सुलभा ! …सुलभा !” अखबार पढ़ते हुए सोमेश ने छत से ही पत्नी को आवाज लगाई |
“जी आई .” रसोई में जाकर सुलभा ने हड्बडाहट में गैस को धीमा किया , कमर से खुसा आंचल निकालकर कंधे पर डाल, सरपट सीढ़ियाँ चढ़ते हुए सोचने लगी … ‘अब क्या मुसीबत आ गई, जो सुबह – सुबह इतना शोर मचा रहे हैं ? हर बात में नुक्ता चीनी निकालने की आदत है लाट साहब को ….’
“क्या हुआ ?” सुलभा ने करीब आ सहमते हुए पूछा .
“ये…ये तुम्हारी ही तस्वीर है न?” सोमेश ने लगभग गुस्से से अख़बार सुलभा के सामने करते हुए पूछा .
“जी !” सुलभा ने सरसरी निगाह अख़बार पर डालते हुए जवाब दिया , मानो उसके लिए कोई हैरत की बात नहीं |
“इसका मतलब तुम्हें पता था |”
“हाँ ! मोबाईल पर सूचित किया था उन्होंने .”
“ये कैसे हो सकता है ?”
“क्या कैसे हो सकता है ?”
“यही कि साहित्य के क्षेत्र में सुलभा वाजपेयी को उनके गीतों के लिए महादेवी पुरुस्कार प्रदान किया जाता है. वरिष्ठ साहित्यकारों का मानना है कि उनके गीतों में महादेवी जी के गीतों का सा दर्द झलकता है .” सोमेश ने एक साँस में पूरी खबर पढ़कर सुना दी .
“तुम कब से गीत लिखने लगीं , वह भी दर्द भरे ?”
“जबसे तुम्हारे साथ बंधन में बंधी हूँ |”
“व्हाट यू मीन …जब से तुम्हारे संग बंधन में बंधी हूँ . सीधे सवाल पूछ रहा हूँ सीधा उत्तर दो .”
“सीधा उत्तर ही तो है |”
“मतलब मेरे साथ तुम खुश नहीं …बंधन है ये तुम्हारे लिए ?”
“सच कहूँ तो हाँ |” सुलभा ने दृढ़ता से कहा |
“पहले कह देतीं तो यह बंधन ढोना न पड़ता तुम्हें …आजाद कर देता मैं .”
“कह देती मगर पहले सोचती रही कि शायद कभी एहसास हो तुम्हें , …फिर बच्चे आ गये उनकी खातिर यह बंधन स्वीकारना पड़ा |”
“घर में सारी सुविधाएँ होकर भी तुम्हें यह बंधन लगता है , किस बात की कमी है तुम्हें यहाँ ?”
“उसकी,… जिसकी खातिर कोई भी लड़की अपने बाबुल को बिसराकर एक अनजान आदमी के साथ निकल पड़ती है अनदेखे सफर पर |”
“देख रहा हूँ ये साहित्य कुछ ज्यादा चढ़ गया है तुम्हारे दिमाग पर सीधे उत्तर देते इज्जत घटती है तुम्हारी !”
“सीधे सुनना चाहते हो तो सुनो , लड़कपन में मैंने भी सपनों में एक राजकुमार देखा था …सोचा था उसके संग जीवन की तमाम खुशियाँ बाटूंगी … सम्हालेगा वह मुझे अपने प्यार से और मैं सम्हालूंगी उसका घर संसार.., पालूंगी बच्चे, चाह सुहागन मरने की बस इसी चाह में जीवन पूरा करूंगी |”
“तो क्या नहीं है तुम्हारे पास …घर, बच्चे, तुम्हारा सुहाग यानि मैं …फिर किस बात का रोना?”
“रोना ही तो रहा जिन्दगी में , बहुत ख्वाहिश थी जब माँ – बाबा ने जीवन की डोर तुम्हारे हाथों सौंपी थी, मेरा हमसफर मेरा हम ख्याल भी होगा, हमदर्द भी . हम एक दूसरे की रूह को छू पाएंगे , मगर कहाँ … कहाँ हो पाया ऐसा, हमारे सम्बन्ध तो देह तक ही सीमित रह गए |”
“कुछ ज्यादा पर नहीं लग गये तुम्हारे …?”
“पर तो कब के अपनी उड़ान भूल चुके ,हँसते – खेलते गुजरेंगे जिन्दगी के दिन यही चाहा था मगर आपने तो हँसने मुस्कुराने पर मानो कर्फ्यू ही लगा दिया |”
“तो तोड़ देतीं यह कर्फ्यू …किसने रोका था ?”
“यह केवल तुम पुरुष ही कह सकते हो …विडम्बना है कि माँ बाबा हम बेटियों को अच्छा बनने की घुटी जो पिला कर भेजते हैं,…चाहे जो हो वहीँ नकारात्मकता में सकारात्मक खोजते रहो , मगर अब थक गई हूँ अच्छा होने की सलीब ढोते हुए, मन उत्तर देना चाहता है .”
