कि तुमसे पूछूँ, “इतने लम्बे समय से, शायद पांच-छह सालों से, तुमने मेरी खोज-खबर नहीं ली है। यह मत समझ लेना कि मैं उबकर बता रहा हूँ। मेरा धैर्य अभी भी बना हुआ है और मैं जन्म-जन्म तक प्रतीक्षा कर सकता हूँ।” दूसरा कारण यह है कि आज मुझे स्पष्ट महसूस हुआ कि तुम मेरे कमरे में आयी हो, मुझे दयालु भाव से देख रही हो और कहना चाहती हो कि प्यार तो प्यार ही होता है, ये वाला या वो वाला नहीं होता। लग रहा है कि तुम दुनिया के थपेड़ों को सह नहीं पा रही हो और शायद कमजोर पड़ती जा रही हो। यह तो तुम्हारा ही निर्णय था, मैं तो दूर-दूर तक इसका जिम्मेदार नहीं हूँ।
बहुत भाग-दौड़ के बाद, सच कह रहा हूँ, मैंने तुम्हारी सलाह पर गौर किया और किसी स्थायी, शान्त जिन्दगी की तलाश ने मुझे यहाँ ला पटका है। मैं वहाँ भी खुश था जहाँ रहते हुए तुमने मुझे खोज निकाला था। प्रेम जैसी कोई भावना, कम से कम, मुझे तो नहीं थी और होती भी कैसे? यह किसी भी तरह मर्यादित नहीं था। हाँ, तुम्हारे सौन्दर्य की सराहना किये बिना मैं नहीं रह सका। तुमने अपने वाल पर अनगिनत तस्वीरें डाल रखी थीं। मैं कोई पारखी नहीं था, बस जो लगा वह बता दिया। तुमने जो महसूस किया, वह तुम जानो। मैंने तबतक अपनी कोई तस्वीर नहीं डाली थी। तुम्हारे आग्रह पर मैंने अपनी तस्वीर डाली। याद करो, तुम बहुत हंसी थी मेरी तस्वीर देखकर। तुमने कहा था, “मन कर रहा है कि अपना सिर फोड़ लूँ। अरे, कोमल भावनायें जागीं भी तो ऐसे व्यक्ति के लिए, जो उम्र में बहुत बड़ा है।” मैं भी हंस पड़ा था और तुम्हारी सच्चाई और निश्छलता पर मुग्ध हुए बिना नहीं रह सका। इसके बाद तुमने ही सारी शर्तें रखीं, सारे तर्क दिये और पटरियाँ बनायी जिसपर प्रेम की गाड़ी चलने लगी। तुम्हें आश्चर्य होता था कि कैसे बहुत आसानी से तुम्हारी सारी बातें मान लेता हूँ। वह इसलिए कि मैं तुम्हें खोना नहीं चाहता जबकि तुम्हें पाने की सम्भावना न तब थी और न आज है। तुमने कितनी निर्दयता से शर्त लगा रखी थी कि कभी पाने या मिलने की बात नहीं करूँगा। मैंने तुम्हारी भावनाओं को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया और कभी भी कोई शर्त नहीं तोड़ी। तुमने इसके लिए मेरी बार-बार सराहना भी की है। मैं यह भी कह सकता हूँ कि तुम खुद अपनी ही शर्तों में बंधी रह गयी।
कभी-कभी शंका होती थी कि तुम कोई मायावी तो नहीं हो जो मेरा धर्म भ्रष्ट करना चाहती हो या मेरी भावनाओं से खेलकर मुझे पीड़ित-प्रताड़ित करके सुखी होना चाहती हो। ऐसा प्रेम तो होता ही नहीं। यदि होता है तो किसी परिणति तक पहुँचना चाहिए। तुम्हारे ऐसे प्रेम का रहस्य भगवान ही जाने। मैंने तो सदैव तुम्हें सत्य समझा और तुम्हारी हर भावनाओं की पूजा की। तुम्हें खुश पाकर मैं खुश हो लेता था और तुम्हें सन्तुष्ट देखकर संतोष कर लेता था। तुमने इसे नैसर्गिक और पवित्र प्रेम कहा था जिसमें किसी तरह की सांसारिकता न हो, कोई पाप न हो।
कभी-कभी सोचता था कि तुम प्रेमजनित विह्वलता की चर्चा करोगी और मुझे आमन्त्रित करोगी परन्तु ऐसा कभी नहीं हुआ। शायद तुमने अपनी प्रेम-भावनाओं को किसी गह्वर गुफा में कैद कर दिया था या तुम्हारे भीतर किसी मजबूत आवरण की परत के नीचे दबा पड़ा था। मैं बहुत निराश रहता था उन दिनों और तुम कोई अबूझ पहेली सी लगती थी। फिर न जाने कैसे तुम मेरी मानसिक उद्विग्नता समझ लेती थी और खिलखिलाकर हंस पड़ती थी। मेरा मनुहार करती और मुझे प्रसन्न करने के लिए सारे तामझाम करती। मैं समझ नहीं पाता कि तुम्हारा कौन सा पक्ष सही है।
