कहानी शराफत अली खान द्वारा

लेखक - शराफ़त अली ख़ान

गाड़ी अभी-अभी आकर स्टेशन पर रुकी थी। मुझे इसी गाड़ी से लगभग 2 घंटे बाद दूसरा इंजन लगने पर अपने शहर जाना था। मैं डब्बे के दरवाजे पर खड़ा होकर
प्लेटफार्म की भीड़ को देख रहा था।
अचानक मेरे सामने से एक जाना पहचाना चेहरा गुज़रा। उस चेहरे को देखते ही मेरे मुंह से निकल गया "नसरीन" ।
वह रुकी और एक भरपूर नजर मेरे चेहरे तक डाली।मुझे देखकर उसका चेहरा खिल उठा पर कोई भी लफ्ज़ उसके होठों से नहीं निकला। मेरे हाथ बढ़ाने पर उसने
फौरन अपना हाथ मेरे हाथ में दे दिया और मैंने उसे डब्बे के अंदर खींच लिया।
वह चुपचाप मेरे साथ साथ मेरी सीट तक आई। मैंने अपनी बीवी और बच्चे से उसे मिलवाया। फिर धीरे-धीरे नसरीन खुले दिल से बातें करने लगी। वह बार-बार एक
ही जुमला कहे जा रही थी" आपने इतने बरसों बाद भी मुझे
लेखक – रामकरन सोनी _चुभन — Vcare Language Academy

एकदम पहचान लिया। इसका मतलब मेरी तरह आप भी मुझे भूले नहीं थे?"
वह मेरी बीवी से बातें करती जाती, मगर उसकी नजरें मुझ पर टिकी हुई थीं।
वह बरसों पहले कॉलेज के जमाने में हमारे पड़ोस में रहती थी। मुझसे 1-2 दर्जा पीछे ही थी, मगर फिल्म देखने में और सैर सपाटे में मुझसे कहीं आगे थी। उसे फिल्म
देखने की लत थी। मैंने शायद अपने जीवन की ज्यादातर फिल्में उसके साथ ही देखीं।
उसे घूमने का भी बेहद शौक था। शाम को स्टेशन के पास वाली सड़क पर वह मुझे जबरदस्ती ले जाती। इधर- उधर की फालतू बातें करती और फिर हम दोनों
वापस आ जाते ।उसे मेरी क्या बात पसंद थी मालूम नहीं, मगर मुझे उसके बात करने का अंदाज और खरीदारी करने का तरीका बहुत पसंद था ।
उसके साथ चलने में मुझे लगता है कि उसकी वजह से मैं बिल्कुल महफूज हूं। फिर वह आगे पढ़ाई करने के लिए 1 साल के लिए दूसरे शहर में चली गई और मैं भी
नौकरी की तलाश में कई शहरों की ख़ाक छानता रहा। वह जब वापस आई थी, उस समय मैं नौकरी न मिलने की वजह से बहुत परेशान और दुखी था।
नौकरी के लिए नसरीन भी हाथ पैर मार रही थी ।वह

हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया करती थी। एक दिन उसने मुझसे कहा था "दुनिया में बड़े सुख जैसी कोई चीज नहीं है… छोटे-छोटे सुख जो हमें जाने अनजाने मिलते रहते हैं,
उन्हीं से खुश रहना चाहिए।"
मैं उस शहर में ज्यादा दिन न ठहर सका। बाद में कई शहरों में छोटी मोटी नौकरियां करने के बाद मुझे सरकारी नौकरी मिली और मेरी जिंदगी में ठहराव सा आ
गया। बाद में नसरीन का परिवार भी वह शहर छोड़ गया था और उसका नया पता मुझे मालूम नहीं हो सका था।
कई साल गुजर गए थे।मगर नसरीन की याद राख में दबी चिंगारी की तरह गर्म ही रही ,कभी बुझी नहीं।
आज जब उसका चेहरा मेरी नजरों के सामने आया तो मैं अपने आप को रोक न सका। वह भी बेहद खुश थी ।बोली, "इत्तेफाक की बात है कि मैं भी इसी गाड़ी में बैठी
थी और रास्ते भर आपकी याद आती रही।"
चूंकि बीवी को मैंने नसरीन के बारे में कई बार बताया था। इसलिए वह भी उससे खूब दिलचस्पी से बातें कर रही थी। मैं उन दोनों के पास से उठकर रिसाला
खरीदने नीचे उतर गया। वापस आने पर मैंने देखा कि नसरीन की बातें तो मेरी बीवी से हो रही थीं,मगर उसकी नजरें मुझ पर जमीं थीं।
नसरीन अपनी बड़ी बहन से मिलने जा रही थी, जो की इसी शहर में मास्टरनी थी।नसरीन बस अभी तक कोई

