लघुकथा:पहचान- जयकुमार “रुसवा”

लेखक - जयकुमार "रुसवा"

उसने अपनी जेब में हाथ डाला तो उसके चेहरे का रंग एकदम से उड़ गया । जेब से बटुआ गायब था । बस की धक्का – मुक्की में किसी शातिर जेबकतरे ने अपने हाथों की करामात दिखा दी थी । वह परेशान हो गया । जूतों पर पॉलिश हो चुकी थी । अब वह पॉलिश वाले को पैसे कहांँ से देगा ? क्या केवल पंद्रह – बीस  रुपयों के लिए खुली सड़क पर पाॅलिस वाला उसे खरी  – खोटी सुनायेगा , उसकी फजीहत करेगा ? उसका परेशान होना स्वाभाविक था ।
पाॅलिस वाले बुड्ढे ने उसकी परेशानी भाँप ली और सहजता से पूछा –
क्या हुआ बाबूजी ?
उसने परेशानी में डूबे – डूबे ही कहा –
निरुपमा सिंह जूड़े की पिन (चाँदी की) — Vcare Language Academy
अब तुमको क्या बताऊंँ , बस की भीड़ में किसी बदमाश ने बटुआ मार दिया , परेशान हूंँ कि अब तुमको पॉलिश के पैसे कहांँ से दूंँगा ।
यह सुन पाॅलिसवाला बोला –
यह तो बहुत ही बुरा हुआ बाबू साहब ! आपसे ही बोहनी कर रहा था और आपके साथ यह घटना हो गई । खैर ! आप पैसे बाद में दे दीजिएगा ।
पाॅलिस वाले बुड्ढे की भलमनसाहत ने उसके हृदय को स्पर्श किया , उसकी चिंता मिटी तो उसने औपचारिकता वश पूछ लिया –
अपनी बोहनी के पैसे मुझ पर उधार छोड़ रहे हो, क्या तुम मुझे पहचानते हो ?
उसकी इस बात पर पाॅलिस वाले बुड्ढे ने बड़ी शालीनता से कहा –
नहीं बाबूजी ! मैं आपको बिल्कुल नहीं पहचानता । मैं तो आपके जूतों को पहचानता हूंँ , आप रोज इसी समय इसी फुटपाथ से गुजरते हैं । मैं पाॅलिस वाला हूंँ बाबू साहब ! चेहरे नहीं देखता । जूते देखता हूंँ , जूते ही पहचानता हूंँ ।
         
 
 
 
              जयकुमार  “रुसवा”
                      कोलकाता

Author