सच यह भी है कि मुझे भी सुख और आनन्द मिलता था। मैं तो इतने से ही सन्तुष्ट हो लेता था या मान लेता था, शायद यही सच्चा प्रेम है। तुम्हारी उस बात को सही मानकर कि प्रेम एक तपस्या है, मैंने तपस्या की है। इस तप में मुझे सुख मिलता था क्योंकि तुम्हीं ने कहा था कि प्रेम सुख देता है।
भगवान की प्राप्ति का जो आधार मुझे बताया गया वही आधार तुमने प्रेम के लिए भी बताया था। तुमने कहा था कि प्रेम मिल गया तो समझो कि परमात्मा मिल गये। मुझे कहने में कोई संशय नहीं है कि इस क्रम में मैंने बार-बार परमात्मा की अनुभूति की है और तुम्हें प्रेम की देवी के रुप में पाया है।
मुझे अन्य लोगों की प्रेम कहानियों में वह भाव नहीं दिखता। उनमें तकरार, उलाहनायें, और एक-दूसरे को पीड़ित करने के भाव छिपे दिखते हैं। पाने और छोड़ने की बेकरारी रहती है। एक-दूसरे में दोष खोजते रहने की प्रवृत्ति होती है और जीत-हार का खेल चलता रहता है। मैंने कभी तुम्हें जीतना नहीं चाहा और तुमने मुझे कभी हारने नहीं दिया। मेरा दिल कभी उदास हुआ तो आँसू तुम्हारी आँखों से निकले। शायद यही हालत मेरी भी रही। मुझे तुम्हारी उन दिनों की पीड़ा की पूरी अनुभूति है जब दुर्घटना हुई थी और मैं महीनों बिस्तर में पड़ा था। तुम अपनी शर्तों की पाबंद नहीं होती तो शायद उड़कर मेरे पास आ जाती। तुमने कहा भी था कि प्रेम में देने की आवश्यकता होती है। प्रेम सेवा-समर्पण की मांग करता है। मुझे आज भी पूर्ण विश्वास है कि प्रेम की कोई ऐसी कसौटी नहीं है जिसपर तुम खरी न उतरो। यही हमारी शेष जिन्दगी का सम्बल है और इसी तरह हमारा प्रेम अमर हो जायेगा। मैं तुम्हें धन्यवाद देता हूँ कि तुमने मुझे प्रेम की अमर रीति सिखायी है।
दुनिया तो वही है जो सबकी होती है परन्तु मेरे लिए जैसे बिल्कुल अजनबी हो चुकी है। जो जानी-पहचानी दुनिया थी उसे मैं बहुत पीछे छोड़ आया हूँ और यह नयी जगह, नयी दुनिया जैसे मुझे आत्मसात करने को तैयार ही नहीं है। इस दृष्टि से समूची नारी जाति के प्रति मेरा मन पूरी श्रद्धा से झुक जाता है। जहाँ जन्म लेती है, जिन हवाओं में सांसें लेकर जवानी की दहलीज तक पहुँचती है, माता-पिता, भाई-बहन, दोस्त-मित्र सबको छोड़कर, नयी दुनिया बसा लेती है। यह हुनर हर लड़की बिना बताये जानती है और समय आने पर बखूबी निभा लेती है। तुम्हारी इस बात से पूरी तरह सहमत हूँ कि लड़की को सही संरक्षण मिले तो वह सब का सहारा बनती है। तुम्हारी मृदुल मुस्कान आज भी याद है, जब तुमने कहा था, “पुरुष में यह गुण नहीं होता या बहुत कम होता है। वह तो अपने पुरुषत्व के दम्भ में रहता है। नारी उसका भी सहारा बनती है और उसके दम्भ का भी।”
अक्सर नारी अपने पुत्र को हर तरह से मजबूत, जुझारू और संघर्षशील बनाने में अपनी पूरी चेतना, प्राणशक्ति और अपना युवापन सब झोंक देती है। सन्तान के लिए अपनी युवा भावनाओं, सुख-शान्ति सब समर्पित कर देती है। अपनी चिन्ता शायद कोई नारी नहीं करती और इसका दावा भी नहीं करती।
तुम्हें मेरे बीच के भटकन भरे दिनों के बारे में पता नहीं है। जीवन की भयानक अनुभूतियों के दौर से गुजरा हूँ। कोई बड़ी बीमारी तो नहीं थी, फिर भी लोगों ने कहा, “कुछ समय किसी ग्रामीण अंचल में जाकर रहिये। पेड़ों, बाग-बगीचों, लहलहाते खेतों और ताल-पोखरों के बीच बसा गाँव अद्भुत नैसर्गिक सुख-शान्ति प्रदान करते हैं। बड़े-बड़े चरागाहों में घास चरती गाय-भैंसें, बकरियाँ, बैल, घोड़े और उनके साथ जीवन का सुख भोगता आदमी, मजबूत, सहनशील, चेतन और प्रकृति के साथ रचा-बसा होता है। ईश्वरीय भावों से भरा गाँव का आदमी प्रेम, करुणा, दया, सहयोग जैसे उदात्त गुणों से भरा होता है।