नौकरी न पा सकी थी ।मुझे यह जानकर बहुत अफसोस और इससे भी अधिक अफसोस इस बात का हुआ कि वह अब पूरी तरह नाउम्मीद हो चुकी थी ।उसने मुझसे कहा
कि मैं कहीं उसके लिए नौकरी का बंदोबस्त करूं।"
मगर मैं उसके लिए क्या और कहां कोशिश करता । उसे मेरी नौकरी के बारे में कहीं से पता चल गया था। मगर उसे यह नहीं मालूम था कि मैं छुट्टी खत्म करके
बीवी बच्चों के साथ वापस जा रहा हूं तो वह भी हमारे साथ चिपकी चली आई। मेरी बीवी ने उससे सिर्फ एक बार दिखावे के लिए साथ चलने को कहा था। नसरीन बिना
झिझक या लज्जा के तुरंत मान गई ।उसके साथ चलने की बात पर मेरी बीवी के चेहरे पर नाराजगी सी दिखाई देने लगी, लेकिन फिर वह हंसने बोलने लगी ।चार-पांच
घंटे का सफर बातों में कितनी जल्दी गुजर गया था, कुछ पता ही नहीं चला ।
घर पहुंच कर मेरी बीवी के साथ उसने भी खाना पकाने से लेकर घर की सफाई वगैरह में पूरा साथ दिया। नसरीन 2 दिन रही। तीसरे दिन खरीदारी करने मेरी
बीवी के साथ गई।मगर शाम को जब मैं दफ्तर से वापस आया तो बीवी ने बताया कि वह 4 बजे वाली गाड़ी से बड़ी मुश्किल से वापस गई है। बाजार में मेरे सामान की
खरीदारी उसने अपनी पसंद से की थी, जैसे कि वह मेरी पसंद नापसंद अच्छी तरह जानती हो।

काफी दिन बीत गए ।उसके दो-तीन ख़त आये, मगर मैं जवाब न दे सका ।इधर बीवी भी बीमार थी और वहअपने पीहर गई हुई थी।
एक दिन शाम के समय मैं अपने दफ्तर के एक साथी के घर दावत में जाने के लिए तैयार हो रहा था कि अचानक दरवाजा खुला और नसरीन अंदर दाखिल हुई। मैं
हैरान रह गया ।
आते ही वह बोली," अरे ,आप कहीं जाने की तैयारी कर रहे हैं ?"
मगर मैंने तब दावत में जाना ठीक न समझा, मगर बिना किसी खबर के, वह भी मेरी बीवी की गैरहाजरी में उसका आना मुझे अखर सा गया।
वह मेरी खामोशी भांप गई ।बोली,"क्या आपको मेरे इस तरह अचानक आज आने से खुशी नहीं हुई ?" मैं तो कई दिन पहले से बाजी के घर आई हुई थी ।आज
वापसी के लिए स्टेशन पर पहुंची तो खुद से एक शर्त लगा ली कि अगर आप की ओर जाने वाली गाड़ी पहले आएगी तो आपके यहां चली जाऊंगी और यदि मेरे घर की
तरफ जाने वाली गाड़ी पहले आई तो वापस घर चली जाऊंगी ।
अब शर्त की बात थी। आपकी ओर आने वाली गाड़ी पहले आई और मुझे मजबूरन आपके पास आना पड़ा ।"
यह सुनकर मैं हंस पड़ा।,"अरे,शर्त की क्या बात थी…

यह घर तुम्हारा नहीं है?"
यह जानकर कि मेरी बीवी घर पर नहीं है ,नसरीन काफी खुश हुई। फिर देर रात तक वह मुझसे इधर-उधर की बातों के बीच अपने शिकवे शिकायतें ले बैठी कि
आप मुझे भूल गए आपने मुझसे क्या-क्या बातें की थीं?
मैंने उसे समझाया अगर मैं उसे भूल जाता तो शायद उस दिन पहचान भी न पाता ।हां, मैंने उस से कभी कोई वादा नहीं किया था ।
दूसरे दिन सवेरे ही मैं ने नसरीन को विदा कर दिया। वह जाने को तैयार नहीं थी। मगर मैंने उसे लोक-लाज का वास्ता दिया तो वह चली गई। कुछ दिन बाद पत्नी
के लौटने पर जब मैंने उसे नसरीन के आने की खबर दी तो उसके चेहरे पर नाराजगी और गुस्से के कई रंग नज़र आये।मगर वह उह कडवाहट को खामोशी से पी गई।
करीबन 2- 3 महीने बाद नसरीन की चिट्ठी आई।मैं ने उसे जवाब देने के लिये रख लिया। मगर बाद में न तो वह चिट्ठी ही फिर दिखाई दी और न ही मुझे जवाब
देना याद रहा।
फिर दो महीने बाद उसकी चिट्ठी आई।मैं ने सोचा, अब की बार उसे ज़रूर ख़त लिखूंगा। मगर वह ख़त भी 10-15 दिन तक आंखें बिछाए मेरी तरफ देखता रहा और
फिर नजरों से ओझल हो गया।

एक दिन फिर उस का ख़त आया। जिसमें लिखा था कि अगर इस बार भी आप लोगों ने जवाब नहीं दिया तो वह फिर कभी ख़त नहीं लिखेगी।
एक दिन शाम को मैं ने बीवी से कहा,"क्यों न हम अपने बंटी के तरफ से नसरीन को अपनी खैरियत का जवाब दे दें?"
" क्यों?" बीवी ने इस छोटे से लफ्ज़ के जरिए अपनी सारी कड़वाहट मेरे मुंह पर थूक दी।
मैं ने धीरे से कहा ,"किसी के ख़त का जवाब न देना जरा ठीक नहीं लगता।"
" अच्छा…" उस ने हैरानी से चौंकते हुए जवाब दिया, और किसी कुंवारी लड़की का किसी शादीशुदा आदमी को ख़त लिखना या किसी शादीशुदा आदमी का किसी
कुंवारी लड़की के ख़त का जवाब देना या दिलवाना क्या ठीक लगता है? अगर यह सब ठीक है तो मेरी नजर में ऐसे किसी भी ख़त का जवाब न देना भी गलत नहीं हो
सकता।"
बीवी के हांफते हुए चेहरे को मैं ने आहिस्ता से अपने सीने से लगा लिया। उस के चेहरे पर उभर आईं पसीने की बूंदे मेरे सीने को भिगो रही थीं।
–343,फाइक इन्क्लेव, फेज-2,पो0 रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली-243006(उ.प्र.)

Author