कहानी – पेपरवेट” डॉ. अंजू दूआ द्वारा

चदरिया झीनी रे झीनी

लेखिका -डा. अंजु दुआ

अमन की मीटिंग वाली बात ने उसकी उंगली पकड़ उसे अतीत की उस स्याह गुफा में ला खड़ा कर दिया, जिसमें से वह अत्यन्त कठिनता से बाहर आई थी। 
रमन जी जब से बीमार रहने लगे थे तब से वह जी-जान से उनकी तीमारदारी में जुटी रहती। अमन-नमन अपनी सुविधानुसार आते और बाऊजी का हाल-चाल पूछ कर अपने-अपने कार्यों में व्यस्त हो जाते। बड़ी बहू शिखा अवश्य श्वसुरजी की सेवा-सुश्रूषा में उसका हाथ बँटाती। रमन जी जान चुके थे कि कैंसर जैसी नामुराद बीमारी से उनका बचना नामुमकिन है क्योंकि, बीमारी आखिरी चरण पर थी। यूं भी दोनों बेटों को गृहस्थ-जीवन में सुखी-संतुष्ट देखकर उन्होंने मृत्यु का स्वागत करने का निश्चय कर लिया था। पैंसठ बसंत देखना अधिक संतुष्टिदायक तो नहीं, पर जितनी जिसकी लिखी। छह माह से अधिक का समय हो चला था, वे बिस्तर पर पड़े निरीह निगाहों से यमराज के आगमन की बाट जोह रहे थे।
लेखक – अब्दुल गफ्फार घर — Vcare Language Academy
कुछ दिनों से वे अपनी अर्धांगिनी से यानी उससे कुछ कहना चाह रहे थे फिर छोटी बहू को बहाने से इर्द-गिर्द मंडराते देख मुंह पर ताला जड़ बैठे। उस दिन घर्र-घर्र की आवाज़ मुंह से निकली, शब्द फिसफिसाए पर बाहर नहीं आ पाए। उन्होंने इशारे से अमन और शिखा को पास बुलाया। उनकी साँसें उखड़ती देखकर वह पानी का गिलास थमाने लगी तो गिलास को खाली पाकर घबराई हुई रसोई की ओर दौड़ी। फ्रिज से ठंडे पानी की बोतल निकाली और ढप-ढप पानी ढलकाती अधभरा गिलास लिए ही दौड़ पड़ी। दरवाजे तक पहुंची ही थी कि उनकी साँसे उखड़ी देख स्वयं भी दरवाजे पर ढह गई। गिलास फर्श से टकराया और चूर-चूर हो गया। पति-पत्नी का वर्षों का नाता टूंटे तागे-सा लटक कर रह गया। मुँह में उनका नाम, ‘वो चले गए’ का अस्फुट स्वर, आसुँओं से सराबोर चेहरा, हिचकियाँ और विछोह की पीड़ा। अमन माँ को  सहारा देकर उठाते हुए बाऊजी की निष्प्राण देह के पास ले आया। विलाप करती वह उनकी देह से लिपटकर उन्हें झकझोरने लगी। जानती थी कि पंछी डाल से उड़ गया, पीछे सर्र-सर्र की ध्वनि रह गई, बस खालीपन और भरेपन के बीच के ‘पन‘ को आँखों के रास्ते धार-धार बहाने लगी। 
मन का घायल पंछी चीत्कार कर उठा। विदीर्ण हृदय की पुकार कोने-कोने से टकराई। बीच-बीच में वह अपने सरताज को जगाने का व्यर्थ प्रयास करती रही। नमन और स्मिता भी इधर-उधर से निकलकर बाऊजी के पास आ पहुंचे। उनकी आँखों से अश्रुधारा फूट पड़ी। छोटे-छोटे बच्चे भी घबराए हुए दादा के पास पहुँचे। कुछ समझे, कुछ न समझे वे अपनी-अपनी माँओं की गोद में दुबक गए। 
आनन- फानन अड़ोसी-पड़ोसी जमा होते चले गए। एक व्यक्ति की मदद से  निष्प्राण काया को जमीन पर लिटाया गया, सिरहाने दीपबत्ती कर दी गई। वह बीच-बीच में विलाप कर उठती फिर थर्राकर शांत बैठ जाती। स्त्रियों ने उसे घेर रखा था। पुष्प सरीखा चेहरा कुम्हला गया था। ‘बाऊजी नहीं रहे’ के फोन संबंधियों तक पहुँचने लगे।
