एक बेधब से मासूम सपने की कहानी, महावीर राजी द्वारा

लेखक - महावीर राज़ी

बेचूराम चौंकता सा जाग कर उठ बैठा।
 
आंखों के पपोटे सारी रात नींद और जाग के बचकाने खेल में मशगूल रहे थे। पल में बंद हों.. और पल में सीपी से खुल जाएं ! खुलने-मुंदने के इसी क्रम में सपना चिलका और उसकी मादक छुअन देह को गुदगुदा गयी। पपोटों को जबरन खोलते हुए बेचूराम ने निहारा..  भोर की हल्की उजास खिड़की की राह घुसपैठ करके कोठरी की स्याह कालिमा पर पोंछा मार रही थी।
कुछ समय से हर दूसरे तीसरे दिन ऐसा हो रहा। खुलती मुंदती पलकों में अचानक  सपना चिलकता है। सपने में हर बार हूबहू वैसा ही दृश्य ! 
सूर्यप्रकाश श्रीवास्तव ‘सूर्य’ — Vcare Language Academy
चिलकने का समय भी लगभग वही.. एक दम भोर का !
बेचूराम ने दोनों हाथ ऊपर तान कर जोर की उबासी ली। तकिए के नीचे से उस पुर्जे को निकाला। भोलवा की हिंदी किताब के पन्ने जितना बड़ा पुर्जा ! चार तह में मोड़ा हुआ। कई बार खुलने मुड़ने से कागज बेशक नरम हो गया था। पर उस पर सरकारी मुहर जेठी  सूरज की तरह चमक रही थी। बेचूराम ने पुर्जे को होंठों से लगा कर चुमा और खूंटी से टंगी बंडी की भीतरी जेब मे धर दिया।
 
बिछावन से उठ कर कोठरी से बाहर आ गया। बाहर का परिदृश्य अभी भी अधधुले निगेटिव फ़िल्म जैसा धूसर था। गंगिया बहुत पहले ही उठकर आसपास के खटालों से गोबर बिन लायी थी और कोठरी की दीवारों पर गोइठा पाथने में लगी थी। बेचूराम ने अंटी से निकाल कर बीड़ी सुलगायी, लोटा भरा और दिशा फिराकत के लिए रेलवे लाइन के पार जंगल की ओर बढ़ गया। झाड़ियों के पीछे शौच मुद्रा में बैठ कर बीड़ी का लंबा कश खींचा ही था कि भोर वाला सपना चूजे की तरह चीं चीं करने लगा जेहन में।
 
