जिस दिन चिमटी मजदूरी करने नहीं जाती, ठीक सुबह आठ बजे नाम्या के घर चारा काटने पहुँच जाती है। आउटर गेट में उसकी बुलंद टेर सुनाई देती है –
‘‘दीदी, अपने सेरू को बाँध लीजिये।’’
चिमटी, नाम्या के किंग साइज कुत्ते रौनक को शेरू कहती है।
उसकी टेर सुन नाम्या जाली से बंद बाहरी बरामदे में आ जाती है ‘‘आ जा चिमटी। रौनक बॅंधा है।‘‘
चिमटी हॅंसते हुये परिसर में आ जाती है। नाम्या ने साधन-सुविधाहीन वर्ग में ऐसी स्वस्थ्य और हॅंसमुख स्त्री नहीं देखी। ठुमुक कद, अच्छी देह-बाँह वाली चिमटी का आयु का गणित ऐसा गड़बड़ाया रहता है कि जो जितने बरस की कह देता है, वह मान लेती है, उतने बरस की होगी। हॅंसमुख ऐसी कि भ्रम होता है इसकी रातें हसीन सपनों से भरी होती होंगी और दिन आशाओं की पूर्ति करते गुजरता होगा।
‘‘आज कहाँ का चारा काटें दीदी ? शीशम के आस-पास काट लें ? आप त देखती हैं अइसी सफाई से काटते हैं के आपकी बगिया चमक जाती है।’’
नाम्या को पता नहीं क्यों चिमटी की आवाज में एक किस्म की प्रेरणा और उत्साह का आभास मिलता है।
‘‘तू सलीके से काटती है।‘‘
चिमटी बड़ी, मजबूत, धारदार हॅंसिया लिये निर्दिष्ट स्थान पर जाती है और मानो पलक झपकते दो-तीन बोघा चारा काट लेती है। जाते हुये टेरती है –
‘‘दीदी, चारा बाँध कर रख दिये हैं। रेक्सा वाले (चिमटी का पति) लाद ले जायेंगे।’’
नाम्या बाहरी बरामदे में आती है ‘‘ठीक है चिमटी।’’
‘‘दीदी, पहिले हम बहुत काम करते थे। अब बोझा मॅंूड़ में लाद कर ले जाये ंतो छाती फूलने लगती है। तभी रेक्सा वाले रेक्सा में लाद ले जाते हैं।’’
‘‘ठीक है चिमटी।’’
दोपहर में किसी समय अच्छे लाल, नाम्या को सूचित कर चारा ले जाता है।
चिमटी और अच्छे लाल।
नाम्या ने पहली बार इस बेमेल युग्म को देखा तब चैंक गई थी। लेकिन जब चिमटी ने बताया बरस हुये अबेर की सरजमी में यह अनोखा गठबंधन हुआ था, सुनकर नाम्या हतप्रभ हो गई थी। जिस घटना को सुनकर छाती धड़क जाती है, उससे चिमटी कैसे गुजरी होगी।
अबेर।
2.
अबेर की हरी-भरी धरती में चिमटी ने जो सपने देखे थे उनकी भयानक परिणिती हुई। अपने विवाह के समय वह उजबक थी लेकिन याद रह गया था कि लोग कह रहे थे भरोसे लाल अइसा सुंदर है के कोटवार का नहीं बाम्हन-ठाकुर की औलाद लगता है। चिमटी नीदों में सपनाती – सुंदर। आखिर कितना सुंदर। जब भरोसे अपने परिवार के पुरुष सदस्यों के साथ गॅंऊतरी (विवाह और गौने के बीच की अवधि में वर पक्ष वाले एक बार अपने परिजनों को लेकर कन्या पक्ष के घर दो-तीन दिन के लिये आते हैं।) करने अबेर आया, चिमटी हुलसरही थी – सुंदर। आखिर कितना सुंदर। ताक-झाँक न कर सकी कि लोग निर्लज्ज कहेंगे। भरोसे चतुर निकला। चिमटी की भौजी को कह कर मिलन सुलभ करा लिया। भौजी, कोठे में लजाई बैठी चिमटी के पास आई –
‘‘चिमटी, दुलहा राजा का सबर नहीं आय। जा, काहू का खबर न होई। हमहूँ छिप के तोंहरे भाई से मिले थे।’’
‘‘का कहती हय भउजी ?’’
‘‘हौ।’’
साँझ ढले अॅंधियारा जब चीजों को अस्पष्ट बना रहा था, चिमटी पीछे के दुआर से निकली थी। सही जगह पर पहुँचते ही भरोसे ने उसका हाथ पकड़ कर घसीट लिया। क्या बात करें इस झमेले में एक मुश्त समय जाया हो गया। भरोसे ने अपनी श्वेत-श्याम तस्वीर चिमटी को दी –
‘‘हमारी याद आये तो देख लेना। तू अमरपाटन आयेगी तब तेरी फोदू उतरवा दॅंूगा।’’
बदले में चिमटी बोली ‘‘कउने दर्जा (क्लास) में पढ़ते हो ?’’
