व्यंग्य: गालियों का बाज़ार- डॉ मुकेश असीमित

लेखक - डॉ मुकेश असीमित

“एक गाना बड़ा चला भाई, लड़की कमाल देखो, अंखियों से गोली मारे…” धन्य हैं वो ज़माने! लेकिन आजकल लगता है कि गोलियाँ महंगी हो गई हैं। अब न गोली घायल कर सकती है, न तीर-ए-नज़र बेध सकता है। अब ज़माना आ गया है गालियों का ! गालियों की सेल्फ-ऑटोमेटिक प्रोडक्शन लाइन चालू हो चुकी है—बस निरलज्जता, बेशर्मी और बेहयाई का थोड़ा सा मिश्रण अपने भेजे में डालिए और देखिए, गालियाँ स्वतः निकलने लगेंगी।

देश इतना अम्यूनिशन (गोला-बारूद) पर खर्च करता है, रक्षा बजट में खरबों झोंकता है। कई देशों की पूरी जीडीपी का बड़ा हिस्सा हथियारों पर चला जाता है। तो क्यों न गालियों का मास-प्रोडक्शन कर इसे एक्सपोर्ट किया जाए?

आइए, दुश्मन का स्वागत करें… गोलियों से नहीं, गालियों से!

लेखिका -अंजू शर्मा डरना मना है — Vcare Language Academy

सही कहें तो गालियों पर एक पूरा अनुसंधान विंग विकसित करना चाहिए। गालियों के मामले में देश पूरी तरह आत्मनिर्भर है, पूर्ण रूप से ‘मेक इन इंडिया’ के तहत! हमें गालियों का इतिहास खंगालना चाहिए। आपको अपने इतिहास पर गर्व हो या न हो, आप उसे बदलना चाहें या नहीं, लेकिन अगर गालियों का इतिहास एक बार पता लग जाए, तो इतिहास का पुनर्लेखन कर देश का खोया सम्मान भी प्राप्त किया जा सकता है।

गालियाँ समभाव से मिलती हैं—बिना छोटे-बड़े, अमीर-गरीब का लिहाज किए, बिना किसी बदले में धन-दौलत की इच्छा लिए… गाली के बदले सिर्फ सवा गाली  मिल जाए, बस इतनी-सी अदद इच्छा!

यहाँ एक कोड ऑफ़ कंडक्ट भी लागू होना चाहिए। गाली के बदले सिर्फ गाली देने की ही इजाज़त हो—बदले में लात-घूंसे, गाल पर चपत आदि देना कानून उल्लंघन की श्रेणी में आना चाहिए।

पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा होना चाहिए गालियाँ—देश की गली-गली गालियों से गूंज उठे, बस!

गालियाँ—जो पार्टी प्रवक्ताओं की पात्रता की कसौटी हैं।

गालियाँ—जो न्यूज़ चैनलों पर अंतहीन बहसों की स्क्रिप्ट में ‘लीड रोल’ निभाती हैं।

गालियाँ—जो माँ, बहन, भाई, बेटे, बेटी, यार-दोस्त सबको टारगेट करते हुए निकलती हैं। जैसा माल चाहिए, वैसा माल मिलेगा ! और गालियों की नई-नई क्रिएटिव वेराइटी तैयार करने के लिए देश की भटकी हुई बेरोज़गार रील-प्रेमी युवा पीढ़ी को लगाया जाए। इससे रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और उनकी नैसर्गिक प्रतिभा भी खुलकर सामने आएगी।

मैं तो कहता हूँ, इन गालीवीरों को बॉर्डर पर भेज देना चाहिए! दो-चार आतंकवादी तो ये गालियों की बौछार से ही ढेर कर देंगे। बाज़ार भी डिमांड और सप्लाई पर चलता है… और गालियाँ भी..जब तक लेने वाले नहीं होंगे,गालियों पर खी खी हँसने वाले नहीं होंगे,तालियाँ बजने वाल नहीं  होंगे ,तब तक गलियाँ भला कैसे अपना स्वागत पान पराग की तरह देख पाएंगी  !

