अनिल पुरोहित की कहानी – भीतर की आवाज़

लेखक  - अनिल पुरोहित

गुरुग्राम के एक ऊँचे अपार्टमेंट की पंद्रहवीं मंज़िल पर, एक खिड़की से सुबह की धुँधली रोशनी अंदर रिस रही थी। घड़ी ने अभी सुबह के पाँच बजाए थे, और पूरा शहर जैसे नींद की चादर में लिपटा हुआ था। मगर उस कमरे में कोई करवटें नहीं ले रहा था — वहाँ तो एक स्त्री अपनी चुप्पी में सजग होकर खड़ी थी।

अन्वी जोशी — उम्र लगभग अड़तीस, चेहरे पर थकान की महीन लकीरें, लेकिन चाल में एक तयशुदा लय। अलार्म बजने से पहले ही उसकी नींद खुल जाती थी, जैसे उसके शरीर ने खुद को एक मशीन की तरह प्रशिक्षित कर लिया हो। पहले पानी गरम करना, फिर बच्चों के टिफ़िन के लिए सब्ज़ी काटना, और साथ-साथ एक फ़ोन पर ईमेल खोलना — सब कुछ जैसे एक ही साँस में समाया हुआ हो।

Self Love — Vcare Language Academy

रसोई की दीवारों पर टँगे कैलेंडर पर “टू-डू” लिस्टें मुस्कुरा रही थीं — ‘नील का स्पोर्ट्स डे’, ‘दीया का डांस प्रैक्टिस’, ‘अभिषेक का हेल्थ चेकअप’ — लेकिन उसमें कहीं “अन्वी” नाम का ज़िक्र नहीं था। मानो वह स्वयं अपने जीवन के एजेंडे से अनुपस्थित थी।

चाय की केतली सीटी मारती रही, मगर उसके कानों ने सुना नहीं। वो टिफ़िन बॉक्स में रोटी लपेट रही थी, जैसे रोज़ लपेटती है — बिना नमक की सब्ज़ी, नील की मर्ज़ी का ध्यान रखते हुए। दीया के लिए कटे फल, और पति के लिए वो ब्राउन ब्रेड — जिसे वह अक्सर ऑफिस जाते वक़्त कार में रख देना ही पर्याप्त समझता है।

“अन्वी, मेरी शर्ट कहाँ है?”
बैडरूम से आती आवाज़ ने उसकी उँगलियाँ तेज़ कर दीं।

“अलमारी में बाईं तरफ़, प्रेस करके रखी है।”
उसका उत्तर स्थिर था, जैसे यह संवाद नहीं, एक ड्यूटी कॉल हो।

अभिषेक — उसके जीवन का वो पात्र, जो अब एक दिनचर्या का हिस्सा बन चुका था। उनके बीच अब प्रेम नहीं, बल्कि एक सुगठित साझेदारी थी — जैसे दो को-फाउंडर्स किसी परिवार नामक स्टार्टअप को चला रहे हों।

बच्चों को उठाते हुए अन्वी का मन कई बार थमता था। दीया की नींद में बसी मासूम मुस्कान उसे कुछ पल के लिए रोक लेती थी — वो मुस्कान जो अब उसे अपने चेहरे पर देखने को नहीं मिलती। नील आँखें मलते हुए बड़बड़ाया, “मम्मा, आज मैथ्स टेस्ट है, रिवाइज करवा दो।”

“रात को कहा था, पर तुमने वीडियो गेम खेलते रहे। अब जल्दी करो।”
उसका स्वर माँ और शिक्षक के बीच कहीं उलझा हुआ था।

पूरा घर उसकी गति से चलता था — अगर वो रुके, तो सब कुछ ठहर जाए। मगर किसी को यह अहसास नहीं था कि अन्वी, जो सबकी ज़रूरतें पूरे समर्पण से पूरा करती है, उसके अपने भीतर कोई आवाज़ है भी या नहीं।