जवाब यह ‘‘हमारी सुध (याद) आती है ?’’
बिना तालमेल की बात कर, तस्वीर लिये चिमटी वापस आ गई। दिन में कई मर्तवा तस्वीर देखती। स्टूडियो में उपलब्ध हैट को धारण किये, दोनों हाथ बगल में बाँधे, फुल पोज में भरोसे, राजा बाबू लग रहा था।
सचमुच। बहुत सुंदर है।
फिर तीन खबरें जल्दी-जल्दी आईं।
पहली खबर – भरोसे लाल का पिता छेदा लाल, चिमटी का सुदिन (गौना) लेने आ रहा है। चिमटी उमंग-उराव से भर गई।
दूसरी खबर आई – भरोसे नहीं रहा।
चिमटी ने ओट से सुना और बताने वाले ने बताया –
‘‘भरोसे, जामुन के पेड़ पर चढ़ कर पतंग निकाल रहा था। पास में कुँआ है। डगार (शाखा) टूट गई। भरोसे कुँयें में गिर गया। भरोसे न जानता रहा होगा जामुन की डगार कमजोर होती है पर तैरना जानता था। मौत पर किसका वश ………
3.
चिमटी के पैर काँपे। दिल जोर से धड़का। देखते-देखते घर की खपरैल के रन्ध्रों से होता हुआ क्रन्दन आसमान में छा गया। तीन लड़कों पर अकेली लड़की के लिये चिमटी की माँ ने बड़े अरमान से सुतिया, हॅंसुली, चूड़ा, खोसना, सॅंकरी, छैल चूड़ी, लच्छा, झाला जैसे रजत आभूषण बनवा रखे थे। चिमटी की माँ, चिमटी के दुर्भाग्य के साथ रजत आभूषणों के लिये भी डिंड पुकार कर रो रही थी।
उधर भरोसे की फूली-ऐंठी देह देख कर छेदा लाल दिनों तक साहसविहीन होकर पड़ा रहा। सुनना नहीं चाहता था पर फुसफुसाहटें उस तक पहुँच रही थीं – भरोसे तैरना जानता था। डूब कर नहीं मर सकता। टोला जानता है, भरोसे बड़े ठाकुर का खून है। दिन पर दिन उसकी कद-काठी बड़े ठाकुर की तरह हो रही थी। बड़े ठाकुर ने भरोसे को लकड़ी फाड़ने-चीरने के बहाने बुलाया। देखा यह तो सचमुच उनकी तरह ………….। बड़ी बदनामी होगी। करेन्ट लगवा कर भरोसे की मृत देह को कुँयें में डलवा दिया। हल्ला मच गया, जामुन में चढ़ा था, गिर गया ……….. ठाकुर का रुतबा ऐसा था कि डरे हुये लोगों ने इस हल्ला को सच मान लिया …………।
मौके-मौके पर ठाकुर के घर टहल करने जाती नादन वाली की चरित्र लीला का छेदा लाल को अनुमान था पर यह एहसास भी था जिस जमीन में ठाठ छवा कर रहता है, जिसकी कीमत दिनों दिन कीमती होती जा रही है, बड़े ठाकुर ने नादन वाली को दी है। यह उपलब्धि उसे आँखें मूँदे रहने के लिये प्रेरित करती थी। नहीं सोचना चाहता था भरोसे लाल फिर तीन लड़कियाँ, सबसे छोटे अच्छे लाल में कौन उसकी संतान है, कौन बड़े ठाकुर की। सब ठीक ही चल रहा था पर भरोसे की फूली ऐंठी देह ने छेदा लाल को साहसविहीन कर दिया। उसे भरोसे पर जितनी ममता हुई, नादन वाली से उतनी नफरत हुई। सजा इस कुपथगामिनी को मिलनी चाहिये। मिली भरोसे को। नादन वाली को सजा देने के लिये वह दिनों बाद सक्रिय हुआ –
‘‘चिमटी, के सुदिन अच्छे लाल के साथ होई।’’
नादन वाली हुमक गई ‘‘अप सकुनी चिमटी, भरोसे का खाय लिहिस, अब अच्छे का खइ। ………हम अंधेर न होंय देबय।’’
‘‘अपसकुनी चिमटी नहीं, तैं हइ। तोर लीला पूरा टोला जानत हय ……….एतनी बदनामी …………
बुढ़उ खुल कर बोल रहा है।
‘‘चिमटी घोड़ (घोड़ी) अउर अच्छे नान्ह बूदा (छोटा)। हम अनर्थ न होंय देबय।’’
‘‘न होंय देहे त हम प्रान तेग (त्याग) देबय।’’
अपनी करतूत पर या छेदा लाल के तेवर देख, नादन वाली मंद पड़ गई।
तीसरी खबर अबेर पहुँची – चिमटी का सुदिन, अच्छे लाल के साथ होगा।
अनुमान लगायें तो चिमटी सोलह-सत्रह की। अच्छे लाल छः-सात साल का था। दस बरिस का फासला। दो वयस्कों के बीच नहीं, युवती और बच्चे के बीच का फासला। चिमटी की अम्मा डिंड पुकार कर रोई –
‘‘जवान लड़िकी के सुदिन लड़कउना (बच्चा) के साथ। अंधेर हय।’’
चिमटी का पिता जागरुक हुआ ‘‘चिमटी के अब वहय घर है। सुदिन होई।’’
4.
