कहाँ हमेशा मैले से कपड़ो में रहने वाला दीन-हीन सा बंसी..जोगिया कपड़े पहने भजन गाने वाला बंसी….हमेशा हाथ जोड़कर सबके सामने घिघिया के बोलने वाला बंसी..और कहाँ ये करीने से कपड़े पहने आत्मविश्वास से भरपूर चाय वाला..नहीं-नहीं शायद मेरा भ्रम ही होगा…जिस गति से ट्रेन आगे भाग रही थी,मन उससे कही बहुत तेज गति से पीछे भागने लगा….दसियों साल पीछे ….और पहुंच गया उस कस्बेनुमा शहर में जहाँ पहले पहल मैं बैंक में पीओ बन कर गया था , बंसी से वहीं मुलाक़ात हुई थी।
*****
बंसी अग्रवाल साहब का घरेलू नौकर था, और मैं उनका किरायेदार।मेरी पोस्टिंग जिस बैंक में हुई थी अग्रवाल साब उसके पुराने कस्टमर थे,अतः आसानी से ये मकान किराए पर मिल गया था,मकान दिखाते वक्त अग्रवाल साब ने ही बंसी से परिचय कराया-“मैनेजर साब ये बंसी है, ये मकान की साफ सफाई कर देगा,आपको कोई काम हो इससे कह दिया करिए।” ..फिर बंसी की ओर मुखातिब हुए-“देख बंसी, मैनेजर साब को कोई तकलीफ न होने पाए”……जी,…जी बाबूजी …बंसी ने विनम्रता से कहा ,उसके चेहरे पर अजब सी दीनता पसरी थी,तब मैंने विशेष ध्यान नहीं दिया बाद में मुझे एहसास हुआ कि दीनता उसके चेहरे का स्थाई भाव था।
अग्रवाल साहब शहर के पुराने रईस हैं,प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं,नगर में उनकी ख्याति उदारमना समाजसेवी और धार्मिक व्यक्ति के रूप में है, उनका हाता शहर का मशहूर हाता है ,हाते के मध्य में उनकी बड़ी सी पुराने ढंग की कोठी है,कोठी के दाहिनी ओर बड़ा सा बगीचा है तथा बाईं ओर एक शिव मंदिर है उससे लगा हुआ उनकी कार का गैराज है उसके आगे किराये के लिये चार मकान फिर एक सर्वेंट क्वार्टर है ,बंसी इसी क्वार्टर में रहता है ,क्वार्टर क्या है बाहर एक बरामदा और अंदर एक कोठरी है जिसमे कोई खिड़की जंगला भी नही है, पर बंसी को करना ही क्या है सोना ही तो रात को ,सारे दिन तो वह चकरघिन्नी की तरह नाचता रहता है,दो चार दिनों में ही मैं समझ गया था कि बंसी अग्रवाल साहब के साथ ही अहाते के सारे किरायेदारों की सेवा के लिए भी सहर्ष तैयार रहता था,यूँ मालिक के घर भी कम काम नहीं नहीं थे,सुबह
ठीक पाँच बजे मन्दिर की सफाई-धुलाई,फिर कोठी के हर कमरे में डस्टिंग,झाडू पोंछा,बीच- बीच मे हर कमरे से कुछ न कुछ आवाजें लगती रहतीं,बड़ी बहू के कमरे से आवाज आती-“अरे बंसी …बिट्टू के जूते कहाँ कर दिए तूने …पता नहीं कहाँ ध्यान रहता है तेरा..”बंसी उस कमरे की ओर भागता तब तक छोटी बहू की आवाज आती.”..बंसी ये कल के बर्तन आज तक नहीं हटाए, पता नही कहाँ ध्यान रहता है तेरा”……इसी बीच अग्रवाल साहब अपने कमरे से चिल्लाते..”बंसी..कल मेरे कपड़े प्रेस कराके नहीं लाया…पता नहीं कहाँ ध्यान रहता है ससुरे का..”..बंसी प्रेस के कपड़े लेने के लिए भागता ,रास्ते मे दो नम्बर मकान वाली आन्टी जी रोक लेतीं…” अरे बंसी…..सुन,बाहर जा रहा है कहीं,जरा ब्रेड ले आना मेरे लिये..”.जब तक बंसी कुछ कहे वे उसके हाथ मे बीस का नोट थमा देतीं:.. और हिदायत दे देतीं,”और देख भूलियो नहीं पता नहीं तेरा ध्यान कहाँ रहता है ..आजकल।”
ये आम शिकायत थी सबकी.. पता नहीं तेरा कहाँ ध्यान रहता है…..ये एक दिन की बात नहीं रोज का किस्सा था,सुबह से शाम तक बंसी दौड़ता ही रहता फिर भी यही सुनने को मिलता..”ठीक से कोई काम नही करता.पता नहीं कहाँ ध्यान रहता है।”…बंसी दीनता के भाव से मुस्करा देता बस।
बंसी का ध्यान कहाँ रहता है..ये कोई ऐसी पहेली भी नही थी जिसे सुलझाया न जा सके…मुझे बहुत जल्दी समझ में आ गया था कि बंसी का ध्यान कहाँ रहता था। पहले दिन मैं बैंक जाते वक्त घर की चाभी बंसी को सौंप गया था ताकि लौटकर आने तक वह थोड़ी सफाई कर दे,पर बंसी ने तो घर इतना व्यवस्थित कर दिया था कि मेरी तबियत खुश हो गई ,मैंने इनाम के रूप में पचास का नोट उसकी ओर बढाते हुए कहा,”अरे वाह बंसी तेरे हाथों में तो जादू है,तबियत खुश हो गई बताओ और क्या इनाम दिया जाए तुम्हें?”…..बंसी के चेहरे पर दीनता भरी मुस्कराहट फैल गई कुछ घिघियाने के से अंदाज़ में हाथ जोड़कर बोला—“साब जी,इनाम नईं चईये हमें,..वो वो एक बात है..” वह रुक गया,-“हाँ बोलो,बोलो क्या बात है?”- मैने प्रोत्साहित किया।उसने नीची नजरें कर के कहा-“साब,वो आप हमाओ ब्याओ करा देओ “…मुझे झटका सा लगा ,लगा कुछ गलत तो नहीं सुन लिया,अतः पुनः पूछा -“क्या?,क्या कहा,तुम्हारी शादी करा दूँ ?”..उसने सर झुका लिया,तभीअचानक अग्रवाल साहब कमरे में आ गये..”क्यों..रे…यहाँ भी तेरा वही राग शुरू हो गया?..”
