मैं अक्सर शाम को ऑफिस के बाद
उस उदास औरत के घर चली जाया करती थी। कभी-कभी जब मुझे उसके सिर के पिछले हिस्से पर खिचड़ी नुमा रूखे झाडू के तिनकों सरीखे बालों को देख यह अहसास होता कि वह बिस्तर से उठने में बिल्कुल असमर्थ है तभी वह बूढ़ी होती औरत अचानक से जवान फुर्तिली बिल्ली बन, मुझे रसोई में बर्तन खड़खड़ाती हुई सुनाई देने लगती ।
वह मुझे अज़ीज़ है। शायद इसलिए भी, कि हम दोनों को एक गंभीर बीमारी है जो एक दूसरे की पूरक बन रही थी ।
मुझे सब भूल जाने की । उसे कुछ न भूल पाने की ।
कभी-कभी मैं उसका होना भी भूल जाती और हफ्तों उस से मिलने न जाती ।
बहुत दिन बाद होने वाली मुलाकात के शुरूआती लम्हें हमेशा मुश्किल होते, जैसे वह मेरी कोई प्रेमिका है । वह बिल्कुल वैसे ही चेहरा बना लेती , चेहरा जो सब कुछ बिना बोले कहता , वही सब , जो मैंने हमेशा कहना चाहा अपने उस प्रेमी को , जिसको कभी शब्द तक न समझ आते थे , इसलिए मैंने कभी कुछ कहा ही नहीं।
वह सुँदर बूढ़ी होती बीमार उदास औरत अक्सर मुझे कहानियाँ सुनाती थी ।
रिश्तों में फरेब वाली ।
कहानियाँ सुनाना कोई खास बात न थी ।
खास था मेरा वहाँ अक्सर रूमाल, पेंसिल, चश्मा, नोटबुक भूल जाना ।
पर वह कभी न भूलती, न ही
वह कभी देर करती थी । मैं कार का दरवाज़ा खोल भर पाती और वह दूसरे दरवाज़े की तरफ खड़ी होती हाथ में छूटा हुआ समान पकड़े और आँखों में उलाहना लिए , ‘भूलक्कड़’।
छूटी हुई हर चीज़ काश कभी कोई पकड़ा जाया करता तो कितना अच्छा होता न , ऐसा सोचते हुए मैं कार आगे बढ़ा दिया करती ।
वहाँ से लौटते हुए मेरी कार की कोपैसेंजर सीट खाली होती पर मैं जानती हूँ, मैं वहाँ से
कभी भी अकेली नहीं आई । साथ की सीट पर कुछ अदृश्य हमेशा धंसा रहा ।
मैं सीट पर किसी के बैठने से पड़ने वाला दबाव कम ज़्यादा होते अक्सर देखती । पर चुप रहती। हालाँकि मुझे इस बात के होने से डरना चाहिए पर कभी डर जैसा कुछ महसूस ही नहीं हुआ । लगता कोई अपना ही साथ है।
कार में एक और चीज़ भी होती । मोगरे की गंध ।
एक रोज़ वहाँ से लौटते हुए मुझे लगा उस गंध के साथ घुली है शराब की तीखी और लगभग असहनीय गंध। शराब , जिस से मुझे बेईंतहा नफरत है,
पर मैं तब भी चुप रही ।
बीतते साल के साथ बीत चुके प्रेम वाले प्रेमी ने भेजी अपनी एक तस्वीर शराब का ग्लास हाथ में पकड़े हुए ।
मैंने उस तस्वीर को देखने के बाद सो जाना ही ठीक समझा कि अतीत का बोझ उठाई हुई पलकें टूटने के कगार पर थी।
खुली पुतलियाँ में अतीत के अक्स ,
रक्स कर भयभीत करें उस से पहले चार नींद की गोली डाफ लेनी चाहिए । मैंने भी वही किया ।
उस रात मैंने सपने में एक जोड़ी मोहक गुलाबी होंठ देखें।
—–
मुझको बहुत थकान हो चली थी मैंने बैकपैक कंधे से उतारा और इधर-उधर नज़र दौड़ाई। थोड़ा बड़ा, थोड़ा काला ,थोड़ा काई जमा हुआ पत्थर नजर आया , पीपल के पेड़ तले।
कोई और विकल्प न देख मैंने वहीं बैठना चुन लिया।