‘‘अच्छे, दुनियादारी नहीं समझय। बड़ा होइ जाय, सुदिन तब होई।’’
‘‘अबहिन होई। फेर छेदा लाल मुकर जायें त का करेंगे ? हम आज जिंदा हैं, कल न रहेंगे। भाई-भउजी के राज मा चिमटी के निस्तार (गुजर) न होई।’’
समाधान पर चिमटी का दिल भर आया – भरोसे लाल की तस्वीर से नेह बढ़ाया। गठजोड़ अच्छे लाल के साथ होगा। रजत आभूषणों को पहनने की कितनी जिद होती थी। अब इच्छा भर गई। बाबू से बार-बार कहा ‘‘हम कलोरी (गाय) की कितनी सेवा करते हैं। गउओं, की सेवा कर जीवन पार कर लेंगे।’’ बाबू एक ही जिद्दी। ‘‘जीवन अइसे पार नहीं होता। कलोरी की सेवा तू अमरपाटन में करना।’’
चिमटी के साथ कलोरी को भी विदा कर दिया गया।
अमरपाटन।
अमरपाटन का यह इलाका तब पूरी तरह आवासीय नहीं हुआ था। छप्पर वाले कुछ घर और दूर तक खुली जमीन।
नाजुक दूल्हा।
अच्छी देह-बाँह वाली दुलहिन।
मंद-मुखर स्त्री स्वर –
‘‘या मस्त मलंग का अच्छे कइसन सम्भारी ?’’
‘‘छेदा लाल के मति मारी गय।’’
‘‘नादन वाली का कोप चढ़ा हय। सकारे (सुबह) से एक बूँद पानी नहीं पीस (पिया)।’’
चिमटी ने झुकी गर्दन और झुका ली। कैसे बच्चे के साथ दाम्पतय शुरू करेगी ? कैसे सास के साथ सामन्जस्य बनायेगी ? लेकिन संकट साहस तोड़ते हैं तो देते भी हैं। उसने अबेर ले जाने आये बाबू और भाई को बैरंग लौटा दिया –
‘‘बाबू, अब यहय हमारा घर, यहय किस्मत। बार-बार हमको लिवाने काहे आते हो ? हमारी जब इच्छा होगी दुइ-चार रोज को आ जायेंगे।’’
बाबू को लगा चिमटी उसे कुसूरवार बना रही है।
छेदा लाल को लगा चिमटी ने उसे कुसूरवार होने से बचा लिया है। चिमटी को इस घर से जोड़ना होगा। मान-सम्मान-भरोसा देना होगा। वह चिमटी के लिये आम, खरबूज, जलेबी, नेल पालिश, फीता जैसी छोटी-छोटी वस्तुयें ले आता। आम, खरबूज, जलेबी अच्छे झपट कर खा जाता। चिमटी हपक कर
खा रहे अच्छे लाल को देखती रह जाती। अन्याय इसके साथ भी हुआ है। यह बेचारा जानता तक नहीं क्या अन्याय हुआ है।
5.
दद्दा (छेदा लाल) दिन भर पल्लेदारी करते हैं। दीदी (नादन वाली) बैर ठान कर दिन भर कोठे में घुसी रहती है। अच्छे दिन भर गुल्ली-डंडा खेलता, पतंग उड़ाता, बाल छितराये बागता है। इसकी सार-सम्भाल करनी होगी। चिमटी, अच्छे लाल को घेरने लगी –
‘‘इस्कूल काहे नहीं जाते ?’’
‘‘मास्टर बेंत मारते हैं।’’
‘‘तबहिन विद्या आती हय।’’
चिमटी अच्छे लाल को लिये शाला पहुँची।
मास्टर ने खबर ली ‘‘इसके पास पूरी काँपी-किताब नहीं है। सबक नहीं करता है। कभी आता है, अक्सर नहीं आता है। इसके पिता को बार-बार बुलाया। नहीं आये। तुम इसकी कौन हो ?’’
