भरी दोपहरी बाहर से
सूखी भुरभुरी मिट्टी लाते थे
अपनी अपनी ओक में भरकर
आंगन के एक कोने में
छोटा सा घर बनाने को
आंगन में आते आते
आधी से ज्यादा मिट्टी
रेत की तरह
झर जाती थी राह में
फिर मैने अपनी ओक से
तुम्हारी ओक की मिट्टी में
पानी डाला
मिट्टी का झरना बन्द हो गया
आज इतने बरस बाद
जान पाया
उस पानी में प्रेम घुला था !