कहानी: मजदूर कितना मजबूर -डॉ. शबनम आलम

लेखक - डॉ. शबनम आलम

रामदास को आज सुबह जल्दी ड्यूटी पर जाना पड़ा, क्योंकि जहां वो काम करता है; वो एक मल्टीनेशनल कंपनी है और आज वहां एक हाई-प्रोफाईल प्रोग्राम है। रामदास उस कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है। सुबह से कंपनी के अंदर गहमा-गहमी का माहौल है; साथ ही हाई-अलर्ट भी जारी है। गेस्ट के रूप में बड़े-बड़े नेताओं और पूंजीपतियों का आमंत्रण है। कंपनी के सारे एम्पलाइज को सप्ताह भर पहले हीं चेतावनी दे दी गई थी कि इस दिन कोई भी छुट्टी पर नहीं रहेगा। अगर किसी का लीव (अस्थाई अवकाश )भी हो, तो वो अपनी लीव कैंसिल करवा ले। पर कहते हैं न कोई आफत आमंत्रण पत्र दे कर थोड़े ही आती है। वैसी ही एक बड़ी आफत रामदास की जिन्दगी में बिना आमंत्रण के दस्तक दे दी।
लेखक – राम करन सोनी हार — Vcare Language Academy
सुबह दस बजे अचानक घर से कॉल आई। कॉल पर बेटी जा़र-ओ-क़तार रो रही थी। रामदास बोला- “क्या हुआ बच्चा, क्यों रो रही हो?”
उसने कहा- “जल्दी आ जाओ पापा! मुन्ने की हालत ठीक नहीं है, उसे हॉस्पिटल लेकर जाना है।”
“मां को लेकर हॉस्पिटल चली जाओ।”
“मां भी घर पर नहीं है, वो शीला मैडम के घर काम करने चलीं गईं हैं।”
“मां को बुला लो और तुम लोग जाकर मुन्ना को हॉस्पिटल दिखा लो।”
“जी पापा! मैंने रोहन को भेज दिया है मां को बुलाने के लिए , पर घर पर पैसे नहीं है। तुम जल्दी मालिक से पैसा लेकर आ जाओ। मां आती है तो हम मुन्ना को लेकर हॉस्पिटल जाते हैं।”
सरला (मां) घर आई तो मुन्ने की हालत देखकर घबरा गई। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। दरअसल मुन्ने को कल हीं से उल्टी-दस्त हो रहा था और उसने दवाखाना से दवा लाकर खिला दिया था। उल्टी थोड़ी कम हुई, पर दस्त अभी भी हो रहे थे। मुन्ने की तबीयत की वजह से कल मैडम के घर काम करने नहीं जा पाई थी। मैडम नाराज़ न हो जाए, इसलिए बेटी को मुन्ने की जिम्मेदारी देकर काम करने चली गई। वैसे तो बेटी ही मुन्ने को संभालती है, पर तबीयत ठीक न होने के कारण थोड़ा संभालना मुश्किल हो रहा था। आखिर वो भी तो बच्ची हीं है, पर गरीबी के थपेड़े ने मात्र बारह वर्ष की उम्र में मुन्नी (बेटी) को परिपक्व बना दिया है। घर का सारा काम करती है और मुन्ने को भी संभालती है।
सरला ने अपने पति को कॉल किया- “सुनो, मैं हॉस्पिटल जा रही हूं; तुम भी जल्दी आ जाओ। छुट्टी ले लो किसी भी तरह।”
वह भागी-भागी अपने पड़ोस में रहने वाले लड़के रंजीत के पास गयी। वह रोती हुई बोली- “रंजीत तेरे पास बाईक है, जरा मेरे साथ हॉस्पिटल चल। मुन्ने की हालत बहुत खराब है।” इत्तेफ़ाकन रोहित आज घर पर ही था। उसे जो कोई भी काम मिलता, कर लेता ; नहीं तो यूंही बेकार घर पर पड़ा रहता। इंटरमीडिएट पास था, पर ढंग की कोई नौकरी नहीं थी। गरीबों की यही नियति होती है। रंजीत भी मुन्ने की हालत देखकर घबरा गया। उसने जल्दी से अपनी बाइक निकाली और उन लोगो को लेकर पास के ही प्राइवेट हॉस्पिटल में चला गया, क्योंकि सरकारी हॉस्पिटल घर से काफी दूर था और सरकारी हॉस्पिटल की फॉर्मेलिटी पूरी करते-करते बहुत समय लग जाता।
