“हम तो ठीक है तुम हमेशा हमें बुलाती रहती थी ना तो हम आ रहे है” बुआ बोली
“ कब…..!” नीति ख़ुशी से उछल पड़ी जल्दी बताईये मै आपको लेने पहुँच जाउंगी |
“कल ही” बुआ ने भी उत्साहित हो कर कहा ,
“वाह……….! बुआ जल्दी जल्दी आओ अब मुझसे इन्तजार नहीं हो रहा कब कल हो और कब मै आपसे मिलू” नीति बोली |
“अच्छा अच्छा जय श्री कृष्णा कल मिलते है” बुआ ने कहकर फ़ोन रख दिया |
अब नीति को नींद कहाँ वह उठी और सीधे किचन में जा कर चाय बनाने लगी – चाय बनाते बनाते सारे पुराने वाकये आँखों के सामने तैरने लगे , एक हादसे में अपने माँ बाप गवाने के बाद यही बुआ तो थीं जिन्होंने उसे पाला पोसा पढाया लिखाया , उसे तो अपने माता पिता याद ही नहीं , कम पढ़ी लिखी आँगन वाड़ी कार्यकर्ता विधवा बुआ ने कभी माँ बाप की कमी महसूस नहीं होने दी | फिर उनके ही देवर के लड़के को नीति भा गयी और नीति बेटी से बहु बन उसी परिवार में आ गयी | गाँव का मेहनती लड़का शहर में पढ़ा लिखा आनंद एक मल्टी नेशनल कंपनी में प्रोजेक्ट मेनेजर हो गया था, नीति भी उसके साथ शहर आ गयी अपने देवर को लेकर |
“अरे भाई आज चाय मिलेगी कि नहीं”-आनंद की आवाज से नीति वापस वर्तमान में लौटी और चाय का कप आनंद को पकड़ाते हुए बोली –“बुआजी आ रही है कल” आनंद और चन्दन दोनों उछल पड़े –“वाह काकी आ रही है फिर तो मजा आ जाएगा हमारी शादी को तीन साल हो गए है अब तक नहीं आईं हैं, चलो अच्छा ही है माँ पिताजी भी आ जाते तो और मजा आता” , तभी चन्दन बोला- “भैया किसी एक परिवार का तो वहां रहना जरूरी है”| आनंद ने हुंकार दिया और कहा- “घर में देख लो सब सामान है ना, व्रती है उनकी पसंद की सारी चीजे न हो तो आज चली जाना चन्दन के साथ ठीक है” कहकर सब अपने नित्य कर्म में लग गए और फिर आनंद नाश्ता कर ऑफिस चले गए और चन्दन और नीति भी थोडा काम निपटा कर मार्केट | अगले दिन सुबह १० बजे गाड़ीपर लेने नीति और चन्दन पहुंचे –“बुआजी को देखते ही दोनों ने दौड़ कर उन्हें प्रणाम किया और उनसे लिपट गए बुआजी की आँखे भर आई आँचल से आँसू पोछते हुए बोली- “लोग तीरथ जाते है मुझे तो अपने बच्चों से मिल कर ही तीरथ दर्शन का फल मिल जाता है , नीति ने भी अपनी आँखें पोछी और वे सब घर की तरफ चले |
बुआजी सोच रही थी- “जाने नयी नयी गृहस्थी है पता नहीं सामान पर्याप्त होगा की नहीं , घर में कितने लोगो की जगह होगी” , फिर मन में सोचा- “वह तो जमीन पर ही पतला बिछोना बिछा सो रहेगी किसी को परेशान नहीं करेगी , अब नयी गृहस्थी में सब थोड़ी ही होता है” | लेकिन जब घर पहुंची तो हैरान रह गयी घर तो सारे साजो सामान से भरा पड़ा था, हैरानी हुई कि नौकरी को दो तीन साल ही हुए है और इतना साजो सामान , उस समय तो कुछ नहीं बोली| रात को दोनों भाई एक कमरे में सो गए और नीति ने बुआ के साथ दूसरा कमरा शेयर किया , “रात को हम गप्पे मारेंगे , रात को बुआ से रहा नहीं गया तो बोली- “नीति एक बात पूछू” , हां बुआजी पूछों ना” निति बोली , “तुम्हारी कोई लाटरी वाटरी लगी है , या आनंद ने कही बेईमानी तो शुरू नहीं कर दी” बुआ ने गहरी