जब सब नाश्ते की टेबल पर आ बैठे, तब भी उसकी प्लेट ख़ाली थी।
“तुम खाओगी नहीं?” अभिषेक ने यूँ ही पूछ लिया।

“बाद में… जल्दी निकलना है।”
वो मुस्कुराई, मगर वो मुस्कान रसोई की खिड़की से उड़ते कबूतरों जितनी क्षणभंगुर थी।

ऑफिस के लिए निकलते वक़्त, वो अपने आइने के सामने खड़ी हुई। हल्के गुलाबी कुर्ते में, करीने से बनी बिंदी और सलीके से संवरी चूड़ियाँ — सब कुछ ‘एक आदर्श महिला’ की परिभाषा में फिट था। मगर आँखें? आँखों में एक थकी हुई चमक थी, जैसे रौशनी और अंधेरे के बीच कोई संवाद ठहरा हो।

लिफ़्ट में खड़े अनजान लोग मोबाइल पर झुके थे, और अन्वी खामोश थी। नीचे उतरती हर मंज़िल जैसे उसे उसकी अपनी ही परतों से उतार रही थी — स्त्री, पत्नी, माँ, कर्मचारी… और अंत में, बस एक देह, जो लगातार मशीन की तरह चलती रहती है।

कार की खिड़की से बाहर देखा, तो देखा सूरज उग रहा है। लोग चाय की दुकान पर बैठकर अख़बार पढ़ रहे हैं, कुछ साइकिल पर दूध लिए भाग रहे हैं — हर कोई अपनी भूमिका में व्यस्त।

वो सोचती है — “क्या मैं भी ऐसी ही एक भूमिका हूँ? किसी फ़ाइल की तरह, जो सिर्फ़ ‘इम्पोर्टेन्ट’ होने के कारण सँभाली जाती है, समझी नहीं जाती।”

ऑफिस पहुँचकर जब उसने केबिन का दरवाज़ा खोला, तो उसकी मेज़ पर फ़ाइलें उसका इंतज़ार कर रही थीं — जैसे घर में उसकी थाली।

किसी ने पूछा नहीं कि वो कैसी है। शायद अब उसे यह उम्मीद भी नहीं।

उसने लैपटॉप खोला, और टाइप करने लगी — लेकिन उसके मन में किसी पुरानी कविता की पंक्तियाँ गूंजने लगीं:

“एक स्त्री जो दिनभर चलती है,
वो रुकती कहाँ है — वो ठहरती कहाँ है?
उसे बस पता होता है — सबके समय पर तैयार रहना…”

अन्वी ने एक क्षण को आँखें बंद कीं।
सन्नाटा था, सुबह का — और उस सन्नाटे में उसकी आत्मा की एक धीमी सी आवाज़ गूँज रही थी…

“मैं कहाँ हूँ, इस पूरी भागमभाग में?”

दोपहर के करीब एक बजे ऑफिस की इमारत पर धूप सीधी पड़ रही थी। शीशे की खिड़कियों से टकराती रोशनी के पीछे लोग अपने-अपने सिस्टम में झुके थे — हर किसी की आँखें स्क्रीन पर, लेकिन मन कहीं और।

अन्वी अपने केबिन में बैठी थी — वही आरामदायक कुर्सी, वही कॉर्पोरेट फर्नीचर की चमक, और वही ऑफिस डेस्क पर सजी स्मृतियाँ — बच्चों की तस्वीरें, एक मनी प्लांट और पति के साथ लोनावला ट्रिप की फ्रेम की हुई फोटो। सब कुछ व्यवस्थित, सब कुछ सजीव, लेकिन फिर भी — उस सबके पीछे कोई रिक्तता छिपी थी, जो सिर्फ़ वही महसूस कर सकती थी।

तभी एक फ़ोन कॉल आया — माँ का था।
“बेटा, तेरी आवाज़ कुछ थकी – थकी सी लग रही है… सब ठीक है ना?”