मैंने अपना ही गाँव चुना जहाँ मेरा जन्म हुआ है और मेरा बचपन बीता है। बाद में भी अक्सर गर्मियों में मैं वहाँ आया करता था। सोचा कि लम्बा प्रवास करूँगा और यहाँ की सारी ताजी हवा अपने फेफड़ों में भर लिया करूँगा। घर भी पहले जैसा नहीं है, जिस कमरे में रहने को मिला है वह बहुत हवादार और खुला-खुला है। पहले ही मेरे आने की सूचना पहुँच चुकी थी और लोगों ने कहा, “हम सभी बहुत बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।” गाँव के लोगों ने हमदर्दी दिखायी। मैं अभिभूत हुआ।
घर के सामने कभी विशाल बरगद का पेड़ हुआ करता था। उसकी छाया तले गाँव भर के युवा और वृद्ध पूरी गर्मी काट देते थे। अब वहाँ चारों तरफ घास-पात, जंगल जैसा उग आया है। बरगद से कुछ दूर जहाँ खेत शुरु होते हैं वहाँ नीम का मोटा, बड़ा पेड़ और कनैल था। अब न बरगद है, न नीम का पेड़ और न कनैल। इतना ही नहीं, गाँव के आसपास दूर-दूर तक आम, महुआ, नीम, जामुन, पीपल के बाग-बगीचे और चारों तरफ हरियाली युक्त चरागाह थे। आज वैसा कुछ भी नहीं है। ताल-पोखर भी सुख गये हैं।
तुम्हें मन की पीड़ा लिख रहा हूँ। मेरी सारी कल्पनायें धूमिल हुई हैं और सारा उत्साह ठंडा हो चुका है। लगभग चालीस वर्षों के बाद लौटा हूँ और मेरा गाँव विरान दिख रहा है। पहले मिट्टी के खपरैल मकान हुआ करते थे और गरीबों की घास-फुस की झोपड़ियाँ। अब लोगों ने पक्के मकान बना लिये हैं। कुँओं की जगह सबके घरों में हैंडपंप हैं, गलियों में खड़ंजा और इस टोले से उस टोले तक पक्की सड़क। बिजली के खम्भों पर रात भर बल्ब जलते हैं और घरों में भी। मैंने पुस्तकें भेजी थीं जिसे आलमारी में सहेजकर रखा गया है। मेरी दूसरी पीड़ा है कि साहित्य और धर्म की पुस्तकों से भरी आलमारी कोई खोलने वाला नहीं है। तुम कल्पना करॊ कि बिना पढ़े ज्ञान कहाँ से मिलेगा?मैंने अब तक के जीवन में बहुत पुस्तकें पढ़ी हैं और उनका संग्रह किया है। दो-चार दिनों में ही मेरी समझ में आ गया कि यहाँ के लोग अपने तरह से ज्ञानी हैं और जितना सीधा-सरल समझ रहा हूँ, वैसी स्थिति नहीं है। विद्वानों ने कहा है कि या तो पूर्ण ज्ञानी सुखी रहता है या जो बिल्कुल अज्ञानी है। ये लोग अपने तरह के ज्ञानी हैं और खूब ठसक की जिन्दगी जीते हैं।
यह मत समझना कि मैंने बहुत कुछ भुला दिया है और किसी अलिप्त सन्यासी की तरह रह रहा हूँ। मैंने सुखी होने का अपना तरीका खोज निकाला है। दो-तीन दिनों तक बड़ी असमंजस की स्थिति रही। अचानक नीचे से कुछ महिलाओं की आवाजें सुनायी पड़ी। निश्चित ही उनका जमावड़ा हुआ है और उनकी हंसी में अद्भुत निश्चिन्तता है। संयोग से थोड़ी दूरी पर पड़ोसी की दालान में पुरुषों की महफिल सजी है। मैं भी नीचे उतर आया और दूसरे टोले की ओर बढ़ चला। बचपन के दिनों के कुछ ही लोग जीवित हैं, अधिकांश भगवान को प्यारे हो गये हैं। जो जीवित हैं उनकी हड्डियाँ निकल आयी हैं और सबके चेहरों पर दुश्चिन्तायें पसरी हुई हैं। इनकी सोच ने मुझे बुरी तरह हिला डाला है। दुनिया के सभी दुख इन गाँव वालों को ही हैं। सारी रोग-व्याधियाँ इन्हें ही होती हैं। बाहर रहने वाले ऐशों-आराम की जिन्दगी जीते है, उन्हें कोई दुख नहीं होता, कोई रोग-व्याधि नहीं होती। इनकी सोच यह भी है कि इन्होंने ही त्याग-तपस्या करके उन्हें इस योग्य बनाया है कि बाहर जाकर नौकरी पा सकें। बाहर जाकर नौकरी-चाकरी करने वाले स्वजनों के प्रति विचित्र विरोध के भाव हैं। इनका कहना है कि हम आयेंगे तो हमें क्या दोगे और तुम गाँव आओगे तो क्या-क्या लाओगे?
