ऑटो में हँस-हँसकर बातें करने वाली महक बाग में एकदम उदास हो गई थी। बाग की दीवार
पर लगीं गोलियों के निशान दिखाते हुए सरताज बोला, “देखो महक, जो गोलियाँ दीवार पर लगीं
उनके निशान सौ साल बाद भी साफ दिखाई दे रहे हैं।”
रुआँसी-सी आवाज में महक बोली, “गोलियों के निशान सौ साल तक भी सालते रहते हैं?”
और उसकी आँखों से आँसू बह निकले।
“क्या बात हो गई महक, तुम रो क्यों रही हो?”
“क्या कसूर रहा उन निर्दोष लोगों का! और इस बेजबान, बेकसूर दीवार के सौ वर्ष पुराने
गोलियों के ज़ख़म अभी भी हरे है!”
“अब यह इतिहास है महक। तुम इतनी अधिक भावुक न होवो?”
उसकी ओर चेहरा कर बोली महक, “गोलियों के ऐसे ही बहुत-से निशान मेरे बदन पर भी हैं,
उन गोलियों के जो मेरे पहले सास-ससुर, पति और देवर मुझपर दागते रहे…कुछ निशान मेरे भाई-
भाभी की दागी गोलियों के भी हैं…जान बचाकर भागने का मेरे पास भी कोई रास्ता नहीं था। भागती
तो मैं भी कुएँ में गिर कर मर जाती।”
सरताज के कंधे पर सर टिकाकर वह कुछ देर सिसकती रही और फिर बोली, “तुम मुझे पहले
क्यों नहीं मिले सरताज?”
“मिल जाता तो क्या होता?”
“मेरे बदन पर गोलियों के निशान नहीं होते।”