इंटरव्यू के रोज दो लाख का सूटकेश लेके आना अऊर अपॉइंटमेंट लेटर लेके जाना। साहब बोला। बूझा ?’
अबकी बार बनर्जी था। इसके पहले नागर, खन्ना, श्रीवास्तव, तिवारी, मिश्रा, माझी आदि। जो भी थे, सब के होंठों पर एक बात कॉमन.. जैसा बनर्जी ने कहा – ‘रोकोम (कैश) में कोई मर्सी नेई होगा। साहब इस मामले में अत्यंत सख्त बाबा ! अढ़ाई -तीन लक्ख(लाख) देने वाला खड़ा है। तुमसे तो कम ही ले रहा।’
बनर्जी जॉब अभ्यार्थियों की भीड़ में गुम हो गया। उसके होंठों पर घोर हताशा से उपजी सूखी हंसी पपड़िया आयी। जेहन में भयंकर बवंडर चलने लगा। बवंडर के बीच तीन साल से एक अदद जॉब के लिए किये जा रहे यातना भरे संघर्ष का एक एक लम्हा कौंध गया। कितने तो लिखित टेस्ट दिए होंगे। कितने ही साक्षात्कार भी ! टेस्ट और इंटरव्यू की अग्नि परीक्षा में हमेशा अव्वल ! उसके बाद जैसे ही जॉब रूपसी दस कदमों के फासले से झलक दिखाती कि झलक पर दो – ढाई लाख के सूटकेश की भारी शिला आ गिरती। सब कुछ फुस्स हो जाता। बाईज्जत ‘बैक टु पैविलियन’ ! हर बार ऐसा ही हो रहा। ‘साधना’ फिर शून्य से शुरू। फिर आवेदन ! फिर लिखित टेस्ट। फिर इंटरव्यू.. और बिचौलिए की मार्फ़त दो लखिया सूटकेश की बेहया मांग के साथ इतिश्री रेवा खण्डे एक और अध्याय समाप्त: ! बस्तुतः जॉब के लिए उसके प्रयास सोप ओपेरा की तरह हो चले थे जो ‘क्रमशः में ढलता अनंत काल तक चलता रहता है।
नपुंशक आक्रोश में मुट्ठियाँ भिंच गयीं। हर कंपनी के सिलेक्शन बोर्ड में मोगाम्बो ही क्यों विराजमान रहते हैं जो दो लाख के सूटकेश के बिना खुश नहीं होते ! घर की जैसी हालत है , कपडे लत्ते, बर्तन भांडे के संग खपरैल वाली कोठरी को भी सूली पर चढ़ा दे तो दस हजार मुश्किल से जुट सकेंगे।
दामोदर नदी के पार्श्व में बसा कुमारधुबी का कस्बाई अंचल ! बकरियों, सुअरों और मुर्गियों की ममसायी गंध में लिपटा परिवेश ! दूर दूर तक मेंगनियों की तरह फैला ईंट भट्ठों व हार्ड कोक चिमनियों का अबूझ संजाल ! आगे जहां तहां ‘पीपिंग टॉम’ सी झांकती ईसीएल-बीसीएल के काले हीरों की धुआँती खदानें ! इसके भी आगे क्षितिज को मजबूत कंधों का सहारा देतीं छोटी बड़ी पहाड़ियों की तिलिस्मी श्रृंखला !
मां गठिया बात के असह्य दर्द के वावजूद अफसरों और साहूकारों के घरों में चौका बासन का काम करती है। इक्कीस की छुटकी की पढ़ाई कभी की छूट चुकी। रेलवे लाइन के दोनों ओर बिखरी राख की ढेरियों से कोयला बिन लाती है। कभी कभी मां के संग महरीगिरी भी ! पैंसठ के पापा रोज सुबह छः चालीस की लोकल से पचास किलोमीटर का सफर करके धनबाद शहर के लेबर चौराहे को गुलजार करने चल देते हैं। जहां दो जून की रोटी भी मुश्किल से जुट पा रही हो दो लाख की कल्पना करना भी बेमाने है।
सोप ओपेरा की अतीत की कड़ियों में उलझा भवन के बाहर आया ही था कि मोबाईल खनखना उठा। छुटकी का फोन था। आवाज भय से लरज रही थी। वह हदस गया। निश्चित ही कोई बुरी खबर है !