जब यह सूत्र मेरी पकड़ में आया तो खूब हंसा और मैंने स्वयं को मुक्त कर लिया। इनकी बातें सुनता हूँ, हाँ में हाँ मिलाता हूँ, इनके स्तर पर उतर आता हूँ, इनकी हंसी-मजाक में शामिल होता हूँ, इनकी फुहड़ता भरी वाचालता का रस लेता हूँ और इनकी चुहलबाजियों की गन्दगी देखता हूँ। शायद इनका मेरे प्रति विश्वास बना है और बिना संकोच किये रहस्योद्घाटन करते रहते हैं। लड़कियाँ, महिलायें ज्यादे चालाक और वाचाल हैं तथा एक-दूसरे की गोपनीयता उजागर करती रहती हैं। पूरी तरह समझ गया हूँ कि यह दुनिया परमात्मा की है और वही अपनी दुनिया चला रहा है। अपना खून जलाने की आवश्यकता नहीं है।
तुमने अनेकों बार कुरेदा है मुझे, “कैसे मैं अपने को बचाता रहा और कैसे इस मतलबी दुनिया की शातिर चालों को समझ पाया।” तुमसे खुलकर कहना चाहता हूँ, सच बयान करता हूँ कि यह कोई मुश्किल काम नहीं है। हर व्यक्ति को थोड़ा सजग रहना चाहिए। थोड़ी सावधानी, थोड़ा धैर्य हो तो कोई भी सामने वाले की मंशा समझ सकता है। हम प्रतिक्रिया देने में देर नहीं करते और उलझ जाते हैं। मजेदार बात यह है कि कोई भी पहले तीर-तलवार लेकर नहीं निकलता, वह हमारे करीब बहुत संकोच-भाव से आता है, पास बैठता है, मधुर और अच्छी बातें करता है और धीरे-धीरे अपनी मंशा जाहिर करता है। हमें भी वैसा ही करना चाहिए। उन्हें बैठायें, चाय पिलायें, उनके जीवन की बातें करें, कुछ अपनी सुनायें और उनकी बातों को पूरे ध्यान से सुने। सावधानी यही रहे कि मुश्किल को छोड़िये, सहज-साधारण मांग हो तो भी तुरन्त उतावलापन ना दिखायें, निर्णय लेने के लिए कुछ समय लें। थोड़ा सोच-विचार कर लें और सम्भव हो तो किसी से सलाह भी ले लें। इतना ही मैंने जीवन भर किया है। यदि कुछ उल्टा भी हुआ है तो बड़ी हानियाँ नहीं हुई हैं।
एक बात और कहना चाहता हूँ। प्रेम और वैर के भाव पहले भी थे। आज जैसी स्थिति नहीं थी। आज का प्रेम मर्यादाहीन हो गया है। तब रिश्ते बड़े जीवन्त होते थे और सम्बन्धों में लोक-लाज और मर्यादा का पूरा निर्वाह होता था। बाग-बगीचों में फलों के मौसम में और फसल तैयार होने पर खेत-खलिहानों में समवयस्क जवान लड़के-लड़कियाँ बेर-कुबेर बेधड़क, बिना किसी भय के जाते थे और काम करते थे। मिलना-जुलना होता था, सहयोग-सहकार होता था परन्तु लड़के भाई होते थे और लड़कियाँ बहनें। इसके अलावा दूसरे किसी रिश्ते की कोई सोच नहीं थी। मर्यादित प्रेम की भावना से पूरा गाँव बँधा रहता था।
कभी-कभी मर्यादायें टूटती भी थीं और बड़ी वीभत्स स्थिति पैदा होती थी। तब मैं समझदार नहीं था या उन सम्बन्धों की गहराई नहीं समझ पाता था। एक दिन गाँव में पुलिस आ गयी और बरगद के पेड़ के नीचे उनका दरबार लगा। देखने में सीधे-सादे लड़के को पकड़ा गया जिससे मेरी भी दोस्ती थी। हालांकि वह मुझसे उम्र में बड़ा था परन्तु हम साथ ही, एक ही कक्षा में पढ़ते थे। मेरी समझ में नहीं आया कि उसने कौन सा अपराध किया है। गेहूँ के फसल की कटाई हो रही थी। बहुत से मजदूर लगे थे। उसने किसी जवान मजदूरनी के साथ कोई शरारत की। मामला रफा-दफा किया गया। मेरी समझ में नहीं आया कि उसने ऐसा क्या किया कि लोग हंस भी रहे थे और उसे दण्ड भी देना चाहते थे।
ऐसे ही एक सुबह गाँव की एक बहन की मर्यादा टूटने से बच गयी। आम पकने लगे थे और लोग अपने-अपने बगीचों में दिन भर जमे रहते थे। समस्या रात की थी। कुछ हिम्मती लोग रात में ही बहुतों के पेड़ों के आम चुन ले जाते थे। लड़के-लड़कियाँ भोर-भोर में, कभी-कभी रात अंधेरे अपने बगीचों में पहुँच जाते थे और आमों की रखवाली करते। ऐसे ही किसी रात मैं भी अपने बगीचे में पहुँच गया। रास्ते में कोई नहीं मिला। मुझे खुशी हुई कि आज बहुत पहले पहुँचा हूँ। मैंने गमछा बिछाया और पसर गया। आँखों पर नींद की खुमारी छाने लगी थी।
तभी अचानक बगल वाले बगीचे के मालिक की जवान लड़की भागती हुई आयी। वह डरी हुई थी, हांफ रही थी और अपने बगीचे की ओर दिखाकर बोली, “कोई मुझे पकड़ना चाहता है।” मेरी नींद उड़ गयी, मैंने अपना डंडा सम्हाला, उठ खड़ा हुआ, “कौन है, किधर है?” हम उसके बगीचे में गये, चारों तरफ ध्यान से देखा, खोजा, कोई नहीं मिला। वह भी मेरे साथ लौट आयी। अभी भी डरी हुई थी। थोड़ी सामान्य हुई, बोली, “पहचान नहीं पायी। उसने मुझे पकड़ ही लिया था अपनी बाँहों में।” वह शरमा गयी। उत्तर-पूर्व के कोने में उगते सूर्य की लाली से भोर का उजास फैलने में अभी देर थी। मैंने उस बहन को देखा, उसका सम्पूर्ण चेहरा क्रोध एवम् भय से रक्ताभ हो उठा था। मैंने कहा, “अभी भोर होने में देर है, थोड़ा आराम कर लो। निःसंकोच वह लेट गयी।
