सच्चिदानंद जोशी की कहानी- प्रमोशन

लेखक - सच्चिदानंद जोशी

हमेशा की तरह अंधड़-सी चलने वाली और खड़कने वाली प्रीति जब सुस्त कदमों से, बिना आवाज किए घर में दाखिल हुई तो स्निग्धा की तरह मुझे भी आश्चर्य हुआ। उसने रोज की तरह मुझे अखबार तो दिया, लेकिन न रोज की तरह नमस्ते की और न ही अखबार की हेडलाइन बताई। उसका यह व्यवहार हम दोनों के लिए अजूबा था। इससे पहले कि स्निग्धा उससे कुछ पूछ पाती, उसने स्निग्धा के हाथ में एक पैकट रख दिया। स्निग्धा ने उसे खोलकर देखा और चौंक गई, ‘अरे, यह क्या। यह साड़ी तुम वैसी की वैसी ही ले आईं, पहनी नहीं?’
 
‘नहीं मेम साहब।’ प्रीति ने कहा और किचन में अपना काम करने चली गई। वह चुपचाप काम कर रही थी। रोज चलने वाली उसकी रनिंग कमेंट्री बंद थी। न वह दूसरे घरों के हालचाल बता रही थी, न ही हमारे घर के खाने के बारे में अपनी विशेषज्ञ राय दे रही थी। आश्चर्य तो तब हुआ, जब उसने न खुद के लिए चाय बनाई, न हमें चाय के लिए पूछा।
Basant — Vcare Language Academy
रोज का नियम था कि प्रीति जब आएगी तो अपने लिए और हमारे लिए चाय बनाएगी। वह हमारी दिन की दूसरी चाय होती थी और हम सभी उस चाय का बेताबी से प्रतीक्षा करते थे, क्योंकि प्रीति चाय बहुत अच्छी बनाती थी।
 
‘आज चाय नहीं बनाओगी ?’
 
स्निग्धा ने पूछा।
 
‘मुझे तो नहीं पीनी। आपको पीनी  हो तो चढ़ा देती हूँ।’ उसने अनमना-सा – होकर कहा और काम में लग गई।
 
प्रीति घर में हो और घर का वातावरण शांत – रहे, ऐसा तो कभी हुआ नहीं। उसका बोलते-बोलते काम करना, इधर-उधर की बातें सुनाना, – हंसी-मजाक, थोड़ा झुंझलाना, स्निग्धा की डांट पर बहस करना, मुझसे या बच्चों से किसी बात को लेकर जानकारी लेना, वे उसके रोज के काम थे। बच्चे भी कहते ‘प्रीति आंटी आती हैं, तो हमारे घर में चैतन्य आ जाता है।’ प्रीति न आए तो बच्चे अपने लैपटाप पर और हम अपने मोबाइल पर। एक बार तो प्रीति ने घर में घुसते ही बच्चों को डांटते हुए कहा था, ‘ये कैसा सन्नाटा लगा रखा है। सब अपने कंप्यूटर में घुसे हो। यह नहीं कि माँ -बाप से चार बातें भी कर लो। और आप भी मेमसाहब, मोबाइल से चिपकी हो, कुछ कहती क्यों नहीं इनसे।’
 
वह इसी अधिकार से हमारे घर में थी पिछले 20 सालों से, जब प्रीति के पति नरेंद्र की अचानक एक हादसे में मृत्यु हो गई थी और वह अपने दो छोटे बच्चों और एक लड़के और एक लड़की के साथ हमारे घर काम के लिए आई थी। हमारे घर – का काम उसका पहला काम था, लेकिन उसके बाद तो जैसे उसके पास कामों की कतार लग गई। आज वह हमारी सोसायटी की सेलिब्रिटी डोमेस्टिक हेल्प है। पहली बार जब स्निग्धा ने  प्रीति के सामने डोमेस्टिक हेल्प शब्द का प्रयोग  किया था, तो प्रीति को समझ में नहीं आया था। बाद में जब उसने बच्चों से अर्थ पूछा तो उसे यह शब्द जंच गया। स्निग्धा ने उसे तब  यह भी बताया कि यह सम्मानजनक शब्द है, जैसे वह खुद अपने आपको होम मेकर कहती  है और बड़े गर्व से कहती है। तब से प्रीति भी बडे फ़ख्र से अपने लिए डोमेस्टिक हेल्प शब्द  का ही प्रयोग करने लगी। बड़े बेटे ने उसके  पीछे उसका मजाक बनाते हुए कहा भी कि प्रीति दीदी डोमेस्टिक हेल्प ऐसे कहती हैं, जैसे मैनेजिंग डायरेक्टर कह रही हों। तभी छोटी बेटी तपाक से बोली, ‘भला हो मम्मा ने उस दिन गवर्नेस नहीं कहा, वरना प्रीति दीदी गवर्नर के रौब से ही घूमती हमारे घर में।’ ऐसी हमारी लाइफलाइन प्रीति का यूं गुमसुम रहना हम दोनों को खल रहा था। स्निग्धा उस ने साड़ी के पैकेट को उलट-पुलट कर देख रही थी, जिसमें उसकी कांजीवरम की साड़ी रखी  थी और यह समझने की कोशिश कर रही थी तो कि आखिर हुआ क्या है। तभी प्रोति दो कप तब चाय लेकर आ गई। वह ट्रे रखकर जा रही थी , कि स्निग्धा ने उसका हाथ पकड़ लिया और बोली, ‘प्रीति, सच बताओ… हुआ क्या है? यह साड़ी तुमने बिना पहने क्यों लौटा दी?’
 