“जानती हो क्या बोल रही हो ?” सोमेश झुंझला गया .उसे आज सुलभा का यह नया रूप देखकर हैरानी हो रही थी .”
“आपने सीधे बात कहने की फरमाइश की, सो आप ही की आज्ञा का पालन कर रही हूँ |”
“बहुत ज्यादा नहीं बोल रही तुम ?”
“मैं तो कुछ बोलना ही नहीं चाहती थी , जब से इस घर में आई हूँ आप ही तो बोलते रहे हैं , आपके अनुसार तो जी रही हूँ , अपने कंधे पर अपने अरमानों की लाश ढोती, खुलकर हँसना आपको पसंद नहीं, अपना सारा हुनर देह को सजाने में खर्च कर दिया आपके लिए …अब तो उस हुनर से मन उब गया है.”
“बस – बस , मैं सिर्फ इतना जानना चाहता हूँ ये लिखने का रोग क्यों कर पाला ? क्या इसके माध्यम से लोगों को अपना दुखड़ा सुनाना चाहती हो ?”
“वही तो बता रही हूँ , … संस्कारों की भारी भरकम चुनर सर पर ओढ़े रही , डर से तुम्हारे … कभी देखे नहीं मन पसन्द सपने, उल्टे लड़कपन के सारे सपने समेट कर रख दिए मन की अँधेरी कोठरी में, | हमेशा आपकी नाराजगी का ताज सर पर पहने रही …उसकी चुभन अब टीस देने लगी है जी …आपसे मिलकर मेरी रूह अतृप्त ही रही , सो अपनी तृप्ति का यह उपाय खोजा है मैंने .”
“कौन सा उपाय ?’
“नीला मलहम .”
“नीला मलहम , लगता है उम्र का असर तुम्हारे दिमाग तक पहुँच गया है . पूछ कुछ रहा हूँ जवाब कुछ दे रही हो .”
“सही कह रही हूँ , बस आप समझ नहीं पा रहे , वैसे भी आपने समझा ही कब है मुझे .”
“बहुत संकेतों में बात करने लगी हो आजकल .” सोमेश ने लगभग चिढ़ते हुए कहा .
“लो स्पष्ट किये देती हूँ . बचपन में एक बार गर्म दूध गिरने से मेरा हाथ बुरी तरह से जल गया था , एक तो जलन की टीस उस पर ये चिंता कि कहीं फफोले पड़ने से मेरा हाथ खराब न हो जाये . लोग हँसेंगे मेरे दाग देखकर , मैं चीख -चीख कर रो रही थी , तभी माँ ने पास रखी नीली स्याही की दवात मेरे हाथ पर उढेल दी.”
“ये क्या किया माँ , कोई दवा लगाई होती, मेरे हाथ पर फफोले पड़ जायेंगे , जानती हो दाग कितने खराब लगते हैं .” मैंने रोते हुए माँ से कहा .
“बेटी ! ये दवा ही है , देखना इससे तुझे जलन में भी आराम मिलेगा और छाले भी नहीं होंगे .” माँ ने समझाया .
“सच में उस नीली स्याही ने बहुत आराम दिया जलन में मुझे, और फफोले भी नहीं आये .”
“तुम फिर अपनी बात से भटक रही हो .” सोमेश झुंझलाकर बोले.
“बिलकुल नहीं , उसी पर आ रही हूँ . सोचो जरा, जब से तुम्हारे साथ ब्याहकर आई हूँ , किस दिन तुमने मेरे मन को जानने का प्रयास किया ,मैं सिर्फ तुम्हारी जरूरत पूर्ति का साधन रही ,कभी इन्सान के रूप में मुझे देखा हो याद नहीं , तुम्हारी उपेक्षा , अवहेलना से मेरा दिल भी बहुत जलने लगा था . मैं एक बार फिर डर गई कि कहीं छाले न बन जाये , अन्यथा न चाहते हुए उनकी रिसन ज़माने के लिए चर्चा का विषय बन जाएगी .
“मतलब ?”
“मतलब, लोग अब तक यही सोचते हैं कि हमारे बीच प्यार का निर्झर झरना बह रहा है , हम दो जिस्म एक जान हैं …जैसा हम अमूमन समाज के सामने चेहरा लिए घूमते हैं . कोई नहीं जानता हम नदी के दो किनारे हैं , जिसमें कहीं भीतर ही भीतर एक ज्वालामुखी खदबदा रहा है | बहुत तन्हा महसूस करती थी मैं तुम्हारे संग जुड़कर .”
“कुछ ज्यादा ख्वाहिशें नहीं पाल रखी हैं तुमने …?” सोमेश आँखें तरेरकर बोले .