बेचूराम असमंजस में था कि सपना अधखुली आंखों में चिलकता है या बंद पलकों की नींद में ! सपना शुरू होते ही आंखों के आगे कुहासा छाने लगता। कुहासे के बीच में सुराख बना कर एक दिव्य आकृति उभरती। दूध से सफ़ेद बाल और दाढ़ी-मूंछों के पीछे छुपी गुप्प मुस्कान ! पार्श्व में ऊंची प्राचीरों वाला मंडप !
‘कैसे हो बेचूरामजी..?  वह जो टोकन मिला मिला था कानपुर में सुरक्षित है न ?’ 
कुछ तो अपने नाम के साथ ‘जी’ की पुछल्ली से और कुछ दिव्य आकृति के चेहरे पर पसरे तेज से बेचूराम मंत्र मुग्ध हो जाता। आकृति की मुस्कान में व्यंग्य रहता या सहानुभति जानना मुश्किल था। कंठ से हकलाती सी आवाज बाहर आती – ‘है न साहेब। दिनरात कलेजे से लगा कर रखते हैं , ये देखिए..!’ बेचूराम हुलस कर तकिए के नीचे दबा पुर्जा निकाल कर दिखाता।
‘वहां कानपुर बॉर्डर पर आपकी साईकल जब्त करना हमारी मजबूरी थी महतोजी। कोरोना पूरे उफान पर था और हमें साईकल पर चिपके कोरोना के विषाणुओं को शहर में प्रवेश करने से रोकना था।’
‘वो सिरिफ साईकिल नहीं था हुजूर, उसके संग भोलुआ का, हमरा और पूरा परिवार का ढेर सारा सपना, ढेर सारा उम्मीद और संकलप ( संकल्प) जुड़ा था !’
‘हम समझ रहे हैं महतोजी। साईकिल छिन जाने के बाद गांव लौटने में कितना कष्ट हुआ होगा आपको, याद करके अभी भी आंखों में लोर भर जाता है।  देखिए देखिए..!’ 
बेचूराम का शीश तो  ‘जी’ के भारी भरकम शिला से पहले ही झुका हुआ था। दिव्य आकृति सच ही कह रही होगी। सिर उठा कर जांच करने का मतलब उनपर शक करना न होगा। नजरें नहीं उठ पाती।
‘साहेब, अब तो कोरोना ढीला पड़ गया है। हमरी साईकिल मिल जाये तो..’
‘आप बड़ी हड़बड़ा जाते हैं बेचूराम जी। दोष आपका नहीं। पूरी फ्रिंज एलिमेंट बिरादरी की यही फितरत है। फ्रिंज एलिमेंट माने तो नहीं समझे होंगे ?’
‘नहीं देवता..’ 
‘कैसे बूझेंगे ? ताजा गढ़ा कठिन पद है। चालू भाषा में इसका अर्थ है छोटे लोग ! न न.. वो वाला छोटे लोग नहीं। शारीरिक श्रम के तमाम रूपों – जैसे किसान, फैक्टरियों व खदानों के लेबर ! कस्बा बाजार हाट के दिहाड़ी मजदूर ! ठेला-गुमटी, रिकशा, फल सब्जी, घरेलू काम आदि से लगे लोग ! प्यार से हम इन्हें छोटे लोग कहते हैं , पर कहने से ही ये छोटे थोड़े हो जाते हैं। देश की अर्थव्यवस्था को और नगरों महानगरों को गतिशील बनाये रखने में इन छोटे लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। आप उन्ही छोटे लोगों में से एक हैं और आपकी चिंता है हमें।  तभी न आपके सपने में बार बार आ रहे हैं।’
‘जी साहेब..’ बेचूराम का जी खुशी से छलक कर हलक में आ गया। कान कुछ ज्यादा खुल गए।
‘देखिए कि साईकिल जब्दी हुई यूपी के एक शहर में, ठीक ? दावेदार ठहरे सैकड़ों मिल दूर बिहार, झारखंड, बंगाल आदि के दूर दराज गांव में। साईकिल के लिए इतनी दूर से यूपी के उस शहर आना मुश्किल होगा कि नहीं.? सो ऐसा उपाय कर रहे हैं कि आप लोगों को अपने ही क्षेत्र के बीडीओ ऑफिस में टोकन दिखाते ही साईकिल मिल जाय। कैसा रहेगा ?’
 
दिव्य आकृति की खनकती आवाज में ऐसा सुनकर बेचूराम की आंखों में सैकड़ों जुगनुओं की चमक भर जाती। आगे की बात सुनने के लिए चौकन्ना हो उठता। पर आकृति विस्तार से कुछ बता पाती कि सपना इसी बिंदु पर आकर टूट जाता और नींद खुल जाती। हर बार ऐसा ही होता। अब आलम यह है कि हर दूसरे दिन सपना आ रहा। ठीक भोर के उसी समय ! दृश्य भी उतना ही रहता है जितना पहली बार दिखा था। मन मे टीस उठती कि काश अगली बार सपना कुछ आगे बढ़े। देवता कुछ नया बताएं। पर न.. अगली बार भी सपना उसी बिंदु पर आकर दरक जाता। दृश्य वही का वही। न एक इंच इधर न एक इंच उधर। बेचूराम को तो आकृति को धन्यवाद देने का  मौका भी नहीं मिल पाता। 
 
जेहन में सपने की धमक से कलेजे की धुकधुकी बढ़ गयी। निबटान के बाद कदम जानी पहचानी राह पर लौटने लगे। नजरें राह पर थीं पर नजरों के सामने से राह अदृश्य हो गयी और वहां डेढ़ साल पहले की घटना जुगनूओं सी कौंधने लगीं ..
 