प्रश्न कठिन नहीं था। उत्तर कठिन था।
‘‘हम दूनौ एकय घर में रहते हैं। कापी-किताब खरीद देंगे। और इनहीं रोज इस्कूल पठायेंगे।’’
कापी-किताब का प्रबंध कर छेदा लाल आश्वस्त हो गया। चिमटी, अच्छे लाल की चिंता करती है। नादन वाली कुपित है पर धीरे-धीरे इस रिश्ते को अपना लेगी। सब ठीक हो जायेगा। लेकिन वे तारीखें आती हैं, जिनके लिये हम चाहते हैं न आयें। दो दिन के मामूली बुखार में छेदा लाल चल बसा। अर्थ व्यवस्था चरमरा गई। ठाकुर के घर की टहल कर अच्छी सौगातें लाने वाली नादन वाली मजदूरी करने कभी नहीं गई। जवान हो चले कद-काठीदार तीन पुत्रों के भय से बड़े ठाकुर, नादन वाली की छाया से अब दूर भागते हैं। नादन वाली, चिमटी के ठीक सामने थी –
‘‘चिमटी, कमाय वाला चला गा। यहाँ रहॅंय का हय त मजूरी कर, नहीं त बाप के जा।’’
‘‘बाप के न जाबय। मजूरी करब।’’
चिमटी, मजदूरी कर घर खर्च चलाने के साथ अच्छे लाल को कापी-किताब की कमी न होने देती। अच्छे का चित्त किताब में न लगता। आठवीं में तीन बार अनुत्तीर्ण हो पढ़ाई छोड़ दी।
अच्छे लाल।
नादन वाली के प्रत्येक कुबोल पर अच्छे, चिमटी के समीप होता गया। वस्तुतः यह एक असहज और विचित्र संबंध रहा है। वे खुद को आज भी सौ प्रतिशत पति-पत्नी नहीं मान पाये हैं। अच्छे, चिमटी को तब और आज भी पत्नी की तरह कम संरक्षिका की तरह अधिक देखता है। चिमटी को प्यार से नहीं आदर से देखता है। चिमटी पर उस तरह अधिकार नहीं समझता जिस तरह समझना चाहिये। या भरोसे लाल समझता। चिमटी को आज भी इस रिश्ते में आकर्षण नहीं वात्सल्य जैसा कुछ लगता है। इसीलिये जब अच्छे लाल ने चिमटी के साथ पति की तरह पहली रात गुजारी उसे लग रहा था वह अपमानित हो रही है और अच्छे को अपमानित कर रही है। कमरे के अॅंधेरे ने झिझक और शर्मिन्दगी को छिपा लिया था।
अॅंधेरे ने चिमटी की आँखों के तरल को भी छिपा लिया था। भरोसे बहुत याद आया था। वह होता तो रात का रंग इतना धूसर न होता।
6.
अच्छे लाल के लापरवाह दिनों की वह आखिरी रात थी।
सुबह दायित्व बोध का स्मरण करा रही थी।
‘‘हम कमाने लाइक हो गये हैं। रेक्सा चलायेंगे। तैं मजूरी न कर। आदर से घर मा रह।’’
‘‘तुम त जानते हो, दीदी हमसे नफरत करती है। घर मा रह के दीदी के गारी सुनब।’’
‘‘तबहिन दीदी के आँख के रोसनी कम हो गई हय। जब मर्जी होय, काम करने चली जाया कर। हम रेक्सा में पहुँचा देंगे।’’
तीन गर्भपात के बाद लैला जनमी। गर्भपात का कारण बताते हुये ओझा झूम रहा था – भरोसे की भटक रही आत्मा चिमटी का पेट गिरा देती है। सदमा खाई चिमटी अपने कमरे में हिलक कर रोती। अच्छे ग्लानि से भर जाता। मानो असली अपराधी वही है –
‘‘भूत-बयार नहीं होय। भगवान सब ठीक करिहैं।’’
अच्छे का आश्वासन फलीभूत हुआ या चिमटी की प्रार्थना। पौने दस माह की स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ। शारीरिक विकार कहें अथवा कुयोग। वह फिर गर्भवती नहीं हुई। नादन वाली ने अफवाह बना ली –
‘‘भरोसे, चिमटी के कोख उलट दिहिस हय। लैला होइ गय। अब न होइहैं। एक ठे पूत नहीं बिया सकय त या कउने लायक ही ……….. हय अच्छे के दूसर बियाह करब ………..।’’
अच्छे लाल का दूसरा विवाह।
प्रेरणा नादन वाली की, आदेश चिमटी का।
इस बेमेल युग्म का आयु का ही नहीं, शारीरिक अनुपात भी गड़बड़ाया हुआ है। चिमटी की भरी देह और भर गई। अच्छे यथावत मुलायम। अच्छे जिस दिन चिमटी को रिक्शे में बैठा कर ठीहे पर छोड़ता, खुले दिल वाली दो-चार रेजायंे उसे घेर लेतीं –
‘‘चिमटी, तै अइसन कोमर (कोमल) आदमी को कइसे फाँस ली ?’’
अच्छे उचक जाता ‘‘फाँसी नहीं है। हमारी बियाही मेहेरिया हय।’’
‘‘तुम कोमर, चिमटी जबर। चिमटी को हमारे मिस्तरी (मिस्त्री) जइसा पहिलवान चाही।’’
अच्छे के चेहरे के उतर गये रंग को देख चिमटी ने रेजा को चुनौती दी ‘‘हम जबर अउर तैं फूल कुमारी। कोमर आदमी चाही त बोल। हम अच्छे से तोर काज (ब्याह) कराय दें।’’
‘‘फेर तोर का होई ?’’
‘‘जो होई त होई।’’
7.