“ख्वाहिशें पालना हक है हर इन्सान का …फिर हर औरत की कुछ ख्वाहिशें; कुछ तमन्नाएं होती हैं और जब उसे उन अधूरी अतृप्त कामनाओं के संग जीना पड़ता है न सोमेश , तब बहुत पीड़ा होती है . मैंने झेला है वह अकेलापन … जब तुम होकर भी मेरे संग नहीं होते थे . मेरे सुख तुम्हारे और मेरे दुःख मेरे निजी होते थे तब; तकिए को अपना हमनवाज बना बांटती रही दुख दर्द अपने, उसकी गलबहियाँ कर भिगोती रही उसे आंसुओं से अपने । जानती थी कि मैं कोई अमृता नहीं जिसके लिए आसान हो कोई इमरोज का कंधा; अपना दुख दर्द कहने को .” सुलभा स्वयं नहीं जानती हमेशा सोमेश के सामने आते ही उसकी घिघ्घी बांध जाती थी आज न जाने कहाँ से उसमें इतनी उर्जा आ गई .
“तो यह रास्ता निकला तुमने …अपना गुबार निकलने का ?”
“क्या बुराई है इसमें , तुम समझ नहीं पाए मुझे कभी …न अब भी समझ पाओगे . ऐसे में मेरे सामने दो ही रास्ते थे या तो अपने भीतर का लावा बाथरूम में जाकर फ्लश में बहा दूँ, या किसी को सुनाकर हल्की हो जाऊं …मगर किसे सुनाती दिल का हाल ..जब सात फेरे का बंधन ही अपना न हुआ तो किसी से क्या अपेक्षा रखती ?… दूसरा रास्ता यह कि कोई और हमसफर, हमनवाज, हमदर्द तलाश लेती जो मेरा हमख्याल भी होता और यकीन मानिये सोमेश…कोई मिल भी जाता , कई बार मन भी हुआ खोज लूँ कोई साथी जो मेरी भावनाओं को समझे , मुझे दिल से प्यार करे, जिसके कंधे पर सर रख मैं अपना बोझ हल्का कर सकूँ . जिस तरह तुम लापरवाह हो मेरी और से, वैसे ही मैं भी बेपरवाह हो जाऊँ आपकी ओर से , जी लूँ अपना वर्तमान .”
“मतलब अब तक तुम मुर्दा थीं … अब जीना चाहती हो .”
“सोमेश देह में केवल सांसों का आवागमन ही जिन्दा होने की निशानी नहीं, जिन्दा होने के लिए तमन्नाओं का होना बहुत जरुरी है. हर रोज कोई मेरे भीतर से चीख-चीख कर पूछता है, तुम मृत हो …? उठो,जागो !… दरअसल उसने ही मुझमें मेरे जिन्दा होने का अहसास जगाया है . देखना चाहती हूँ अब मैं वह ख्वाब जो डर से तुम्हारे देखे नहीं। तमाम कर्तव्यों के बावजूद जब नाराजगी का ताज मेरे माथे जड़ा है तो क्यों न इस मन को ही कुछ राहत दे दूँ . आंसुओं में अपना गम जाया करती इससे तो बेहतर लगा मुझे कि इसे कागज पर उतार लूँ । प्यार के…खाद पानी के अभाव में जड़ हो चुकी संवेदनाएँ कहीं मुझे जड़ न कर दे इसलिए सोचा वहां शब्दों के कंक्रीट का ही सही एक आशियाना बना लूँ . भावनाओं – सम्भावनाओं के जो बीज अनंकुरित ही रह गये हैं इतना हक़ तो है न मुझको …?” सुलभा में आज न जाने कहाँ से इतनी ताकत आ गई …स्वयं सोमेश भी हैरान था |
“सोमेश ! हम महिलाओं की एक कमजोरी है , हम न …भविष्य की डोर को पहले थामना चाहती हैं , इसी चक्कर में कई बार हमसे अपने वर्तमान का सिरा छूट जाता है . मैंने भी अपने जीवन की तुला पर अपने इस सुख को तोलकर देखा था तब मुझे लगा था मेरे वर्तमान से बड़ा है मेरे माता -पिता का अभिमान जो उन्हें अपनी बेटी पर है, मेरे सास -ससुर के सम्मान की पूंजी जो उन्होंने बरसों बरस तपस्या से अर्जित की है . लोग हमारे बीच की दूरियों के गवाह बनें इससे बेहतर लगा मुझे कि एक बार फिर इस नीले मलहम को ही अपने दर्द को कम करने का जरिया बनाऊं . मेरे भीतर का दर्द इसी मलहम से बाहर आता गया और मैं समाज के सामने अपने चेहरे पर मुस्कान लिए जीती रही , एक सुखद , सम्पूर्ण दाम्पत्य की आभासी दुनिया का एहसास कराते हुए |” सोमेश खामोश सुलभा को देख रहा था | सुलभा को एहसास हुआ उसने एक शिकारी के पंजे से अपने सपनो को बचा लिया है |
————०००————-
डॉ. लता अग्रवाल ‘तुलजा’
भोपाल