इधर रामदास परेशान था, मैनेजर के पास गया। “सर! मुझे अभी छुट्टी चाहिए; मेरे बेटे की हालत बहुत सीरियस है। मुझे हॉस्पिटल जाना है और कुछ एडवांस पैसे भी चाहिए। आप मेरी सैलरी से काट लीजिएगा।” वह एक ही सांस में सब कुछ बोल गया।
मैनेजर आंखें तरेरता हुआ बोला- “तुम पागल तो नहीं हो गए हो? तुम्हें पता तो है न! आज कितना बड़ा प्रोग्राम है। आज किसी को भी छुट्टी नहीं मिल सकती है।”
“जी सर! मुझे मालूम है, पर इमरजेंसी आ गई है।”
“नहीं! बिल्कुल नहीं जा सकते। अपनी फैमिली को बोलो, वे ले जाएं।”
“सर! वो लोग ले गएं हैं, पर मुझे पैसे लेकर जाना है, दवा और इंजेक्शन के लिए। डॉक्टर बिना दवा और इंजेक्शन के इलाज शुरू नहीं कर पा रहे हैं।”
“प्लीज़ सर! कुछ पैसे दे दीजिए ; मेरे पास समय नहीं है।” वह लगभग गिड़गिड़ाते हुए बोला।
“पर मेरे पास तुम्हारा बकवास सुनने का समय नहीं है।” मैनेजर ने बुरी तरह से डपटा और चेतावनी देते हुए कहा- “फौरन गेट पर पहुंचों। सिक्योरिटी कितनी टाईट रखनी है, तुम्हें पता तो है न। हाई-प्रोफाइल लोगों को आना है। थोड़ी भी चुक हो गई तो तुम्हारे साथ-साथ मेरी नौकरी भी चली जाएगी।”
इस बीच हॉस्पिटल से सरला के कईं मिस-कॉल पड़े थे। उसका जी बहुत घबराने लगा।
“क्या करें दिमाग काम नहीं कर रहा है” सोच ही रहा था की बेटी मुन्नी का फिर कॉल आया-
 “पापा!जल्दी पैसा लेकर आ जाओ।मुन्ने की हालत बहुत सीरियस होती जा रही है। डॉक्टर, जल्दी दवा- इंजेक्शन लाने के लिए बोल रहे है”।
“हां बेटा! कोशिश कर रहा हूं।” कहते हुए उसका गला भर आया। मैनेजर ने देखा कि रामदास अभी तक यही खड़ा है, तो उसका पाड़ा चढ़ गया- “तुम 
 अभी  गये नहीं। यहीं खड़े हो?”
“साहब…सर…प्लीज…!”
“जल्दी जाओ गेट पर।”
 गरीब मजदूर कितना मजबूर होता है। पेट भरने के लिए नौकरी करता है। नौकरी नहीं बल्कि एक अनदेखा कैद होता है, जहां इंसान सिर्फ फड़फड़ा सकता है पर मालिक के मर्जी के खिलाफ उस कैद से बाहर एक कदम नहीं रख सकता। रामदास रोता हुआ गेट पर आ गया।
गेट पर तैनात दूसरा सिक्योरिटी गार्ड निखिल साहू ने  देखा कि रामदास रो रहा है तो वह दौड़ता हुआ उसके पास आया और पूछने लगा- “क्या हुआ रामदास भाई! आप क्यों रो रहे हो?”
“अरे निखिल भाई! मुन्ना बहुत सीरियस हालत में है। वह हॉस्पिटल में एडमिट है। मुझे जल्दी पैसे लेकर वहां जाना है। डॉक्टर, बिना दवा-इंजेक्शन के ट्रीटमेंट शुरू नहीं कर रहे हैं।”
“आज तो बहुत मुश्किल होगा रामदेव भाई! शाम के ड्यूटी वाले को भी गेट पर तैनात कर दिया गया है, नहीं तो शाम के शिफ्ट वालों में से किसी को बुलाकर आपकी जगह रखकर भेजने का उपाय करते।”
“मेरे पास कुछ पैसे तो हैं, थोड़ा किसी और से इंतजाम करके आपके लिए जुगाड़ कर देते पर निकलोगे कैसे?”  निखिल भी परेशान था।
 “एक काम कर सकते हैं रामदास भाई! अभी थोड़ी ही देर में साहब आने वाले हैं जैसे हीं वह आएं और गाड़ी से उतरें ; फौरन आप जाकर उनसे बात कर लीजिएगा। हो सकता है उनको रहम आ  जाए।”
तभी साहब की गाड़ी आती दिखाई पड़ी । रामदास और निखिल दोनों खड़े हो गएं और दोनों ने मिलकर बड़ा सा गेट खोला और जोरदार सलामी ठोकी। “जल्दी जाओ साहब के पास। अगर अंदर चले गए तो बहुत मुश्किल हो जाएगा।”
 निखिल की बात सूनकर रामदास भागता हुआ गाड़ी के पास गया। साहब के गाड़ी से उतरने से पहले उनके बॉडीगार्ड उतरें। रामदास को गाड़ी के पास खड़ा देखकर बॉडीगार्ड उसे धकेलते हुए कहा- “इधर कहां जा रहे हो?”