रात के आठ बजे होंगे। अचानक कल से अनिश्चित काल तक सब कुछ बंद का सरकारी फरमान आ गया। बाजार, मार्किट, गाड़ी-घोड़ा, रेल- बस , फैक्ट्री सब बंद ! फूल लॉक डाउन ! पूरे देश मे लगातार कर्फ्यू। बेचूराम का दिमाग सांय सांय करने लगा। गांव-जोहार से विस्थापित होकर हजारों किलोमीटर दूर दिल्ली रोजगार कमाने आये थे। एक गारमेंट फैक्ट्री में काम मिल भी गया। जिंदगी ठीक ठाक चल रही थी कि फिर से नए विस्थापन का झटका ! उसकी कोठरी के आसपास के मोहल्ले में यूपी बिहार के मजदूर भरे थे। उन लोगों में गांव लौटने की भगदड़ मच गयी। जब भूखे ही मरना है तो गांव में परिवार के संग रह कर मरेंगें न। बस-रेल, गाड़ी-घोड़ा बंद ! बारह- पंद्रह सौ किलो मीटर का लम्बा सफर ! तो क्या ! पैदल कभी न कभी पहुंच ही जायेंगे। यहाँ परिजनों से कट कर एकांत में घुट घुट कर मरना भी कोई मरना है !
 
बेचूराम जिस कोठरी में रहता था उसके मालिक बनर्जी बाबू सिंचाई विभाग में अफसर थे। तनिक नरम और उदार प्रकृति के। उनके पास रेंजर साईकिल थी। दो साल पुरानी। नयी बाइक खरीद लेने के बाद वह काम नहीं आ रही थी। बेचूराम की नजर बहुत दिनों से साईकिल पर गड़ी हुई थी। भोलू अगले साल मैट्रिक दे रहा। घर से जीटी रोड तीन मील और वहां से आसनसोल टाऊन दस मील। स्कूल- ट्यूशन सब टाऊन में। पढ़ने में तेज है बिटवा। पर इतना दूर जाने आने में ही दिल और देमाग थक जाता है बेचारे का। पढ़ाई में मन कैसे लगायेगा। मन नहीं लगायेगा तो अफसर बनने का जो एक ठो मासूम सपना पोसा हुआ है आंखों में वो कैसे पूरा करेगा। उस सपने पर सिरिफ भोला की नहीं पूरे परिवार की उम्मीद टिकी है। भोला कह नहीं रहा तो क्या। उसके सभी दोस्तों के पास साईकिल है। उसको भी जो साईकल मिल जाय तो बहुते सहूलियत हो जाएगा। बेचूराम सोच रखा था कि अनुकूल मौका मिलते ही मुखर्जी बाबू से रेंजरवा रियायत दाम पर मांग लेगा।
‘रेल-बस सब बंद आछे (है) , कैसे जाएगा तुम देश ( गांव) ?’ बेचूराम अपनी गृहस्थी को गठरी-मोटरी में ठूंस रहा था कि मुखर्जी बाबू कोठरी में आकर  पूछ बैठे। कोठरी के सामने ही लम्बा गलियारा था और गलियारे के दाएं कोने में रेंजर खड़ी थी। बेचूराम की नादिदी नजरें साईकिल पर चली गयीं। हकलाते हुए बोला -‘ये साईकिल ठो दे दीजिए सर। हमरा बचवा को बहुत दरकार है। दू हजार अभी बयाना (एडवांस) दे रहा। बाकी पैसा लौट कर आएंगे तब चुका देंगे। पक्का !’ 
मुखर्जी बाबू उसकी सरलता पर हंस पड़े और पीठ पर हाथ धर कर बोले -‘जा ले जा साईकिल। छेले (बेटा) के नाम पर दे दिया। दू हजार अभी हमको दे देगा तो खायेगा क्या रे ? ई लॉक डाउन का कोई भरोसा नेई। अभी लंबा चलेगा। ये टाका रख लो। बाद में जब आएगा, एक सोंगे (साथ) देना, ठीक ?’  बेचूराम तो खुशी के मारे मुखर्जी बाबू के पांवों पर लोट पड़ा।
 