द्रष्टि से देखते हुए कहा , नीति ने आश्चर्य से पूछा- “ऐसा क्यों पूछ रही हो बुआ”? , “वो दो तीन साल की नौकरी में ही मैंने सूना तुमने यह फ्लैट , गाडी और घर में सब साजो सामान खरीद लिया है . मेरा मन घबरा रहा है आनंद ने कही कोई गलत राह तो नहीं पकड़ ली” वह चिंतित स्वर में बोली | नीति हंसती हुई बोली – “आपका भतीजा है बुआ कोई गलत काम कैसे कर सकता है, हां पर आजकल हमें एक अलादीन का चिराग हाथ लग गया है , जिससे जब जो मांगो वह मिल जाता है , और तुरंत कीमत भी अदा नहीं करनी पड़ती”| “ है! बुआ ने आश्चर्य से मुँह पर हाथ रख कर कहा- “ऐसा कैसे हो सकता है पगली” , नीति ने बुआ का हाथ हाथ में लेते हुए कहा – “बुआ आजकल हर चीज किश्तों में मिल जाती है थोड़ा पैसा दो और बाकी पैसा धीरे धीरे चूका दो चीज भी अपनी और कोई टेंशन भी नहीं” , बुआ ने कहा- “मतलब उधार” “हाँ और क्या” नीति ने सहजता से उत्तर दिया | “ पर बेटा” वह कुछ बोलने ही जा रही थी कि नीति की आँखों में नींद देखकर चुप रह गयी | सोई तो आँखों में नींद नहीं थी – “चार्वाक दर्शन याद आ गया ऋणं कृत्वा घ्रतं पिबेत , लेकिन वो जिस पीढ़ी , और समाज से आती थी वहां तो उधार बड़ा बुरा माना जाता था , उनके पिताजी कहते थे १ रुपैय्या उधार लो और ढाई लौटाओ , और हमेशा तनाव में रहो कि लौटाना है और इज्जत कम हो सो अलग , पहले तो हारी बीमारी, ब्याह शादी , के लिए उधार लेते थे पर आजकल तो हर जगह उधार देने –लेने की होड़ सी लगी है | हम तो नौकरी पुरे होने पर म कान गाड़ी का सोचते थे , पर अब देखो नौकरी शुरू हुई नहीं कि सब चाहिए , चलो पैसा हो और खरीद लो तो कोई बात नहीं पर उधार ………ये तो ठीक नहीं है” सोचते सोचते उन्हें नींद आ गयी | सुबह उठ कर अपनी दिनचर्या से फारिग हो बालकनी में बैठी थी कि नीति, आनंद और चन्दन भी वहीँ आ गए|
बुआ आज शाम को आपको मॉल दिखाने ले चलेंगे , बुआ ने पुछा- “माल याने क्या” , नीति बोली- “बुआ बहुत बड़ी दूकान , जहाँ सब मिलता है”| “पर मुझे तो कुछ खरीदना नहीं है” बुआ बोली , नीति बोली- “खरीदना तो मुझे भी नहीं है पर हम वहां घूमेंगे फिरेंगे खायेंगे पियेंगे और आ जायेंगे आप भी तो देखिये शहर के नज़ारे” | शाम को सभी निकल पड़े , बुआ शहर की रौनक देख रही थी , हर जगह दुकाने , घर कम दुकाने ज्यादा , वे मॉल पहुँच गए , देखा बड़ा सा खुला बाजार हर चीज खूबसूरती से सजाई गयी जो बरबस आपको अपनी तरफ खिचती है , और खरीदने को ललचाती सी , उन्हें तो कुछ खरीदना नहीं था उनकी जरूरते ही कम थी , नीति ने बहुत सा सामान खरीद लिया , घूम फिर कर खाना खा कर वे लौट पड़े , रास्ते में बुआ ने पुछा- “घर पर तो तुम कह रही थी तुम्हे कुछ भी नहीं खरीदना है फिर इतना सामान , नीति बोली- “अब बुआ इतनी सुंदर सुंदर नई नई चीजे दिखती है कि लेने का मन हो ही जाता है सो खरीद ली “ बुआ ने एक गहरी नज़र से उसे देखा पर बोली कुछ नहीं सोचने लगी- “पहले बाजार घुमने की जगह नहीं होती थी जरूरत होने पर लिस्ट बनाओ किराने वाले को दो और वह सामान भर देता था , अब देखो दुनिया में इंसान कम, बेचने खरीदने वाले ज्यादा है , हर कोई कुछ न कुछ बेच रहा है , लोगो को ललचा रहा है , जरूरत न होने पर भी जरूरत बढ़ा रहा है, इच्छाएं उकसा रहा है , जरूरत और इच्छा के बीच कितना बड़ा बाजार खडा है, और इंसान जाल में फसता जा रहा है , जरूरत न होने पर भी खरीद लो , उधार ले लो पर ले लो, खरीदो बेचो बस ….