मैंने प्रश्नवाचक निगाहों से अग्रवाल साब की ओर देखा ,वे ठठा कर हँसे और बोले-“अरे मैनेजर साब ये बावला है इसे आजकल शादी की धुन लगी रहती है” फिर बंसी को डाँटते हुए बोले–“भाग यहाँ से,खबरदार जो मैनेजर साब को परेशान किया,जब देखो तब शादी-शादी-
शादी,अबे शादी कोई गुड्डे गुड़िया का खेल है क्या ?”
बंसी चला गया,अग्रवाल साहब भी औपचारिक हाल-चाल पूछकर चले गए,मैने उनसे दबे स्वर में पूछा भी..”ये बंसी शादी की क्या बात कर रहा था”,आदत के मुताबिक वे जोर से हँसे थे….”अरे, बावला हुआ है ससुरा… चाहता है इसकी शादी करा दे कोई…हर किसी से यही राग अलापता रहता है”…इससे ज्यादा न मैंने पूछा,न उन्होंने बतलाया।
सुबह जब बैंक जाने का समय हुआ,बंसी आकर खड़ा हो गया.”साब आपके बैंक जाने के लिये रिक्शा आ गया।”.मैंने अचरज से उसे देखा-“पर मैंने तो कहा नहीं था?” उसके चेहरे पर ऐसी दीनता का भाव आया मानो कोई अपराध किया हो।उसने आंखे झुका लीं और हथेलियाँ मलते हुए घिघियाने के अंदाज में बोला,”साब वो कल्लू है न बाई के रिक्शा में सारे हाते वारे बैठत हैं सो हम लिवा लाये,आप न जायें तो मने कर दें बाय?”
…”अरे नहीं,अब ले आए तो ठीक किया ,मैं उसी से चला जाऊँगा।”
मैं कल्लू के रिक्शे में बैठ गया,कल्लू एक नम्बर का बातूनी और चलता पुर्जा किस्म का व्यक्ति था, रिक्शा धीमे चलाता था जबान तेज,उसने बिना पूछे ही सारी जानकारियाँ देनी शुरू कर दीं,”साब…कोठी वाले बाबूजी भौत बढ़िया आदमी हैं,हमेशा हमाए रिक्शा पे बैठते है ,और साब बिना माँगे पइसा भी जादा देते हैं….साब हाते के सब लोग हमायेई रक्सा पे बैठबो पसन्द करत हैं।…और साब जे है न अपनो बंसी,जे तो बिचारौ भौतई सीधो है..सबेरे से संझा तक बैल की तरह जुता रैता है…हमने कैई बार समझाई कि भइया जरा अपने लाने भी टैम निकालो ,पर वो सुनताई नईं….साब जी सई कई न हमने…”उसने मेरी राय जाननी चाही।
” हाँ भई सही बात है तुम्हारी”….मेरी बात के साथ ही उसने बात जारी रखी-“अब साब कै रओ है के हमाओ ब्याओ करा देओ…अब साब आपई बताओ बाको ब्याओ बाके घरवारे कराएँ …के हम लोग करायें”
ये तो मुझे बहुत बाद में मालूम हुआ कि कल्लू और बंसी में खूब छनती है,दोनों हमउम्र हैं, कल्लू का झोंपड़ा सामने ही है ,गाहे बगाहे कल्लू उसे थोड़ी सी पिला भी देता,अभी तीन चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई है ;उसकी बीबी सीमा खूबसूरत तो नहीं है पर बहुत हँसमुख और सलीके वाली है,वह बंसी से खूब मजाक करती है बंसी को भी उसकी हँसी- दिल्लगी अच्छी लगती थी ,वह रोज एक दो बार उसके झोपड़े में उस वक्त जरूर जाता था जब कल्लू न हो..यूँ बंसी के मन मे कोई खोट न था बस उसे तो सीमा भौजी का हँस- हँस कर मजाक करना और उनके हाथ की बनी चाय पीना बहुत पसंद था,पर सबसे बड़ी बात ये थी कि कल्लू की एक साली भी थी जो बंसी के मन को भा गई थी।कल्लू के सामने तो बंसी चुप रहता था पर अकेले में सीमा भौजी की मनुहार करता था–“ए भौजी,हमाओ ब्याओ भी करा देओ,कोऊ अपनी जैसी खूबसूरत ढूंढ ल्याओ अपने गाँव से।” ..सीमा मुस्करा कर कुछ मजाक कर देती तो वह झेंप जाता,इसी आड़ में सीमा भी उससे अपने दो चार काम करवा लेती कभी हैंड पम्प से चार बाल्टियाँ पानी भरवा लेती ,कभी बाज़ार का कोई काम बता देती बंसी खुशी-खुशी सारे काम करता,इन सब मे वह भूल जाता कि बड़ी बाबूजी या माताजी ने उसे किस काम से भेजा था,और घर पहुंच कर मालिक-मालकिन की डाँट भी खानी पड़ती। तीन महीने में ही मुझे बंसी के बारे में काफी जानकारी हो गई थी। बंसी का गाँव मुश्किल से पाँच छै किलोमीटर पर ही है,पर उसका अब वहाँ कुछ भी नहीं है,एक चचेरा भाई है, जो गाँव में ही मजूरी करता है। बंसी जब छोटा ही था तब उसके पिता की मौत हो गई थी,वे गाँव मे मजदूरी करते थे,उनके मरने के बाद उसकी माँ उसे लेकर शहर आ गई यहाँ उसे अग्रवाल साहब के घर नौकरी और रहने का ठिकाना मिल गया,उसके साथ बन्सी भी यहाँ नौकर होकर रह गया ,दो बरस पहले माँ भी चल बसी तबसे बंसी अकेला है। अग्रवाल साहब के हाते के बाहर भी कोई दुनिया है ये सोचने की उसे फुर्सत ही नहीं थी।
