लघुकथा:टूलकिट-विजयानन्द विजय

लेखक - विजयानन्द विजय

” इजरायल पर तो बड़ा भीषण हमला हो रहा है यार।देखा तुमने ? ” शर्मा जी ने पार्क की बेंच पर बैठते हुए कहा।
             मॉर्निंग वॉक पर निकले शर्मा जी रोज नियत समय पर पार्क में अपने सहकर्मी वर्मा जी से मिलते थे और देश-दुनिया-समाज-परिवार के मुद्दों पर दोनों अक्सर चर्चाएँ किया करते थे। दोनों एक ही ऑफिस में काम करते थे।  
” तुम न्यूज देखते हो क्या ? ” वर्मा जी ने शर्मा जी की ओर देखते हुए पूछा।
” बिल्कुल। ” 
” इसीलिए तो ? ” फिर वर्मा जी ने गहरी साँस लेते हुए बात खत्म करने के लिहाज से आगे कहा –
” छोड़ो न यार, इजरायल – फिलीस्तीन जो भी कर रहे हैं,
अविनाश एस आठल्ये ●●सम्मान निधि●● — Vcare Language Academy
उससे हमें क्या लेना-देना है ? ” 
” तुम भी गज़ब बात करते हो। कैसे छोड़ दें यार ? ” शर्मा जी की आवाज़ में तल्खी थी।
” क्यों ? अपने यहाँ समस्याएँ कम हैं क्या, जो इजरायल फिलीस्तीन पर चर्चा कर रहे हो ? ” वर्मा जी ने घूरते हुए  प्रश्न दागा। 
” हम पढ़े – लिखे प्रबुद्ध लोग हैं।चर्चा क्यों नहीं करेंगे भाई ? ” कहते हुए शर्मा जी की भाव-भंगिमा बदल रही थी।
” यार शर्मा, बुरा न मानो तो एक बात कहूँ। ” 
” हाँ बोलो। “
” दरअसल, तुम जैसे लोग न, मीडियाजनित परसेप्शन का शिकार हो चुके हो। ” वर्मा जी ने कठोर शब्दों में कहा और बात आगे बढ़ाई – 
 ” तुम इजरायल के लिए चिंतित हो, मर रहे हो। अपना मणिपुर दिखाई नहीं देता तुम्हें ? छ: महीने से आग लगी हुई है वहाँ ? उस पर तुम्हारा या मीडिया का ध्यान नहीं जाता क्या ?  ” वर्मा जी ने चुभता हुआ तीर छोड़ दिया था।
” ऐसी घटनाएँ तो रोज होती ही रहती हैं। ” शर्मा ने कहा, तो वर्मा जी बेंच से उछल पड़े और खुद को रोक न पाए –  
” तुम्हारे घर में माँ-बेटियाँ नहीं हैं क्या, जो तुम इस तरह बोल रहे हो ? महिला खिलाड़ियों का किस तरह शोषण हुआ और उनके विरोध के स्वर को किस तरह दबाया गया, उस पर भी कुछ कहोगे या…! ” वर्मा जी का वार जारी था।
” तुम विश्व स्तर पर भारत की स्थिति भी तो देखो। हम तीसरी बड़ी इकोनॉमी बन गये हैं। ” 
” मगर हमारे यहाँ मँहगाई, बेरोजगारी भी तो प्रचंड…! ” वर्मा जी बोल ही रहे थे कि शर्मा जी ने बीच में बात काट दी – ” तुम भी न, बेफिजूल की बातों पर तर्क करने लगते हो। “
” बेफिजूल की बातें..? मँहगाई, बेरोजगारी, आतंकवाद पर बातें करना फिजूल है ? अच्छा, हंगर इंडेक्स, प्रेस की स्वतंत्रता आदि पर भी कुछ कहोगे ! ” चर्चा अब गरमागरम रूप अख्तियार करती जा रही थी।
” हर जगह तो हमारी प्रशंसा हो रही है यार। न्यूज नहीं देखते क्या ? ” 
” नहीं। मैं न्यूज नहीं देखता। मीडिया अपनी विश्वसनीयता खो चुका है। ” 
” क्या बेकार की बातें करते हो यार, पागलों की तरह ? ” शर्मा जी गुस्से में बौखलाए।
” सच कहते हो। या तो मैं पागल हो चुका हूँ, या तुम वास्तव में टूलकिट बनकर देश के लिए खतरा बन चुके हो। ” वर्मा जी ने शर्मा जी की आँखों में आँखें डालते हुए कहा और पार्क के गेट की ओर मुड़ गये।
शर्मा जी अवाक् वहीं खड़े रह गये।उनके चेहरे पर हवाईयाँ उड़ी हुई थीं।
 
– विजयानन्द विजय

Author