उफ़ वे अचानक थका सा महसूस करने लगी | खैर घर आ गया वे सब सोने चले गए | पर उनकी आँखों में नींद नहीं थी तभी नीति और आनंद की धीरे धीरे बात करने की आवाज आने लगी | “देखो नीति अभी मेरी गाड़ी से काम चल रहा है न , फिर तुम नई गाड़ी की जिद कर रही हो , मकान गाड़ीघर के साजो सामान की किश्तें अभी चल ही रही है और अब नई गाड़ी, टू व्हीलर भी ६०००० से कम के नहीं आते” आनंद कह रहा था | , नीति बोली- “तो क्या हुआ एक किश्त तो हम दे ही सकते है कार तुम ले जाते हो , बाइक चन्दन ले जाता है मुझे कहीं जाना हो तो दुगने पैसे दे कर रिक्शा से जाना पड़ता है एक बार गाड़ी ले लो तो अपनी मर्जी के मालिक| , “जीवन बीमा की किश्ते भी जाती है महीने के आखिरी में कुछ बचता ही नहीं है”, आनंद ने कहा | नीति बोली- “अरे सब मैनेज हो जाएगा भगवान् की कृपा से इतनी अच्छी नौकरी है कब तक इच्छाओं को मारे”, “ओके ओके” वह बोला- “देखता हूँ” | निति चहक उठी- “थैंक यू , चलो अब मै सोने जा रही हूँ” | बुआ ने सर पर हाथ रखते हुए कहा- “इतनी तन्खवाह फिर भी कुछ बचता नहीं , अजब लोग है” , नीति को आता देख वहीँ बैठ गयी नीति बड़ी खुश नज़र आ रही थी , “बुआ दो चार दिन बाद मै आपको अपनी गाड़ीपर घुमाने ले जाउंगी , बुआ ने कहा “वही अलादीन का चिराग गाड़ी ला कर देगा ना” , उसने अपनी बाहें बुआ के गले में डाली- “हाँ और क्या” , बुआ ने उसके सर पर हाथ फेरते हुए कहा- “पर बेटे इतना उधार ठीक नहीं” , अरे बुआ तुम चिंता मत करो आज कल सब यही करते है” वह बोली , बुआ ने कुछ नहीं कहा | नीति की नई गाड़ीआ गयी बुआ को ले कर रोज कभी यहाँ कभी वहां घुमाने ले जाती और ढेरों सामान के साथ लौटती , बुआ कई बार टोकती भी “इतना तो सामान है खाने पिने का भरा पडा है ख़तम हो जाए तब ले लेना”” “अरे नहीं बुआ आये है तो ले लेते है” , बुआ देखती अलमारियाँ भर भर कर कपड़े है पर जब बाहर जाओ तो शिकायत मै क्या पहनू , ढेरों मेचिंग गहने , मेकअप का सामान घड़ियाँ , चप्पलें, पर्स , पर जब बाजार जाओ ललचाता बाज़ार नई डिज़ाइन के साथ फिर तैयार और नीति जैसे लोग हर नयी चीज नए ब्रांड के पीछे खिचे चले जाने वाले | नयी नयी सम्रद्धि की रेलम पेल , इच्छाओं की गुलामी और बाजार का प्रताप देख बुआ सहम जाती | सोचती बुरे तरीके से तो वह भी नहीं रही पर अब तो कुछ और ही तौर तरीके है | फिर वही हुआ जो नहीं होना चाहिए था आनन्द का घर लौटते समय भयानक एक्सीडेंट हुआ , बुआ तो बदहवास हो गयी, आनंद आई सी यू में था डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश कर रहे थे , नीति को जब वस्तुस्तिथि का ज्ञान हुआ तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गयी करंट अकाउंट में सिर्फ ५०००० रुपये