नदी की लहरों ने
एक गीत लिखा
जिसे पवन की नाव ने
पहुंचा दिया उस किनारे
जहाँ तुम बैठे
एक _ एक कंकड
नदी के तल में फेंक
मेरी यादों को
चित्रित कर रहे थे.
वह गीत किनारे पर ठहरा हुआ
आकुल था
तुम्हारे होंठों की स्मित
पर बिखरने के लिये।
और फिर,
ज्यों ही तुमने अंजुरी में जल भरा
वो गीत इंद्रधनुष सा
बिखर गया
और सामने आया नियति का
सबसे सुंदर दृश्य
जिसकी प्रतीक्षा में
मै और तुम अनंत से थे।
हम दोनों एक दूजे के
समीप थे
इतनी समीप जिसे
सृष्टि में
एकाकार हो जाना
कहते हैं।
हमारी आत्माएँ,
जैसे नदी की धारा में बंधी हुई थीं,
प्राचीन प्रेम के वे रेखाएँ
जो समय की चुप्प को छेड़े बिना
सदियों से मौन में गूंज रही थीं।
वे रेखाएँ
हमारे हृदय में समाकर
जीवन के संघर्ष और
शांति के बीच
लहराता हुआ हमें
एक कर रहीं थीं।
उस क्षण में
हम दोनों ने पाया कि
हम सदियों से
एक अदृश्य सूत्र से जुड़े थे,
एक सच था सामने,
जो न समय से बंधा था,
न किसी दूरी से,
बल्कि वह प्रेम था—
प्रेम…
जिसे न नाम दिया जा सकता है,
न कोई रूप।
तुम और मैं,
हम वही थे जिन्हें नियति
पुनः मिलाने के लिए रचती रही है
बार –बार जीवन की सरगम
और अब,
हमारी यात्रा
अनंतता की ओर बढ़ने लगी है ,
जहाँ प्रेम और अस्तित्व
एक ही रंग के होते हैं,
एक ही लय में चलते हैं
साथ – साथ, सर्वदा।
मेघा राठी
भोपाल मध्य प्रदेश
प्रकाशित तिथि: 15 मई 2025