लगभग रोज ही शाम बंसी मेरे कमरे में आके बैठ जाता , उसे टी.वी. देखने का शौक था ,मैं टी.वी.ऑन कर देता बंसी तल्लीनता से देखने लगता,मैं जानता था कि उसे टी.वी. सीरियल्स में कुछ समझ नहीं आता बस उसे तो उसके अंदर चलती बोलती सजी,सँवरी स्त्रियाँ अच्छी लगती थीं,वह उन्हें अपलक निहारता और मुस्कराता,मेरे कमरे में वह इसलिए भी बैठता था ताकि मालिक के घर से किसी भी समय पुकारे जाने पर वह भाग कर जा सके,साथ ही मेरे अकेले होने के कारण उसे कोई रोक-टोक भी नहीं थी।
******
मैं कल्लू के रिक्शे की स्थाई सवारी हो गया था,वह मुझे रोज बैंक ले जाता,और ले आता, उससे रोज बंसी के कोई न कोई किस्से सुनने को मिलते, हाते के बाहर तमाम दुकानदारों के लिये बंसी एक मज़ाक का विषय था कभी पान वाला,कभी ढाबे वाला, परचून वाला ..सभी उसके विवाह की बात पर उसका मजाक बनाया करते, वे उसे प्रलोभन देते कि उसका ब्याह करा देंगे फिर उससे कोई न कोई बेगार करा लेते,कल्लू के पैर पैडल पर रहते पर जुबान पर बंसी के नए-नए किस्से..
….”एक बार तो गज़बई हो गओ साब…” कल्लू कोई पुराना किस्सा सुना रहा था, वह अपनी हँसी दबाने की असफल कोशिश कर रहा था..-” वो चौधरी है न साब,बोई ढाबे वारो…बाने बंसी को बरगला लओ के बाके गाँव में एक लरकी है ब्याओ के लाने , वो बाको ब्याओ बंसी से कराये दिये,…बाने जेई आड़ में एक हफ्ता बर्तन मंजवा लिये ढाबे के…बिचारो बंसी मालिक के काम करके बीच बीच मे टैम निकालके बर्तन माँजत रओ..मालिक की डाँट भी सुनत रओ…,फिर ..”इतना कह कर वह
हँसने लगा।
–“फिर क्या?..शादी कराई नहीं?.मैंने प्रश्न किया।
…साब,लड़की होती तो ब्याओ होतो,चौधरी ने बेवकूफ बना के वासे खूब काम कराओ
जब बंसी ने लड़की दिखावे की जिद करी तो…”बात बताते बताते फिर खिलखिला के हँसा कल्लू……”
“तो क्या हुआ ..?” मैंने प्रश्न किया ।
“साब वो चौधरी ने ढाबे के एक नौकर को साड़ी पहना के बिठा दओ और बाके पास बंसी को भेज दओ.. बंसी ने बातें खूब रसीली बातें करीं.फिर जैसेई बाने घूँघट खोलो.”……….फिर कल्लू की हँसी रुकी ही नहीं,रिक्शे की गति बहुत धीमी हो गई उसे लगा शायद मैं भी हँसूँगा पर मैंने झिड़का–“गलत बात है किसी की मजबूरी का मजाक उड़ाना,फिर बंसी तो इतना सीधा है ।”
कल्लू चुप हो गया मैंने कहा-“कल्लू तुम तो दोस्त हो बंसी के कहीं उसका ब्याह करा क्यों नहीं देते…”
कल्लू धीरे से बोला-“हम कैसे करादें साब..”
“क्यों,कोई गरीब लड़की नहीं है तुम्हारी नजर में।कोई गरीब बेसहारा हो तो बसा दो इस बंसी की गृहस्थी..”
“…साब…गरीब लड़कियाँ तो भौत हैं पर जा की जात बिरादरी की कौनउँ नईं है।”..
“जात बिरादरी क्या होती है भाई, दुनिया भर में दो ही जात हैं.गरीब और अमीर”…मैंने अपना ज्ञान देना चाहा।
“वो तो ठीक है साब पर जात बिरादरी भी होती तो हैई।”
“अरे भाई ये सब बेकार की बातें हैं,इन्हें तो तोड़ना ही पड़ेगा, तुम्हीं लोग तोड़ो।”
शायद कल्लू को मेरी बात कुछ अजूबों सी लगी बोला-“अब जात बिरादरी कैसे टूट सकत है साब।”
मैंने उत्साहित होके अपनी बात बढ़ाई-“देखो भाई,बंसी सीधा सच्चा इंसान है,अब अगर तुमाई रिश्तेदारी या जात बिरादरी में कोई जरूरतमंद गरीब लड़की हो तो तो उससे बंसी की शादी करा दो…..”