“हाँ माँ, सब बढ़िया है,” उसने जवाब दिया, जैसे रोज़ देती है — सफ़ेद झूठ, आत्मीयता की रक्षा में।

माँ ने चुप्पी में सब सुन लिया, फिर बस इतना कहा,
“तू अपना भी ध्यान रख लिया कर।”

लेकिन खुद का ध्यान रखने का वक़्त किस स्त्री को मिला है, जो हर दिन परिवार और कैरियर की रस्साकशी में अपनी साँसों को खींचती है? अन्वी को भी नहीं।

ऑफिस की एक सहयोगी — कृतिका — उम्र में छोटी, पर जीवन के चयन में स्वतंत्र। खुले बाल, खुले विचार। वह अन्वी के केबिन में आई और बोली:

“अन्वी मैम, आज लंच में चलें? नीचे की कैफे में अच्छा पास्ता मिलता है।”

अन्वी मुस्कुराई, फिर धीरे से कहा — “तुम जाओ, मुझे कुछ रिपोर्ट्स खत्म करनी हैं।”

कृतिका ने हँसते हुए कहा — “आप हमेशा इतनी बिज़ी क्यों रहती हैं, मैम? कभी अपने लिए भी तो वक़्त निकालिए।”

अन्वी उसकी बात पर मुस्कुराई — मगर वह मुस्कान दर्पण में उभरी एक दरार जैसी थी।

“मैंने कब कहा कि मैं अपने लिए वक़्त नहीं निकालती?”
उसका स्वर कोमल था, पर उसमें कहीं एक लाचारी की परत छिपी थी।

कृतिका चली गई। अन्वी खिड़की की ओर घूम गई।

खिड़की के पार लोग नज़र आ रहे थे — कोई धूप में बैठा किताब पढ़ रहा था, कोई कानों में इयरफोन लगाए सपनों की दुनिया में था, कोई ज़ोर से हँस रहा था… और वह?
वह खिड़की के भीतर बैठी, उस दर्पण को देख रही थी, जिसमें उसकी पहचान सिर्फ़ “दूसरों के लिए उपयोगी” होने तक सीमित थी।

लंच के बाद का समय सबसे भारी होता है — मन और देह दोनों पर। ऐसे में उसकी स्क्रीन पर एक ईमेल आया — “इनर वेलनेस वर्कशॉप फॉर वर्किंग विमेन”

विषय चौंकाने वाला नहीं था, लेकिन एक पंक्ति ने उसे सोचने पर मजबूर कर दिया —“क्या आप भी दूसरों की ज़रूरतें पूरी करते-करते अपनी इच्छाओं को भूल चुकी हैं?”

उसने ईमेल को बिना डिलीट किए डेस्कटॉप पर छोड़ा — जैसे कोई खत, जो अभी पूरी तरह पढ़ा नहीं गया है।

शाम को घर लौटते समय, ट्रैफिक की बत्तियाँ उसके चेहरे पर आ-जा रही थीं — लाल, पीली, हरी — जैसे जीवन की उलझनों के रंग।

रेड लाइट पर उसकी कार रुकी तो बगल वाली गाड़ी से कोई गाना बज रहा था:

“ज़िंदगी के सफ़र में गुज़र जाते हैं जो मक़ाम, वो फिर नहीं आते…”

अन्वी ने आँखें मूँद लीं। उसका मन जैसे पीछे चला गया — कॉलेज के दिनों में, जब वह हर शाम डायरी में कविता लिखा करती थी। उन पन्नों में वो पंख थे, जो अब कहीं दबे पड़े थे — रसोई के डिब्बों और ऑफिस की फ़ाइलों के नीचे।

उसी रात जब सब सो चुके थे, तब वह चुपचाप अपनी अलमारी के कोने से वो पुरानी डायरी निकाल लाई — हल्का नीला कवर, किनारे घिसे हुए। उसने पन्ने पलटे — कहीं पहली कविता थी ‘आज़ादी’, कहीं दूसरी — ‘बेख़बर चाँद’, और एक आख़िरी — ‘मैं, एक स्त्री’।