उस लंबी सड़क पर बस वही एक पीपल का पेड़ था । सुना है काफी साल पहले यह एक इकलौती कच्ची पगडंडी थी जो गांव को बाहर की दुनिया से जोड़ती थी । दिल्ली से कोई सत्तर किलोमीटर दूर मेवात का यह इलाका आज भी कोई खास तरक्की नहीं कर पाया है । यहाँ के सरकारी स्कूल से यौन शोषण की कुछ दबी-छुपी फुसफुसाहट उठी थी । उन्हीं खबरों की सच्चाई जानने के लिए मैं अपने चैनल की तरफ से आई थी । लोग कैमरा वगैहरा ताम-झाम देख हिचकते हैं इसलिए मैं पहले अकेले ही आई कि बच्चियाँ खुल कर बात कर पाएँ मुझसे।
धूप तेज़ हो रही थी। चौंधियाती धूप इतनी तेज़ थी कि साफ-साफ कुछ दिखाई नहीं दे रहा था
वीराना और उस वीराने के बीच में जाती हो हुई वह पगडंडी।
हालांकि मैं इस इलाके में पहली बार आई थी बावजूद इसके यह जगह मुझे काफी जानी-पहचानी सी लग रही थी।
अचानक मुझे लगा कि मुझे कोई परछाई दिखी। मैंने आँख उठाकर देखा
थके कदमों से एक आकृति चली जा रही थी, उस धूल उड़ाती पगडंडी पर।
उसकी उघड़ी हुई पीठ पर किसी नुकीली धारदार चीज़ से गोदे गए थे कुछ नाम, जिनमें से लहू की लकीरें बहती हुई शायद उसके बीते सफर की कहानी कह रही थी। मैंने बहुत ध्यान से देखा तो पाया उसके शरीर पर सिर नहीं था ।
बिना सिर का धड़ ।
मैं सिहर उठी।
उस धड़ के कंधे भी लगभग टूटे हुए थे। मैंने चारों तरफ़ नज़र दौड़ाई । पर मुझे कहीं नज़र ना आया धड़ का सिर।
मेरे जहन में फिर कुछ बिजली सा कौंधा। एक सिर, अतीत में पड़ा हुआ था, कुछ लोगों की ठोकरो में । एक धड़ जो खुद सिर उतार कर रख रहा था उन कदमों में,शायद कुछ बेमानी रिश्ते बचाने के लिए ।
कहीं एक आवाज़ गूंजी मेरे अंदर…
‘मैं सब कुछ सही-सही करना चाहती थी इसके बावजूद हुआ सब कुछ गलत-गलत।’
यह किसकी आवाज़ मेरे ज़हन में बज रही है । कितना जाना-पहचाना सा है यह लहज़ा।
____
“तू कल कहाँ थी ?”
“वह दिल्ली वाले मामा आए थे। “
“तो छूट्टी कर ली ?”
“माँ ने स्कूल आने ही नहीं दिया बोली मामा की पसंद का सब बनाने में मदद कर ।”
“यह तेरा मामा तो रोज़ ही आया रहता है । पता है तुझे रात भर बेचैनी रही । सो भी नहीं पाई ।”
कहते कहते बाला , बिंदु की गोद में सिर रख कर लेट गई । स्कूल के बाद दोनों अक्सर रास्तें में पड़ने वाले इकलौते घने पीपल के पेड़ की नीचे सुस्ताने रूक जाती थी। इस लंबे सुनसान पगडंडी वाले रास्ते से जाना कोई शगल न था अपितु मजबूरी थी उनकी । एक कायस्थ ,एक शुद्ध ब्राह्मण ऐसी गहरी सहेलियाँ कैसे हो सकती हैं। गाँव में बवाल न खड़ा हो जाए ।
“क्यों नहीं सो पाई तू ।”
बिंदु ने फिक्र भरी आवाज़ में पूछा और बस्ते से मोगरे के फूल की लड़ी निकाल बाला के बालों में लगाने लगी। बिंदु के घर के आँगन में मोगरे का पेड़ है और बाला मोगरे की खुशबू की बेहद दिवानी।
“अरे मैंने माँ को भी बताना चाहा पर उन्होंने बात पूरी सुने बिना ही डांटना शुरू कर दिया कि ऐसी बातें नहीं बोलनी चाहिए ।”
“ऐसी क्या बात बोली तू बाला ?”