अचानक भूचाल सा आ गया ,रिक्शा बुरी तरह डगमगाया,ऐसा लगा कल्लू का शरीर काँप गया हो, कल्लू के स्वर में आवेश आ गया-“साब जी आपको मालूम नईं का जे बंसी धानुक है …हमाए नाखून इत्ते नईं गिर गए साब के धनुकन के घर बिटिया दें,अरे जे तो वाल्मीक से भी नीचे है हम तो फिर भौत ऊंची जात हैं,हम लोधे ठाकुर हैं.साब”..ठाकुर शब्द पर उसने कुछ ज्यादा ही जोर दिया था।
बैंक आ गया था,मैं रिक्शे से उतरा, कल्लू का चेहरा अजीब विद्रूप से भरा हुआ था,हाथ जोड़कर बोला-“साब कछू गलत बोल दओ हो तो माफ करियो,पै जो नीचे पैदा भओ बो नीचई रेहे।”
मेरा कुछ उत्तर सुने बिना ही तेजी से पैडल मारते हुए उसने रिक्शा आगे बढ़ा दिया। मुझे पश्चाताप सा हुआ,नाहक किसी के फटे में टाँग फसाई,अफसोस भी हुआ,मैं सोचता था कि जातिगत ऊँच-नीच का का अहंकार सवर्णों में ही होता है,पर दलितों में भी ये बीमारी इतनी गहरे तक जड़ें जमाए है इसका अहसास पहली बार हुआ। ये वो दिन थे जब अपने अधिकारों के लिए सजग दलित और पिछड़ी जातियाँ राजनीति में अपनी शक्ति बढा कर प्रदेश की सत्ता पर काबिज हो चुकीं थी,पर शायद विकास की किरणें ऊपरी तल पर ही रुकी हुईं थीं कोई प्रगति चेतना निचली सतह तक नहीं पहुँच रही थी..प्रदेश में चुनाव की आहटें शुरू हो गईं ,सड़को पर नीले,लाल,पीले झंडों के काफिले नए नए नारों के साथ निकलने लगे थे,हाते के बाहर तमाम दलों के नेताओ के जमघट होने लगे थे,चौधरी के ढाबे की बिक्री बढ़ गई ,कल्लू के रिक्शे पर नीला झण्डा लगा रहता अक्सर दो चार नेता किस्म के लोग उसके रिक्शे में बैठकर चुनाव प्रचार को निकल जाते।वे दलितों को संगठित करने और वोटों को बढाने के कार्य हेतु सभी से व्यक्तिगत सम्पर्क कर रहे थे।अक्सर कल्लू अपने साथ बंसी को भी ले जाता बंसी को देर से लौटने पर मालिक के घर बुरी तरह डाँट पड़ती,पर बंसी को उस डाँट से कोई फर्क नही पड़ता,वह अक्सर ही कल्लू के साथ चुनाव प्रचार में चला जाता…
एक दिन सुबह-सुबह अग्रवाल साहब का तीखा स्वर कानों से टकराया,-“ठीक है जा,फिर आना मत लौट के.”अमूमन वे मध्यम स्वर में ही बोलते है,मैंने उठकर झाँका,देखा बंसी सिर झुकाए खड़ा हैऔर वे उसे बुरी तरह डाँट रहे हैं,अग्रवाल साब ने मुझे देख लिया बोले -“आप समझाइए इसे मैनेजर साब,एक हफ्ते की छुट्टी लेकर चुनाव प्रचार में जाएगा, कह रहा है अब हम गरीब लोगों की भी पार्टी बन गई है,उनकी सरकार बन जाए तो सबके अच्छे दिन आ जाएंगे।”
बंसी चुपचाप खड़ा रहा,अग्रवाल साहब का चिल्लाना बदस्तूर जारी रहा-“अबे याद रख पार्टी सिर्फ नेताओ की होती है तेरे जैसों के लिये नहीं,वे महीने भर तुझसे चाकरी कराएँगे फिर चुनाव बाद भगा देंगे तब कहाँ जाएगा तू…..” वे क्षण भर रुके फिर अंतिम प्रहार किया..”अच्छा सुन अगर तेरी वो जो कमजोर लोगों की पार्टी है तो जा पूछ के आ पार्टी वालों से वे तेरा ब्याह करा देंगे…अगर ब्याह करा दें तो तू जरूर चला जा,मैं नहीं रोकूँगा तुझे,पूरे महीने भर की छुट्टी दे दूँगा….” ये बंसी का कमजोर बिदु था…वह बिना बोले चुपचाप बाहर निकल गया,दो घण्टे बाद बंसी वापस आकर चुपचाप अपने काम में जुट गया,बिना बोले सर झुकाये वह सारा दिन काम में जुटा रहा,लोगों ने देखा कि उस दिन वह एक बार भी व्यर्थ में हाते से बाहर नहीं निकला,शाम को चुपचाप अपने कमरे में जाकर लेट गया,रात को मैंने ही उसे आवाज देकर बुलाया,वह चुपचाप मुँह लटका कर खड़ा हो गया ….”क्या बात है बंसी आज टी.वी. नहीं देखोगे.”..वह कुछ बोला नहीं उसकी आँखों से आँसू बहने लगे। मैंने उसे सांत्वना देकर पानी पीने को कहा,मैंने टी.वी. ऑन कर दिया,वह बैठ गया उसने धीरे से अपना सर पलंग पर टिका दिया और किसी छोटे बच्चे की तरह फूट-फूट कर रोने लगा,मैंने उसे रोने दिया,कुछ कहा नहीं,थोड़ी देर बादअपने आप कहने लगा,”साब हम कल्लू को अच्छो आदमी समझत थे वो तो भौतई बुरौ आदमी है।”
“क्यों,ऐसा क्या किया उसने?”
“साब हमने बासें अपनी ब्याओ की बात कई तो बोलो कै ……”इतना कह कर वह रुक गया।
“क्या बोला? उसने?”
“साब….हमे ब्याओ करने है कोऊ पाप नईं कन्ने…”
“कैसा पाप?”
