20 मई 2018
मेरी शादी को अभी हफ्ता बीता है | लगता है,यहाँ की मिट्टी मेरी जड़ों के लिए नहीं बनी |
25 मई 2018
सुना था,शादी सुख-दुःख साझा करने का नाम है | यहाँ दुःख अपना है,सुख तो खैर है ही नहीं | सास के पास कामों की लम्बी लिस्ट है,तो इनके लिए मैं देह की प्यास बुझाने का ज़रिया हूँ बस |
30 मई 2018
आज इन्होंने पूछा है कि मैं क्यों उदास हूँ ? क्या कहती ? मुझसे कभी कोई बात नहीं चीत नहीं | आए, रौंदा, सो गए | मैं तो अब तक अनछुई ही रही |
5 जून 2018
मुरझाती जा रही हूँ |
13 जून 2018
शादी को आज महीना हो गया |महीने-भर दो गुलामियाँ भुगती हैं | दिन में हाथ-पैर होती हूँ,रात में भोग की वस्तु |
17 जून 2018
जिंदगी भार हो गई है ,रेगिस्तान में नंगे पाँव रेंगती हुई |
20 जून 2018
इनके हाथ ही नहीं,सोच भी तंग है | खाने-पीने पर पहरेदारी है |
22 जून 2018
जिन्दगी के अँधेरे कमरे में एक खिड़की थी – सहेलियों को फोन करना | वह भी बंद होने का खतरा है |रात को आकर पहले मोबाइल चेक करते हैं | मुझे ये पति नहीं, थानेदार लगते हैं |
25 जून 2018
कल मैंने सुना,ये अपनी मां से कह रहे थे,इसका हिसाब जल्दी कर देना है |तब से मेरे पांवों तले जमीन नहीं | मुझे ये दहेज-लोभी लगते हैं | मार भी सकते हैं |
28 जून 2018
रोटी गोल न होने का बहाना बनाकर कल इन्होंने मुझे पीटा | सास ने जुगलबंदी की |दोनों ने कहा – चली जा अपने घर |’ समझ नहीं आता क्या करूँ ? रात-भर बुखार रहा | इससे तो जेल अच्छी |
10 जुलाई 2018
ये दस दिन से पीलिया में पड़े हैं | कभी ख़याल आता है ये मर जाएँ तो मुझे क्या इनके मरने पर मुझे दुःख होगा ?
अशोक भाटिया
प्रकाशित तिथि: 14 मई 2025