वह एक खिलौना थी। मम्मी- पापा, दादा- दादी अड़ोस- पड़ोस सभी ने उसके साथ जी-भर खेला। उसे भी सबके साथ खेलने में आनंद आता था। धीरे- धीरे इन लोगों के साथ उसका खेलना कम हो गया।
अब कुछ परिचितों,अपरिचितों की निगाह उसके साथ खेलने और उसे तोड़ने की कोशिश में रहतीं। इसके पहले कोई उसे नुकसान पहुँचाता मम्मी-पापा ने सजा-धजा कर धूमधाम से उसे किसी और को खेलने के लिए सौंप दिया। उस परिवार ने भी उसके साथ जी-भर कर खेला, कुछ खेल उसे अच्छे लगते तो कुछ खेल नफरत से भर देते। वह दिल में टीस लिए ओठों पर बनावटी हँसी सजाये रखती।
अब तक तो सब उसके साथ खेलते थे, पर वह बहुत खुश हुई जब उसे खेलने के लिए एक छोटा सा प्यारा सा खिलौना मिला। उसके साथ वह सब दुख- दर्द भूल गई. उसके साथ खेलने में इतनी मग्न हो जाती कि खुद को ही भूल बैठी।