गालियाँ कोई आज की नयी पीढी की धरोहर तो है नहीं.. ये तो हमारे आँचलिक जीवन की धड़कन थीं—हर दिनचर्या, त्योहार, संस्कार, जीवन-मरण तक की संवाद-शैली का हिस्सा।

लेकिन वहां गालियाँ गुस्सा और फ्रस्ट्रेशन के लिए नहीं, बल्कि प्यार, मोह, स्नेह, वात्सल्य, हिकारत, लानत तक का इज़हार थीं। दुख इस बात का है कि जब गालियों को ‘पेज-थ्री’ का एक्सक्लूसिव क्लब बना दिया गया, तो किसी ने उनके मूल उत्पादक क्षेत्रों से उनकी राय तक नहीं ली! कॉपीराइट का उल्लंघन हो रहा है, केस कर देना चाहिए। बाज़ार ने गालियों का चेहरा-मोहरा ही बदल दिया है। अब ये सिर्फ सेलिब्रिटीज़, यूट्यूब इंफ्लुएंसर्स, मॉडर्न हाई-फाई लड़के-लड़कियों तक सीमित हो गई हैं। गालियाँ बोली कम जाती हैं, दिखती ज़्यादा हैं।

गालियों का अंग-प्रदर्शन हो रहा है! गालियाँ, जो गँवई संस्कृति का अभिन्न हिस्सा थीं, उनके नाजायज उत्पादन और मिस-मैनेजमेंट ने सब गुड-गोबर कर दिया।

OTT कंटेंट, रील्स, रिएलिटी शो… हर जगह गालियों को नंगेपन, सेक्स, भोंडेपन के साथ परोसा जा रहा है कि गालियाँ खुद शर्माने लगी हैं! अरे भाई, थोड़ी रिसर्च तो कर लेते! गालियों को बोलते वक्त चेहरे के हाव-भाव से समझ आता है कि यह गाली थी, प्यार था, दुख था या फिर हिकारत। कभी हमारे आँचलिक इलाकों में आइए, हम सिखाएँगे कि गालियों का सही उपयोग क्या होता है।

गालियाँ महिलाएँ भी बोलती हैं, लेकिन चेहरे को पर्दे के पीछे रखकर… गालियों में भी एक अदावत होती है, एक लहजा होता है! यहाँ तक कि “साले” जो आपके लिए महज़ रिश्ते का सूचक होगा, हमारी भाषा में गालियों की प्रोडक्शन लाइन का हॉट-सेलिंग प्रोडक्ट है। ‘साले’ शब्द को भी मुंह, आँख, नाक, गाल आदि तिरछी मुद्राएँ बनाकर और गले से निकली आवाज़ की पिच, आवृत्ति, अनुनाद के विभिन्न स्केल पर समायोजित करके सम्मान, तिरस्कार, गुस्सा, प्यार, कुंठा आदि भाव प्रदर्शित किए जाते हैं।

कुल मिलाकर हमारी मातृभाषा है—गाली! और जो तुम बीच-बीच में कुछ शब्द पकड़ पाते हो, वो बस व्याकरण के अल्पविराम और पूर्णविराम हैं। बस इंतजार है तो सरकार द्वारा इसे राजभाषा घोषित करने की! उम्मीद है कि अगले चुनाव तक सरकार इस पर कोई घोषणा कर ही दे… कम से कम अधिकृत भाषा की सूची में तो डाल ही सकते हैं!

गालियों का असली स्वाद तुम क्या जानो, शहरी बाबू!

रचनाकार –डॉ मुकेश असीमित 

मेल ID- drmukeshaseemit@gmail.com

 
 
प्रकाशित तिथि: 9 मई 2025

Author