झुकी गर्दन वाले अच्छे को देख चिमटी को मानो बोधिसत्व मिला – अच्छे के कुछ जरूरी सपने होंगे। अपने जोड़़ की मेहेरिया की चाह रखता होगा। दीदी तो दूसरे बियाह के लिये तैयार ही बैठी है।
चिमटी ने हलफ उठा लिया।
‘‘दीदी, लैला के बाबू के दूसर काज कर दो। अपनी जिंदगी जिये। हम गइया-गोरू की सेवा में परसन्न हैं।’’
चिमटी का आदेश।
अच्छे लाल का विरोध।
लेकिन नादन वाली ने अमनी नाम की देखने योग्य लड़की ढूँढ़ ली। अच्छे, अमनी को विदा करा कर लौटा तब मानो चिमटी को चेत आया। दूल्हा बना अच्छे खुल कर खुश नहीं हो रहा है लेकिन खुश है। अच्छे ने खुशी छिपा कर चिमटी को देखा – अमनी की साध मुझे हो आई है पर चिमटी की पदवी कम नहीं होने दूँगा।
घर में अघोषित हिस्सा बाँट हो गया।
चिमटी छोटे हिस्से में सिमट गई। अमनी पूरे आयतन में फैलने लगी। कमजोर नजर वाली नादन वाली परछी में अधिक समय बिताने लगी। अच्छे, तीनों स्त्रियों को उनके हिस्से का संतोष देने की कोशिश करता। जीतू और मनी दो पुत्रों को जन्म देकर अमनी ने अपना हक मजबूत कर लिया। चिमटी ने लैला और गउओं को अभीष्ट बना लिया। अब वह मजदूरी करने कम जाती है। नाम्या के परिसर में सुबह-सकारे चारा काटने पहुँच जाती है।
चिमटी चारा काट रही थी कि अच्छे लाल आ गया। रिक्शे की टुनटुनाहट सुन नाम्या बाहरी बरामदे में आ गई –
‘‘कौन ?’’
‘‘अच्छे लाल।’’
‘‘तुम तो दोपहर में चारा लेने आते हो।’’
‘‘हाँ, चिमटी को बुखार है पर चारा काटने चली आई है। हमने सोचा चिमटी को घर पहुँचा दें फेर धंधे पर निकलें।’’
वार्तालाप सुन चिमटी हॅंसिया थामे आई ‘‘काहे आये ?’’
‘‘तुझे बुखार है। घर में आराम कर।’’
‘‘बोखार उतर गय है। धंधा बेजा किये। अब तक दुइ-चार सवारी मिल जाती।’’
‘‘सवारी मिल जायेगी। चल।’’
‘‘चारा उधर हय।’’
अच्छे लाल सुदूर कोने में चारा उठाने चला गया। चिमटी गौरव के साथ नाम्या को बताने लगी –
‘‘दीदी, लैला के बाबू हमारी बहुत फिकिर करते हैं।
8.
हम गौना होकर आये तब ई सात बरिस के थे। हमारे बाबू हमको एक कलोरी दिये थे। हमने इनकी और कलोरी की सार सम्भाल की। एक ठे कलोरी थी, आज चार गइया हैं। दूध बेंच लेते हैं। खर्चा-पानी निकल आता है। ………. हाँ दीदी, गउ सेवा कर लें। सायद अगला जनम सुधर जाये ……….।’’
नाम्या नम आँखों से उसे देखती रही। तो इस जन्म को अपने तरीके से न जी पाने की कसक इसे है। विश्वास है पुनर्जन्म होता है। कामना है अगले जन्म में बहुत कुछ मन मुताबिक होगा। लम्बित पड़ी हैं कई-कई कामनायें। यही कि संकट, संघर्ष से घबरा कर रोये तब पति का सानत्वना देता हाथ कंधे पर आ जाये ……… दर्पण में रूप निहारे, पीछे से स्वर उभरे ……. आज तो बड़ा जम रही है ………. नये वस्त्र पहने तो कहे – यह साड़ी तुझ पर खिलती है …… नादन वाली की गाली सुनकर रोये तब कहें – रोते हुये तू अच्छी नहीं लगती ………. मजदूरी करके लौटे तो कहे – सुस्ता ले, मैं कुँयें से दो बाल्टी पानी भर लाता हूँ…….. किसी दिन चकित कर दे ……….. चल तेरी फोटू उतरवा दूँ …….. और कभी, किसी दिन कोई संवाद न हो, चेष्टा न हो लेकिन कोई इस तरह देखे कि लाज आ जाये। उम्मीद …….. साध ……… मनुहार ……..। चिमटी ने उन्हीं दिनों तय किया उम्मीद, साध, मनुहार को यदि फलीभूत नहीं होना है तो इनसे ध्यान हटाना होगा। मन की चंचल गति को मंद करने के लिये खुद को घर के सरोकारों में लगाना होगा। उसने धीरे-धीरे अपनी दिनचर्या नियमित कर ली। भिनसारे गोशाला साफ करती, कंडे पाथती, सानी-पानी करती। चूल्हा पोत कर चाय बनाती।
रात की बनी रोटी और चाय नादन वाली को देती। खाना बना कर काम पर चली जाती। तब चारा नहीं काट पाती। गउओं का इंतजाम बिगड़ता है। गायें अब अच्छा दूध देने लगी हैं। कई लगार (नियमित ग्राहक) हैं। वह दूध दुहती है। अच्छे लाल लगारों के घर दूध पहुँचा देता है। फिर रिक्शा लेकर निकलता है। जब कभी ढलाई के काम या सड़क निर्माण जैसे काम से अमरपाटन से बाहर जाती है, अच्छे दूध दुहने का काम करता है। मौका ताड़ कर अमनी फुलहा लोटा ले आती है –