“साब हमे घरवारी जातें चईये के हमेउ औरत के हात की रोटी मिलै, साब संझा लौं काम करत करत देही टूटन लगत है हमाओ भी मन करत है के घरवारी होय तो नैक पैर दबाए दे देही में तेल लगाए देय…..साब हमाओऊ मन करत है कि अपने दुख सुख की बातें करवे वारो होय कोऊ ,साब बुजुरूग लोग झूठ नई कै गए के बिन घरनी घर भूत का डेरा….साब घर मे मेहरारू होय तो घर अपने आपई जगर मगर करत है,…नाय तो घर घर नाय लगत ,साब बिना घरनी के इकल्ले जिनगी नाय कट सकत…….”..आज उसने पहली बार अपने मन का वह हिस्सा मेरे सम्मुख खोला जो संवेदनाओं के कोमल तन्तुओं से बंधा हुआ था,कोई सोच भी नहीं सकता था कि ऊपर से मूरख और दयनीय से व्यक्तित्व के भीतर स्नेह का इतना सरस निर्झर छुपा होगा।उसने अपनी बात जारी रखी-“साब कल्लू ने कल भौत गल्त बात करी…कैन लगो गले मे घण्टी बाँधवे की जरूरत का है…..औरतन की कमी थोरेई है अंटी ढीली करो और खूब मजे करो……हमाई तो लड़ाई हो गई बासें अब साब हमें कोऊ औरत की ऐसी भूख नाँय कि हम पाप करम करें।कल्लू जैसो खुद है वैसोई हमे समझ रओ ,इत्ती अच्छी बीबी मिल गई तोऊ सारो दूसरी औरतन के फेर में रहत है….।”
वह आवेश में बहुत कुछ बोल गया फिर उसे अहसास हुआ कि शायद उसे ये सब नहीं कहना चाहिये था,उसने मेरे पैर पकड़ लिए..”साब छोटे मौं बड़ी बात हो गई,मोय माफ करदेओ…..और साब बाबूजी से न कहियो जे बातें।”
****
उस दिन के बाद बंसी चुप चुप सा रहने लगा ,बाहर भी तभी निकलता जब घर वाले किसी काम से भेजते,कल्लू से भी अबोला सा हो गया,सीमा भौजी के पास भी नहीं जाता ,बाहर के लोग भी अब उससे मजाक करने से डरने लगे थे,एक दिन बाहर पान वाले ने कुछ मजाक कर दिया तो बंसी उससे उलझ गया ,उसका कॉलर पकड़ कर लड़ने पे आमादा हो गया था, तबसे लोग इसे पागल कहने लगे।चुपचाप काम करना और अपनी कोठरी में जाके लेट जाना यही दिनचर्या थी उसकी,अग्रवाल साहब के घर से ही जो कुछ खाना मिलता खा लेता था,अब उसका विवाह का राग भी बन्द हो गया था,बाहर की दुनिया की हलचलें कभी कभी हाते में सुनाई पड़ जाती थीं,ज्यो ज्यो चुनाव पास आ रहे थे सड़कों पे शोर,झण्डे और रैलियों की रेलम पेल बढ़ती जा रही ,अब कल्लू का रिक्शा मुझे उपलब्ध नहीं होता था,या यूँ कहें कि कल्लू स्वयम ही मुझे बिठाने से कतराता था,उसके रिक्शे पे नीला झंडा लगा रहता,और प्रायः चुनाव प्रचार में ही उसके रिक्शे का उपयोग हो रहा था,कल्लू की कमाई भी खूब हो रही थी अबअक्सर ही वह नशे में दिखाई पड़ता रोज देर रात को नशे में लौटता और फिर बीबी को बात बेबात मारता पीटता, रात के सन्नाटे में उनके झगड़े की आवाजें हाते के अंदर तक आतीं,सीमा की चीखें सुनकर बंसी व्याकुल हो जाता और हाते में टहलने लगता। एक दिन शाम को बंसी मेरे पास आया और बोला-“साब वो कल्लू की घरवारी है न वो सीमा भौजी, वो कल हमाए पास आई हती मदद माँगवे,साब भौत परेशान है वो,कल्लू काऊ और औरत के फेर में है,सब रुपया पइसा बी उतईं लुटा रओ है ,अब भौजी की मंशा है हम कल्लू को समझाएँ… साब हमाई बात तौ वो समझवे से रओ आप समझाओ नैक।”
मुझे गुस्सा आया-“मैं क्यों समझाऊँ भला,,और बंसी तुम ये सब छोड़ो अपनी शादी की सोचो।”
…”साब जा जनम में हमाओ ब्याओ तो होवै से रओ,”उसने मायूसी से कहा।
..”ऐसा क्यों सोचता है तू”..मेरे कहने पर धीमे से बोला-” साब एक तो हम छोटी जात, फिर हम पढ़े लिखे नई ,खेतीबारी जमीन जैदाद कछु पास नईं, माँ बाप नई,को कर दिए हम से ब्याओ।” उसने कटु सत्य कहा था,पर मैंने उसे झूठी सांत्वना दी-“ऐसा कुछ नहीं है,अब समाज बदल रहा है ,तुम्हे भी कोई लड़की मिल जाएगी।”
“तो साब आप कल्लू को समझा देते नेक,भौजी भौत दुखी है”..वह फिर उसी बात पर आ गया।
-“देखो बन्सी कल्लू अभी किसी की नहीं सुनेगा, उसकी बीबी से कहो,वह भी कहीं काम धाम ढूँढ के चार पैसे कमाए, और अपना खर्चा चलाए,कुछ न कर सके तो अपने झोपड़े के बाहर दो कुर्सियाँ डाल के चाय बेचना ही शुरू कर दे,कल्लू को जब कहीं ठोकर लगेगी तो वापस आ जायेगा।”
तीन चार दिन बाद मैंने देखा कि कल्लू के झोपड़े के बाहर एक चाय की दुकान खुल गई,कल्लू की बीबी ने एक बेंच डाल दी थी,गैस का चूल्हा रख लिया था ,दो तीन रिक्शे वाले वहाँ चाय पी रहे थे,बंसी ने मुझे बताया कि मेरे रास्ता बताने पर ही उसने ये दुकान खोल ली है,
ये सब बतलाते हुए उसके चेहरे पर एक सुकून था। कुछ दिनों बाद उसकी चाय की दुकान चल निकली,इधर चुनाव भी खत्म हो गए थे,कल्लू भी कुछ सुधरा हुआ दिखने लगा,वह बंसी से फिर पुराना जैसा मेल जोल बढाने लगा था,पर अपनी बीबी से झगड़ना उसकी रोज की आदत बन गया था। इसी बीच एक अजब संयोग हुआ,जिससे बंसी के अंतस में मुरझाते हुए शादी के भाव फिर सरस् होने लगे,असल में बंसी के गाँव से चचेरे भाई की शादी की खबर आई, मालूम हुआ दिल्ली में उसके मामा ऑटो चलाते हैं उन्होंने ही शादी करा दी,शादी क्या कराई सस्ते में बंगाल की कोई लड़की खरीद के उसके घर बिठा दी। बंसी ने अपने भाई से मनुहार की कि मामा से कहकर उसका भी घर बसवा दे…भाई मान गया एक दिन वह मामा को लेकर आ भी गया, बंसी ने अपनी सारी पीड़ाओं के साथ ब्याह न हो पाने की पीड़ा को भी करुण ढंग से व्यक्त किया,मामा जी गम्भीरता से सुनते रहे फिर धीरे से बोले,”बेटा कुछ रुपये हैं तेरे पास, अगर रुपये हों तो ब्याह हो जाएगा।”
…..शादी हो जाएगी..इन शब्दों को सुनकर ही बंसी का कुम्हलाया मन हरिया गया,बोला-
“मामा जी कित्ते रुपैया ?”
