“जोगनिया नदी वाले रास्ते से ही चलना। मुझे नदी देखते हुए जाना है।” रिक्शे पर बैठते ही कौतूहल जगा था।
“अरे,जोगनिया नदी ! कितनी साल बाद आई हो बीबी जी? ऊ तो, कब का मिट गई।”
“क्या? नदी कैसे मिट सकती है भला?” वो तड़प गई।
गाँव की कितनी यादें थी जोगनिया नदी से जुड़ी हुई। बचपन, स्कूल, कुसुमा और गणेशिया। नदी के हिलोर में खेलेने पहुँच जाते जब भी मौका मिलता और पानी के रेले में कागज की कश्ती चलाना। आखिरी बार खेलने तब गई थी जब गणेशिया को जोंक ने धर लिया था। मार भी बहुत पड़ी थी।
फिर तो माई ही स्कूल लेने और छोडने जाने लगी थी। रिक्शा अचानक चरमरा कर रूक गया। तन्द्रा टूटी।
“हाँ, बहुत साल बाद अबकी लौटी हूँ। कैसी सूखी ये नदी,कुछ बताओगे?”
“अरे, का बताये, भराव होते-होते उथली तो पहले ही हो चुकी थी और फैक्ट्री वालों को भी वहीं बसना था। वो देखो, आपकी जोगनिया नदी पर से उठता धुँआ।”
चिमनी से उठता गहरा काला धुआँ उसकी छाती में आकर जैसे बैठ गया।
“गाँव तो बचा हैै ना?” घुट कर बस इतना ही पूछ पाई।
कान्ता रॉय