एकदम बेफिक्र। “सुनो” – कहकर उन्होंने मेरा ध्यान अपनी ओर खींचा। मैं
साँस रोकर उनके मुँह की ओर देखने लगा। रोम-रोम कान बनकर अगला वाक्य सुनने के
लिए चौकन्ना था।
वे बोले, “खेती के काम में घड़ी भर भी फुर्सत नहीं मिलती। इस बखत काम का जोर है। रात
की गाड़ी से वापस जाऊँगा। तीन महीने से तुम्हारी कोई चिट्ठी तक नहीं मिली। जब तुम
परेशान होते हो, तभी ऐसा करते हो।" उन्होंने जेब से सौ-सौ के दस नोट निकालकर मेरी
तरफ बढ़ा दिए, “रख लो। तुम्हारे काम आएँगे। धान की फसल अच्छी हो गई थी। घर में
कोई दिक्कत नहीं है। तुम बहुत कमजोर लग रहे हो। ढंग से खाया-पिया करो। बहू का भी
ध्यान रखो।”
मैं कुछ नहीं बोल पाया। शब्द जैसे मेरे हलक में फँसकर रह गए हों। मैं कुछ कहता इससे पूर्व
ही पिताजी ने प्यार से डाँटा, “ले लो। बहुत बड़े हो गये हो क्या?”
“नहीं तो।” – मैंने हाथ बढ़ाया। पिताजी ने नोट मेरी हथेली पर रख दिए। बरसों पहले
पिताजी मुझे स्कूल भेजने के लिए इसी तरह हथेली पर अठन्नी टिका देते थे, पर तब मेरी
नज़रें आज की तरह झुकी नहीं होती थीं।