गिरते-पड़ते, रुकते-चलते और मजदूरों की भीड़ के संग कैटवॉक करते कानपुर तक की यात्रा किसी तरह निपट गयी। कानपुर चेकपोस्ट पर साईकिल सवारों को रोका जा रहा था। सभी की साइकिलें छीन लीं गयीं। बदले में सरकारी मोहर लगा और नाम-पता लिखा टोकन थमा दिया गया। जब कोरोना खत्म हो जाएगा तब आकर ले जाईयेगा अपनी साईकिल। साईकल छीनी जाने पर लोग हाहाकार कर रहे थे। विलख रहे थे। कहीं किसी साईकल के कैरियर पर अधेड़ पिता बैठा था और किशोर लड़की चला रही थी तो किसी साईकल के पीछे  युवक अपनी गर्भवती मेहरारू को बैठाए हुए था।
‘सर, साईकिल छीन लेंगे तो गांव कैसे जाएंगे ?’
‘इतने लोग जा रहे हैं कि नहीं ?  पैदल ! आप ही को उड़नखटोला चाहिए महाराज ?’ सिपाही व्यंग्य से हिनहिनाया। 
‘सैकड़ों मिल दूर दूसरे गांव के मनई हैं हुजूर। ओतना दूर से सायकिल लेने कैसे आ सकेंगे ?’ 
‘ई तो सरकार बताएगी। तू लोग का अंजर-पंजर सायकिल से कोरोना फैलने का डर है। जब्दी करने का आर्डर आया है ऊपर से।’
‘कोरोना तो विदेश से यहाँ आ रहे एनआरआई फैला रहे हैं महाशय, मजदूर नहीं। उन बड़े लोगों की घर वापसी के लिए चार्टर प्लेन किये जा रहे। हम अपने खून पसीने से खरीदी साईकल से जा रहे तो आपको नहीं सुहा रहा,  खूब !’ भीड़ से फिकरा उछला। फिकरेवाला शायद तनिक शिक्षित और मुंहफट था।
‘सर, ई साधारण सायकिल नहीं है , हमरे बिटवा का अफसर बनने का सपना जुड़ा है इससे।’ बेचूराम किंकियाया। उसकी किंकियाहट में उस किशोरी और युवक के अलावा अन्य अनेक लोगों ने भी अपने सुर मिलाये। पर कोई सुनवाई नहीं। सायकिल से जुदा होते हुए बेचूराम का कलेजा तार तार हो रहा था। डबडबायी आंखों से देर तक कभी हैंडल, कभी सीट तो कभी घंटी को बच्चे की तरह छूता दुलराता रहा मानों भोलू को दुलरा रहा हो।
 
डेढ़ साल बीत गए। इधर कुछ दिनों से यह सपना लगभग रोज ही आ रहा है नींद में। सपने में हर बार वही दृश्य दिखता है। आता भी हर बार भोर की उसी नियत बेला में..! कुछ तो सच्चाई होगा सपने में। माई कहती थी कि भोर का सपना कभी झूठा नहीं होता। हो सकता है सरकार ने साईकिल बीडीओ ऑफिस में भेजने का मन बना लिया हो और कोई देवता सपने में आकर उसको इस बात से आगाह कर रहे हों। देवता कुछ और भी बताना चाह रहे होंगें पर ई नींद ससुरी लंघी  मार कर रोक देती होगी।
 
तब..? क्या करना चाहिए ! दो दिन बड़ी बैचेनी में बीते। हर वक्त कलेजे के भीतर सपना किसी चूजे की तरह चीं चीं करते रहता। न्न.. इस तरह सोचते रहने से काम नहीं चलने वाला। कुछ करना होगा।
बेचूराम की कोठरी के  पांच घर आगे ही मटरू मास्टर रहते थे। सीधे साधे बेचूराम से खूब पटती थी मास्टर की। एक दिन बेचूराम सुबह सुबह उनके दरवाजे  जा पहुंचा। मास्टर कोठरी के बाहर उकडू बैठे दातुन कर रहे थे। दुआ सलाम के बाद उसने सपने की बात मास्टर  के सामने खोल कर रख दी।
 
‘दुर्र बेचू.. सपना आखिर सपना ही न होता है रे। बीडीओ ऑफिस में साईकिल आने की खबर सच होती तो अब तक अखबार- टीवी पर हल्ला मचा गया होता।’ मटरू हंसे।
‘एक बार  बीडीओ ऑफिस जाकर पता कर लेने में कौन हर्ज है मास्टरजी। ऐसा भी तो हो सकता है कि एकबारगी भीड़ न पड़ जाए सो ये काम दबा कर कर रही हो सरकार।’  बेचूराम का स्वर कातर हो गया। बार बार के अनुनय विनय से अंततः मटरू मास्टर साथ चलने को मान गए। डेढ़ घण्टे की बस यात्रा ! दो जगह बस बदलनी पड़ी। लगभग दो बजे बीडीओ ऑफिस पहुंच ही गए दोनों। आधे घंटे की शुष्क प्रतीक्षा के बाद बड़े बाबू से मुलाकात हुई। बेचूराम ने हुलस कर आशावादी भंगिमा के संग बंडी की जेब से रुक्का निकाला और बड़े बाबू के सामने धर दिया। बड़े बाबू रुक्के को देर तक उलटपुलट कर गौर से निहारते रहे, फिर हंस पड़े -‘ले हलुआ, सपने में साईकल दिखी और आप दौड़ते भागते बीडीओ  दफ्तर में चले आये। गजब ! एक सरकारी अफसर का समय कितना कीमती होता है पता भी है ! अरे महाराज,  साईकल यदि आयी होती या आएगी तो हम कपार (सिर) पर तो नहीं रखेंगे। आहाते में रखेंगे।  जाईये आहाते का मुआयना करके तसल्ली कर लें।’
 