‘‘मिस्टर दूध दो। जीतू और मनी के लिये तसमई बनायेंगे।’’
शादी से पहले अमनी जिस बॅंगले में काम करती थी वहाँ उसने मिस्टर, मैडम जैसे शब्द सुने थे। मिस्टर सम्बोधन पर अच्छे गौरवान्वित होता है लेकिन चिमटी से गद्दारी नहीं करता। चिमटी, जीतू और मनी के लिये आधा किलो दूध रोज देती है। अच्छे लाल ने आधा किलो दूध दे दिया। अमनी डटी रही –
‘‘आधा किलो में तसमई नहीं बनती। आधा किलो अउर दो।’’
‘‘आजय बनायेगी ? चिमटी आ जाये तब उससे माँग लेना। का वह मना करती है ? दूध का एतना लालच। कबहूँ कहती है बड़की, मेरी रसोई में खा लो। वह चारा काट कर आती है, खाना बनाती है, अॅंधरी को देती है।’’
जिंदगी के आखिरी बरस बिता रही नादन वाली की नजर बहुत कमजेार हो चली थी। वह दीदी से अॅंधरी हो गई।
‘‘बड़की से एतना मोह रहा त हमको काहे लाये ?’’
‘‘लाये हैं लेकिन बड़की के चोरी से दूध नहीं देंगे।’’
‘‘सुनो मिस्टर, बड़की के हुकुम में तुम रहो। हम न रहेंगे। उसे अपनी सिकेट्री ( सेके्रटरी) बनाये फिरते हो।’’
9.
अमनी अदा दिखाते हुये चली गई।
अच्छे मुस्कुरा दिया। अच्छे लाल को अमनी के पैंतरे लुभाते हैं पर चिमटी का अदब बहुत करता है। उसकी नजरों में चिमटी के लिये जो जगह है, अमनी के लिये वही जगह दूसरे तरह से है। चिमटी को जिस आदर से देखता है, अमनी को नहीं देख पाता। दोनों के सम्मुख अलग किस्म के व्यवहार वाला है। इसी तरह चिमटी और अमनी के बीच एक स्वीकार है लेकिन नहीं भी है। चिमटी नहीं चाहती अच्छे उसे अमनी की तरह अनुराग से देखे। अमनी चाहती है उसे बड़की जैसा अदब-रुतबा मिले। मिस्टर हर फैसला बड़की की अगुवाई में करता है। अब तो उसका इतना स्वागत कि थोड़ा बुखार क्या आ गया मिस्टर बोझा सहित उसे रिक्शे में लाद लाया। कहो, बड़की को रिक्शा में बैठा कर जमाने की सैर कराता हो।
पड़ताल करनी होगी।
चिमटी नहीं सोचती थी अमनी, नाम्या की बगिया घूमने के बहाने पड़ताल करने चली आयेगी। अमनी ने आउटर गेट से लहलहाती वनस्पति को देखा। बड़की इस ओर पीठ किये चारा काट रही थी। माने जमाने की सैर नहीं करती है। अमनी गेट खोल परिसर में जैसे ही दाखिल हुई झूले के खम्भे से बॅंधा रौनक भोंकने लगा। आहट पर नाम्या बाहरी बरामदे में आई –
‘‘कौन ?’’
‘‘परनाम दीदी। बड़की से मिलना है।’’
‘‘बड़की ?’’
‘‘चिमटी। हमारी सबत (सौत)।’’
अमनी का तेज स्वर चिमटी तक पहुँच गया। वह तेज चाल से आ गई ‘‘का हय अमनी ?’’
‘‘बगिया घूमने आये हैं।’’
‘‘दीदी, यह अमनी हय। हमारी सबत।’’
नाम्या मानो फिल्मी दृश्य देख रही थी। अधरों में सुर्खी लगाये, चटख माँग भरे हुये सुंदर स्त्री। किस विवशता में अच्छे लाल की द्वितीया बनी ? चिमटी ने इसे कैसे स्वीकार किया होगा ? अमनी ने पहले से मौजूद गृहणी को कैसे आत्मसात किया होगा ? कैसे होंगे इनके मतभेद ? पारिवारिक समीकरण में क्या ध्वंस हुये होंगे ? स्वाभिमान या अहम् जैसी अड़चन इन्हें नहीं होती ? ये लोग एक-दूसरे का काम बिगाड़, चुगली कर छोटे-छोटे प्रतिशोध लेती होंगी ? गाली-गलौज, मार-पीट संबंधहीनता जैसी स्थिति कभी बनी ? या कि भरण-पोषण की समस्या इनके लिये इतनी प्रबल होती है कि सामन्जस्य के लिये प्रेरित होना पड़ता है। नहीं सोच पाती होंगी किस गतिविधि से सामाजिक हैसियत पर क्या असर होगा। तभी तो
दोनों सहज भाव से बता रही हैं – ये हमारी सौत हैं। नाम्या को विचार मग्न देख चिमटी समझ गई सौत जैसी बात पर वह विश्वास नहीं कर पा रही है। चिमटी इस तरह हॅंसी जैसे उसके लिये सौत जैसी बात महत्व नहीं रखती –
10.
