बलराम अग्रवाल की लघुकथा:निहत्थे लोगों का कोरस

लेखक - बलराम अग्रवाल

“गाँव के बच्चे, बूढ़े, जवान–सभी औरत-मर्द बस्ती के बीचों-बीच बरगद के पेड़ के नीचे इकट्ठा हो जाएँ… बिना देर किए, फौरन !” हवा में गोलियाँ चलाते हुए हथियारबंद लोग घूम-घूमकर लोगों को हुक्म सुना रहे थे।
 
किंकर्तव्यविमूढ़ रेंगते-से चलते सभी उम्र के लोग अपने बुजुर्गों की अगुआई में बरगद के नीचे जा खड़े होने लगे।
 
“यह जमीन, जहाँ तक भी इस पर पानी और पेड़ हैं, जहाँ तक भी इस पर पर्वत और रेत हैं; सब की सब अल्ला और उसको मानने वालों की है।
 
 
लेखक _ ओम प्रकाश क्षत्रिय शिवाजी की सूझबूझ — Vcare Language Academy
” लीडर ने कहा और एके-47 के आधुनिकतम मॉडल को हवा में लहराते हुए चिंघाड़ा–“यह गाँव अब उसी को मानने वालों की पनाह में रहेगा। कोई ऐतराज?”
 
जमघट कुछ न बोल सका। पलकें झपकाता हुआ चुप खड़ा रहा। 
 
“मिलकर बोलो–अल्ला…ऽ…हु-अकबर !!” लीडर के साथ वाले लोगों के बीच से एक चिल्लाया।
जमघट से कोई आवाज नहीं आई। पिनड्राप साइलेंस !
 
 “चुप रहोगे तो बन्दूकें बोल उठेंगी।” उसके साथ वालों में से एक, अपनी गन को आगे करके चीखा, “इन्हें चुप्पी झेलने की आदत नहीं है।”
 
इकट्ठ की चुप्पी के तात्पर्य को भाँपकर लीडर ने अपने आदमी को शान्त रहने का इशारा किया। फिर इकट्ठ से कहा, “हिचकिचाएँ या डरें नहीं। अल्ला-हु-अकबर का मतलब है–ईश्वर महान है, गॉड इज़ ग्रेट ।”
 
“ईश्वर महान है… ईश्वर महान है…!” इकट्ठ एकदम से समवेत स्वर में गा उठा।
 
“चो……प्प!” हवा की ऊपरी परत को गोलियों से छेदता हुआ लीडर तमतमाया– “मैंने मिसाल के तौर पर बताया है, यकीनी तौर पर नहीं। महान सिर्फ ‘अल्ला’ है ! न गॉड ग्रेट है न ईश्वर !! फिलहाल अपने हिस्से का एक-एक थैली चावल उठाएँ और घर जाएँ।”
 
जमघट ने आँखों-आखों में एक-दूसरे को देखा। विरोध का निश्चय किया। थैलियों की ओर देखे बिना सब अपने-अपने घर की ओर लौट चले। बे-आवाज लौटते वे लोग उन्हें कानफोडू कोरस गाते-से लगे। यह बात उन्हें बर्दाश्त न हुई। बन्दूकें बोल उठीं।
 
बलराम अग्रवाल 
 

Author