दोनों मुंह लटकाए लौट आये। बस में सारी राह  मटरू मास्टर बेचू को खरी खोटी सुनाते रहे कि  तेरी बेमतलब की जिद की  वजह से कितनी मिट्टी पलीद हुई।
इधर बेचूराम की नींद में उस नामुराद सपने में की आबृत्ति तय घड़ी और तय सूचना के साथ लगातार जारी रही। उसके मन में खलबली मची थी। गांव ज्वार की लोक परंपरा में भोर का देखा सपना बहुते माने रखता है। निश्चित रूप से यह सपना और सपने में आ रहे देवता कुछ अच्छा संकेत देना चाह रहे हैं जिसे वह बुड़बक  बूझ नहीं पा रहा। बूझ नहीं पाने से सपने का महातम तो कम नहीं न हो जाएगा ! देवता तो देवता ठहरे। देवता की  गूढ़ बात को बड़े बड़े ऋषि मुनिगण आसानी से नहीं बूझ पाते तो वह किस खेत की मूली है।
 
 शनैः शनै: सपने की निरंतर अबृत्ति से बेचूराम आस्था के अजीब से सम्मोहन में घिरता गया। विश्वास और समर्पण का ऐसा दिव्य सम्मोहन जिसके आगे तर्क और बुद्धि नहीं टिक पाती। वह हनुमान जी का भक्त था। आस्था की पिनक में उसे भरोसा हो चला कि सफेद केश-दाढ़ी वाली दिव्य आकृति के भेष में स्वयं हनुमान जी ही सपने में आ रहे। भेष बदल कर भक्तों की सहायता करने की बात हनुमानजी ही सोच सकते हैं। सुग्रीव की सहायता करने के लिए रामजी के सामने  साधु वेश में ही न गए थे वे।
कस्बे के हनुमान मंदिर में मंगल और शनि को माथा टेकने जाया करता। सपने वाले दिव्य आकृति के हनुमानजी होने की बात मन मे जमते ही उसकी भक्ति में उफान आ गया। अब रोज ही सुबह शाम मंदिर जाने लगा। हनुमानजी के आगे हाथ जोड़ कर खड़े होते ही बेचूराम की आंखें भावातिरेक में जैसे ही मुंदती, मुंदी पलकों के स्याह स्क्रीन पर सफेद बाल-दाढ़ी-मूँछ वाली दिव्य आकृति प्रकट हो जाती। आकृति के पीछे से हनुमानजी का अक्श झांकने लगता। मन में विश्वास बर्फ की तरह ठोस हो गया कि साईकिल ‘मंडप’ से रवाना हो चुकी है और कभी भी बीडीओ ऑफिस पहुंच सकती है। उसे बस बीडीओ ऑफिस पर निगरानी रखनी होगी। ऐसा न हो कि साईकिल आ जाए और उसके पहुंचने से पहले ही कोई टपोरी टपक कर उठा ले जाय। 
 
एक निर्माणाधीन भवन में दिहाड़ी पर काम मिल गया था।  काम में मन नहीं लगा। गंगिया ने बहुत समझाया कि हाथ आयी दिहाड़ी को न छोड़े। अभी तंगी का समय चल रहा है। पर बेचू ने उसे फटकार दिया। गोबर थापते थापते ससुरी के दिमाग में गोबर भर गया है। हर बात में बेफिजूल टांग अड़ाएगी। दिहाड़ी जरूरी न साईकिल ! दोपहर होते ही हर दूसरे दिन बीडीओ ऑफिस चला जाता। बौराया सा घूम घूम कर पूरे आहाते का मुआयना करता। वहां आगंतुकों की पुरानी सायकलें ही नजर आतीं। बार बार आने जाने से रामधारी पियोन से दोस्ती हो गई थी। दोनों पास गांव के निकल गए। पान-खैनी खाते खिलाते बेचूराम उससे सपने की और सपने में सफेद केश-दाढ़ी के भेष में आने वाले हनुमानजी की गुप्त बातें करने लगा। 
 