रात्रि के ग्यारह बज रहे थे। क्रियाकर्म सुबह हो पाएगा। दोनों बहुएँ उसे पानी पिलाकर शांत करने का प्रयास कर रही थी। अब रात-भर लाश को ऐसे ही रखना होगा। खराब होने के भय से बर्फ की सिल्लियाँ मंगाई गई। अजीब गंध घर-भर में फैल गई। उनके साथ बिताए अनेक क्षण उसके सामने आते रहे और बुलबुले से फूटने लगे। भीतर ही भीतर कुछ भुरभुरा गया था। हर कोई उसे ‘अपने तरीके‘ से समझा रहा था। आँखों में ही रात कट गई। उदास चाँद विदा लेता सूर्य को अपना बिछावन थमा रफ्ता-रफ्ता ओझल हो गया। चिड़ियों की चहचहाहट आँगन में शोर मचाने लगी। घर के बाहर घरघराते वाहन एक-के-बाद-एक रुकने लगे।
दिन के ग्यारह बज रहे थे। निर्जीव देह का पेट फूल गया था, चेहरा सूज गया था और मुँह से निकली लार कफन को गीला कर रही थी जिस पर मक्खियाँ भिनभिना रही थी। यही रमन जी मक्खियों के प्रति कितनी घृणा रखते थे। अक्सर कहते-‘सुनो रोमी जी! आप सारे काम छोड़कर पहले इन मक्खियों को कमरे से भगाओ। जाने कौन जाली का दरवाला खोल जाता है। फिनायल का पोंछा लगवाया करो। आपको मालूम है, मैंने स्कूल में स्वीपर को दो बाद पोंछा लगाने की सख्त ताकीद दे रखी है? हमें अपने आस-पास का वातावरण हमेशा साफ रखना चाहिए। साफ तन, साफ मन और साफ घर-आँगन।’
‘आज इन्हीं के मुख पर मक्खियाँ भिनभिना रही हैं और ये खामोश हैं।’ वह उठ खड़ी हुई और पास आकर आँचल से मक्खियाँ उड़ाने लगी। किसी ने उसे पकड़ कर वापस स्त्रियों में बैठा दिया।
एकाएक पंडित जी ने मंत्रोच्चारण शुरु किया और अर्थी सज गई। आगे-आगे वे चले जा रहे थे शान से और पीछे पछाड़ खाती वह और मित्र-रिश्तेदार। ऊँचा-ऊँचा रूदन और सिर्फ रूदन। उनके जाने के बाद सब यंत्रवत् होता चला गया। वह मूक-द्रष्टा बनी भीतर की यात्रा करके थक गई। खाने का कौर गले के नीचे नहीं उतर रहा था पर बार-बार स्त्रियों द्वारा लगभग ढकेले जाने की स्थिति के बाद उसने एक चपाती निगली। वह भारी उदास दिन उसके भीतर के तन का और अधिक गहरा गया।
उसके बाद हर दिन लोग उदास द्वार पर दस्तक देते और भीतर आकर खामोशी से दरी पर बैठ जाते। वह उनके साथ गले मिल कर हिलक-हिलक रोती। कई बार सिर्फ गड़गड़ाहट-सी गले से निकलती और नैन-कटोरे बिन बरसे रह जाते। अमन-नमन बीच-बीच में माँ का हाल-चाल पूछ जाते। इन तेरह दिनों में उसके हृदय में तरह-तरह के तूफान उठते फिर बेटों की ओर दृष्टि जाती तो आशंका निर्मूल सिद्ध होने लगती। 
बेहद थकी हुई वह बुढ़ाने लगी थी। कहाँ हर समय वह बनी-ठनी रहती और कहाँ नुचे परों वाली चिड़िया बनकर रह गई। चदहवें दिन दरी उठा दी गई।
अगली साँझ स्कूल से फुर्सत पाकर अमन उसके कमरे में आया। वह भी कब से उससे अकेले में बात करना चाह रही थी।
‘‘अमन बेटा! उस दिन बाऊजी ने तुमसे क्या कहा था? तुमने कुछ बताया नहीं मुझे!”