” जी! साहब से कुछ बात करनी है” रामदास बोला।
“‘क्या बात है? तुम यहां क्या कर रहे हो? फॉरन गेट पर पहुंचों”- साहब  बोलें।
“सर!  मुझे छुट्टी चाहिए। हॉस्पिटल में मेरा…”
अभी पूरी बात कह भी नहीं पाया था कि तभी मैनेजर आ गया।
 साहब बोलें- “इसे देखो! यहां क्या कर रहा है? इस वक्त इसे गेट पर होना चाहिए?”
 “छुट्टी  मांग रहा है”- मैनेजर बोला।
 “क्या बकवास कर रहे हो? आज किसी को भी छुट्टी नहीं मिल सकती। फौरन गेट पर पहुंचों”…और साहब बोलते हुए अंदर चले गएं। बॉडीगार्ड उसे धक्का मारते हुए गेट तक पहुंचा दिया। तभी उसकी मोबाइल कॉल बजी। मुन्नी रोती हुई कह रही थी- “पापा मुन्ना नहीं रहा….!”
रामदास इसके आगे कुछ भी सुन नहीं पाया; जैसे उसके कान, आंख,दिल व दिमाग सब बंद हो गयें हो। वह बेहोश हो चुका था। निखिल हतप्रभ है। उसे भी समझ नहीं आ रहा है कि वह क्या करे? निखिल की चीख सुनकर दूसरे गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड भी दौड़े आए- “क्या हुआ रामदास भाई को?”
निखिल ने सारी बातें बताईं। वह रामदास के मुंह पर पानी छिड़क कर होश में लाने की कोशिश करने लगा। रामदास थोड़ी देर बाद होश में आया। निखिल ने रामदास को बमुश्किल पानी पिलाया। 
“संभालो अपने को रामदास भाई! सब्र से काम लो।
हम मजदूरों की यही नियति है…इन बड़े लोगों के समक्ष हम कीड़े-मकोड़े हैं। हमारे सुख-दुख से इनका क्या सरोकार…।” निखिल के आंखों से भी आंसू बह रहे थे, फिर भी रामदास को संभालने की कोशिश कर रहा था। बाकी सिक्योरिटी गार्ड भी सांत्वना देकर  अपने-अपने गेट पर चले गएं, क्योंकि एक-एक कर गेस्ट आने शुरू हो गए थे।
तभी एक गाड़ी आकर पों…पों…पीं…पीं…! करने लगी। निखिल के सहारे रामदास किसी तरह हिम्मत करके  उठने की कोशिश की, पर लड़खड़ा कर गिर गया। उसे ऐसा लगा जैसे उसके हाथ-पैर में जान हीं नहीं है, जैसे वह कोई बेजान सा पुतला हो। तभी गाड़ी का ड्राइवर चिल्लाया- “अरे खोलो भाई! पों…पों…पीं…पीं…! सुनाई नहीं दे रहा तुम लोगों को।”
“खोल रहे हैं भाई”- निखिल बोला।
हिम्मत करके रामदास फिर उठा और पूरी ताक़त लगाकर गेट खोलने की कोशिश की, पर गेट टस से मस नहीं हुआ। ऐसा लग रहा था वह गेट नहीं बल्कि कोई बड़ा सा पहाड़ खड़ा है, जिसे वह हटाने की नाकाम कोशिश कर रहा है। फिर पों…पों…पों…पों…की आवाज़ आई। “न जाने कहां-कहां से मरियल आ जाते हैं सिक्योरिटी गार्ड बनने।” तब तक एक के बाद एक कई गाड़ियां लाइन में आकर लग गईं। इस बार रामदास ने ईश्वर का नाम लेकर पूरी ताक़त से जोड़ लगाया और गेट खोल दिया। एक के बाद एक सभी गाड़ियां निकल गई। गेट बंद कर वह फिर धम्म से गिर गया। उसका दिल जल्द से जल्द बेटे को देखने के लिए तड़प रहा है, पर वह बेबस-निरीह तोते की तरह राजा के पिंजरे में कैद है।
 उधर सरला अपने मृत जिगर के टुकड़े को लेकर कभी अपने पति को तो कभी अपनी किस्मत को, कभी कंपनी के मालिक को तो कभी ऊपर वाले मालिक (ईश्वर) को कोस-कोस कर अपनी नियति पर आंसू बहा रही है…!
इधर रामदास खुद को कोस रहा है…!
 
डॉ. शबनम आलम 
अलीगढ़, उत्तर प्रदेश 
मोबाइल & व्हाट्स एप नम्बर- 7983406102
 
प्रकाशित तिथि: 9 मई 2025

Author