अमनी विचित्र है। दीदी, आप जानती हॅंय न सरकार सम्मेलन (सामूहिक विवाह) कराती हय। रुपिया, पइसा, सामान, साड़ी देती हय। अमनी कहती है इस बार सम्मेलन होगा तो ये रेक्सा वाले के साथ बियाह करेगी। वहाँ किसको पता होगा, इनका बियाह पहिले ही हो चुका हय। सम्मेलन में पाँच-दस हजार रुपिया अउर सामान पा जायेगी।’’
‘‘अमनी, चिमटी की हॅंसी में शामिल हो गई ‘‘हाँ, दीदी। हम पाँच, दस हजार रुपिया पा जायें तो बैंक में खाता खोल लें। बड़की तुम बैंक मा रुपिया धरती हो न ?’’
‘‘हौ। दीदी, साहब से कह कर खाता खोलवा दी है।’’
अमनी ने चिमटी को इस तरह देखा जैसे धन्ना सेठ को देख रही है। अमनी का अनुमान है बड़की ने धन जोड़ रखा है। दूध का हिसाब रखती है। कभी-कभी काम पर जाती है और रेजा की मजदूरी दो सौ दस रुपिया है। मिस्टर भी देता होगा। सुनते हैं अबेर में बहुत गहना-गुरिया पाई थी। सुनार से साफ करवा कर बहुत गहना लैला की शादी में दे दी है। यह न हुआ, जीतू, मनी के लिये कुछ रख लेती। दिन भर बड़ी अम्मा, बड़ी अम्मा करते बागते हैं। बड़की जरूर अपना बक्सा भरे होगी। चिमटी की अनुपस्थिति में अमनी ने एक-दो बार बकसिया खोलने की कोशिश की। ताला नहीं खुला। लेकिन यह एक तारीख है।
अमनी ताला खोलने में सफल हुई। बकसिया का तिलिस्म ठीक सामने है। दो साड़ी। जीतू, मनी के लिये बरका कर रखे कुछ रजत आभूषण। फेरी वाले से खरीदे गये छः मुरादाबादी गिलास। चार हजार रुपिया, शारदा ग्रामीण बैंक की पास बुक …….. और मोटे गत्ते में एहितपात से लपेट कर रखी गई सुंदर युवक की तस्वीर। किसकी है ? बड़की के संगी-साथी की ? लगता है अबेर में अॅंखिया चार हुई हैं। मिस्टर बहुत सुनाता है बड़की का बेदाग काम-काज है। अमनी तू उससे गुण सीख। का सीखें ? नैन लड़ जइहैं त मनवा मा कसक होइबे करी ……….?
गरूर में भरी अमनी, नादन वाली के पास पहुँची –
‘‘दीदी, फोटू को चीन्हती हो ? बड़की के बकसिया मा मिली हय।’’
नादन वाली की धुँधली दृष्टि तस्वीर को नहीं चीन्ह सकी ‘‘हमहीं नहीं देखाय।’’
अमनी गरूर में। तस्वीर बड़की की पदवी गिरा देगी। मिस्टर दुइ लात मार कर कहेगा यहाँ का कर रही है ? फोटू वाले यार के पास जा। बड़की तुम गई काम से। अॅंधरी कै दिन की मेहमान। हमारा एक छत्र राज होगा।
अमनी इसे संयोग नहीं गजब कहेगी। इस समय मिस्टर स्कूली बच्चों को घर पहुँचाता है लेकिन उसके रिक्शे की टुनटुनाहट सुनाई दे रही है। वह टुनटुनाहट पहचानती है। अभिन्न ध्वनियाँ कुछ भिन्न होती हैं। अभ्यास से पहचान ली जाती हैं। रिक्शा पतली गली के मुहाने पर खड़ा कर अच्छे, पतली उनींदी सी उप गली जहाँ रिक्शा नहीं जा सकता, से होकर घर पहुँचा। बड़े मुहूर्त पर पहुँचे अच्छे के स्वागत में अमनी लपकी। लेकिन इसे वह कुयोग नहीं अनर्थ कहेगी। मिस्टर के ठीक पीछे बड़की। दो दिन हुये, ढलाई के काम से सज्जनपुर गई चिमटी रेजा-मजदूरों के साथ ट्रक से उतरकर तेज धूप में पैदल घर की ओर चली आ रही थी। बच्चों को घर पहुँचा कर लौटते अच्छे ने उसे रिक्शे में बैठा लिया।
11.