‘‘वो माँ……..। उन्होंने कुछ ऐसी बातें बताई थी जो शायद नमन को गवारा नहीं होगी । अच्छा है आपकी मार्फत उस तक पहुँचे। वे अपना फैसला बता गए हैं, कल वकील भी आएगा।”
‘‘अमन! तुम गोल-मोल क्यों घुमा रहे हो? मेरा दिल बैठा जा रहा है। मुझे बताओ। तुम्हारे बाऊजी के जाने के सदमे से अभी मैं उबर नहीं पाई,’’  वह उत्सुकता के झरोखे से पार देखने का प्रयास कर रही थी।
‘‘ओ माँ! तुम इतनी चिंतित मत हो। बाऊजी यह स्कूल मेरे नाम कर गए हैं, यही बताया था उन्होंने।”
‘‘क्या………..?  स्कूल तुम्हारे नाम?  क्या उन्हें मुझ पर विश्वास नहीं रहा था?”  उसका तल्ख स्वर निकला जो क्षणांश बाद भीग गया।
‘‘नहीं माँ! ऐसी बात नहीं। प्लीज़ आप शांत रहे। ‘बी कूल’। उन्हें आपकी बहुत फिक्र थी। आप तो जानती हैं कि शिखा ने उनकी बहुत सेवा की। वे स्मिता की बदमिजाजी से परेशान थे और उसे एक मिनट भी अपने इर्द-गिर्द बर्दाश्त नहीं कर पाते थे। वे जानते थे कि अगर स्कूल आपके नाम कर दिया तो नमन और स्मिता भविष्य में आपको इमोशनली ब्लैकमेल करके स्कूल अपने नाम करा लेंगे। वे कहकर गए हैं कि स्कूल मैं चलाऊँगा और प्रिंसीपल आप रहेंगी। मुझे और शिखा पर आपकी जिम्मेदारी सौंप गए हैं।‘‘
पुत्र की बात सुनकर वह आश्वस्त होकर भी आश्वस्त नहीं हुई।
अगले दिन वकील आया। वसीयत को लेकर नमन और स्मिता ने सख्त नाराजगी जताई। स्मिता ने तो आपा खो दिया और अनाप-शनाप बकने लगी।
‘‘हाँ—हाँ । मुझे तो पहले ही मालूम था, अमन भैया जरूर गड़बड़ करेंगे। जरूर इन दोनों ने धमकाकर सब अपने नाम कराया होगा। आखिरी वक्त में यही दोनों थे बाऊजी के साथ। मैं भी देखती हूं कैसे हमारा हिस्सा मारते हैं, कैसे ये लोग हमारे साथ नाइंसाफी करते हैं। मैं कोर्ट जाऊँगी।”
‘‘चुप रहो स्मिता! भले घर की बहू को ऊँचा-ऊँचा चिल्लाना शोभा नहीं देता। इसी व्यवहार के कारण तुम उनका विश्वास हासिल न कर पाई।”
‘‘रहने दीजिए माँजी! उनका विश्वास आप भी कहाँ हासिल कर पाई,”  स्मिता ने तुनकते हुए जोरदार पत्थर उछाला।
वह उसकी चोट से तिलमिलाकर रह गई। वहाँ सन्नाटा छा गया। सुई भी गिरे तो आवाज हो। वह चुपचाप अपने कमरे की ओर चल पड़ी। स्मिता की बड़बड़ाहट जारी थी। काफी देर तक स्मिता के कड़वे वचन उसका पीछा करते रहे।
निढाल-सी वह पलंग पर लेट गई और करवटें बदलती रही। ‘क्यों विश्वास नहीं था मुझ पर? क्या मुझे कमजोर समझा था? मैं तुम्हारे संघंर्षों में हमेशा साथ रही। मैंने गरीबी के दिन भी जिए तुम्हारे साथ! फैक्टरी बंद होने पर तुम घर बैठ गए गुमसुम। कर्जदारों की बढ़ती लाईन- फिर मैंने स्कूल में नौकरी की। दोनों बच्चों को कभी गरीबी का अहसास नहीं होने दिया। धीरे-धीरे कर्ज उतारा और तुमसे प्ले-स्कूल खोलने का आग्रह किया। वह प्ले-स्कूल आज सीनियर सैकंडरी स्कूल बन चुका है। कहो, कब मैं तुम्हारे साथ नहीं थी?‘ 