“कल से मेरी छातियों में बहुत दर्द है । अजीब सी अकड़न । माँ को कहा तो एकदम डपट दी । बोली चुप रह बेलखनी , यह कहने की बात नहीं होती । सबके साथ होता है । सहना सीखो । तेरे साथ भी होता है क्या ऐसा बिंदु?” बाला ने कौतूहल से पूछा।
बिंदु के ज़हन में दिल्ली वाले मामा के सख्त हाथ कौंध गए । वह सिहर-सिहर उठी।
उसके शरीर की कंपन पल में ही महसूस कर ली बाला ने।
“क्या हुआ री अचानक से ?” वह गोद से उठ सीधी बैठ गई।
“कुछ नहीं कुछ भी तो नहीं ।”सहमी बिंदु ने सिर झुका लिया।
पिछले साल जब पहली बार उसको ऐसा दर्द महसूस हुआ था वह माँ को बताने उनके कमरे में गई थी । पर वहाँ मामा सोए थे। यूँ तो कुछ सालों से उसकी माँ नीचे वाले कमरे में ही सोती थी कि बगल वाले कमरे में बूढ़ी अम्मा को रात-बेरात पेशाब जाने को माँ का सहारा चाहिए होता । पर जब-जब बिल्लू मामा आते तो माँ ऊपर वाले कमरे में पिताजी के पास सोने चली जाती ।उसकी अम्मा का ध्यान बिल्लू मामा रख लेते थे और पिताजी खुश होकर उन्हें हर बार कुछ न कुछ देकर ही भेजते । बिल्लू मामा , माँ की मौसी के लड़के हैं । उनका अपने परिवार में कोई न बचा था । बिंदु की माँ को ही अपना सबकुछ मानते थे । शहर में काम से जब भी छूट्टी मिलती ,वह गांव में उन्हीं के घर चले आते ।
उस रात बिंदु को असहनीय पीड़ा होने लगी । भाई नंदू तो बहुत छोटा था ,उसे क्या कहती । दर्द बर्दाश्त न हुआ तो माँ को बताने गई । वहाँ बिल्लू मामा को देख याद आया कि माँ तो पिताजी के पास ऊपर होंगी । जब भी माँ पिताजी के पास सोने जाती , नीचे से कोई अगर माँ को आवाज दे दे तो पिताजी बेहद आगबबूला हो जाते । उनको अपनी नींद में खलल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं । यही सोच कर उसने माँ को आवाज न दी और निराश हो वापिस लौटने लगी तभी मामा ने पीछे से आवाज दी।
“क्या हुआ री बिंदु?”
“कुछ नहीं मामा , बस माँ को कुछ बताने आई थी । याद न रहा वह तो ऊपर सोई है ।”
“क्या बताना था और तेरा चेहरा क्यों उतरा है ?”
वह किताब पढ़ रहे थे । किताब साइड रख उसके पास आ गए । वह बिल्लू मामा के इतनी मोटी-मोटी किताबें पढ़ने से बहुत प्रभावित भी थी । उसने अक्सर पिताजी को भी उनसे सलाह मशविरा करते देखा है । मामा शहर की कचहरी में कुछ काम करते हैं।
उन्होंने फिर पूछा
“अरी बता न क्या हुआ?” उन्होंने माथे पर फिर गले पर हथेली की उल्टी तरफ़ से छुआ कर देखा
“बुखार तो न लग रहा । “
वह असमंजस में थी कि मामा को बोले कि नहीं पर माँ हमेशा कहती मामा तो डबल माँ होता है । माँ की यह बात याद आते ही वह मासूम तपाक कह उठी थी
“मेरी छातियों में दर्द हो रहा है । गांठ लग गई हो जैसे । “
मामा हैरानी से उसके सीने की तरफ़ देखने लगे । कुछ देर खड़े रहे फिर कुछ सोच कर बाहर को जाने के दरवाज़े पर सांकल चढ़ा दी ।
“क्या हुआ मामा ?”
“कुछ नहीं छोरी । आ मेरे पास आ । जरा सी देर में दूर कर दूंगा सब दर्द। बस आवाज न करियो कोई ।”
वह कुछ समझती इससे पहले ही मामा ने बत्ती भी बुझा दी। हल्की रोशनी में अपने पास बैठा लिया और बोले
” मालिश करूंगा फिर एकदम ठीक हो जाएगी।”
वह दिन और आज का दिन ,
मामा तब से हर महीने ही आ धमकते हैं ।
बिंदु सिर झुकाए अपनी ही सोच में गुम थी कि बाला को क्या ही बताए कि
मेरी छातियां तो हमेशा ही दुखती रहती हैं अब । उस पहली रात ही जब मामा के हाथ सारे शरीर पर …वह चीखना चाहती थी पर उन्होंने कस के मुँह दबा दिया था । बोले थे ,तुम्हारे पिताजी पहले ही तुम्हारे पढ़ने के खिलाफ है । जो तुम बताओगी ऐसे वाले दर्द भी होने लगे तो पढ़ाई छुड़ा घर बैठा देंगे और फिर जल्दी ब्याह भी देंगे
यह बात सुनकर वह कितना सहम गई थी । उसे स्कूल जाना , पढ़ना और बाला के साथ होना बहुत प्रिय था , वह पढ़ाई बिल्कुल न छोड़ना चाहती थी