‘दादा, पापा की ट्रैन का भयानक एक्सीडेंट हो गया। धनबाद से दो स्टेशन पहले ‘प्रधानखांता’ के पास। ट्रैक पर फिशप्लेट दूर तक गायब थे जिससे छः चालीस वाली लोकल की पांच बोगियां उलट कर डाउन ट्रैक पर गिर पड़ीं। वहां वेग से आती मिथिला एक्सप्रेस ने बोगियों को टक्कर मार दी।’
वह धक से रह गया। आंखों के आगे अंधेरा छा गया। सर में चक्कर आने लगे। लड़खड़ाता हुआ पास की दुकान के चबूतरे पर बैठ गया। सामने ही नल था। थोड़ी देर बाद चेहरे पर ठंडे पानी के छींटे मारे। छींटों के ठंडेपन से मन के भीतर का दाह किंचित कम हुआ। ऊफ, टक्कर के समय कैसा हृदयविदारक दृश्य रहा होगा, सोच कर ही बदन झुरझुरी से भर उठा। गनीमत थी कि टेस्ट धनबाद में ही था। पर सेंटर स्टेशन से काफी दूर उत्तरी छोर में।
दौड़ते भागते , कई बस बदलते सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचने में तीन घण्टे लग गए। पूरा हॉस्पिटल दुर्घटना में आहत-निहत हुए मरीजों से अटा पड़ा था। हर ओर चींख पुकार, क्रंदन और रिश्तेदारों की सिसकारियाँ। कहीं भी तिल धरने की जगह नहीं। पूछताछ के काउंटर पर बदहवास भीड़ थी ! काफी मशक्कत के बाद पापा का पता चल सका।
तीसरे माले के जनरल वार्ड में बेड की कमी के कारण उन्हें जमीन पर ही लिटा दिया गया था। अचेत अवस्था ! पूरे शरीर पर गहरे जख्म ! कलाई व नाक-मुंह पर ऑक्सीजन – सेलाइन की लम्बी नलियां। बायां पाव मोटी पट्टियों से आबृत्त। झुर्रियोंदार काया पर पट्टियों और नलियों के इतने सारे पैबंदों को देख कर कलेजा मुंह को आने लगा। तभी डॉक्टर राउंड पर आते दिखा। नेताओं की तरह खद्दर का कुर्ता पायजामा पहने युवक को देख कर डॉक्टर तनिक असहज हो गया – ‘सॉरी सर, एक अनार और सौ बीमार वाली स्थिति है। बेड की कमी से जमीन पर लिटाना पड़ा। पर ट्रीटमेंट बिल्कुल चाकचौबंद !’
‘ये पेशेंट मेरे फादर हैं डॉक्टर..!’
‘हालत काफी नाजुक है। शरीर मे ढेर सारे जख्म तो हैं ही, पांव में लोहे की छड़ भीतर तक घुसी हुई है। ओटी तैयार हो रहा। तुरन्त ऑपरेशन करेंगे।”
‘ऑपरेशन..!’ ऑपरेशन के नाम से जेहन दहशतह से भर गया।
‘नो अदर वे ( और कोई उपाय नहीं) सर ! मेजर ऑपरेशन है और अशक्त बूढ़ा शरीर ! ऑपरेशन के दंश को झेल भी सकेंगे , यही चिंता है। बस जीवन और मौत के बीच की स्थिति समझें।’
ग्यारह बजे पापा को ओटी में ले जाया गया। ओटी के दरवाजे बंद हो गए। सिरे पर लाल कलंगी जल गयी। मेजर शल्य क्रिया है, लम्बा समय लेगा। प्रतीक्षा और प्रतीक्षा ! प्रतीक्षा की घुटन कम करने के लिए चहलकदमी करता हॉस्पिटल के बाहर आ गया। बाहर भी माहौल सहमा सा था। भीतर की सिसकारियां रात्रि की स्याह कालिमा में घुल कर परिदृश्य को डरावना बना रही थीं। पहले ही लम्बी बेकारी का हताशा भरा तनाव, ऊपर से पापा के इलाज का खर्च !
गेट के पास चाय गुमटी थी। एक प्याली चाय का आर्डर देकर बेंच पर बैठ गया। काउंटर पर टीवी रखा था और टीवी पर समाचार चल रहे थे। चाय सुड़कते हुए अन्यमनस्क सा समाचार सुनने लगा। बड़े नेताओं की आपसी टांग खिंचाई और हगने-मूतने-खांसने के महत्वपूर्ण समाचारों के बाद रेल दुर्घटना की खबरें टुकड़े टुकड़े हवा में तैरने लगीं। दुर्घटना की भयावहता पर रेल मंत्री का लिजलिजा मर्सिया। उच्च स्तरीय जांच कमीशन की रूटीन घोषणा। दोषियों को कठोर दंड का खोखला आश्वासन। और अंत में – ‘सरकार की ओर से दुर्घटना में आहतों के परिजनों को पचास हजार और मरने वालों को ढाई लाख का मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है।’
वह स्तब्ध रह गया। ऑक्सिजन व सेलाइन की केंचुल-नलियों से आच्छन्न पापा की अशक्त काया आंखों के सामने कौंध गयी। अशक्त काया पर गम्भीर सर्जरी चल रही। डॉक्टरों ने कुछ भी अघटन घट जाने की आशंका ब्यक्त की है। आंखों में एक क्षण को चमक भर गयी। जेहन में ढाई लाख का मुआवजा मोर की तरह पंख फैला कर नाचने लगा। वह बदहवास सा ओ टी की ओर दौड़ पड़ा। चाल में थरथराती उत्तेजना घुल गयी। भीतर गहरे में लगातार असफलता से किरच किरच हुआ आत्मविश्वास संश्लेषित होने की प्रक्रिया में जुट गया। जॉब रूपसी दस कदमों के फासले पर प्रकट होकर कनखी मारने लगी।
दो दो सीढियां फलांगते हुए ओटी के पास आते सांस किंचित फूल गयी। ओटी का दरवाजा बंद था। सिरे का लाल बल्ब रोशन। हाथ मलते हुए बेंच पर बैठा गया ! तनाव से धड़कती नजरें ओटी के बंद दरवाजे पर टिक गयीं।
तभी आंखों के आगे झपाका होता है। ओटी का बंद दरवाजा बड़े स्क्रीन में बदल जाता है और स्क्रीन पर अतीत के कुछ कोलाज डॉल्फिन से नृत्य करने लगते हैं..