वह बेहद आहत थी। ‘अभी चंद रोज ही गुजरे हैं और दोनों भाई कुत्ते-बिल्ली की तरह संपत्ति के लिए लड़ रहे हैं। माँ को किनारे की घास बना दिया है। कुछ तो राह निकालनी होगी,’  उसका सिर दर्द से फटने लगा। अमन थोड़ी देर बाद उसके लिए खाना ले आया। वह उठ बैठी-
‘‘माँ! खाना खा लो।”
‘‘ले जा बेटा, मुझे भूख नहीं है। तुम और शिखा खा लो।”
‘‘क्या माँ! इधर आप मुझे परेशान किए हो, उधर शिखा ने रो-रोकर अपनी हालत खराब कर ली है। वह इस झगड़े से इतना डर गई है कि उसका हुलस-हुलस कर रोना बंद ही नहीं हो रहा। आपको तो पता है वह कोमल दिल की है, लड़ाई-झगड़े से उसकी तबीयत खराब हो जाती है।‘‘ 
‘‘क्या हो गया उसे?  चलो, मैं चलती हूँ,‘‘ वह चिंतित हो स्लीपर पहनने लगी।
‘‘नहीं माँ। आप चिंता न करें, मैं हूँ उसके पास, सब संभाल लूँगा! बस आप खाना खा लेंगी तो मैं निश्चित हो जाऊँगा।”    
पुत्र के स्नेहमयी आग्रह को देखते हुए उसने प्लेट ली और चपाती का कौर तोड़कर मुँह में रखा। माँ को खाते देख अमन निश्चिंत हो चला गया।
‘कितना ध्यान रखता है यह मेरा। नमन भी मेरी फिक्र करता है, यह तो स्मिता मुँहजोर है, उसी के डर से मुझसे दूर रहता है।’
स्वयं को बहलाती वह शायद भीतरी सुरक्षा ढूँढ रही थी।
नमन और स्मिता मन मार कर जूनियर विंग संभालने लगे, सीनियर विंग अमन और शिखा के पास ही था। वह भी ‘प्रिंसीपल रूम‘ में बैठने लगी।
सुबह से शाम हो जाती, वह किसी-न-किसी काम में व्यस्त रहती। रात होते ही अकेलेपन का भूत उसे निगलने लगता, तिस पर अमन-नमन के बीच स्कूली मसलों को लेकर बढ़ता तनाव अक्सर उसके कानों से टकराता उसे उद्विग्न कर देता। देवरानी-जेठानी भी एक-दूसरे को न सुहाती। शिखा फिर भी स्मिता से बतियाने का प्रयास करती पर स्मिता कंधा हिलाकर मुँह घुमाए उसके सामने सर्र से गुजर जाती, वह बेचारी डबडबाई आँखें लिए अपमान का घूंट पीकर रह जाती।
डेढ-दो महीने ही सरके होंगे कि भाइयों के बीच का तनाव बढ़ते-बढ़ते स्कूल की मैंनेजमेंट पर दुष्प्रभाव डालने लगा। यह देख उसका माथा ठनका। इससे पहले कि वह कुछ कह पाती दोनों उसके आफिस में झगड़ते हुए आ पहुँचे। गर्मा-गर्मी इतनी बढ़ गई कि बीच-बचाव के लिए उसे आना पड़ा। इस क्रम में उसे धक्का लग गया और वह दीवार से जा टकराई पर उसे अनदेखा कर नमन चीखते हुए भाई से ही उलझा रहा-‘‘बहुत बर्दाश्त कर ली आपकी धौंस-पट्टी। माँ सह सकती है आपको, मैं नहीं सहने वाला। बड़े भाई हो तो क्या, आपके अंडर काम करुँ? कभी नहीं। अब मेरा गुजारा नहीं होगा, मुझे मेरा हिस्सा चाहिए, तुम्हीं रखो स्कूल अपने पास। मेरे अंदर इतनी काबिलियत है कि मैं खुद कमा-खा सकूँ, अपने परिवार को अपने सहारे पाल सकता हूँ। अपना हिस्सा लिए बगैर फिर भी नहीं जाऊँगा।‘‘