उसने दबी जुबान में तब पूछा भी था मामा से ।
ऐसे वाले दर्द से क्या मतलब आपका । बोले कि ,अरे यह लुगाइयों वाले दर्द होते हैं इसका मतलब होता है छोरी ब्याह लायक हो गई है।
मैं ऐसा इलाज करूंगा कि बहुत साल किसी को पता भी न चलेगा कि तुझे कोई परेशानी है और तू भी किसी को मत बताइयों। माँ तक को नहीं ।
तब से यही सब चल रहा। न वह किसी को कुछ बता पाई न ही कभी यह दर्द कम हुआ।
हालाँकि समय बीतते उसे यह समझ आ गया था मामा उसके साथ कुछ बहुत गलत कर रहे हैं।
लेकिन उनकी दहशत उसके मन में इतनी घर कर गई थी कि उससे किसी से कुछ न कहा गया । यहाँ तक की अपनी सबसे प्रिय सहेली तक को न कह पाई और माँ तो हमेशा एक सख्त माँ ही रही ।
जिस दिन शहर से कुछ दीदीयों ने आकर स्कूल में यौन शोषण वाली लघु नाटिका की थी उस दिन तो वह घर लौटकर फूट-फूटकर रोई थी । वह पूरी तरह समझ चुकी थी मामा की गंदी नियत , पर पढ़ाई छूट जाने के डर से चुप ही रही।
बिंदु को यूँ खोया डरा सहमा , सोच में डूबा देख बाला ने उस को झंझोड़ा ।
“क्या हुआ बिंदु ऐसे कांप क्यों रही है और रो रही है तू तो।”
बाला , बिंदु की डबडबाई आँखें देख बेचैन हो उठी।
यकायक बिंदु ने बाला को सीने से चिपटा लिया और हिचक-हिचक कर रोने लगी ।
बाला स्तब्ध थी उसने बिंदु को ऐसे रोते पहले कभी न देखा था ।
वह उसकी पीठ सहलाते हुए बोली
“अरी पागल तू ऐसे क्यों रो रही है । ऐसा भी दर्द नहीं है जो तू ऐसे घबरा रही है ।”
बिंदु उस से अलग हो आँसू पौंछते हुए बोली
“बाला ध्यान से सुन मेरी बात। अपने इस दर्द के लिए किसी भी आदमी या लड़के से बात न करना । कोई कुछ भी इलाज करने को कहे , मत मानना। कोई कहे सहला कर या मालिश से सही कर देगा तो उसकी बातों में बिल्कुल न आना। बल्कि ऐसा कहने वाले के मुँह पर थूक दियो और उस से कभी न मिलना ।”
यह सब कहते कहते बिंदु बुरी तरह कांप रही थी । क्रोध का अतिरेक , भावनाओं का तूफां उसके पूरे शरीर को प्रभावित कर रहा था ।
बाला हैरानी से उसको एकटक देख रही थी । उसने एक दम से अपने हाथों में बिंदु के दोनों हाथ लिए ,बेहद प्रेम से उनको दबाया ।
“पर तू इस तरह क्यों बात कर रही है । यानी की तेरे साथ दर्द सही करने के नाम पर किसी ने कुछ किया भी है । बता मुझे क्या हुआ है ।” वह अधीर हो उठी।
बिंदु ने हाथ छुड़ा दोनों हाथों में चेहरा छुपा लिया और फफक-फफक कर रोती रही ।
वह तेरह साल की दो बच्चियाँ जैसे भरी दुनिया में बिल्कुल तन्हा, सहमी हिरणी सी उस पगडंडी पर अपनी किस्मत का लिखा समझने की जद्दोजहद में लगी थी । अपने लड़की की जात में जन्म लेने का दर्द साझा कर रही हों जैसे ।
——
“मैंने कल उस कमीने मामा को वह सब कह दिया जो तूने बोला था कहने को । कह दिया कि मुझसे दूर रहे वरना इस बार शहर से जब वह लघुनाटिका वाली दीदी आएगी तो मैं उन्हें सब बता दूँगी । दीदी ने बताया था यह सब करना कितना बड़ा अपराध है। मैंने यह भी कहा कि अब तू भी मेरे साथ है । हम दोनों मिल कर उसकी सब करतूत बता देंगे।”
“फिर वह डरा होगा न ?”
“एक बार तो मुझे लगा कि वह डरा पर कल रात तो उसने हद कर दी । मैंने बहुत कोशिश की छूटने की, चीखने की पर कुछ न कर पाई । उसके काटने के ज़ख्म बन गए है सीने पर । उसने कल खूब शराब भी पी रखी थी । पता है उसके पास एक कैमरा भी था उसने मेरी बिना कपड़ो के तस्वीरें ले ली । बोला जा तेरे से अब जो होता हो कर ले मैं भी पूरे गाँव में यह तस्वीरें लगा दूँगा।”
बिंदू के रोने में ऐसी तड़फड़ाहट थी कि किसी का भी दिल रो जाए, बशर्ते वह इंसान हो ,राक्षस नहीं। ।
बाला भी रोने लगी थी , बिंदु की हालत देख कर ।
“उसने इतना कुछ किया , घर में किसी की नींद न खुली?!”
