कहानी:तुम बेसहारा हो तो..-सीमा कौशिक ‘मुक्त’

लेखिका- सीमा कौशिक 'मुक्त'

“शुभम आर्य” जैसा नाम वैसा चरित्र ! आयु ६० वर्ष ! जिसका जीवन खुद को भूलकर, सबका करने में ! मान देने में गुजरा.. मीठा बोलता  और अगर दूसरों के लिए कुछ कर पाता, तो कर देता बिना कुछ सोचे ..इसीलिए कई बार परिणाम भी भुगते ..पर किसी का मूल चरित्र नहीं बदलता …        
           ऐसे लोगों के साथ क्या होता है आप सभी जानते हैं …सब के लिए वो बस मतलब निकालने की वस्तु बन कर रह जाता है …उसके बच्चे प्यार करते थे उसे,पर वो भी कहते थे की आप बहुत सीधे हो, आप को दुनिया को देखना समझना होगा..वर्ना सीधी कील को सबसे पहले ठोका जाता है …कोशिश की शुभम ने दुनिया को समझने की, पर उसे मन में संतुष्टि थी की वो सदा सही राह चला और सबका किया ही है, करवाया नहीं है …और कहीं इसकी गिनती ना भी हो! ऊपरवाले के खाते में तो होगी, सो उसने अपनी मासूमियत न छोड़ी ..रिटायरमेंट के बाद धीरे धीरे उसने कंप्यूटर कोर्स किया और इक ऑफिस में लग गया  …
लेखक – राम करन सोनी हार — Vcare Language Academy
अब उसे अकेलापन नहीं सताता था ..धीरे धीरे अपने काम में कुशल हो रहा था, जो भी मदद माँगता, कर देता ..एक दिन ऑफिस की मीटिंग में दूसरी कंपनी के मालिक आये , उन्हें उसका काम बेहतर लगा और अपने यहाँ काम का ऑफर दिया …उसने मना  कर दिया ये कहकर कि यहाँ पर शुरू से काम कर रहा है और कोई परेशानी भी नहीं सो उनका ऑफर एक्सेप्ट नहीं कर पायेगा …कुछ समय बाद ये ऑफर आया कि पूरा समय न सही, कभी कभी ज्यादा काम हो या नए असाइनमेंट के वक़्त मदद कर दे तो अच्छा पारिश्रमिक मिलेगा …उसने स्वीकार किया और हाँ बोल दी …अब वो कभी कभी ऑफिस टाइम के बाद जाता और उनका काम कर देता.. इससे उसकी अपनी कंपनी के काम पर कोई असर नहीं हुआ..नयी कंपनी का मालिक उससे काफी प्रभावित था  …
                  पर उसके बॉस को ये बात पता चली तो वो गुस्से में भुनभुना गया …”शुभम, तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई उस कंपनी में काम करने की…अच्छे से समझ लो वो हमारी राइवल कंपनी है …तुम मेरे दुश्मन का साथ दोगे ?” ..”पर सर मेरी बात तो सुनिए !उन्हें मेरी मदद की ज़रूरत थी सो मैंने की और उन्होंने अच्छा पेमेंट भी किया”, वो बोला, “पर मुझे कुछ नहीं सुनना ,आज के बाद वहाँ जाने की हिम्मत भी न करना”बॉस बोला  …
                    शुभम उदास सा सारा दिन डेस्क पर बैठा सोच रहा था कि इसमें गलत क्या है ?वो तो काम करने के लिए ही घर से निकला है और ऑफिस टाइम के बाद वो क्या करता है, बॉस का उससे क्या लेना देना ?पर सही कहा था बच्चों ने वो दुनिया को जानता कहाँ है ? कुछ दिन बाद दो और नए लोगों की भर्ती हुई, वो आगे बढ़ना चाहते थे और काफी अच्छे भी थे …जल्दी ही कंपनी में दोनों की कीमत बढ़ गयी दोनों अच्छे लोग थे …साथ ही खाते-पीते हँसते-बोलते …
                  इक दिन उनमें से इक बोला, “सर, क्या आप जानते हैं कोई ऐसी कंपनी जो अच्छा पेमेन्ट करे, मैं ओवरटाइम करना चाहता हूँ” …अचानक उसके मुँह से वही नाम निकल गया जिसमे उसने ओवरटाइम किया था ..अब वो पछता रहा था .. पर स्वभाव से सीधे लोग झूठ नहीं बोल पाते.. बात नहीं घुमा पाते…वो बोला, “थैंक यू सर ! आपके रिफरेन्स से मुझे जल्दी काम मिल जाएगा ..थैंक यू अगेन” …वो बॉस के स्वभाव से परिचित था  …
                     कुछ समय बाद वही हुआ जिसका डर था..बॉस ने उसे केबिन में बुलाया वो पागलपन की हालत में था …”मैंने मना किया था न की तुम उस कंपनी से किसी तरह से भी दूर रहोगे  ..तुम्हें कुछ समझ नहीं आता क्या ..तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मेरे इतने अच्छे आदमी को तुमने उस कंपनी में लगाया …तुम्हें ही नहीं मैं उसे भी देख लूंगा जो मेरे एम्प्लाइज को तोड़ रहा है ..उस कंपनी को मैं बर्बाद कर दूँगा..तुम मुझे जानते नहीं हो”, बॉस बोला  …”सर मैंने तो बस उसके भले के लिए..”, वो बोला  
           वो दूसरी कंपनी के बॉस के साथ काम कर चुका था और जानता था कि वो सज्जन आदमी है और उसकी मानसिकता ऐसी नहीं है ..पर वो अपने बॉस को समझ चुका था कि वो तानाशाह आदमी है.. जो उसके यहाँ काम करता है वो उन्हें अपनी मिल्कियत समझता है …बॉस भुनभुनाते हुए बोले जा रहा था पर अब शब्द उसके कानो में जा नहीं रहे थे …मस्तिष्क इससे निजात पाना चाहता था …
             तभी बॉस बोला, “जो शख़्स सब का भला होता है वो असल में बस खुद का भला होता है”…ये क्या कहा काश उसने ऐसा सोचा होता तो वो दूसरी कंपनी में जा चुका होता ! क्या क्या सोचकर वो इस कंपनी में रुका हुआ था.. और आज ये सब ना सुनना पड़ता … पर इक ही गलती दो बार करे इतना मूर्ख नहीं है वो ..वो मुस्कुरा कर बोला, “सर !पहले सबका भला करके तो देखिये, आपका भी भला हो जाएगा ! ” …”मैं कल से नहीं आऊँगा, आप मेरी जगह किसी को भी रख लीजिये , धन्यवाद !   
कानों में गाना गूँज रहा था,
 “तुम बेसहारा हो तो किसी का सहारा बनो, तुमको अपने आप ही सहारा मिल जाएगा” … 
 
                                       ✍️ सीमा कौशिक ‘मुक्त’ ✍️
 

Author