दोनों बेटों के बीच उसकी भूमिका गौण हो चली थी। वह दोनों को समझाने में नाकाम रही। दोनों ने स्वयं ही फैसला कर लिया। अपने हिस्से की पहली किस्त लेकर नमन स्मिता और बच्चों को लेकर मुंबई रवाना हो गया। वह रोकती रह गई। उस दिन उसका जी बहुत खराब हुआ, रिश्ते का एक सिरा छिटक कर दूर जा गिरा।
उस दिन उसे लगा उसकी कोई महत्वपूर्ण वस्तु खो गई है, शायद वह भी गुम हो चुकी थी। वह अपने में उस माँ को तलाशने लगी जो लड़ने-झगड़ने पर बच्चों को चपत लगाती थी फिर उनके रोने-धोने पर स्वयं भी रो पड़ती और रोते-रोते उन्हें अपने आँचल में समेट लिया करती थी।
वह अमन के समक्ष नमन के विषय में कभी मुँह न खोलती। जानती थी, अमन उस पर पक्षपाती होने का आरोप जड़ देगा। दोनों पाटों के बीच पिस रही थी। दोनों समझते क्यों नहीं कि उसका आँचल हमेशा से दोनों पर बराबर साया बनकर फैला है। उसे खबर मिलती रही कि नमन मुंबई में किराए के मकान में रह रहा है और उसने कोई व्यापार शुरू किया है। चलो, वह जहाँ भी रहे, खुश रहे। 
उन्हें गए एक-एक कर तीन माह गुजर गए। जिंदगी एक ही ढर्रे पर चलती रही। फिर एकाएक नमन लौट आया। साजो-सामान लिए वह उसके सामने आ खड़ा हुआ। उसे सामने पा वह भौंचक रह गई। नाकामी नमन के चेहरे पर पुती थी, उसकी बुझी-बुझी आवाज़, खोई-खोई आँखें और झुका सिर उसके लुटे-पिटे होने की चुगली खा रहा था। अपनी जड़ों से उखड़ कर दूसरी जगह फलना-फूलता इतना आसान है क्या? सब्र की खाद, किस्मत की मिट्टी और अपनों की थपथपाहट…………. तभी अंकुर फूटता है। नमन के पास व्यापार करने का न कोई अनुभव था और न ही खुला पैसा, थी तो सिर्फ कोरी जिद। बेटे की असफलता देख उसका कलेजा पिघल गया। फिर भी उसकी वापसी से एक प्रसन्न लहर चुपके से उसके भीतर समा गई, मीठे अहसास से भरपूर वह दौड़-दौड़कर बेटे-बहू की आवभगत कर रही थी, पोते-पोती को अंक में समेटे चुलबुलियाँ कर रही थी।
आनन-फानन में नमन का किराए पर दिया हिस्सा खाली कराया गया। अब नमन क्या करेगा, वह सोच-सोचकर परेशान थी। चिंता उसके सिरहाने बैठी उसकी नींद गड़प लेती। वह टहलते हुए कुछ घंटे निकाल देती और कुछ झपकते हुए। 
दूसरी किस्त का समय हो चला था। निश्चित तारीख पर अमन ने नमन के सामने रुपये रख दिया। नमन ने उसे छुआ तक नहीं और दो टूक निर्णय सुना दिया –
‘‘मैं वापस आना चाहता हूं। पहली किस्त के रुपये मेरे हिस्से के मुनाफे से काट लेना।”