“माँ पिताजी, नंदू को लेकर दो दिन को शहर गए हैं । अम्मा को वैसे ही कुछ नहीं सुनता । मैंने कितना कहा कि मुझे अकेला छोड़ कर मत जाओ । तो माँ बोली अकेली कहाँ है । मामा और अम्मा है तो । माँ कभी मेरी कोई बात नहीं समझती ।”
बिंदु की कराहाती आवाज़ में शरीर की पीडा ज़्यादा थी कि मन की , यह अंदाज़ा लगाना नामुमकिन था ।
बाला ने आगे बढ़ कर उसको गले लगाया तो वह दर्द से चीख पड़ी । बाला सहम कर पीछे हट गई ।
“जख़्मों में बहुत दर्द हो रहा है ।”
छोटी बच्चियों का छोटा नन्हा सहमा सा मन।
बाला रोते-रोते बोली
“मेरे घुटने पर जब चोट लगी थी तो माँ ने एक ट्यूब दी थी लगाने को । पापा शहर से लाए थे । बहुत आराम पड़ता उससे ज़ख्मों पर । बस्ते में ही है।आ कुर्ता उतार ,मैं लगा देती हूँ”
“यहाँ कहाँ जगह है यह सब करने की , बनियान भी खोलनी पड़ेगी।”
“चल पेड़ की पीछे की तरफ चलते हैं। वैसे भी इस रास्ते पर आता ही कौन है ।”
पर उस रोज़ वहाँ कोई और भी था जो अपनी पूरी तैयारी के साथ आया था । आया तो था, वह धमकाने या मारने, पर एक की नग्न छाती पर दूसरी के हाथ देख उसने अपना निर्णय पल भर में ही बदल दिया ।
——
बिंदु कायस्थों की छोरी थी । उसका सिर काट के धड़ इसी पीपल पर टांगा गया। बाला ब्राह्मणों के उच्च कुल की धन्नाढय परिवार से , उसे मार-पीट कर हमेशा के लिए शहर मौसी के भेज दिया गया ।
न पेशी , न सुनवाई वाली गाँव की गुंडा पंचायत के हाथ में वह पोस्टर थे जो एक सुबह अचानक गाँव की दिवारों पर लगे मिले ।
एक की नग्न छाती पर दूसरी के हाथ ।
फैसला तुरंत ही हो गया । कायस्थों की छोरी नीच है , अपनी गंदी क्षुधा शांत करने को ब्राह्मणों की लड़की बरगला कर घिनौने काम करा रही ।
——-
क्या वह कंधे टूटा धड़ मेरा था!! क्या मेरे अपने बाप ने मेरे कटे सिर में ठोकर दे मारी थी । वह मेरी माँ थी जिसने सामाजिक बहिष्कार के डर से एक शब्द न बोला था!!
यह सब क्या कौंध रहा है मेरे ज़हन में । सिर दोनों हाथों से थाम लिया मैंने । वह रील अब भी चल रही थी अवचेतन में।
बाला का सच कोई नहीं सुन रहा था । उसे बहुत मारा जा रहा था ।
बाला !!!
कौन है यह बाला ?
कहाँ होगी अब?
क्या हुआ उसका ?
मेरे दिमाग में एक साथ हज़ारों बल्ब झन्नाक से फूट रहे थे ।
कोई चेहरा दिखने लगता फिर धुंधला जाता । पागल सी हालत में मैं घुटनों के बल जमीं पर थी।
बाला , ओह बाला …
मैं तड़प रही थी
यकायक ज़ेहन में खिचड़ी नुमा बाल घूमने लगे ।
मैं झटके से सीधी बैठ गई ।
क्या वह बाला है ??!!
उफ्फफ!
यह सब मैं क्या सोचे जा रही हूँ। यह पक्का उसी डायरी का असर है जो उस बुढ़िया ने मेरे सामान के साथ गलती से मुझे पकड़ा दी और मैं रात भर में पढ़ती रही।
अजीब सी बदहवासी मुझ पर तारी हो रही थी जाने क्या हुआ कि मैं अचानक उठी और गांव के स्कूल की तरफ जाने की बजाय मेरे पैर उस बुढ़िया के घर की तरफ उठ गए।
——-
वह खिचड़ीनुमा बाल वाली बुढ़िया नींद से हड़बड़ा कर उठ गई । अपने जीवन का यह सारा कड़वा सच उसने एक डायरी में दर्ज कर रखा था।
“डायरी… डायरी कहाँ गई मेरी कुछ दिन पहले तो मैं पढ़ रही थी जब मानसी आई थी । मुझे यकीन है वह मेरी बिंदु ही है । पर वह डायरी कहाँ गई! कहीं मैंने उसके सामान के साथ अपनी डायरी भी तो उसे नहीं दे दी !”
दरवाज़े पर बहुत देर से खटखट हो रही थी।
उसने कपड़े संभालते हुए दरवाजा खोला तो सामने मानसी ही खड़ी थी।
“अरे तू ! मैं तेरे ही बारे में सोच रही थी। आ, अंदर आजा।”
“तुम कौन हो ? क्या तुम्हारे ही बचपन का नाम बाला है? क्या तुम्हारी बिंदु नाम की कोई सहेली थी? क्या वह सब जो उस काली डायरी में लिखा है क्या सब सच है? “
मैं बदहवासी में एक के बाद एक सवाल किए जा रही थी।
वह एक पल आवाक् मुझे देखती रही फिर बोली
“अंदर आ फिर बात करते हैं।”
कहकर वह अंदर की तरफ मुड़ गई और मैं उसके पीछे चल दी।
“चूंकि अब तुझे सब याद आ ही गया है तो अब किस नाम से बुलाऊँ तुझे ?