अक्सर तुम पूछा करती थी। अब तुम्हें, तुम्हारे प्रश्नों के उत्तर मिल गये होंगे। आज मैं ऐसी परिस्थितियों को याद करता हूँ तो खुशी होती है। कम से कम ऐसा तो था कि कोई बहन भरोसा कर सकती थी। उन दिनों में मेरी मनोदशा कैसी रहती थी, बताऊँ तो तुम विश्वास नहीं करोगी। मैंने कहीं पढ़ा था कि अबोध बच्चा बहुत दिनों तक अपने पूर्व-जन्म की स्मृतियों में खोया रहता है। निश्चित तौर पर तो नहीं कह सकता परन्तु इतना तो सत्य है कि मेरी रुझान साधु-सन्तों के प्रति आदर-भाव की ओर था। इतनी कोशिश जरूर रहती थी कि कोई मुझे बुरा न समझे और कभी भी कोई मेरी शिकायत लेकर पिता के पास न जाये। एक अच्छा इंसान बने रहने और दिखने की सजगता ने मुझे बहुत सी शरारतों से बचाया है। कोई मेरे गुणों की चर्चा करता तो बहुत अच्छा लगता था। इसका सबसे महत्वपूर्ण लाभ यह हुआ कि किसी ने मुझे तिरस्कार की दृष्टि से नहीं देखा, सबने स्नेह और प्रेम किया।
तुम पूछा करती थी ना कि असली सौन्दर्य कहाँ होता है? शायद मैं भी उस असली सौन्दर्य से अपरिचित रह गया होता यदि जीवन के इस मोड़ पर गाँव नहीं आया होता। नित्य ही भोर में जागकर झुरमुटों के पीछे से सूर्य को उगते देखना और सन्ध्या में पश्चिमी छोर पर डूबते देखना विचित्र अनुभूतियों से भर देता है। मैंने पहली बार महसूस किया कि हम भी उसी तरह विराट हैं जैसे यह आसमान, धरती और सारा ब्रह्माण्ड। प्रकृति की एक-लय गतिशीलता, जीव, वनस्पति, धरती, आकाश का एक-दूसरे से गहरे तौर पर जुड़ा होना और सबके भीतर की आत्मा का उस परम चेतना से अटूट सम्बन्ध मेरे हृदय को जागृत करता रहता है। पुष्ट और बड़े-बड़े थनों वाली गाय-भैंसें, खेतों की हरियाली, चिड़ियों का सुबह-शाम मधुर गायन और इतराती-इठलाती बहुओं की गोद में खेलते, मचलते नन्हें-नन्हें बच्चे, यदि किसी को इनमें सौन्दर्य नहीं दिखता तो मैं मानता हूँ कि उनमें सौन्दर्य-चेतना विकसित ही नहीं हुई है। ऐसे लोग परमात्मा द्वारा प्रदत्त नैसर्गिक सौन्दर्य को छोड़कर आज के बनावटी संसार में रस खोजते हैं। सच्चे प्रेम की तिरछी चितवन छोड़कर भोड़े श्रृंगार में सुख-शान्ति की तलाश करते हैं।
तुमने कई बार मुझसे पूछा है और शायद हर लड़की सशंकित रहती ही है कि जिससे वह प्यार की उम्मीदें पाल रही है, कहीं वह कोई खेल तो नहीं खेल रहा या उसकी जिन्दगी में पहले से ही कोई बसन्ती बयार तो नहीं बह रही। वैसे यह प्रश्न ही गलत है परन्तु इसके पीछे की चिन्ता वाजिब है। मैं तुम्हें कुछ सुनाना चाहता हूँ। निर्णय तुम्हारे ऊपर ही छोड़ता हूँ, तुम्हीं तय कर लेना कि उन हालातों को क्या समझा जाय।
मौसम में थोड़ी ठंडक है। हवा शीतल है और मन भावुक हो रहा है। सबको एक दिन यह दुनिया छोड़कर जाना है। यह जाना ऐसा नहीं होता कि आप थैला सम्हाले और उठकर चल दिये। इस तरह चले जाने में बड़ी मार्मिक स्थिति पैदा होती है। पता नहीं उसने कोई तैयारी की है या नहीं? जाना भी चाहता है या नहीं? जिन लोगों को छोड़कर जा रहा है उनके लिए उसका मन निश्चिन्त है या नहीं? वे लोग उसे जाने देना चाहते हैं या नहीं? सुना है-मृत्यु के देवदूत आते हैं तो अधिकांश लोग विह्वल हो उठते हैं। यह बता पाना मुश्किल और जटिल है कि उस समय उनकी मनःस्थिति क्या होती है या वे क्या चाहते है।
अभी कोरोना की महामारी पूरी दुनिया में फैली है। लोग मर रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर मेरे फेसबुक पर दिखी। कोई तीस-बत्तीस साल की खूबसूरत डाक्टर है, बड़ी-बड़ी आँखें, मुस्कराता चेहरा और अद्भुत व्यक्तित्व। चल बसी। किसी ने नहीं सोचा होगा और उसके सपने? बिल्कुल तुम्हारी तरह उसकी आँखें हैं और मुस्कान भी। तुम्हारे न होने की कल्पना से ही मैं विचलित हो उठता हूँ जबकि सच्चाई पता है कि कभी हम मिलने वाले नहीं। उसके बिना उन लोगों की स्थिति कैसी हो गयी होगी जिनकी जिन्दगी की आस रही होगी। यदि बच्चे हुए तो उनका क्या होगा?