‘‘चिमटी पइदल आबत रही। हम रेक्सा में ले आये।’’
अच्छे लाल सफाई नहीं दे रहा था। अमनी को लगा दे रहा है।
‘‘…………।’’
‘‘जीतू-मनी इसकूल से नहीं आये ?’’
‘‘चार बजे आबत हॅंय।’’
‘‘पानी दे। पियास लगी हय।’’
चिमटी तत्पर हुई ‘‘ऐ हो, धूप मा आये हो। खाली पानी न पियो। हम बताशा देते हैं। खाय के पियो।’’
बताशा लेने कमरे में गई चिमटी गोहार मारती लौटी –
‘‘हमार बकसिया खुली हय। दिन मा डाका पड़ गा का ?’’
अमनी के होश फाख्ता हो गये। बेध्यानी में बक्सा खुला छोड़ दिया। मालूम न था बड़की, मिस्टर के साथ जोड़ा बनाकर कूद पड़ेगी।
‘‘डाका नहीं पड़ा। अमनी कुछू ढॅूढ़त रही।’’ नादन वाली ने भेद खोल दिया।
चिमटी को अमनी की ईष्र्या-द्वेष का आभास है लेकिन इस हद दर्जे के सलूक की कल्पना नहीं थी –
‘‘अमनी, का ढूँढ़त रही ? हम तोर कउन धन चोराये हैं ?’’
अमनी ने होश सम्भाला। पलटवार करना होगा। बड़की पर आरोप तय होते ही सब जने भूल जायेंगे बड़की की बकसिया क्यों खोली ?
‘‘या फोटू को चीन्हती हो ? कउने यार के हय ? ढलाई में जाती हो के यार से मिलने ? ……… मिस्टर या फोटू बड़की की बकसिया मा मिली। बहुत कहते हो चिमटी जइसी खरी मेहेरिया न मिलेगी ….।’’
अच्छे लाल ने तस्वीर थाम ली। हैट धारण किये बड़ा आदमी जान पड़ता है।
नादन वाली की नजर कमजोर। अच्छे लाल की स्मृति।
अच्छे को याद नहीं भरोसे कैसा दिखता था। तस्वीर में जैसा राजा बाबू लग रहा है वैसा नहीं दिखता था।
‘‘चिमटी ……….।’’
अच्छे के स्वर में अभियोग न था पर चिमटी को लगा अच्छे ने नाइंसाफी कर दी। उसने, अच्छे के हाथ से तस्वीर ले ली। इस तस्वीर को इतनी बार देखा है कि समय की मार और ऊॅंगलियों के स्पर्श से धुँधली-पीली हो गई है। यह तस्वीर नहीं एहसास है। इस एहसास के कारण वह अब भी उस आयु सीमा
12.
में ठहरी हुई है जब भरोसे लाल से मिली थी। वह छोटा सा वक्त उसकी जिंदगी बन गया। ……..बहुत सी पुरानी तारीखें याद आईं ………. याद आये क्रमवार हादसे ………संघर्ष, धिक्कार, भत्र्सना याद आई ………।
अंतिम सब्र पर चिमटी।
‘‘सुन अमनी, हम परमीसन न देइत त मिस्टर तोसे काज करैं का रेडी नहीं रहे ……… अउर लैला के बाबू तुम ……… तुमहीं का सफाई दें ? दीदी त अॅंधरी है, आपन पूत न चीन्ह सकी। पर तुमको कबहूँ सुध नहीं आती एक बड़ा भाई रहा ? या तोंहरे बड़े भाई के फोटू हय। गॅंउतरी करने अबेर आये रहे, तब हमको दिये थे। बिस्वास न हो तो हमारी भउजी से पूँछ लेना। हम यहय फोटू के सहारे अमरपाटन आये, या घर मा रहे, दीदी के ताड़ना सहे, तुहीं इस्कूल भेजे ………हमहीं दुःख हय तुम फोटू को नहीं चीन्हते ………..
भर आईं कभी न भरने वाली चिमटी की आँखें। बरस गया भीतरी अवयवों में समो कर रखा गया रुदन। अमनी और अच्छे को स्तब्ध छोड़ चिमटी अपने कमरे में आ गई। खोले गये ताले का सोच नहीं। सोच नहीं, रुपये सुरक्षित हैं अथवा नहीं। कसक है भरोसे की तस्वीर कलंकित हुई। किसे समझाये एक मुश्त समय के लिये मिला भरोसे लाल उसके दिल से नहीं गया। नहीं गया इसलिये उसने अच्छे लाल से अधिक प्रेम इस तस्वीर से किया। ………… तस्वीर को जतन से बक्से में रखती चिमटी बेहिसाब रो रही थी। अच्छे का सहारा लेना नहीं चाहती। तस्वीर सहारा बन नहीं सकती।
…………………
सुषमा मुनीन्द्र
सतना, मध्यप्रदेश
द्वा
फ्लैट नं0 7, द्वितीय तल
महेश्वरी स्वीट्स के पीछे
रीवा रोड, सतना (म.प्र.)-485001
मोबाइल: 08269895950