थे जो पहले दिन ही ख़तम हो गए , सारा पैसा किश्तों में अटका पड़ा था , घर गाड़ी किश्तों पर थे बेचने का प्रश्न ही नहीं था , घर खरीदने की जल्दी थी सो अपने सोने के गहने भी गोल्ड लोन के लिए दे रखे थे , उसने आनंद के कुछ दोस्तों से बात की पर वे भी कहाँ से देते वे भी तो उन्ही की तरह उधार की कश्ती पर सवार थे, थोड़े बहुत से क्या होना था | नीति को कुछ समझ नहीं आ रहा था आज उसे लग रहा था कि इन सब के पीछे वह ही दोषी है , बचपन बहुत अभावों में बिता और जब शहर आ कर देखा तो शहर की चमक दमक उसके सर चढ़ कर बोलने लगी , फिर आनंद और उन दोनों का मध्यमवर्गीय मन अचानक मिली सम्रद्धि से बौरा गया और वे अपना हर सपना इंस्टेंट काफी की तरह पूरा करने लगे, ऐसा कुछ होगा सोचा भी नहीं था, इसीलिए परिवार भी आगे नहीं बढ़ाया था, सोचा क्या जल्दी है पहले सब सुविधा जुटा ले फिर आगे की सोचेंगे | परेशान नीति इधर उधर घूम रही थी तभी उसे मेडीक्लैम, जीवन बीमा पालिसी का ध्यान आया , घर जाकर पालिसी देखि तो कुछ राहत हुई पर अगर इलाज लंबा चलता तो फिर पैसों की जरूरत होगी पर कुछ आस तो बंधी | बुआ दुःख और क्रोध से भरी पड़ी थी बोली- “जाओ अपने अलादीन के चिराग से साँसे किश्तों पर उधार मिलती हो तो ले आओ , सुख शांति भी किसी दूकान पर मिलती होगी न बिटिया वह खरीद लो, किश्तों में” कहकर बुआ फूट फूट कर रोने लगी , आनंद के माता पिता को भी कुछ समझ नहीं आ रहा था वो तो खुद आनंद पर आश्रित थे नीति अपराध बोध से गड़ गयी,वह अपनी नादानी में समझ ही नहीं पाई कि उधार की भी एक सीमा होती है | आनंद का इलाज जारी था देखते देखते पंद्रह दिन बीत गए अब आनंद की हालत सुधरने लगी थी डॉक्टर एक दो दिन में उसे घर भेजने वाले थे पर नीति परेशान थी , उसकी परेशानी देख बुआ बोली –“अब तो आनंद ठीक हो गया है अब क्या हुआ” | नीति ने कहा “कुछ नहीं बुआ” , पर बुआ जानती थी मेडीक्लैम की सीमा ख़तम हो चुकी थी और अस्पताल से छुट्टी तब ही हो पायेगी जब बिल का भुगतान किया जा सके और अब नीति के पास पैसे नहीं थे | बुआ ने प्यार से नीति को अपने पास बैठाया और उसके हाथ में एक कागज़ का टुकडा रख दिया , नीति ने आश्चर्य से देखा पूरे पांच लाख का चेक था , वह बोली “यह क्या बुआ” , बुआ ने कहा- “यह मेरी बेटी की परेशानी को दूर करने के लिए है” | नीति की आँखों से आंसू बहने लगे उसे पता ही नहीं चला बुआ ने कब गाँव से अपनी जीवन भर की कमाई बुलवा ली वह बोली –“बुआ मै आपका ये ऋण कैसे चुका पाऊँगी ?” बुआ ने उसे गले लगाते हुए कहा “किश्तों में” नीति तुनक पड़ी- “अब किश्तों का नाम मत लो बुआ” , बुआ हँसते हुए बोली –“अरे तुम्हारे अलादीन के चिराग वाली किश्तों की बात नहीं कर रही हूँ , मै तो प्यार के ऋण और अपनेपन की किश्तों की बात कर रही हूँ , सारे उधार बुरे है पर प्रेम का उधार तो खूब लो और उसकी खूब किश्तें चुकाओं मै नहीं रोकूंगी ये उधार तो सबको धनवान बना देता है, प्रेम का ऋणं लो और घी पियो ऋणं कृत्वा घ्रतं पिवेत , है के नहीं आनंद, और सभी खिलखिला उठे |
डॉ. गरिमा संजय दुबे