बिंदु या मानसी और क्या बताती भला । आजकल यह पुनर्जन्म की बात पर यकीन कौन करता है!” उसने बेहद सहजता से मुस्कुराते हुए कहा।
“पुनर्जन्म !! यह कैसे हो सकता है! ऐसी बातों में मेरा भी यकीन नहीं। पर तुम्हारी डायरी पढ़ने के बाद मेरे अवचेतन में कुछ चेहरे ,कुछ शब्द, कुछ लोग लगातार कौंध रहे हैं। लेकिन मैं मानसी हूँ बिंदु नहीं। तुम क्या मुझे इतने समय से बिंदु मान रही हो? “
उसने कोई जवाब न दिया।
मेरी हैरानी की कोई सीमा न थी ।मेरे पास अनगिनत सवाल थे।
“मैंने पहले भी बहुत बार पूछा पर तुमने कभी नहीं बताया। तुम्हारा परिवार कहाँ है? कहाँ से हो तुम? कौन-कौन था तुम्हारे घर में ?अब सब लोग कहाँ हैं?”
वह कुछ देर मुझे देखती रही फिर बहुत ही संयत आवाज़ में बोली
“उस रोज़ जब तू पहली बार मिली थी वहाँ , जहाँ मैं चक्कर खा कर गिरी और तूने मुझे सहारे से उठाया था ,तेरी देह गंध से मैं चौंक गई थी । फिर लगा मेरा वहम होगा । पर जाने क्यों दिल कहता तू बिंदु ही है । फिर तेरी हमेशा वह कुछ न कुछ भूलने की आदत। तू स्कूल के बैंच पर हमेशा ही कभी कॉपी ,कभी किताब या पेंसिल रबर भूल जाती । बाद में मैं ही समेट कर ला रही होती तेरा सामान भी । तूने भी कोई संबध न होते हुए भी यहाँ आना नहीं छोड़ा ।
बस तुझसे मन का रिश्ता जुड़ता गया । तू भी तो जाने किस मन के वशीभूत हो एक अनजान बुढ़िया पर इतना प्यार लुटा रही थी।”
“हाँ। मैं कभी समझ न पाती तुमसे क्या राबता है। पर वह सब सामान भूल जाना महज एक इत्तेफाक के सिवा कुछ भी नहीं। तुमको वहम हो रहा है कि मैं बिंदु हूँ।
खैर ,तुम्हारा परिवार बच्चे कोई नहीं क्या?कितनी दफा पहले भी पूछा , अब तो बता दो।”
“कैसा परिवार -बच्चे । घर वालों ने त्याग दिया था । यहाँ बूढ़ी मौसी के पड़ी रही । एक रोज़ वह भी चल बसी । समलैंगिक होने का ठप्पा था तो कभी कोई पास फटका ही नहीं । न मैंने चाहा कि कोई हो ।”
मैं हताशा से भर उठी, अचानक कुछ याद आया,
“जो इस सब का जिम्मेदार था उसका क्या हुआ? “
“वह तेरा मामा बिल्लू ।मर गया हरामी।”
“कैसे ?”
“तेरे जाने के कुछ आठ साल बाद मौसी भी नहीं रही पर वह मरने से पहले यह घर मेरे नाम कर गई । अपना तो कोई बच्चा हुआ नहीं था उनका । मौसा जी तो शादी के दो दिन बाद ही गुजर चुके थे और मौसी पर मनहूस का टैग छोड़ गए थे।
मौसी कहीं शायद मेरा दर्द समझती थी सो उन्होंने कभी मुझे कोई ताना नहीं मारा , न ही कोई दुख दिया कभी। मैंने पढ़ना चाहा तो पढ़ाया भी।
बाद में मैं बच्चों को ट्यूशन पढ़ा खर्चा चलाने लगी , कुछ ऊपर की मंज़िल से किराया आ जाता । माँ-बाप बोल ही चुके थे कि मैं उनके लिए मर गई । भाई ने भी कोई सरोकार न रखा।
अकेले गुजर बसर हो रही थी कि एक रात तेरा वह बिल्लू मामा खूब शराब पीकर यहाँ चला आया ।
ट्यूशन के बच्चे अभी बस गए ही थे तो दरवाज़ा खुला था । कमबख्त सब तहकीकात कर के आया था । वह जानता था मैं घर में अकेली हूँ ।
मैंने पहचान तो लिया ही था । इससे पहले उसका सिर फोड़ती ,
अपनी वही सुअर वाली हँसी के साथ उसने तेरी वह नग्न तस्वीरें टेबल पर मेरे सामने बिखेर दी जो उसने उस रात ली होंगी।
बोला अब तो इंटरनेट का जमाना है यह माल खूब बढ़िया बिकेगा ।
तू कहे तो बेच दूँ? तेरी मरी सहेली फेमस हो जाएगी। मुझे हैरानी हुई इसने इतने साल तक तस्वीरें संभाल रखी हैं !