” बेटा वैसे तो खर्चा काफी आता है पर तुमाए लिये कम में काम करा दूँगा..फिर भी पचास हजार तो होना ही चाहिये।”बंसी का मुँह फिर मुरझा गया।मामा बोले-“इतने दिन से कमा रहा है क्या जोड़ा तूने।”
“मामा वो ऐसी बात है के खाना,खरचा रैना सैना तो सब मालिक के घर ,कपड़ा लत्ता मालिक के,बीमार होंय तो दवा मालिक करवाएँ, जेब खच्च खों हर हप्ता दस दिन में मालिक सौ दो सौ दे देत हैं,अब जोरें काए में।हाँ जब कभऊं कछू पैसा बचत है वे एक बक्सा में रखत जात हैं।”
..”अबे तो तू बिना तनखा के काम कर रहा है,जे तो अंधेर है सरासर ,अब ब्याह का मुफ्त में होगा, फ़िर क्या खिलायेगा बहू को?”
..”वो मालिक से बात करवे पड़े,वे ब्याओ को खरच जरूर दियें, पर कछू कम खच्च में हो जाए तो?.”…मामा बोले -“देख बंसी तेरे लिये भी लड़की खरीद के ही लानी होगी,बंगाल,
बिहार,बुन्देलखण्ड या नेपाल से गरीब घरों की लड़कियां सस्ते में मिल जाती हैं , बहुत सस्ती भी देखो फिर कोर्ट में शादी की लिखा पढ़ी हो ,कित्ता भी कम करो दस पन्द्रह हजार तो चईये ही।”
बंसी चुपचाप उठा उसने अपने बक्से से जोड़े बटोरे पैसे निकाले गिने,पूरे छह हजार थे,मामा ने रुपये रख लिये और बोले कुछ और इंतजाम करो,कुछ हम लोग लगा देंगे तेरा वंश तो चलानाई है।सारे रुपये लेकर आश्वासन देकर मामा चले गए कि महीने दो महीने में ,किसी लड़की का इंतजाम कर देंगे।
दो महीने हो गए न मामा आए न कोई सन्देश,अब तो बंसी का और अधिक उपहास उड़ने लगा,अग्रवाल साब के घर की बहुएँ तक उसका मजाक बनाने लगीं,ऊपर से खिसियानी हँसी हँसता पर अंदर ही अंदर वह टूटता जा रहा था, वह कम ही बोलता,जब कभी कल्लू की बीबी की दुकान पर चाय पीने चला जाता,एक वही औरत थी जो उसका मजाक न बना के उसे ढाँढ़स बढ़ाती थी,साथ ही अपना दुखड़ा भी सुनाती थी,कल्लू उसकी रोज ही किसी बात पर पिटाई कर देता था, बंसी कुछ नहीं बोलता पर मन ही मन कल्लू को कोसता और सोचता,उसके पास घरवाली नही है पर जिसके पास है वो उसकी कदर नईं करता। चार महीने बाद आखिर एक दिन मामा का संदेश आ गया,वे लड़की ले आये थे उन्होंने बंसी को गाँव बुलाया था बंसी को लगा वह नाहक मामा को गलत समझ रहा था,वह गाँव जाने को तैयार हुआ पर खाली हाथ कैसे जाए कुछ तो खर्चा होगा ही,उसने अग्रवाल साहब से कहा उन्होंने तीन हजार दे दिये पर अभी भी रुपये कम थे उसने कल्लू को समस्या बतलाई कल्लू ने भी उसे दो हजार रु ब्याज पर दे दिये। *****
आखिर बंसी की मनोकामना पूरी हुई,उसका विवाह हो गया,मामा बहुत सुंदर लड़की ले कर आए थे,वह बहू लेकर आया तो सारे हाते में खुशी की लहर दौड़ गई,कल्लू जरूर कुढ़ कर रह गया,इत्ती सुंदर औरत…गोरा रंग,गोल चेहरा,बड़ी बड़ी आँखें…..ये तो लँगूर के हाथ हूर वाली बात हो गई,धनुकन में इत्ती खूबसूरत औरत कहाँ से आई,जरूर मामा किसी अच्छे घर की लुगाई उड़ा लाया होगा….पर ऊपर से उसने खुशी ही जाहिर की।अग्रवाल साहब की माताजी ने बुलावा लगवाया,अग्रवाल साहब ने ढोल बजाने वालों को बुला लिया,सभी ने उपहार दिए उसके गांव से भी कुछ रिश्तेदार आये थे,देर रात तक नाच गाना हुआ, कल्लू की बीबी भी उस दिन जम कर नाची,बंसी की खुशी का ठिकाना न था उसके पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे थे , उसने चाय -मिठाई का इंतजाम भी किया था।
उस रात कल्लू ने जमकर शराब पी देर रात तक उसके झोपड़े से तेज-तेज गाली गलौज की आवाज़ें आती रहीं वह सीमा को गरिया रहा था- हरामजादी,छिनाल,भौत मटक मटक कर नाच रई थी,वो ससुरा बंसी तेरा यार लगता है का…..सीमा भी कुछ चीख रही थी,मार पीट के स्वर भी बाहर आते रहे,आवाजें बंसी के कानों तक भी जा रहीं थी ,उसे बुरा लग रहा था,उसकी इच्छा हुई जाकर कहे कि सीमा भौजी में कोई खोट नही उसका ऐसा वैसा कोई चक्कर नही ,पर वह बेबस था।
सुबह- सुबह कल्लू बंसी के कमरे में आ गया बंसी उससे बात नहीं करना चाह रहा था ,उसने बेरुखी से कहा-“काय को आगए ….दारू उतर गई ..”कल्लू बोला – “यार रात जादा चढ़ गई थी,सो उल्टा सीधा बक दिया,हमने सोची माफी मांग लें और नई भौजी के हाथ की चायउ पी लें।”