वह आश्चर्य-मिश्रित प्रसन्नता से भर उठी। जिस बात को कहने से वह डर रही थी और बहाने ढूंढ रही थी वह नमन ने बड़ी सहजता से स्वयं कह दी। उसने अमन की प्रतिक्रिया जानने के लिए उसके चेहने पर दृष्टि जमा दी। वहाँ बौखलाहट साफ-साफ नजर आ रही थी। इससे पहले कि वह कुछ कहता, वही बोली-
‘‘अमन! तुम्हारा छोटा भाई इस समय मुसीबत में है। बड़े भाई का फर्ज तुम्हें निभाना चाहिए। तुम कैसे निभाते हो, यह मैं तुम पर छोड़ती हूँ।”
अमन की अवाक् निगाहों से बचती-बचाती वह अपने कमरे में आ गई। किवाड़ उड़काया, कुंडी चढ़ाई और गर्म आँसुओं के बीच उधेड़बुन में घिरी रही। बिन बाप के बेटों के साथ माँ का निर्वहन टेढ़े-मेढ़े रास्तों से गुजरने जैसा है, जाने कौन साथ दे और कौन बीच राह में छोड़ जाए। बेटों के बीच सुलह-सफाई की कामना करती रही।
स्ूार्योदय के समय उसे चिड़ियों की चहचहाहट बड़ी भली लगी। इतवार था और जल्दी उठने की कोई वजह नजर नहीं आ रही थी, फिर भी वह नित्यकर्मोंं से फारिग होकर आँगन में चली आई। शिखा से सब मालूम हो जाएगा। थोड़ी देर प्रतीक्षा करने के बाद शिखा कमरे से बाहर आई। वह उमगते हुए उसके पास गई। सब कुछ जान लेने के बाद उसने इत्मीनान की साँस ली। अमन ने किस्त के रुपए वापस रख लिए थे। इसका मतलब उसे नमन के दोबारा स्कूल में आने पर कोई आपत्ति नहीं। ‘कहीं अमन रुपयों का इंतजाम करने में अक्षम तो नहीं हो रहा?‘ यह विचार उसके मन में एकबारगी कौंधा, फिर दूसरे पल स्वयं को आश्वस्त करने लगी कि चलो जो भी हो, दोनों भाई एक-साथ रहें, यही बहुत है।
सुख के झूले में वह आनंद की पींगें ले रही थी। रात के बाद का सवेरा मन को शीतलता प्रदान कर रहा था। वह अंजुरी भर-भर सुख पीना चाहती थी, कभी न खत्म होने वाला सुख।
धूप और छाया और फिर धूप………। धूप तो आनी थी, इतनी छाया भला किस मानुष के साथ और वह भी सदा के लिए ! चक्र घूम रहा था। 
एक बाद फिर दोनों भाइयों के बीच की ठनक उसके कानों तक पहुँची। कहीं कुछ चटख गया। दोनों के बीच वह बिन बुलाए जाना नहीं चाहती थी। उसे खबर हुई कि दोनों के बीच का तापमान इतना बढ़ गया कि शिखा का ‘नर्वस ब्रेकडाऊन’ हो गया। अमन उसे लेकर डाॅक्टर के पास भागा। डाक्टर ने उसे झिड़क दिया। ‘मिस्टर अमन! मैंने पहले भी आपको कहा था कि इन्हें स्ट्रेस मत देना पर आप लोग जब तक केस बिगाड़ न लें, मानते ही नहीं। अब जाइए, इन्हें बड़े अस्पताल ले जाइए। जाइए, जल्दी कीजिए। ये लीजिए स्लिप! मेरा रेफरेंस दे देना।‘
अमन उसे महानगर के प्रसिद्ध अस्पताल में ले गया। शिखा के सभी परीक्षण हुए। 
उसे लगभग एक महीना वहीं रखने की राय दी गई।
यहाँ वह बहू की सेहत के प्रति चिंतित हो उठी। फोन पर बराबर अमन से संपर्क बनाए हुए थी। उसे इस बात का क्षोभ हुआ कि अमन ने अपने आप कुछ नहीं बताया। उसने फोन किया तब जाकर उसे सारी घटना मालूम हुई। ‘क्यों वह मुझे इतना गैर समझता है?‘ वह अनायास अपनी कमी खोजने लगी।
