आज रजत और प्रीशा उनका चेकअप करवाने हास्पिटल गए हुए है। मैं घर में अकेली हूँ, फुरसत के इन पलों में मेरा साथ निभाने अतीत की स्मृतियों चली आई हैं। गुज़रे दिनों के खट्टे मीठे पल मेरे साथ कभी हँस रहे हैं तो कभी आँसू बनकर आँखो से छलक भी रहे हैं। एक धुंधली सी स्मृति किसी बहुमूल्य धरोहर की भांति मेरी पलको में कैद है। वह मुझे स्पष्ट दिखाई तो नहीं देती क्योंकि उस समय मैं महज तीन वर्ष की थी। अपनी माँ के गले से लिपटे मेरे दो नन्हे हाथ, मेरे गालों को चूमते उनके अधर उस अस्पष्ट सी स्मृति को जब तब जीकर मैं एक गहन सुख की अनुभूति से भर उठती हूँ। न जाने नियति ने मुझे मेरे किन कर्मों की सजा दी कि माँ का बस इतना ही साथ मेरे हिस्से में आया।
एक दिन मैंने माँ को जमीन पर सोते देखा। मैंने उन्हें हिलाया डुलाया रोते रोते न जाने कितनी आवाजे दीं किंतु वह नहीं उठीं। पापा ने बिलखते हुए बताया, माँ भगवान के पास चली गई हैं। “मैं तो उनकी हर बात मानती हूँ, दूध भी जल्दी पी लेती हूँ फिर वह मुझे छोड़कर क्यो चली गई? अक्सर मचलते हुए मैं कहती, “कहाँ रहते है भगवान? पापा, मुझे भी उनके पास छोड आओ न।मुझे माँ की बहुत याद आती है और वह कसकर मुझे अपने सीने से लगा लेते।
कुछ समय बाद पापा ने प्यार से गोद में बैठाकर कहा, “तुम्हारी नई माँ आने वाली है.” “वह मुझे प्यार करेंगी न पापा।” “हाँ बेटा, वह तुम्हें बहुत प्यार करेंगी “मैं भी उनका बहुत कहना मानूँगी।” मैं अत्यंत उत्साहित थी।फिर एक नए चेहरे का घर में आगमन जिसमें मैं सारी जिन्दगी माँ को तलाशती रही। पापा का आश्वासन बस आश्वासन ही रह गया। नई मम्मी का दिल इतना बड़ा नहीं था कि उसमें इतनी छोटी बच्ची की ममता समा सके। लाख प्रयासों के बावजूद पापा बेबस थे। नई मम्मी को आए कुछ माह ही बीते थे। एक रात मैं पापा के पास सोना चाहती थी किंतु मम्मी मुझे अलग कमरे में सुलाना चाहती थीं। मेरे जिद करने पर उन्होंने एक जोरदार तमाचा मेरे गालों पर जड़ दिया। उस पूरी रात मैं इतना रोई कि मुझे तेज बुखार हो गया था।उस तमाचे की गूंज कितने ही समय तक मेरे कानों में गूंजती रही थी। मम्मी ने गोद में बैठाकर न कभी मुझे प्यार किया और न अपने सीने से लगाया में जितना उनके नजदीक जाने का प्रयास करती, उत्तना ही झिड़ककर वह मुझे दूर कर देतीं।
मेरे भाई अवि के जन्म के बाद तो मैं उनकी आँखों में और भी खटकने लगी थी अतीत के वे लम्हे जीवंत होकर आज भी गाहेबगाहे मेरा हाथ पकड़ मुझे साथ चलने पर विवश कर देते हैं। आज सुबह से ही उनका साथ मुझे उद्वेलित कर रहा है।
पढ़ने का शौक मैंने पापा से विरासत में पाया था। बीटेक करने के पश्चात् एक मल्टीनेशनल कंपनी में मुझे जॉब मिल गई थी। इन्हीं यादों में विचरते हुए यकायक मेरी नज़र रजत और अपनी फोटो पर पड़ी। मुस्कुराते हुए वह कितने प्यार से मुझे निहार रहे हैं। शायद यह उनकी नज़र का ही जादू है कि अतीत की वे पीड़ादायक स्मृतियाँ खुदबखुद मुझसे दूर जा रही हैं। उनकी जगह मेरा हाथ थाम लिया है, उन सुनहरे लम्हों ने जिन्होंने मेरे वर्तमान की नींव रखी। उन दिनों की यादें ही मेरे होंठो पर मुस्कुराहट लाने के लिए पर्याप्त होती हैं।
