“भाई साहब, रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के लिए बस कहाँ से मिलेगी?” अगले ही क्षण वहाँ से
गुजर रहे एक साइकिल सवार को रोककर उसने पूछ लिया।
साइकिल सवार कुछ सोचते हुए बोला, “जीआईसी, जीजीआईसी, बीबीएल वगैरह के बारे
में तो पता है, जीपीएम, बीसी और सेंट मारिया तो बिल्कुल नज़दीक हैं, पर…वो…क्या कहा
आपने रोहेलखण्ड…? इस बारे में तो पहले कभी नहीं सुना। माफ़ कीजिए… हिन्दी के मामले
में अपना दिमाग़ ज़रा ऐसा-वैसा ही है, आप किसी और से पूछ लीजिए… “
देर पर देर हो रही थी। उसने बस से जाने का ख़्याल छोड़ दिया और रिक्शे से जाने का
निश्चय किया।
“भैया, रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय चलोगे?”
“सही मोहल्ला बताओ साब, इस नाम की कोई जगह नहीं है यहाँ।”
“अरे भाई, बताया तो-विश्वविद्यालय! इतना भी नहीं जानते तुम! …जहाँ लड़के-लड़कियाँ
पढ़ते हैं।”
“कैसी बात करते हो, साहब जी”-रिक्शेवाले ने बुरा-सा मुँह बनाया, “बीस साल से इसी शहर
में रिक्शा चला रहा हूँ, यहाँ के चप्पे-चप्पे से वाक़िफ़ हूँ। इस शहर में इस नाम का कोई
सकूल नहीं है।
रिक्शे वाला आत्मविश्वास-भरी आँखों से उसकी ओर देख रहा था।
“भाई, मुझे युनिवर्सिटी से बुलावा आया है,” झल्लाकर उसके मुँह से निकल पड़ा, “पीलीभीत
जाने वाली सड़क पर बहुत बड़ी इमारत है…”
“युनवसटी!” रिक्शेवाला चहका, “तो पहले ही सही बोलना था। युनवस्टी कौन नहीं जानता!
बैठो अभी पहुँचाए देता हूँ।”