लय, लालित्य जरूरी है
बिन कविता कारक के कविता
ऐसी क्या मजबूरी है
अंधे धावक, मिटा रहे क्यों
गद्य पद्य के अंतर को
लगे नौचने नाखूनों से
पिंगल के मन्वंतर को
अक्षर-शिशु के पालक पोषक
संवर्धन के लक्षण गुण
छंद और कविता में मिलते जैसे मात-पिताओं में
कविता तत्व जरूरी किंचित, होता है कविताओं में
कब तितली भवरों को खींचा
कृत्रिम कागज-फूलों ने
कब स्नानघरों में जाकर
पींग बढ़ाई झूलों ने
बिना विवर्तन के क्या अंतर
पत्थर में मणिकाओं में
क्षण भी कब ठहरा है पाठक
नीरस सी क्षणिकाओं में
अलंकार, शुचि शब्द अर्थों ने
हँसते – हँसते पहने हैं
अर्थ शिल्प को भव्य बनाते
चाँद लगाते गहने हैं
दोहा, तांका, गीत, सवैया
कवि, कौशल से दुलराते
आँगन टेढ़ा उनका जिनके, कौशल जले चिताओं में
कविता तत्व जरूरी किंचित, होता है कविताओं में
उपवन कैसे उपवन होगा
केवल खरपतवारों से
वह निर्झर क्या निर्झर बोलो
सजा न हो जल-धारों से
अम्बर भी अम्बर लगता है
सूरज चाँद सितारों से
प्रकृतिक अनुकृति प्रक्रति भी
सज्जित विविध बहारों से
प्राण प्रतिष्ठा पाकर पत्थर
ईश बने, अभिषेक हुआ
गायन वादन अलंकारमय
सरगम, मुखड़ा, टेक हुआ
रूप नहीं, जल नहीं नदी में
लहर नहीं प्रवाह नहीं
तुम्हीं कहो क्या गण्य रहेंगी, तब भी यह सरिताओं में
कविता तत्व जरूरी किंचित, होता है कविताओं में
भरी सभा में कविता जैसे
आज द्रोपदी खड़ी हुई
इन्द्रप्रस्थ की गद्दी पर ही
दृष्टि सभी की गड़ी हुई
जैसे तैसे, हथकंडों से
बने रहें सिंहासन पर
दुर्योधन के दुर्योजन हैं
क्रियान्वयन दुःशासन पर
सौ कौरव पर संजय देखो
पांच पांडव भारी हैं
कविता चीरहरण में शामिल
कौरव कविताकारी हैं
विफल कोशिशें चीरहरण की
होंगीं निश्चित जानो तुम
मत भूलों कुछ कृष्ण अगोचर, कविता-द्रुप-दुहिताओं में
कविता तत्व जरूरी किंचित, होता है कविताओं में
भूपेन्द्र राघव