सुकेश साहनी द्वारा लघु कथा बेटी का ख़त

लेखक - सुकेश साहनी

बेटी का ख़त पढ़ते ही बूढ़े बाप के चेहरे पर हवाइयाँ उड़ने लगीं।
“खैरियत तो है न?” पत्नी ने पूछा, “क्या लिखा है?”
“सब कुशल-मंगल है,”-आवाज में कंपन था।
“फिर पढ़ते ही घबरा क्यों गए?” पत्नी बोली, फिर उसके हाथ से चिट्ठी लेकर ख़ुद पढ़ने लगी।
खत खैरियत वाला ही था। बेटी ने माँ-बाप की कुशलता की कामना करते हुए अपनी राजी-
खुशी लिखी थी, अंत में लिखा था-राजू भइया की बहुत याद आती है। पत्र पढ़ने के बाद पत्नी
निश्चिंत होकर रसोई में चली गई।
जब लौटी, तो देखा पति अभी भी उस ख़त को एकटक घूरे जा रहा है, चेहरा ऐसा मानो
किसी ने सारा खून निचोड़ लिया हो।
सुदेश मेहर रायपुर — Vcare Language Academy
पत्नी को देखते ही उसने सकपकाकर ख़त एक ओर रख दिया। सहज होने का असफल प्रयास
करते हुए बोला, “सोचता हूँ, कल रजनी बेटी के पास हो ही आऊँ।”
पत्नी ने उसके पीले उदास चेहरे की ओर ध्यान से देखा, फिर रुँघे गले से बोली, “आखिर हुआ
क्या है? अभी कल ही तो दशहरे पर बेटी के यहाँ जाने की बात कर रहे थे, फिर अचानक
ऐसा क्या जो…तुम्हें मेरी सौं जो कुछ भी छिपाओ!”
इस बार वह पत्नी से आँख नहीं चुरा सका, भर्राई आवाज़ में बोला, “पिछली दफ़ा रजनी ने
मुझे बताया था कि ससुराल वाले उसकी लिखी कोई चिट्ठी बिना पढ़े पोस्ट नहीं होने देते,
तब मैंने उससे कहा था कि भविष्य में अगर वे लोग उसे तंग करें और वह हमें बुलाना चाहे,
तो ख़त में लिख दे-राजू भइया की बहुत याद आती है। इस बार उसने ख़त में यही तो लिखा
है।”-कहते हुए बूढ़े बाप की आँखें छलछला आईं।

Author