बंसी कुछ कहता उससे पहले ही उसकी बहू ने स्टोव जलाना शुरू कर दिया,और इशारे से बताया कि दूध नहीं है ,बंसी चुपचाप दूध लेने चला गया,साथ मे बिस्कुट भी ले आया।चाय पीकर चलते वक्त कल्लू जोर से बोला-“देख बंसी वो दो हजार की जल्दी नईं है कछू,और रुपैय्या की जरूरत हो तो बता दियो.भौजी को परेशानी न हो कछू” ..बंसी को बुरा लगा पर चुप ही रहा।
दो चार दिन में बहू सबको पहचान गई,उसने मालिक मालकिन का भी मन जीत लिया,बंसी खूब खुश रहने लगा था,पर ये कल्लू किसी बहाने दो तीन बार उसके कमरे में जरूर आता बंसी को बुरा तो बहुत लगता था, पर क्या कहे एक तो वह दोस्त था, दूसरे बंसी कर्जदार भी था उसका।
*****
एक दिन मैं बैंक से लौटा तो देखा कल्लू का रिक्शा हाते के अन्दर खड़ा है कल्लू ने मुझे नमस्ते किया ,तब तक बंसी और उसकी बहू बाहर निकले बंसी ने आज काफी साफ-सुथरे कपड़े पहने थे उसकी बहू भी सजी-सँवरी थी,दोनों ने मेरे पैर छुए , बंसी मुस्कराकर बोला-”साब हम लोग देवी के मंदिर जा रए, मेला भी लगौ है सो नैक देर में आवेंगे,बाबूजी को भी बता दओ है।”..मैं मुस्करा दिया,मुझे अच्छा लगा,दोनों कल्लू के रिक्शे में बैठ गए कल्लू ने रिक्शा बढ़ा दिया।मैं रात में बहुत देर तक बंसी के बारे में सोचता रहा,शादी के बाद उसके चेहरे की रंगत बदल गई थी,मैं कब सो गया पता नही चला।
….आधी रात को तेज चीख़ चिल्लाहट और शोरगुल से मेरी नींद टूट गई,ये आवाजे नीचे हाते से ही आ रहीं थी,मैंने बाहर निकल कर देखा हाते में भीड़ सी लगी थी बंसी दहाड़ें मार कर रो रहा था हाते के सारे घरों के लोग उसे घेरे खड़े थे,अग्रवाल साहब का पूरा परिवार भी इकठ्ठा था, मैंने वहाँ पहुँच कर जानना चाहा कि क्या हो गया है,अग्रवाल साब मुझे देखते ही बोल पड़े,”अरे मैनेजर साब बंसी की बीबी भाग गई”
..”.ऐं!!..भाग गई!!!….मेरे मुँह से इतना ही निकला।”
..”वो कल्लू भगा ले गया कहीं….दोनों को मेला दिखाने ले गया,इसे मूर्ख बनाके चकमा देके निकल गए दोनों”…उन्होंने पूरी बात बतलाई। बंसी का रोना कम नहीं हो रहा था,कोई समझ नही पा रहा था कि उसे सांत्वना कैसे दी जाए,अग्रवाल साहब ने उसे डाँटा-“चुप कर अब,औरतों की तरह रोए जा रहा है ससुरा, चार दिन भी बीबी को सम्हाल कर नहीं रख पाया इसी बूते पे कहता था कि हमारा ब्याओ करा दो..ब्याओ करा दो…..हो गया ब्याओ,हो गई तसल्ली…..” ऐसा लगा बंसी के पौरुष पर चोट हुई हो,अचानक ही वह फुफकारता सा मेन- गेट की ओर ये कहता हुआ भागा–“जा कल्लू ने हमाई घरवारी पे डाका डारो,आज हम बाकी बीबी को नाँय छोडें….”लोगो ने उसे पकड़ना चाहा पर उसकी उस दुबली देह में गजब की ताकत आ गई थी,वह किसी हिंस्र पशु सा खतरनाक लगने लगा,एक ही झटके में वह सबको धकियाता हुआ गेट से बाहर हुआ और उछल कर कल्लू के झोपड़े में घुस कर सीमा की देह पर टूट पड़ा उसे नोचने खसोटने लगा,सीमा सतर्क थी ,उसने उछल कर झट से हाथ मे कलछुल उठाई और बंसी को पीटना शुरू कर दिया,बंसी बाहर भागा वह भी चिल्लाते हुए उसके पीछे भागी- “रुक,कहाँ भाग रहा है मरदूद,अपनी लुगाई सम्हाल नही पाया मेरे पे जोर आजमाइश करेगा, हाथ लगाके तो देख हड्डी-पासली को चूरमा बना दूँगी।”उसने कलछुल से बंसी को बुरी पीटना शुरू कर दिया,अजीब दृश्य उपस्थित हो गया था,वह पीटे जा रही थी पर बंसी एकदम शांत हो गया औऱ जमीन पे सर झुका के चुपचाप मार खाने लगा,सीमा ने भी कलछुल फेंकी और झोपड़े में चली गई,बंसी भी चुपचाप सर झुकाकर अपनी कोठरी में घुस गया।हम सब भी अपने अपने कमरों में आ गये, अग्रवाल साहब अवश्य भुनभुनाते हुए चले गए….इसको कल ही नौकरी से निकालता हुँ, बहुत ड्रामा हो गया ससुरे का, कुछ ऊँच नीच हो जाये तो पुलिस तो हमारे ही घर आएगी।…
दूसरे दिन से सब सामान्य चलने लगा,अलबत्ता अब बंसी इंसान नहीं चलता फिरता प्रेत लगता था,बिना बोले सारे काम करना और फुर्सत में मन्दिर की देहरी पर बैठे रहना ही उसका काम था,फिर सुना वो कभी कभी किसी आश्रम में भी जाने लगा था,एक दिन अचानक वह साधुओं जैसा जोगिया बाना पहन के आ गया।-ये क्या ड्रामा है…..अग्रवाल साहब ने डाँटा।-बाबूजी हम जोगी है गए अब..हमने दीक्षा लैलई है” उसने सर झुका कर कहा।-तो अब काम नहीं करेगा, दूसरा नौकर देखूँ?….
