पग पग पर हैं कई चुनौती,
जीवन के इस दुर्गम पथ पर,
वीर, न रुकना, बढ़ते जाना,
तुम चढ़कर साहस के रथ पर,
कभी न किंचित घबराना है ।
तुम्हें बहुत आगे जाना है ।।
अपनी भाग्य-लकीरें गढ़ना
अपनी कर्मठता के बल पर,
विज्ञ समय का मूल्य समझते,
टाल न देना तुम कुछ कल पर,
आज, अभी नवयुग लाना है ।
तुम्हें बहुत आगे जाना है।।
जो चलता है, वही पहुँचता,
ध्येय-शिखर को वह छू लेता,
वही नया इतिहास बनाता,
बन पाता है वही विजेता,
विजय-वरण कर मुस्काना है ।
तुम्हें बहुत आगे जाना है ।।
— त्रिलोक सिंह ठकुरेला
प्रकाशित तिथि: 16 मई 2025