ढाई साल का बाबू ! एक सौ दो ज्वर ! कराहते बाबू को सीने से चिपकाए रात रात भर जग आंखों में काट देने वाले पापा ! कंधे पर बैठा कर दशहरे के मेले की देर तक बिना थके खूब चाव से बाबू को सैर कराते पापा ! स्कूल कॉलेज के समय बाबू के जूते मोजे यूनिफार्म और किताबें जुटाने की कवायद में अपनी मूल भूत जरूरतों को दरकिनार कर पैबंद लगी एक जोड़ी कुर्ते धोती और चप्पल पर महीनों गुजार देने वाले पापा ! बोर्ड फीस की ब्यवस्था न हो पाने से बाबू का फॉर्म नहीं भरा जा रहा था तो.. ‘आप कर्ज के रुप में फीस दे दें साहेब। बाबू का एक साल बरबाद हो जाएगा। हम अगले महीने कैसे भी करके पैसा लौटा देंगे हुजूर’ – कह कर सर के पांवों में अपनी पगड़ी (गमछा) न्यौछावर कर देने वाले पापा ! बाबू की एक अदद जॉब तलाश के महायज्ञ में दसियों देवी देवताओं के दर पर मन्नत मांगते और व्रत-पूजा करके अपनी आहुति देते पापा !
बाबू.. यानी वह ! मां जिसे राजा बाबू कहती है तो पापा बुढ़ापे की लाठी। अनायास ही मन बूंद बूंद विचलित होने लगता है। बचपन और किशोर की ढेरों स्मृतियां चूजे सी चीं चीं करतीं वर्तमान को उद्वेलन से भरने लगती हैं। पापा की पीड़ा के एहसास से कलेजा मूंह को आने लगता है। नजरें अभी भी स्क्रीन पर हैं। स्क्रीन पर एक बार फिर कोलाज बदलता है..
ओटी की श्मशानी खामोशी ! अष्टवक्री टेबल पर पापा की क्षत विक्षत देह ! वह पापा के पास खड़ा है। पापा के अधर कांपते हैं – ‘मुवावजे की रकम देकर जा रहा बाबू। अंगुली पकड़ कर चलना सिखाया था न। अब चलने के लिए ठोस जमीन भी दे रहा।’ अब तक मन का द्वंद स्खलित हो जाता है। मुवावजे की बात जेहन से कभी की फना हो चुकी है। मन पापा के लाड़ की फुहार से भींग रहा है। पापा की हथेली को हाथों में भर कर सिसक पड़ता है – ‘नहीं पापा नहीं। बेशक मुझे जॉब चाहिए पर आपकी जान की कीमत पर नहीं। आपकी छत्र छाया जॉब से भी मूल्यवान है मेरे लिए। आपको कुछ नहीं होगा। संघर्ष कुछ और लम्बा चले, कोई परवाह नहीं। कभी तो अंत होगा। कभी तो जॉब मिलेगी। अपनी लाठी को मजबूती से थामे रखेंगे तो मिल कर ही रहेगी।
तभी खटका हुआ और कोलाज टूट गया। आंखें फाड़ कर चारों ओर निहारा। ओटी का द्वार बंद था। कोलाज का हैंगओवर अभी तारी था जेहन में। मन मे पापा को सुरक्षित देखने की हिलोरें उठने लगीं। उत्तेजना में द्वार तक चला आया।
तभी द्वार सिमसिम की तरह खुला और डॉक्टर सहायकों से घिरे प्रकट हुए।
‘डॉक्टर, पापा..? ‘ आगे के शब्द कंठ में अवरुद्ध हो गए।
‘रिलैक्स यंग मेन। आपके फादर खतरे से बाहर हैं !’ डॉक्टर के कहते ही उनकी बांह पकड़ कर भर्राए स्वर में चहक पड़ा वह -‘ थैंक्स डॉक्टर। आई वेरी मछ लव माय पापा सर।’
महावीर राज़ी