—काम तो करें बाबूजी नईं तो पेट कैसे भरे। ..
वह तन से नही मन से भी जोगी हो गया था शायद,काम करता और जब फुर्सत में होता टूटे फूटे भजन या कबीर के पद गाता रहता,न अब वह किसी के उपहास का पात्र था न क्रोध का,हाँ कभी कभी उस पर दया अवश्य आती थी।बहुत से लोग उसे बाबा जी भी कहने लगे थे।सीमा का चाय का धंधा भी चल निकला था,कल्लू फिर लौट कर नहीं आया।
*****
बंसी की इतनी ही कहांनी मालूम थी मुझे,क्योंकि उन्ही दिनों मैं बैंक की नौकरी छोड़ कर एक मल्टीनेशनल में आ गया था,अतः वह शहर भी छूट गया,कुछ दिनों तक तो अग्रवाल साहब से फोन पर औपचारिक बातें होती रहीं,फिर वह क्रम भी टूट गया,पर आज लगभग दस वर्षों बाद फिर उस शहर से पाँच सौ किलोमीटर दूर इस छोटे से शहर में बंसी की शक्ल के उस आदमी को देखकर सारी घटनाएँ फिर जीवन्त हो उठीं…अजीब उलझन ने मन को घेर लिया,वही शक्ल सूरत वही कद काठी…आखिर बंसी की शक्ल का कौन हो सकता है….। घर पहुँच कर सबसे पहले अगवाल साहब को फोन मिलाया,वर्षो बाद मुझसे बात करके वे खुश हुए,औपचारिक बातों के बाद मैंने दबे स्वर से बंसी के बारे में पूछा,उन्होंने जो बताया वह विचित्र और अविश्वनीय सा लगा।कहानी में अजब मोड़ आ गया था। .
… .बंसी बाबा बन कर सन्तुष्ट था,अपने काम करना, भजन गाना यही उसकी दिनचर्या के अंग बन चुके थे,साल भर तक यही ढर्रा चलता रहा ,सीमा से भी नही बोलता था,पर उसकी किस्मत भी विधाता ने पता नहीं किस स्याही से लिखी थी,उसके शांत जीवन मे फिर भूचाल आ गया;अचानक एक दिन कल्लू वापस लौट आया ,शायद बंसी की बीबी से उसका मन भर चुका था या उसे कहीं बेच आया था,उसे देखते ही,बंसी के अंदर सुप्त पड़ा क्रोध का ज्वालामुखी फिर फूट पड़ा,वह एक लाठी लेकर गया और कल्लू पर टूट पड़ा,दोनों में जम कर झगड़ा हुआ पर बंसी कमजोर था,देह में ताकत ही नहीं थी,सो वह खूब पिटा, लुहलुहान हो गया, सीमा उसे बचाने के लिए बीच में कूद पड़ी तो उसे भी कल्लू ने जम कर पीटा और खरी खोटी सुनाई,सरे आम उसके चरित्र की धज्जियाँ उड़ाईं,उसके और बंसी के बीच गलत सम्बन्ध के आरोप लगाए,सीमा भी बंसी का पक्ष लेकर कल्लू से उलझ गई उसने उस दिन कल्लू को जी भरकर गालियाँ दीं,इतना ही नहीं इसी बीच किसी ने पुलिस को खबर कर दी,पुलिस देखते ही कल्लू भाग गया।सीमा घायल बंसी को अपने झोपड़े के अंदर ले गई उसके घावों पर तेल लगाया, चोट पर हल्दी लगाई,उस रात के बाद न किसी ने न सीमा को देखा, न बंसी को।सुबह झोपड़े में बंसी के जोगिया कपड़ों के अलावा कोई भी सामान नहीं मिला।
“इसका अर्थ है बंसी सीमा को लेके भाग गया कहीं?”.अग्रवाल साहब फोन पर ही हँसे ” अरे मैनेजर साब बंसी भला किसी को क्या भगाता ,वो सीमा ही बंसी को भगा ले गई होगी।मैने पुलिस में बंसी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखा दी थी ताकि मैं किसी पचड़े में न फँसूँ। “औऱ कल्लू,उसका क्या हुआ,वह लौटा कि नही?”…मैंने जिज्ञासा व्यक्त की।
“कल्लू….” वे फिर हँसे,”हाँ वह लौट आया था और कई दिनों तक गुस्से में पागल हाथी की तरह चाकू लिये दोनों को मारने को घूमता रहा दोनों को तलाशता रहा,पर वे कहीं नही मिले, अब उसने जोगिया कपड़े पहन लिए है और बाबा बन कर रिक्शा चला रहा है….कह कर वे फिर खिलखिला कर हँसे,और सहज प्रश्न किया.”पर आज आपको बंसी की याद कैसे आगई ?”
मैं क्या बताता कि मैने बंसी की शक्ल के किसी आदमी को देखा है , मैंने इतना ही कहा-“कुछ नहीं बस..यूँहीं पूँछ लिया….”इतना कह कर मैंने फोन काट दिया।
सोच रहा हूँ एक बार उस छोटे स्टेशन पर जाकर उस चाय वाले से मिल तो लूँ।