“ पागल हो गई है क्या तू वसुधा ? घर लौट जा अभी के अभी । सब ठीक हो जाएगा समझी ? । मेरा सास-ससुर वाला घर है और बहुत से मेहमान भी आए हुए हैं । यहाँ कैसे आ सकती है तू ? “
फिर उसने सोचा कि मीता के लास- ससुर तो साथ नहीं रहते । उसे कोई प्रॉब्लम नहीं होगी । उसे फोनकर स्थिति से अवगत कराया और अपना मंतव्य ज़ाहिर किया तो वह बोली , “ मेरे ‘ ये’ तेरी बहुत इज़्ज़त करते हैं । इन्हें पता लगेगा कि तू घर से झगड़कर आई है तो…
आगे की बात सुने बिना वसुधा ने फ़ोन काट दिया और चिंता में डूब गई । रात तेज़ी से आगे बढ़ रही थी ।कहाँ जाए वह ? उसने सोने की दो चूड़ियाँ, दो अँगूठियाँ, बालियाँ और गले में चेन पहन रखी थी…मतलब लगभग डेढ लाख क़ीमत का सोना उसके तन पर था और सोने से बढ़कर पास था इज़्ज़त का मोती । कैसे संभालेगी इन्हें ?उसने सारे गहने उतारकर पर्स के हवाले कर दिए और दुपट्टे से सिर-मुँह ढक लिया और एक दुकान के बरामदे में बैठ गई । सहसा दिमाग़ में बिजली -सी कौंधी…फूलवती…हाँ-हाँ ! फूलवती के घर जाएगी वह । उसका तो पति भी नहीं है ।दो छोटे-छोटे-छोटे बेटे भर हैं ।और फिर बरसों से उसके घर काम कर रही है , साथ ही वसुधा भी सौ बार उसके काम आई है । वह ख़ुशी-ख़ुशी उसे एक रात तो रख ही लेगी, पूरा यक़ीन था उसे।
“ अरे बीबीजी ! आप ?फूलवतियीया की कुठरिया में आप काहे चली आईं ? हमें बुला भेजा होता, “ उसने कुछ हुलसकर और कुछ संकुचित होकर कहा तो किंचित खिसियानी मुस्कान के साथ वसुधा ने कहा , “ ज़रूरत मेरी थी तो मुझे ही आना था न फूलवती ? “
“ हुकुम करो बीबीजी ! “
“ फूललती ! मुझे आज की रात अपने घर में शरण दे दो । देखो मना मत करना , “ उसने चिरौरी -सी की तो वह अपने कान पकड़कर बोली, “ अरे राम-राम-राम ! इत्ते बड़े घर की मलकिन होके इस नीच फूलवती की छपरिया में सोवेंगी हमरी बीबीजी? “
“ कैसा घर? किसका घर रानी ? औरत का कोई घर नहीं होता ।”
“ ना बीबीजी! ना ! घर तो औरत का ही होवे है । मरद के वास्ते तो वो रैन-बसेरा होवे है जी ! हमरी अम्मा कहा करे थी…बिन घरनी घर भूत का डेरा । हमारे प्रान बी हाज़िर बीबीजी ! आपकी ख़ातिर पर हम हाथ जोड़कर कहें के घर लौट जावें आप जी । “
“ ऐसा क्यों कह रही हो फूलोंवती ? “ वह रुआंसी हो आई थी ।
देखो बीबीजी ! आप अब घंटा- दो घंटा में घर ना पहुँचीं ना तो बाबूजी आपकी ढूँढवाई शुरू कर देवेंगे और बड़ी जगहँसाई होवेगी आप दोनों की । बिन मरद की इजाजत के जोरू का एक रात बी घर से बाहिर गुजारना ठीक ना है बीबीजी ।वो रामचंदर महराज और मरे धोबी का किस्सा किसको ना पता बीबीजी? हर मरद आज बी रामचंदर सरीखा ही हैगा जी ।”
“ पर अब घर से बाहर पाँव निकाल चुकी हूँ । कौनसा मुँह लेकर लौटूँ ? “
“ वो आप हम पे छोड़ दें बीबीजी! हम सब सँभाल लेवेंगी ! हम कहेंगी बाबूजी से के बीबीजी हमरी ज़रूरत से हमरी कुठरिया पे आई रहीं । बस अब चलो हम पहुँचा आवें आपको आपके घर । ऐ मुन्ना ! ऐ बंटू ! किवाड़ बंद कर लो रे छोरों ! भीतर से । अम्मा तनिक देर में आती हैं ।”
और फूलवती स्नेह से उसका हाथ थामकर ले जा रही थी उसे वापस उसके घर ।
०००००००
कमल कपूर