 एक दिन बेचूराम शाम को कोठरी की ओर जाने वाली पगडंडी पर बढ़ रहा था कि तिवाड़ीजी के दरवाजे पर नयी साईकिल दिखी। दिमाग ठनक गया। तिवाड़ीजी भी दिल्ली में रोजगार से थे और उसे मालूम था कि उनकी साईकल भी कानपुर में जब्त हुई थी। यानी कि बीडीओ ऑफिस में साईकिल आ गयी और उसे टोह भी न लगी !
‘गोड़ (पांव) लागी देवता।’ तिवाड़ीजी साईकिल पर अंगोछा मार कर उसे चमकाने में लगे थे। प्रणाम करते हुए बेचूराम आतुरता से पूछ बैठा -‘बीडीओ ऑफिस में साईकिल आ गया ?’ 
‘बीडीओ ऑफिस में साईकल किस लिए आएगा रे ?’ तिवाड़ी जी उसके अटपटे सवाल पर ताव खा गए।
‘जिनका साईकिल का पिछला साल कानपुर बोडर पर जब्ती हुआ रहा उनके लिए बीडीओ ऑफिस में नया साईकिल आ रहा न..।’ बेचूराम हकलाया।
‘तुमको कौन बताया इ बात ?’ तिवाड़ीजी अविश्वास से उसकी ओर देखने लगे। अखबार टीवी तो रोज ही देखते हैं। ऐसी खबर उनकी नजर में क्यों नहीं आयी ! बेचूराम एक क्षण को हिचकिचाता मौन रहा, फिर धीरे से मिमियाते हुए बोला कि हनुमानजी सफेद दाढ़ी-बाल वाले दिव्य आकृति का भेष बना कर में सपने में बता गए हैं जे साईकिल जल्दी ही बीडीओ ऑफिस में आने वाला है। तिवाड़ीजी बमक कर फनफना उठे -‘ससुर के नाती.. एक दम बकलोल ही रहा तू। सपना को सच मान रहा। ई साईकिल ठो नगद रोकड़ा फेंक कर बाजार से किन्हें (खरीदे) हैं। दस हजार में। बूझा ?’
बेचूराम पंडीजी की डपट से घबड़ाया नहीं। जानता था पंडीजी को उसकी बात पर विश्वास नहीं होगा। सोचते होंगे जे बेचूराम जैसे छोट जात वाले के सपने में भला हनुमान जी काहें आएंगे ! यही सपना यदि उनकी नींद में आता तो झट से विश्वास कर लेते। खैर, कोई बात नहीं। जिस दिन सच मे साईकिल आ जायेगी और वह दिन कभी भी आ सकता है, उस दिन पूछेंगे कि कहिए महाराज, हमरा बात सच हुआ कि नहीं।
 
बीडीओ ऑफिस की निगरानी करते दस दिन बीत गए। बेचूराम की आस्था तनिक भी नहीं कमी। सपने मे  हनुमानजी दिव्य साधु वेश में आ आकर आस्था को मजबूती देते रहे। एक दिन ऑफिस पहुंचा तो रामधारी स्टूल पर बैठा अखबार बांच रहा था। उसे देखते ही चहका -‘अरे बेचू भाई, इधर आओ तुमको एगो चीज दिखाते हैं। तुम आदमी लोग का लाश देखा होगा। जानवर सब का भी लाश बहुते देखा होगा, पर गरीब जन का  सपनों और उम्मीदों का लाश का ढेरी  कभी देखा है ? नहीं न ? आज देखो..!’
 
