम-डैड को समझाइये प्लीज़ कि सबको अपनी ज़िंदगी अपने ढंग से जीने का पूरा अधिकार है  । हम बच्चे उनकी ‘ प्रॉपर्टी ‘ नहीं ।”
 
   “ उन्हें तो तब समझाऊँ न बेटा जी! जब मेरी समझ में कुछ आए । जब से यहाँ पग धरे हैं, झटके पर झटके लग रहे हैं  मुझे । बड़ा ही अजब-ग़ज़ब देश है तुम्हारा भई।”
 
   “ और आपका देश क्या है बुआजी ? दूध से धुला हुआ है क्या ? वहाँ भी खुलकर लोग ‘ लिव-इन रिलेशन ‘ में हैं …मैं ख़ूब जानती हूँ  ।”
 
   अब नि:शब्द थी रानो क्योंकि आलिया की बात ठीक थी । पाश्चात्य सभ्यता की विकृतियों का ज़हर ये पश्चिमी हवाएँ सर्वाधिक पूरब में ही जाकर घोलती हैं ।
 
 
०००००
 
कमल कपूर
मो. 9871101481
फरीदाबाद-121006
हरियाणा
 
 

Author