मेरे पास काले रंग का कुत्ता था। बहुत सालों से था। जब मेरा तबादला हुआ तो उसकी मां मिली मुझे। पूरा कैम्पस उसी का था। हर वर्ष उसके बच्चे होते थे। उन्हीं में से एक था। कुछ सालों बाद बीमार पड़ा और स्थिति मरणासन्न हो गयी। उसने अन्न-जल लेना बन्द कर दिया और निरीह सा देखता रहता। उसकी पनीली आँखें मुझे द्रवित करती, मेरी बेचैनी बढ़ा देती। रात में वह मेरे स्वप्न में आया। किसी आदमी की तरह बाँहें फैलाकर मुझसे लिपट गया मानो कह रहा हो कि मुझे बचा लो, मैं मरना नहीं चाहता। मैंने चीत्कार किया और रो पड़ा। मुझे रोता देख पूरा घर जाग गया। बाहर जाकर देखा। बहुत शान्त था मानो उसने जाने की तैयारी कर ली हो। उसकी पलकें उन्मीलित हुई और बन्द हो गयी। अगली सुबह वह नहीं था। उसमें उठकर खड़ा होने की शक्ति नहीं थी। कहाँ गया? पूरे कैम्पस में खोजा, आसपास खोजा, कहीं नहीं था, न जीवित, न मृत। मेरे जीवन का यह रहस्य है और मैं समझ पाया कि मृत्यु के पहले की दशा कैसी होती होगी।
मैं जिस कालेज में पढ़ता था, वहाँ पीछे देवी जी का मन्दिर है। चाय-समोसे के लिए हम लोग उधर का चक्कर लगाया करते थे। “मैं आपसे कुछ मदद चाहती हूँ, “किसी दिन इण्टर में साथ पढ़ने वाली सहपाठिनी ने मुझसे उसी मन्दिर के सामने कहा, “मुझे आपकी नोट्स चाहिए।”
यह मेरे लिए आश्चर्य की बात थी। हम लड़कों के बीच वह एकमात्र लड़की थी, साँवली और लम्बी सी। उससे सहानुभूति, हमदर्दी और किंचित प्रेम भाव रखने वाले लड़कों की कमी नहीं थी। नोट्स क्या–मांगे तो अपना सब कुछ दे दें। गुलमोहर के चटकदार लाल फूल खिले हुए हैं। उसने धीमी आवाज में कहा, “सर ने आप ही से लेने को कहा है।” मैंने अपना प्लास्टिक का थैला खोला, नोट्स निकाले और चुपचाप उसकी ओर बढ़ा दिया। उसकी झुकी पलकें ऊपर उठीं, स्मित मुस्कान उभरी मानो धन्यवाद के भाव से देख रही हो। पहली बार मैंने गौर किया कि उसकी आँखें गहरी और सुन्दर हैं।
कुछ दिनों बाद उसने नोटबुक लौटा दी। उसमें एक छोटा सा लिफाफा था। दिल धड़का और हाथ कांपने लगे। मेरी मनःस्थिति तब सामान्य हुई जब देखा कि पत्र उसी के नाम है। भेजने वाले ने अपना नाम नहीं लिखा था। मैंने कालिदास रचित प्रसिद्ध काव्य, “मेघदूत’ का हिन्दी अनुवाद पढ़ा था और प्रेम-पत्र की उत्तम साहित्यिक संकल्पना मेरे मन में थी। इस पत्र ने मेरे भीतर वितृष्णा पैदा की।
उसने अगले ही दिन अपना पत्र मांग लिया और हंस पड़ी। मैंने पूछा, “किसने दिया है?” उसके चेहरे पर शरारत उभर आयी, बोली, “आप को इससे क्या मतलब-कोई दे?”किंचित रुककर उसने थोड़ी मायूसी, थोड़े उत्साह से देखा और निमन्त्रण देती हुई बोल पड़ी, “आप तो दोगे नहीं।”
वाराणसी स्टेशन पर हम चेन्नई वाली ट्रेन की प्रतीक्षा में थे। हम यानी दस छात्र, विभागाध्यक्ष और आंटी। मुझे चाय पीने की इच्छा हुई। दस-ग्यारह साल के लड़के ने मेरा हाथ पकड़ा, “दीदी आपको बुला रही है, “उसने थोड़ी दूर सामान के साथ बैठी हुई लड़की की ओर संकेत किया।
“क्या बात है?”मैंने पास जाकर पूछा। उसने कुछ दूरी पर खड़े लड़कों की ओर भयभीत होकर देखा। स्थिति समझ मे आ गयी। “आप हमारे साथ आ जाओ, हमारी आंटी हैं, ” मैंने कहा। वह खड़ी हुई। सामान उठाने में मैंने मदद की और आंटी के पास लाकर बैठा दिया। उसने विनीत भाव से धन्यवाद कहा और शीघ्र ही आंटी से घुल-मिल गयी। पूरी यात्रा बातें करती रही-कभी मुझसे, कभी आंटी से। वे लड़के भी उसी ट्रेन में थे परन्तु उनकी हिम्मत नहीं हुई। चेन्नई में उसने हमें घूमने में मदद की और पूरा दिन साथ रही। उसने हमें अगली यात्रा के लिए विदा किया और विह्वल हो उठी। ट्रेन खुलने के बाद भी बहुत देर तक खड़ी हाथ हिलाती रही और मैं देखता रहा। आंटी भी उदास हो गयीं, बोलीं, “तुम लड़के लोग, लड़कियों की भावनायें नहीं समझते।”