स्निग्धा का यह कहना था कि जैसे भावनाओं का जलजला आ गया। प्रीति की आंखों से आंसू झरने लगे और वह हिचकियां लेकर रोने लगी। वह क्या कह रही थी, यह हम दोनों को ही ठीक से समझ नहीं आ रहा था, बस इतना समझ में आ रहा था कि उसके बेटे मनीष से जुड़ी कोई बात है। स्निग्धा ने उसे पास के स्टूल पर बैठाया और उसकी पीठ पर हाथ फेरकर दिलासा देते बोली, ‘पता नहीं क्या हो गया इसे। परसों हो तो इसने साड़ी मांगी थी। कहती थी मनीष के इंस्टीट्यूट मे फंक्शन है। उसमें अच्छी साड़ी पहननी है। इसलिए मैंने कांजीवरम निकालकर दी इसे। कितने दिनों से तो बात कर रही थी इस फंक्शन की। कल दोपहर की छु‌ट्टी भी ली थी फंक्शन की तैयारी के लिए। फिर अचानक क्या हो गया।’ प्रीति को रुलाई धोड़ी कम हुई और उसकी आवाज में अब स्पष्टता भी थी, ‘आपने बड़े प्यार से साड़ी दी थी मेमसाहब। जैसे ही मैंने वह साड़ी मनीष को दिखाई, वह बोला, ‘यह साड़ी नहीं पहनना है। जैसे तुम रोज रहती हो, वैसे ही चलना है। इंस्टीट्यूट वाले तुम्हारा इस बात के लिए ऑनर कर रहे हैं कि कैसे हालात में रहकर तुमने मुझे पढ़ाया है।”
 
‘तो इससे क्या फर्क पड़ता है। फंक्शन में तो हर कोई अच्छे से ही जाता है।’ मैंने कहा।
 
‘साहब (मनीष के इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर) का कहना था कि इस साड़ी में मेरी फोटो अच्छी नहीं आएगी। उन्होंने मनीष की पढ़ाई की फीस माफ की है ना। वे यह फोटो इंस्टीट्यूट के प्रमोशन के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं।’ प्रीति बोली और उसको रुलाई फिर छूट गई।
 
‘कितनी अजीब बात है कि मेरी अच्छी साड़ी से उनकी फोटो बिगड़ जाएगी। सबका प्रमोशन होता है साहब, आपका होता है, बच्चों का होता है। क्या हमारा प्रमोशन कभी नहीं हो सकता। क्या हम कभी डोमेस्टिक हेल्प से, होम मेकर नहीं बन सकते?’ प्रीति रोती जा रही पी और स्निग्धा उसकी पीठ पर हाथ रखकर उसे दिलासा दे रही थी। अपने तीस-पैंतीस साल के प्रशासनिक जीवन में प्रमोशन से जुड़े कई जटिल प्रकरण सुलझाए थे। लेकिन प्रमोशन के इस प्रकरण का मेरे पास कोई समाधान नहीं था। टेबल पर रखी चाय में मलाई जमने लगी थी और ड्राइक्लीनर के पैकट से झांकती कांजीवरम की साड़ी हमें मुँह चिढ़ा रही थी।
 
 
 
सच्चिदानंद जोशी 
Member Secretary, Indira Gandhi National Centre for the Arts (IGNCA),
an Autonomous Trust under the Ministry of Culture (Govt. of India), National President, Bharatiya Shikshan Mandal
प्रकाशित तिथि: 11 मई 2025   
 
 

Author