उसने उस कविता को फिर से पढ़ा — जैसे वर्षों बाद कोई अपना ख़त मिला हो।

“मैं, एक स्त्री —
जिसके पास वक़्त है सबके लिए,
पर खुद के लिए नहीं।
जिसकी थाली में सबका निवाला है,
पर भूख उसकी शब्दों में छुपी है।”

पंक्तियाँ थरथरा उठीं, और उसके मन में कुछ दरकने लगा — जैसे वर्षों से बंद कोई खिड़की अचानक खुल गई हो।

रात के एक बजे, वह बालकनी में खड़ी थी। शहर की रौशनी चुप थी, लेकिन हवा चल रही थी — ठंडी, सच्ची और हल्की विद्रोही।

उसने खुद से एक सवाल किया —
“क्या अब भी समय है, खुद से मिलने का?”

कोई उत्तर नहीं आया, लेकिन प्रश्न में ही जैसे समाधान छिपा था। वह मुस्कुराई — इस बार थोड़ी देर के लिए, थोड़ी ईमानदारी से।

शनिवार की सुबह थी — ऑफिस से छुट्टी का दिन। लेकिन अन्वी का अलार्म रोज़ की तरह समय पर बजा। पति अभी तक सो रहे थे, बच्चे मोबाइल में व्यस्त। रसोई में गैस पर दूध उबालने की आवाज़ आ रही थी, और बाहर सड़कों पर चाय की दुकानों के आगे खड़े लोग अपने अख़बार पलट रहे थे।

पर आज कुछ अलग था।
अन्वी ने दूध के उबलने की आवाज़ सुनी, मगर रसोई में नहीं गई।
उसने आज पहली बार अपने दिल की आवाज़ पहले सुनी।

सुबह 10 बजे के करीब, उसने एक हल्की गुलाबी साड़ी पहनी — वही जो वर्षों से आलमारी में रखी थी, सिर्फ़ “कभी अपने लिए पहनूँगी” के वादे पर। उसने बाल खोले, हल्का काजल लगाया और कानों में वो झुमके पहने जो कभी कॉलेज के दिनों में प्रिय थे।

बच्चों ने चौंककर देखा —
“मॉम! किसी पार्टी में जा रही हो?”

वह मुस्कुराई।
“नहीं बेटा, आज सिर्फ़ खुद से मिलने जा रही हूँ।”

पति, जो मोबाइल में बिज़ी थे, उन्होंने भी सर उठाया, थोड़ा आश्चर्य, थोड़ा प्रश्न, लेकिन अन्वी ने जवाब नहीं दिया — सिर्फ़ आँखों से कह दिया, “आज मेरा दिन है।”

कैफ़े ‘सांझ’ — वह जगह जहाँ अन्वी कॉलेज के दिनों में दोस्तों संग घंटों बैठा करती थी। वही पुराना कोना, अब थोड़ा नया हो गया था, लेकिन वहाँ की खिड़की अब भी वैसी ही थी — जहाँ से बाहर की दुनिया को देखते हुए भीतर की दुनिया में उतरा जा सकता था।

उसने एक कॉफी मँगवाई, और बैग से अपनी डायरी निकाली — वही पुरानी, हल्के नीले कवर वाली।

सामने की मेज़ पर एक युवती बैठी थी, लैपटॉप पर टाइप करती हुई। कंधों पर दुपट्टा ढलका था, कानों में ईयरफोन। कुछ-कुछ वैसी ही दिखती थी जैसे कभी अन्वी हुआ करती थी — स्वप्नों से भरी, दुनिया बदल देने के संकल्प से ओत-प्रोत।

अन्वी ने उसे देखते हुए एक नयी कविता लिखनी शुरू की —
“मैं लौट आई हूँ
खुद में —
न अपूर्ण, न परिपूर्ण,
बस अपनी पूरी सच्चाई में।”