एक-दो बार उसने नमन से भाई को फोन करके हाल-चाल पूछने को कहा पर वहाँ से ‘हाँ-हू’ का संक्षिप्त जवाब पाकर वह समझ गई कि फोन नहीं होगा।
हल्की गुलाबी ठंड शुरू हो चुकी थी। अमन घर लौटा, वह शिखा के गर्म कपड़े लेने आया था। उसके गले लगकर वह बहुत रोई। इतने दिनों से बना बाँध भरभरा कर बह गया। 
थोड़ी देर बाद वह संयत हुई और अमन की मदद करने लगी।
‘‘बेटा ! यह स्वेटर रख ले, यह शाल भी रख ले। उसके गर्म सूट भी निकाल देती हूँ।”
वह यत्न से कपड़े निकालकर देती जाती और अमन उसे लगाता जाता। जाते-जाते अमन ने विष-बुझा-व्यंग्य-बाण छोड़ा………… ‘‘लगता है, आपको बहुत जल्दी है मुझे भगाने की। शायद आप नहीं चाहती कि हम लौटें और स्कूल संभालं‘
‘‘पर ……… मैंने ऐसा क्या कहा ? इतनी कड़वी बात ………..।” उसने भग्न हृदय से पूछा।
‘‘मैं क्या बताऊँ? आप अपने दिल से पूछिए!” उसे अवाक् छोड़ तेज कदमों से चलता वह कार में जा बैठा।
‘ये आज क्या कह गया? क्या मेरा फिक्र करना उसे नाटक लगा? ऐसा क्यों कहा?  हे भगवान! इन दोनों की लड़ाई में मैं पिस कर रह गई।’
उस रोज उसने आँसुओं का भोजन किया और उदासी ओढ़कर लेटी रही। उसके जी में आया कि हरिद्वार में बन रहे किसी अपार्टमैंट में एक फ्लैट बुक करे और बाकी जीवन वहीं गंगा-मैया के चरणों में गुजार दे। 
अनमनाई-सी वह रातों के अंधेरे में घुटती रही। दिन में एक बार शिखा से फोन पर बात जरूर करती।
लगभग अठारह दिन बाद अमन शिखा को ले आया। उसने शिखा को बाँहों में समेट लिया। छलकते मन से उसका स्वागत-सत्कार किया। इतने दिनों के बाद बहू घर आई थी।
‘‘अमन! अब संभालो अपना स्कूल! मैं तुम्हारे बिना इसे संभालते-संभालते थक गई हूँ,” उसने आत्मीयता से कहा।   
‘‘क्यों? नमन नहीं संभाल रहा? वह तो शायद मुझसे अच्छा संभाल रहा है! वैसे भी शिखा बड़ी मुश्किल से ठीक हुई है। मैं ऐसी-वैसी कोई बात नहीं करना चाहता। इस शनिवार को कांफ्रेंस हाॅल में शाम चार बजे मीटिंग है। एक महत्वपूर्ण फैसला लेना है।”
अमन के तानों से बिंधी वह जवाब देना चाहती थी पर शिखा की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए मुँह पर ताला जड़ दिया।
अमन शिखा को कमरे में ले गया। नमन और स्मिता शिष्टाचारवश भी बाहर नहीं आए। वह धुआँ-धुआँ हो गई। ऐसे माहौल में दम घुटने लगा उसका। क्या इसे घर कहते हैं? बाप के जाते ही दोनों लड़ने-मरने को तैयार रहते हैं। क्या पिता ही बच्चों को एक सूत्र में बाँधने में कामयाब होता है? क्या माँ घर को एक नहीं रख पाती? स्वयं से प्रश्न पूछती वह शून्य में खो गई। 
