कविता:”वक़्त ठहरता नहीं”-डॉ.यशोधरा भटनागर,देवास

लेखिका- डॉ.यशोधरा भटनागर,देवास

कोशिशें हजार कीं
कि इसे रोक लूँ मगर
ठहरी हुई घड़ी में भी,
ठहरा नहीं यह वक्त
 
बारिश की 
वो पहली दोपहर याद है?
जब छत पर बूँदों की थाप पर
हमने बिना कुछ कहे
सब कुछ कह दिया था
लेखिका _ कनकलता ‘शून्य से शून्यता की ओर’ — Vcare Language Academy
तुम्हारे बाल भीगे थे
और मेरी धड़कनें तेज़
उस वक़्त-
वक़्त जैसे हमारे बीच बैठा था
चुप,पर मुस्कुराता हुआ।
 
सोचा था 
वो पल यहीं रुक जाए
वो मौसम कहीं ठहर जाए
पर बारिश भी वक़्त की तरह है,
नमी छोड़ जाती है,पर रुकती नहीं
 
अब जब खिड़की पर बूँदें गिरती हैं
तुम्हारी आँखों की चमक 
याद आती है
और याद आती है वो हँसी 
जिसमें मेरी दुनिया बसती थी
 
वक़्त गुज़रा
तुम दूर हुए
पर वो दोपहर आज भी मेरे पास है
भीगी हुई,हल्की-सी धूप में लिपटी
स्मृतियों की कोमल परछाईं जैसी
 
प्रेम अब भी है
ठहरा नहीं
पर गहरा हो गया है
जैसे भीग कर मिट्टी की ख़ुशबू
मन में बस जाती है
 
डॉ.यशोधरा भटनागर,देवास

Author