रजत का मैनेजर बनकर मेरे आफिस में आना, एक दिन काम की वजह से आफिस में हुई देरी और फिर उनका कार में मुझे छोड़ने घर आना, उस दिन के बाद से उनका गाहेबगाहे कभी काम से तो कभी बहाने से मुझे अपने केबिन में बुलाना, और इन सबके पश्चात् हमारी परवान चढ़ती दोस्ती किसी चलचित्र की भांति घटनाएं घट रही थीं। यह सब क्या नियति द्वारा पूर्व निर्धारित था? उन दिनों ऐसा प्रतीत होता था मानों जीवन रुपी आकाश में काले घनघोर मेघों को चीरकर सूर्य की रश्मियों झिलमिलाने लगी हों और फिर जब प्रोजेक्ट के काम से रजत दस दिनों के लिए पुणे गए तब मेरे मन की व्याकुलता और उनसे मिलने की तड़प ने मुझे समझाया कि मेरे मन में उनके प्रेम की कोंपलें फूटने लगी हैं और उनकी सुगन्ध से मेरा जीवन सुवासित हो उठा है फिर तो प्रकृति के खूबसूरत चटकीले रंगों का अक्स मेरी ज़िन्दगी के बेरंग कैनवास पर उतरने लगा। सोते जागते हर पल वह मेरे ख्यालों में छाए रहने लगे।
रजत पुणे से वापिस लौट आए थे। उस दिन ऑफिस से निकलते वक्त हम दोनों रेस्तरां चले गए थे। करीब एक घंटा देर से मैं घर पहुँची तो पापा को बेचैनी से लॉन में टहलते पाया। अंदर पहुँचते ही मम्मी बिफर पड़ीं, “लो आ गई महारानी। पूछो इससे, कहाँ गुलछर्रे उड़ाकर आ रही है।” “बेटा निधि…” “रजत के साथ कॉफी पीने चली गई थी पापा।”
“सुन लिया, कितनी बेशर्मी से बता रही है कि वह एक लड़के के साथ थी।”
“मम्मी, इसमें बेशर्मी क्या है? दीदी और रजत साथ में काम करते हैं। कॉफी पीने चले गए तो कौन सी आफत आ गई।” वहाँ खड़े अवि ने सदैव की भांति मेरा पक्ष लिया। अक्सर वह मेरे लिए डूबते को तिनके का सहारा साबित होता था।
“तू चुप रह। बड़ा आया दीदी का हिमायती बनकर।” मम्मी ने उसे भी झिड़क दिया और पापा को घूरते हुए बोलीं, “देखो जी, इस घर की बदनामी मैं बिल्कुल सहन नहीं करूँगी। इससे कहो नौकरी छोड़े और घर बैठे।” मेरी आँखें भर आईं। रात में पापा कमरे में आए और भर्राए स्वर में बोले, “निधि बेटे, मैं तेरा गुनहगार हूँ। तेरी दादी के कहने में आकर इस उम्मीद में फिर से घर बसाया कि तुझे माँ का प्यार मिलेगा। मुझे नहीं पता था…” “प्लीज़ पापा, दुखी मत होईये। किस्मत का लिखा कौन मिटा सकता है? एक गहरी सांस ली पापा ने फिर बोले, “मैंने तुम्हारे लिए एक लड़का देखा है। इससे पहले कि बात आगे बढ़ाउँ, तुम्हारे मन की थाह पाना चाहता हूँ, तुम और रजत सिर्फ मित्र हो या….” मेरे दिमाग को एक झटका सा लगा। रजत ने मुझे अभी तक प्रपोज़ तो किया ही नहीं।”पापा, मैं उनसे बात करके आपको बताउंगी।” अगले दिन शाम को रजत ने कहा, “चलो निधि, तुम्हे घर छोड़ दूँ।” रास्ते में मैंने उन्हे बताया, “पापा ने मेरे लिए एक लड़का देखा है। वह मेरी शादी जल्दी करना चाहते हैं।” रजत गम्भीर हो उठे, “और तुम क्या चाहती हो? “मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा रजत। मेरे पास किसी का कमिटमेंट भी तो नहीं है जिसके आधार पर मैं उन्हें रोकें, “निधि, मैं तुम्हें प्रपोज करना चाहता था। जीवनभर के लिए तुम्हारा साथ पाना चाहता था किंतु मेरी परिस्थितियों इसकी इजाजत नहीं देतीं।”