दैनिक  ‘अमर उजाला’ का मुख पृष्ठ ! अखबार के नाम और हेड लाइन के नीचे बड़ी सी फोटो ! फोटो में एक के ऊपर एक लदी-फदी हजारों साइकिलों की लंबी लम्बी कई कतारें ! मानों साईकिल नहीं कंकालों की विशाल ढेरी पड़ी हो। लावारिश ! बेचूराम की आंखें फ़टी रह गयीं। इन्ही ढेरी में उसकी रेंजर भी होगी। कौन सी है उसकी रेंजर ! व्यग्रता से फोटो पर अंगुली फेरने लगा मानो अपनी रेंजर की शिनाख्त ढूंढ रहा हो।
‘अब रिपोर्ट सुनो। डेढ़ साल तक साइकिलों को हवा-पानी धूप-बरसात में उघाड़ा रखने के बाद सरकार बहादुर को चेत हुआ कि इनका नीलामी कर देना चाहिए।  दाम फी साईकल बारह सौ रखा गया। तुमरा टोकनवा का नम्बर कितना है..?  उन्नीस हजार चार सौ बीस। यानी  कम से कम बीस केहजार से तो ऊपरे होगा साईकिल। बारह सौ के हिसाब से केतना हुआ ?  पांच करोड़ ! इ पांच करोड़ कहां से आया सरकारी खजाना में ? तुमरे जैसे गरीब मजूर मनई का जब्दी किया साईकिल बेच कर। खजाना से इ पांच करोड़ निकल के कहां जाएगा ? नेता और मंत्री लोग का मटका जैसा तोंद में। तुम साला टोकन का पूजा-आरती उतारते रहना,  हंह !’ 
 
रामधारी ने अपनी समझ से एक कटु सच्चाई का बयान किया था। सरकार चाहती तो नीलामी से आये पैसे में अपनी तरफ से कुछ मिला कर हर टोकन होल्डर को संबंधित बीडीओ ऑफिस के मार्फ़त या तो नयी साईकल या साईकिल के बदले सहायता राशि दे सकती थी। उन पीड़ितों को जिनकी साईकिल बेमतलब छीनी ली गयीं थी, बड़ा सम्बल मिलता ! उनके मुरझाए सपनों को नई जान भी। पर .. पर ऐसी किसी भी योजना की राजनीतिक हल्के में दूर दूर तक चर्चा थी ही नहीं। ये बात भोले बेचूराम को कैसे समझाए ! उलजुलूल सपने को सच मान कर गावदी की तरह रोज बीडीओ ऑफिस का चक्कर लगा रहा। बेचूराम पर गुस्सा भी आता और तरस भी। पर उसके विश्वास को तोड़ना मुश्किल था रामधारी के लिए।
बेचूराम ने रामधारी के व्यंग्य को बिल्कुल दूसरे ही अर्थ में ग्रहण किया। सरकार के हाथ में करोडों रुपया आ गया। अब सरकार को पैसा का तंगी बिल्कुल नहीं होने वाला। यानी अब हनुमानजी की किरपा से साईकिल जरूर मिलेगा। रामधारी ससुर जलन के मारे उल्टा सीधा बक रहा है। बेचूराम उसको देख कर मुस्कुराया – ‘तनी ( जरा) खैनी खा कर मूड ठीक कर लो भैया। सरकारी खजाने में इतना बड़ा रकम आने का मतलबे है जे अब साईकिल जरूर आएगा और हमरा भोलू अफसर बन कर रहेगा।’
 
सपने की लगातार आबृत्ति से बेचूराम के मन मे आस्था का ऐसा ज्वार आया कि उसने दाढ़ी और बाल बढ़ा लिए। संतरा रंग का कुर्ता पहनने लगा। माथे पर तिलक लगाए रखता। एक दिन  इतवारी हाट से छोटी सी प्लास्टिक की खिलौना साईकिल खरीद लाया। बीडीओ ऑफिस जाने के पहले टोकन और सायकिल को हनुमानजी के चौखट से छुआ कर माथे से लगाता। उसके इस बदलाव पर गंगिया और भोलू दोनों ही चिंता में पड़ गए थे -‘साईकिल सबको मिलेगा तब हमको भी मिल जाएगा। धीरज रखो न। ई पागलपन काहें कर रहे जी।’ पर बेचू शून्य में देखता हुआ उनकी बातों को फाख्ता की तरह उड़ा देता।
 