मैं समझ गई किसी और ही फेर में है सुअर।
मैंने पूछा ,चाहता क्या है ।
बोला , तू अकेलेपन के दर्द से घबरा गई होगी । कोई न है तेरा । तेरी सहेली के बदन के खूब दर्द दूर किए । आ अब तेरे भी कर दूँ।
मैं जाने उस पल क्या कर जाती
पर मैं चुप रही। मुश्किल से तो मौका हाथ आया था उस से बदला लेने का ।”
“फिर , फिर क्या किया तुमने ?”
बाला की आँखों में जो अलग सी वहशी चमक कौंध रही थी वह मेरे रौंगटे खड़े कर रही थी।
उसके चेहरे पर एक क्रूर मुस्कान खींच गई।
“चौबीस की उम्र तक कोई लड़की इस समाज में अकेले सरवाइव कर रही हो तो समझ जाना कि उसका पाला तब तक ,हर जात के जानवर से पड़ चुका होता है । जो भीड़ में नोंच के निकल जाएँ उनसे भी । जो कपड़ो में हाथ घुसा कर भाग जाए उनसे भी । जो सामने गंदी अश्लील हरकते करें उनसे भी और जो सैक्स की सीधी डिमांड रख दें उनसे भी। “
“तुमने किया क्या पर !”
तनाव से मेरी नसें फटी जा रही थी।
“वही बता रही । मैंने मुस्करा कर उस हरामी को कहा । तेरा और बिंदु का जो भी क्लेश था उसके बावजूद यह इंकार नहीं किया जा सकता कि चालीस की उम्र में भी तू लग गज़ब रहा है । आ बैठ । कुछ खा ले । फिर रात अपनी ही है । यहाँ कौन सा कोई झाँकता आ कर । उसको मेरी नीयत पर शक तो हुआ होगा पर वह इतनी पीए था कि चू-चपड़ किए बिना , जाने किस उम्मीद से सोफे पर पसर गया । मैंने पूछा यह तस्वीरें अब तक संभाल रखी थी क्या । कहने लगा , घर की सफाई में घरवाली को नेगेटिव मिले तो उसे सब याद आया कि ग़ज़ब खज़ाना है यह तो । और धुलवा लिए नेगेटिव। मैंने पूछा यहाँ का पता कैसे मिला। बोला,
कुछ दिन पहले तुझे बाजार में देखा था । देखते ही पहचान गया था । कसम खा कर कह रहा हूँ तेरा भरा-भरा बदन देख कर नींद न आ रही उस रोज से मुझे। पता किया तो मालूम पड़ा तू यहाँ अकेली रहती है । क्या बताऊँ किस कदर जांघे फड़फड़ा गई मेरी।
बिंदु उसने नीच पन की सब हदें पार कर दी थी।”
यह कह कर बाला फिर से चुप हो गई ।
मेरी अधीरता ओर झुंझलाहट दोनों बढ़ रही थी । मैं खीझ कर बोली
“फिर क्या हुआ, क्या किया तुमने ?”
“अरे मेरे खाते में बहुत मैडल है। “
कह कर वह बावलों सा हँसने लगी । उसके खिचड़ी नुमा बाल किसी सफेद पंख से हवा में इधर-उधर नाचने लगे
सामने का टूटा दांत और भी अजीब लगने लगा ।
“मैडल ! …मतलब ?”
“कुछ साल जेल का सुख भी पाया मैंने “
“तो तुमने बिंदु का बदला लेने के लिए उसका खून कर दिया और अपनी भी ज़िंदगी बर्बाद कर ली? “
“खून ! मैंने कब कहा कि मैंने खून कर दिया ?”
मैं बुरी तरह चौंकी
“फिर ! क्या किया तुमने ?”
“अरे मर के तो हरामी छूट न जाता । चाहती तो मैं उसका काटना थी पर न तो इतनी धारदार छूरी थी घर में और फिर अच्छा खासा मुस्टंडा सुअर की चर्बी वाला । कहीं मुझ पर ही भारी न पड़ जाए । यह सोच कर दूसरा इलाज किया उसका ।”
“हे भगवान ,अब बता भी दो क्या किया था?”
मैं अब तक बेहद बेचैन हो चुकी थी ।
“एक दिन पहले लाई थी पूरी बोतल । सिंक के नीचे की नाली खोलने को । जब सोफे पर आँख बंद कर मेरे कपड़े उतारने के ख़्वाब देखने में मग्न था । खाली कर दी सारी बोतल साले के ठीक वहीं।”
“तेज़ाब !!!”
मेरी आँखों में वह खौफनाक मंज़र तैर गया । एक बर्फ़ का तूफ़ान मेरी रीढ़ की हड्डी से होकर गुज़र गया ।
“हाँ तेज़ाब। कसम से मजा बड़ा आया जब सुअर उसके बाद तक-धिन्न नाचा ।”
“तुम इतनी क्रूर कैसे हो सकती हो!”