“ऐसी भी क्या विवशता है तुम्हारी?” “देखना चाहोगी।” रजत ने कार अपने घर की ओर मोड़ दी। रास्ते भर शंकाओं के भंवर में मैं डूबती उतराती रही। ज्योंहि हम कार से उतरे, घर के लॉन में अपनी नैनी के साथ खेलती करीब तीन वर्षीया मासूम सी बच्ची दौड कर करीब आई और रजत की टांगों से लिपट गई फिर मुझे देख बोली, “पापा, मम्मी आ गई क्या?”रजत झेंप गए। गोद में उठाकर उसे चूमते हुए बोले, “प्रीशा, यह आंटी हैं। इन्हें नमस्ते करो।” उसने अपने दोनो हाथ जोड़ दिए फिर खेलने भाग गई।मैं हतप्रभ सी खड़ी रह गई।
“इसे जन्म देने के दो दिन बाद मेरी पत्नि पारुल का स्वर्गवास हो गया था। दो वर्ष तक मेरी माँ ने इसे पाला। अब वह बीमार हैं। बड़े भइया के पास रह रही हैं इसीलिए प्रीशा के लिए नैनी रखनी पड़ी। अब तुम ही बताओ निधि, मैं तुमसे किस अधिकार से कहूँ कि मेरी बेटी की माँ बनना स्वीकार करो। क्या यह मेरी स्वार्थपर्ता नहीं होगी।”
मुझे समझ नहीं आया, रजत की बात का क्या जबाब दूँ परिस्थितियों ऐसा मोड़ लेंगी, इसका गुमान नहीं था मुझे। उस सारी रात मैं सो नहीं सकी। प्रीशा की भोली सूरत स्मृतियों में कौंधती रही। उसका वह मासूम सा सवाल, “पापा, यह क्या मेरी मम्मी हैं? रह रहकर मेरे कानों में गूंज रहा था. मैं भी तो इसी भांति अपनी माँ के लिए कलपती थी। माँ को खोने की तड़प क्या होती है, इस बात को मुझसे बेहतर भला कौन जान सकता है। इस दर्द के साथ ही तो मैंने अब तक का जीवन जिया है। रात्रि में जब सभी बच्चों को अपनी माँ के आंचल का सुरक्षा कवच नसीब होता है, मैं निःसहाय अकेली, बेबस सी बिस्तर पर करवटें बदलती थी। पानी के बिना रेगिस्तान में गर्म रेत पर भटकता राही भी शायद इतना बेचैन नहीं होता होगा जितना बचपन में माँ छिन जाने पर एक बच्चा दर्द से बिलखता है। क्या कुसूर था मेरा और क्या कुसूर है उस छोटी सी बच्ची का? मैं चाहूँ तो प्रीशा का जीवन संवार सकती हूँ, उसकी आवश्यकता को महसूस कर कल को रजत अन्यत्र विवाह कर ले तो क्या गारंटी है कि वह स्त्री प्रीशा को उतना ही प्यार देगी जितना मैं दे सकती हूँ कहीं प्रीशा के जीवन में मेरी कहानी की पुनरावृत्ति हुई तो……इस विचार से मेरा अन्तर्मन तड़प उठा और आँखों से आँसू छलक पड़े। शान्त मन से मैंने हद्वय को टटोला तो मुझे एहसास हुआ, रजत और प्रीशा से मिलने के पश्चात् मैं अन्यत्र रिश्ता नहीं जोड़ पाउँगी।
अगली सुबह मैंने पापा को अपने निर्णय के बारे में बताया तो उन्हें गर्व हो आया, अपनी बेटी की परिपक्व सोच पर और जैसीकि उम्मीद थी, मम्मी ने इस शादी का भरपूर विरोध किया। वह यही कहती रहीं कि लोग क्या कहेंगे, सौतेली माँ थी इसीलिए बेटी को एक बेटी के बाप से ब्याह दिया किंतु मैंने, पापा और अवि ने उनकी किसी प्रतिक्रिया का उत्तर नहीं दिया और खामोशी से ब्याह की तैयारियों करते रहे। शादी के पश्चात् मैंने प्रीशा को अपनी ममता के आँचल में यूँ समेट लिया कि कभी कभी तो मुझे भी ध्यान नही रहता है कि मैं उसकी दूसरी माँ हूँ।