तीन दिन बाद.. ! रोज की तरह बेचूराम बीडीओ ऑफिस आया और साईकल की टोह में आहाते का मुआयना करने लगा। तभी सामने जो दृश्य दिखा तो आंखों की पुतलियां एकबारगी खुशी से भर गयीं। स्टैंड के बाएं कोने में दीवाल के सहारे दो सायकिलें खड़ी थीं। एक दम नयी ! बौराया सा लपक कर पास आया और हुलस कर एक पर हाथ फेरता हांक लगाया -‘रामधारी भाई , देखो साईकिल आ गया। हमरी बात सच हुई न। इ रुक्का साहब को देना है।’ फिर उस साईकिल को कब्जे में करने लगा।
साईकिलें दो आगंतुकों की थी जो बीडीओ ऑफिस किसी काम से आये थे। बेचूराम की बेसुरी किलकारी से आकृष्ट होकर दौड़ते हुए दोनों पास आये।
‘ज्ज़ा साला, दिन दहाड़े साईकिल चुरा रहा। एतना हिम्मत..!’ एक ने साईकल वापस छीन कर तड़ातड़ दो तीन झापड़ जड़ दिए बेचू के गाल पर। देखते देखते भीड़ जमा हो गयी वहां। बेचूराम साईकिल वापस कब्जे में लेने की चेष्टा करता विक्षिप्त सा चिल्लाया -‘ये साईकिल सरकार ने हमरे लिए भेजी है। हनुमानजी दिव्य भेष में सपने में आकर पहले ही बता दिए थे। भोलू को अफसर बनना है। ई रहा टोकन।’  उसके प्रलाप में कैसा तो आर्त्त भाव घुला था। आंखों से आँसू झर रहे थे। चेहरा दयनीय हो गया था। बेचूराम का हाथ साईकिल पर से झटक कर वह ब्यक्ति भी चींख पड़ा  -‘ पागल कहीं का।’ उस पर लात-घूसों की बरसात और जोर हो गयी।
 
पिटाई से घायल होकर बेचूराम अर्धबेहोशी की हालत में  जमीन पर ढह गया। ऑफिस के सिक्योरिटी गार्ड ने बीच बचाव करके मामला शांत किया। बेहोशी की हालत में भी बेचूराम की बड़बड़ाहट चालू थी और बड़बड़ाहट में जो लफ्ज मुंह से निकल रहे थे उनमें साईकिल और भोलू के अफसर वाली बात टुकड़ों टुकड़ों में शामिल थी।
रामधारी का दिल उसकी हालत पर सहानुभूति से खदबदा रहा था। जाले ( घड़े) से पानी लेकर  मुंह पर छींटे मारे। ठंडे छीटों से पलकों में तनिक सरसराहट हुई। घायल बदन पांवों पर खड़ा होने लायक नहीं था। ऑफिस में काम से आने वाले लोगों की भीड़ थी पर किसी को भी इस ओर झांकने की फुर्सत नहीं थी।
 
क्या किया जाय ! बेचूराम को ऐसी निरीह हालत में लावारिश छोड़ देना उस को गवारा नहीं हुआ। दो जनों की सहायता से उसे अहाते के एक कोने में ले आया गया। रामधारी के पास बेचू की पत्नी का मोबाईल नम्बर था। उसने फोन पर गंगिया को घटना की जानकारी दी। घंटे भर में भोलू और गंगिया हड़बड़ाते बीडीओ ऑफिस पहुंच गए। पिटाई से बेचू के कंधे और गाल पर गहरी खरोंचें उभर आयीं थीं। बांयी आंख के नीचे गूमड़ बन गया था। गंगिया उसको छाती से चिपटा कर रो पड़ी। बेचू सूखी हंसी हंसा -‘ कुच्छो तो नहीं हुआ हमको। काहें रो रहा।’
 
 रामधारी ने ऑटो बुला कर बेचू को उसमें लादा। गंगिया और भोलू भी बैठ गए। रामधारी को बेचू की बंद मुट्ठी से टोकन का पुर्जा झांकता दिखा। मुट्ठी खोल कर पुर्जा निकाला। पुर्जे पर कानपुर थाने की मोहर थी, साथ ही बेचूराम का नाम व पता-ठिकाना भी। हर्फ़ बेशक धुंधला गए थे पर थाने की मोहर जेठी धूप सी चमक रही थी। पुर्जे के नीचे क्रम संख्या अंकित थी – 19420. संख्या का 19 इस कदर धूमिल हो गया था कि लगभग अपठनीय व अदृश्य था। बची संख्या को पढ़ कर रामधारी खूब हंसा -‘भौजी, सारा समस्या का जड़ ई टोकनवा है।’
 
 गंगिया ने टोकन को चिन्दी चिन्दी करके हवा में उड़ा दिया और  ऑटो कोलियरी की उसकी कोठरी की दिशा में बढ़ चला।
महावीर राज़ी 

Author