गर्म आँसुओं को दुपट्टे से पोंछती वह वर्तमान में वापस आ गई। जाने कौनसा फैसला करने वाला है यह अमन? शनिवार को देखा जाएगा। चार दिन तक वह सोचों की खाइयों में उतरती-निकलती रही।
शनिवार शाम चार बजे वह कांफ्रेंस रूम में पहुँची। अमन-नमन वहाँ पहले से ही मौजूद थे। ‘पता नही ये दोनों बात कब करते हैं?‘ वह दोनों को देख मुस्कुराई।
‘‘स्मिता और शिखा नहीं आई ?‘‘
‘‘उनकी कोई जरूरत नहीं है यहाँ,‘‘ तल्खी से अमन ने उत्तर दिया।
‘‘ठीक है! कहो! क्या कहना चाहते हो दोनों?‘‘
‘‘माँ आप इतने समय से मेरे और नमन के बीच के झगड़े को देख रही हो। इसकी वजह से शिखा अस्पताल पहुँच गई,‘‘ अमन ने भूमिका बांधी।
‘‘इसमें मैं दोषी नहीं, तुम भी तो चीख-चिल्ला रहे थे,‘‘ नमन भड़क उठा।
‘‘मैं तुम्हें दोष नहीं दे रहा। मैं तो कह रहा हूं कि हमारे झगड़े के कारण मैं अपनी बीवी को मुसीबत में नहीं डाल सकता। अब हम दोनों का एक साथ रहना मुश्किल है। बेहतर है हम अलग हो जाएँ। आज नहीं तो कल, हमें अलग होना ही होगा, फिर आज क्यों नहीं। मैं शांति चाहता हूँ बस!‘‘ 
‘‘बँटवारा तो मैं भी चाहता हूँ।‘‘ 
‘‘तो ठीक है। मैंने सब सोच लिया है। पिछली गली में एक बड़ा सा मकान खाली है, वह मैं खरीद लूँगा। निचली मंज़िल पर स्कूल बनाऊँगा और ऊपरी मंज़िल रहने के लिए रखूँगा। बस तुम्हें किस्तों में रुपया देते रहना होगा। और एक बात और………। स्कूल का नाम मैं लूँगा। मेरे स्कूल का नाम वही होगा यानी किडिज़ कान्वेंट स्कूल। तुम इस स्कूल का नाम बदल दो।”
‘‘ठीक है भैया! मुझे मंजूर है,”  नमन के चेहरे पर उजाला फुदक रहा था।
वह सन्न रह गई। इतना सब कुछ…….।
‘‘ठीक है न माँ ?”  नमन ने उस से पूछा।
‘‘ऊं……….,”  वह अपने में ही गुम थी। 
‘‘अमन! तुमने इतना बड़ा फैसला अपने आप ले लिया। मुझसे पूछना भी गवारा नहीं समझा?”
‘‘तो इसका क्या मतलब है माँ? आप शिखा को घुल-घुल कर मरते देख सकती हैं। हम दोनों के बीच की लड़ाई भी देख सकती है पर हमें शांति से अलग होते नहीं देख सकती,” अमन का स्वर ऊँचा हो गया। 
दो मिनट के लिए वहाँ खामोशी बिछ गई। वह चुप रही। 
एकाएक गला खंखारते हुए बोली -‘‘तुम दोनों कौन होते हो फैसला लेने वाले? घर और स्कूल मेरे दिवंगत पति ने अपनी मेहनत से बनाया था। ये कोई पुश्तैनी जायदाद नहीं है जो तुम दोनों बँटवारे के लिए बैठ गए। कोई बँटवारा नहीं होगा। इस घर में जिसे रहना है रहे, नहीं रहना तो चला जाए। आज के बाद स्कूल के बारे में सभी फैसले मैं लूँगी। तुम्हें मंजूर हो तो ठीक, वरना………!” उसकी आँखों से चिंगारिया फूट रही थी। 
उसने पास रखा पेपरवेट उठाया, उसे वहाँ रखे अखबार पर पटका और बाहर की तरफ इशारा कर दिया। 
 
-डा. अंजु दुआ 
फरीदाबाद (हरियाणा)
मो. 9810236253
 

Author