डॉ बीएल सैनी की कविता – नव अरुणोदय

लेखक - डॉ बीएल सैनी

सुनहरी रेत पर उगता सूरज, आशा की किरणें लाता,
पीली धरा का कण-कण गाए, स्वर्णिम गाथा गुनगुनाता।
वीरों की इस पावन धरती पर, जयघोषों की शान रही,
जहाँ प्रेम और पराक्रम से, हर पीढ़ी की पहचान रही।
 
आज नव संवत्सर का मंगल क्षण, नव संकल्प सजा है,
नव चेतन से जागृत भारत, नव उत्साह में रमा है।
बजे शंख, मंदिरों में दीप जलें, सजे मंगल का आँगन,
स्नेह, सहिष्णुता और संस्कारों से भर जाए हर जीवन।
Beautiful View — Vcare Language Academy
राजस्थान दिवस की गूंज सुनो, थार की पवन कहती,
मिट्टी की सोंधी सुगंध लिए, विरासत आज भी बहती।
हवा में है मीरा की भक्ति, प्रताप का तेज समाया,
राणा सांगा की रणभेरी ने, सिंहों को भी झुकाया।
 
सजी हवेलियाँ, किलों की शान, महलों की भव्य कहानी,
भाषा में है मिठास भरी, रसखान भी हैं दीवानी।
चरणों में अरावली झुकी, गूँज रही हैं प्रतिध्वनियाँ,
आज राजस्थान दिवस पर, जय जयकार की हैं रौनकियाँ।
 
आओ मिलकर दीप जलाएँ, इस नव वर्ष की वेला में,
सपनों को नव गगन दें, नव चेतना की बेला में।
मरुधर की माटी गाएगी, हर बार नया तराना,
“पधारो म्हारे देश” कहे, सदा अमर यह अफसाना।
 
डॉ बीएल सैनी
श्रीमाधोपुर सीकर राजस्थान

Author