तुम्हीं बताओ, मैं क्या करता।
हम मिले नहीं हैं, फिर भी एक-दूसरे की भावनायें समझते हैं, सम्मान करते हैं। मैंने उसकी मदद की, बल्कि हम सब ने मदद की। उसने भी हमारा साथ निभाया, पूरे दिन साथ रही। मैंने जिम्मेदारी और धर्म निभाया। आज का समय होता तो हम एक-दूसरे से फेसबुक, ह्वाट्सअप या मोबाइल से जुड़ जाते और बोल देते जो भीतर होता। शायद उसके दिल की बात दिल में ही रह गयी।
“मैं तो हूँ ही काठ का उल्लू। कम से कम उसका पता ले लेता, शादी में निमन्त्रित करती तो प्यारा सा उपहार भेजता और उसके बच्चों का सहर्ष मामा बन जाता।
मैंने शुरु में ही लिखा है, एक अजनबी दुनिया में आ गया हूँ। यह हमारी कमजोरी है कि हम अपनी दुनिया, अपने लोगों और अपने भगवान की माया को पहचानने में बहुत देर कर देते हैं। जब पहचान होने लगती है तो वह भी आधी-अधूरी क्योंकि हमारा स्वार्थ, हमारा मन हमें उलझा देता है। कुछ अपने होते हैं, कुछ पराये और कुछ इतने पराये, बिल्कुल दुश्मन की तरह। कुछ इतने प्रिय कि उनके बिना जीना मुश्किल। एक तुम हो। पता नहीं, प्रेम की जड़ें गहरी हुई भी हैं या नहीं? पता है, मेरी इस शंका को कभी तुम स्वीकार नहीं करोगी और फिर कोई शर्त लगा दोगी कि ऐसी बातें करोगे तो सब बंद। भगवान की तरह तुम्हारे प्रेम की माया भी तुम्हीं जानो।
तुम्हारी इस बात से सहमत हूँ कि आज लोगों में प्रेम जैसी कोई भावना नहीं है। बस वासना है। इसी में लोग डूबे हुए हैं और इसी की तलाश करते हैं। लोग खुश होते हैं और कहते हैं, “मैं प्यार करता हूँ या करती हूँ।” प्रेम में ऐसा नहीं होता। कह दिया गया या दावा किया गया तो समझ लो, भले ही और कुछ हो, प्रेम तो बिल्कुल नहीं है। वह तो एक के दिल में जन्म लेता है और दूसरे में उतर जाता है।
आधुनिक भूगोलवेत्ता हम्बोल्ट दक्षिणी अमेरिका की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं, उपत्यकाओं और वहाँ के निवासियों के बीच अपनी खोज में लगा हुआ था। उसने वहाँ से अपने मित्रों को लिखा, “मुझे ऐसा लगता है कि इस धरती पर अनेकता में एकता के सूत्र भरे पड़े हैं। प्रायः सर्वत्र एक ही नियम काम करता है, सूर्योदय होने पर लोग जागते हैं, भूख लगने पर कुछ खाना चाहते हैं, और प्यास केवल पानी से ही बुझती है।”
मैं उसमें कुछ जोड़ना चाहता हूँ, प्रेम की भूख सबको है तथा सम्पूर्ण पृथ्वी की अन्तरात्मा एक ही है। हमारे देश में “अनेकता में एकता की अवधारणा” की खूब चर्चा होती है। हम बहुभाषी हैं, अलग-अलग रंग-रुप के लोग हैं, अनेक बोलियाँ हैं फिर भी एकता के सूत्र से पूरा देश जुड़ा हुआ है। सनातन संस्कृति ने हमें बाँध कर रखा है।
अब मैं अपने मन की पीडा की बात कहना चाहता हूँ, “मुझे एकता के उन धागों में थोड़ी टूटन सी दिखती है। आक्रान्ताओं और घुसपैठियों ने हमारी चिर-एकता को तोड़ने की कोशिश की है। दुखद है कि राज-सत्ता ने रोकने के बजाय उनका सहयोग किया या अपनी आँखें मूँद ली। सबसे बड़ा खेल धर्म-परिवर्तन की छूट और उनकी शिक्षा-संस्कृति के प्रसार में सत्ता के सहयोग ने किया। अब तो भाषा, धर्म, क्षेत्र, वाद आदि अनेक कारण हैं कि लोग लड़ने, मरने-मारने पर उतारू हैं।