दो वर्ष पश्चात् हम मुंबई आ गए। मेरा दिल्ली जाना कम ही होता था। अक्सर पापा को ही मुंबई बुला लेती थी। बी टेक करने के पश्चात् अवि को कंपनी ने एम्स्टर्डम भेज दिया।
समय धीरे धीरे आगे बढ गया। प्रीशा अब पन्द्रह वर्ष की हो गई थी। तभी नियति के कूर हाथों ने पापा को मुझसे छीन लिया। कुछ भी तो नहीं हुआ था उन्हें। रात में सोए तो सुबह उठे ही नहीं। मैं टूटकर बिखर गई। अवि एक माह की छुट्टी लेकर आया हुआ था। हमने परस्पर बात की। मम्मी को मुंबई साथ चलने का आग्रह किया किंतु उन्होंने इंकार कर दिया। वह चाहती थीं कि अवि इण्डिया चला आए जो दो तीन वर्ष तक सम्भव नहीं था। अवि के लाख समझाने के बावजूद उन्होंने अकेले
रहने का निर्णय लिया। अपने सगे बेटे के होते हुए वह अनचाहे रिश्ते को स्वीकारने के लिए तैयार नहीं हुई किंतु होनी कभी इंसान की चाहतों के अनुरुप नहीं चलती। वह अपनी दिशा स्वयं निर्धारित करती है।आज मम्मी के हद्वय पर दोहरा बोझ है। एक अपनी बीमारी का और दूसरे अपनी विवशता का। जिस बेटी को मन ने नहीं स्वीकारा, उसी से अपनी सेवा करवाना क्या उन्हें अपनी निरीहता का अहसास नहीं करवा रहा होगा। मैं उन्हें इस अहसास से मुक्ति दिलाना चाहती हूँ, काश मैं उन्हें समझा पाती कि मुझे आज भी उनकी ममता की उतनी ही आवश्यकता है जितनी पहले थी।
निरंतर बजती डोरबेल की आवाज ने स्मृतियां के प्रवाह को थाम लिया है। रजत और मम्मी हास्पिटल से वापिस आ गए हैं। रात में मम्मी को दवा पिलाते हुए यकायक उन्होंने मेरा हाथ थाम लिया. उनकी आँखों से अविरल अश्रुधारा बह रही है।रुंधे स्वर में वह बोली, “निधि, अपने अहं के चलते मैंने सारी ज़िन्दगी तुझे अपनी ममता से महरूम रखा। मेरी विमुखता के बावजूद तुम तीनों मेरी इतनी सेवा कर रहे हो। मैं स्वयं को बहुत छोटा महसूस कर रही हूँ, जानती हूँ मेरा कुसूर अक्षम्य है किंतु बेटी, अपने पापा की खातिर मुझे क्षमा…..आगे के शब्द उनके गले में ही अटक गए, उनके स्नेहसिक्त शब्द सुन मैं हतप्रभहूँ, मन भीग रहा है। उनका स्पर्श तपते मरुस्थल में भटकते राही को मिली शीतल छाँव सा प्रतीत हो रहा है।
“मां बाप अपने बच्चों को आशीर्वाद देते हैं. उनसे क्षमा नहीं मांगते मम्मी।”
भावविहल हो उन्होंने कसकर मुझे अपने सीने से लगा लिया है। वर्षों से दबा हुआ उनकी ममता का स्त्रोत् आज पूरे वेग से बह रहा है जिसमें मेरी समस्त निराशा, वो उदास लम्हे न जाने कहाँ तिरोहित हो गए हैं। वास्तव में नियति ही सर्वोपरि है।एक दिन नियति ने ही मुझसे माँ की ममता छीनी थी और आज नियति ने ही मुझे माँ से मिलवा दिया है। हम दोनो की आँखो से अविरल अश्रुधारा बह रही है जिसमें मुझे पापा का मुस्कुराता अक्स स्पष्ट नज़र आ रहा है।
रेनू मंडल
मेरठ