पता नहीं क्यों पर मैं बुरी तरह रोने लगी थी। मुझे ग्लानि मार रही थी कि अगर सच में मैं ही बिंदु हूँ तो मेरी मौत ने मासूम बाला को क्या से क्या बना दिया।
“क्रूर ! मैं क्रूर । अरे मेरे बस चलता तो उसको छोटे-छोटे टुकड़ों में काट कुत्तों को खिलाती । हाँ , मुझे उसका दर्द से नाचना खूब भाया पर पता है क्यों ?
तेरा सिर मेरे सामने काटा था उन लोगों ने । सिर कटने के बाद भी कुछ देर धड़ फड़फड़ाता रहा था तेरा । तू जानती है वह सब देखना कैसा था । तुझे लगता है तूने सहा !
सहा मैंने । वो भी ज़िन्दगी भर । तू तो मर के छूट गई । तेरा तड़फता धड़ रोज़ मेरे सपने में आता । मैं सोने से ही डरने लगी थी । वह कमीना उस तेज़ाब कांड के बाद भी कुछ साल जी गया और कहीं शराब के नशे में गाड़ी से कुचला गया । तब जाकर नींद आने लगी मुझे । और तुझे लगता है ,मारा तो तुझे गया था !”
वह आवेश में बोले जा रही थी गुस्से से कांपती हुई । होंठो के किनारे से थूक गिरने लगा ।
मैंने तेजी से उठ कर उसे गले लगा लिया ।
वह बड़बड़ाते हुए कांपने लगी और कांपते हुए रोने । मैं उसको बांहों में भींचे उसका सिर थपकती रही ।
मैं सालों से बलात्कार और यौन शोषण की खबरें कवर कर रही थी । मुझे पीड़िता के साथ हुई हैवानियत हिला दिया करती थी पर आज पहली बार मैंने जाना कि ब्लात्कार के बाद मार दी गई लड़कियों-औरतों के घरवालों, दोस्तों ,अपनों पर क्या गुज़रती होगी । खासकर तब , जब यह हैवानियत उन्होंने अपनी आँख के आगे होती देखी हो।
सच में कभी चैन से सो न पाते होंगे और इस देश में अपाहिज कानून के चलते इंसाफ भी न मिल पाता । रोज़ बेबसी की मौत मरते होंगे वह ।
बाला की हालत बिगड़ गई थी ।वह मेरी बांहों में घंटो सिसकती रही और ऐसे ही सो गई । उसे ठीक से बिस्तर में सुला , मैं उसका सामान समेटने लगी ।
हालाँकि वह बूढ़ी हो चुकी थी पर मुझे अब उसको, अपने बच्चे सा सँभालना था। उसका मेरा रिश्ता मेरी समझ से परे था पर कुछ तो था ऐसा जिसने मुझे उस से बांध दिया था।
उसको ठीक से सुला मैं उसके पास ही बैठ गई।सोते हुए वह एक मासूम बच्ची ही लग रही थी । बिंदु के बलात्कार के दंश , बिंदु से हज़ार गुना ज़्यादा तो बाला ने सहे हैं ।
उसके चेहरे को देख मैं सोचने लगी कि वाकई ज़िन्दगी कितनी अजीब है ।
एक दिन आप , अपने और किस्मत के बीच चल रही शतरंज में, हार रहे हो यह अहसास होने के बावजूद, आप बाज़ नहीं आते किस्मत की पूंछ पर पैर रखने से कि यही आपकी जिजिविषा है चाहे फिर हो ही जाए ठक से शह और मात एक साथ।
और एक दिन बाला के यह पूछने पर की मेरी ज़िन्दगी की सबसे बड़ी ख़्वाहिश क्या है , मैं न चाहते हुए भी बोल उठी थी कि
पता नहीं ऐसा क्यों है पर मैं यह ख़्वाब मैं बार-बार देखती हूँ, जैसे मेरी चिता जल रही है और मैं पास बैठी हुई उसे देख रही हूँ। उसमें उठती आग की आखिरी चिंगारी के बुझने तक उसे लगातार देख रही हूँ । सब चिंगारियों के बुझ जाने के बाद , देर तक , बहुत देर वही बैठी हूँ, राख के ठंडी हो जाने के बाद तक भी।
और फिर उस राख को समेट कर अपने फ्रॉक की नन्ही सी जेब में भरने की कोशिश कर रही हूँ।
इस एक बात के बाद हम दोनों खूब रोए, जाने क्यों!!
मेरे ऐसा कहने से बाला को और गहरा विश्वास हो गया कि मैं ही बिंदु हूँ हालाँकि मैं जानती हूँ मैं बिंदु नहीं मानसी हूँ । मेरे अवचेतन में यह सारी बातें सिर्फ़ और सिर्फ़ उसकी डायरी पढ़ने के बाद से कौंधने लगी हैं जिसने शायद मेरे ज़हन में हकीकत और अफसाने के बीच का फासला धुंधला कर दिया है।
__________________________
डॉ सुषमा गुप्ता