तुमने कहा था, “यदि चुनाव करना पड़े तो मैं सब छोड़ दूँगी और देश को चुनूँगी।” मेरा दिल भर आया तुम्हारी इस ओजपूर्ण भावना को समझकर। मेरा प्रेम तुम्हारे लिए स्थायी-भाव में बदल गया। कितना अच्छा होता, देश का हर नागरिक पूरे समर्पण के साथ तुम्हारी तरह होता। जिस मिट्टी में हमारा जन्म हुआ, जिस वातावरण में हम पले-बढ़े, जहाँ का अन्न-जल ग्रहण किया और मृत्यु के उपरान्त जिस धरा-धाम में पंचतत्वों में मिल जाना है, उसके लिए अगाध प्रेम और मर-मिटने के अलावा कुछ दूसरा सोच पाना सम्भव ही नहीं है। यह हमारा देश है, और हम अपनी धरती को मां मानते हैं।
तुमने हंसकर कहा था, “मैं बहुत खुश रहती हूँ। वैसे हमें मिलना नहीं है फिर भी पूरी जिन्दगी आपको खुश रखूँगी।”
पूरे विश्वास से कहना चाहता हूँ कि उस दिन से मैंने दुखी होना छोड़ दिया। तुम कहीं तो हो। तुम्हारा होना ही मेरे धड़कते दिल के लिए बहुत है। आसपास देखता हूँ तो आश्चर्य होता है कि यह पूरी दुनिया आपस में ही लड़ रही है और अपनी ऊर्जा नष्ट कर रही है। यह सही है कि कोई सूत्र है जो हर सम्बन्ध को टिकाये हुए है और लोग अपनी जिन्दगी की गाड़ी खिंचे चले जा रहे हैं। जानता हूँ, तुम होती तो सब कुछ पूर्णता में निभाती। तुमने कहा भी था, “वह प्रेम ही क्या जिसमें मेरा अस्तित्व मिटकर एकाकार न हो जाये। मैं भी रहूँ और वो भी रहें, तब निश्चित है कि वहाँ प्रेम नहीं रहेगा।” तुम खिलखिलाकर हंस पड़ी थी, बोली, “मेरा प्रेम ऐसा है-न मैं रहूँ, न वो रहें, बस प्रेम रहे।” उस समय तुम्हारी जो छवि उभरी मेरे दिलो-दिमाग में, वह अभी भी ज्यों की त्यों है-पूर्णतः आलोकित, गरिमामय और प्रेम से भरपूर। मैं भी जान गया हूँ कि प्रेम में प्राप्ति नहीं होती, प्रेम तो बलिदान मांगता है।
भगवान बुद्ध को बुद्धत्व की प्राप्ति होने में सैकड़ों जन्म लेने पड़े और हर जन्म में उनके सामने उनका लक्ष्य स्पष्ट होता था। उनकी सारी क्रियायें, सारी योजनायें उस जन्म की पूर्णता और सार्थकता के लिए होती थीं। उनका हर जन्म बुद्धत्व प्राप्ति की ओर बढ़ता हुआ कदम होता था और उनके भीतर की करुणा, दया, प्रेम जैसे उदात्त गुणों में पूर्णता होती जाती थी। उसी तरह तुम्हारा प्रेम है। तुमने प्रेम के सारे सैद्धान्तिक तत्वों को उजागर किया है। शायद ही किसी को प्रेम की इतनी समझ होती होगी वह भी पूर्ण अभिव्यक्ति और पूर्ण आत्म-नियन्त्रण के साथ।
तुमने कभी कहा था, “प्रेम भावनाओं की चीज है परन्तु भावनाओं में बहने वाले लोग प्रेम की वास्तविकता समझ नहीं पाते। विचित्र विरोधाभास है ना?” कभी-कभी तुम बहुत निर्दयी सी लगती हो, भावना-शून्य और यथार्थवादी। मैं तुम्हारी स्थिति-परिस्थिति समझता हूँ और भाव-युक्त छवि में तुम्हारी विह्वलता की सच्चाई अनुभव करता हूँ। तुमने अच्छा नहीं किया है कि अपने पूजा के कमरे में मेरे नाम की पाषाण-प्रतिमा रख ली हो। अभी तो मैं जीवित हूँ और पूरी तरह समर्पित।
मैंने भी एक तरीका खोज निकाला है, अपने आसपास, चारों ओर तुम्हारी उपस्थिति, तुम्हारी खुशबू महसूस करता हूँ। कुछ पेड़ लगाया है मैंने और फूलों से भरी क्यारियाँ हैं। उन्हीं फूलों के बीच समय बिताता हूँ इस अनुभूति के साथ कि तुम अपने पूरे सौन्दर्य और मेरे प्रति सम्पूर्ण प्रेम के साथ यहीं कहीं हो। चिड़ियों का गायन और कोयल की कूक में तुम्हीं प्रतिध्वनित होती हो। तुम्हारा ही प्रेम-राग इन भौंरों की गुंजार में सुनायी देता है और बहती हुई शीतल बयार मुझे सराबोर करती है जैसे किसी ने मधुर संगीत की तान छेड़ दिया हो। मैं तुम्हारी जीवन्त उपस्थिति का साक्षी हूँ।
विजय कुमार तिवारी
भुवनेश्वर