कॉफी की भाप और शब्दों की गरमाहट ने उसे फिर से ज़िंदा कर दिया।

दोपहर को वह एक बुकस्टोर गई — जहाँ उसने वर्षों बाद किताबों को नज़र भर के देखा। न ऑफिस की रिपोर्ट थी, न बच्चों की लिस्ट — बस अपने लिए कुछ पल। एक किताब उसने खरीदी — “स्त्रियाँ क्यों थकती हैं?” — और जब काउंटर पर पैसे दिए तो काउंटर गर्ल ने मुस्कराकर कहा, “मैम, आप आज बहुत अलग लग रही हैं।”

अन्वी ने धीमे से कहा — “हाँ, शायद आज मैं थोड़ी अपनी हूँ।”

शाम होते-होते सूरज ढलने लगा। उसने पार्क की ओर रुख़ किया — वही पार्क जहाँ कभी बच्चों को झूले पर छोड़ खुद फोन पर ऑफिस कॉल करती थी। लेकिन आज वह सिर्फ़ बेंच पर बैठी रही — न फोन, न फ़िक्र।

पास ही कुछ महिलाएँ हँस रही थीं — कोई कामकाजी, कोई गृहिणी, कोई शायद हाल ही में माँ बनी। सभी के चेहरों पर थकावट थी, लेकिन हँसी में जीवन की चमक थी। वह उनकी बातों को सुनती रही — बच्चों की शरारतें, पतियों की आदतें, ऑफिस की राजनीति, और कभी-कभी अधूरी ख्वाहिशों की झलक।

तभी एक महिला बोली —
“पता है, कभी-कभी मन करता है बस एक दिन अपनी मर्ज़ी से जियें।”

अन्वी ने पहली बार किसी अनजान को देख मुस्कराकर कहा —
“आज मैंने वही किया।”

वे सब थोड़ी देर को चुप रहीं, फिर उनके चेहरों पर भी एक नई चमक आ गई — जैसे किसी ने उन्हें भी इजाज़त दे दी हो — अपने लिए जीने की।

रात को घर लौटी तो बच्चे उसकी ओर दौड़े —
“मॉम! आपने डिनर नहीं बनाया?”

“आज मैंने सिर्फ़ अपने लिए कुछ बनाया,” उसने कहा और थाली में दही-चावल रखकर बालकनी में चली गई।

पति उसके पास आए, थोड़े उलझे से, बोले — “सब ठीक है ना?”

“हाँ, सब ठीक है। बल्कि शायद बहुत दिनों बाद सब ठीक है।”

वह चुप रहे, फिर बोले —
“तुम्हारा मुस्कुराना… आज कुछ अलग लग रहा है।”

अन्वी ने उनकी ओर देखा —
“क्योंकि आज मैंने किसी और के लिए नहीं, खुद के लिए जिया है।”

रात के अंतिम पहर, जब पूरा घर सो गया, अन्वी फिर से अपनी डायरी खोलती है। एक नई कविता लिखती है —
“जिस दिन कोई और न पूछे —
क्या खाया, क्या पहना,
उसी दिन खुद से पूछूँगी —
क्या सोचा, क्या महसूस किया।
वो दिन मेरा होगा।
और वो दिन… आज है।”

सुबह की हल्की धूप खिड़की के पर्दे चीरती हुई कमरे में प्रवेश कर चुकी थी। अन्वी की आँखें खुलीं तो घड़ी सात बजा चुकी थी। वह चौंकी नहीं, न भागी-भागी रसोई की ओर दौड़ी। वह बस बैठी रही — चुपचाप, शांत, और एक अजीब सी मुस्कराहट के साथ।

आज वह एक नई ऊर्जा से भरी थी। कोई भारीपन नहीं, न कोई अज्ञात अपराधबोध, जो हर सुबह उसके भीतर बिना कहे दस्तक दिया करता था।

उसने आईने के सामने खड़े होकर खुद को देखा। चेहरे पर उम्र की कुछ रेखाएँ थीं — अनुभव की, थकावट की, और कई बार नजरअंदाज किए गए सपनों की। लेकिन उनमें अब एक नयी चमक भी थी — अपने अस्तित्व को फिर से पहचानने की।

आईने में उसे वह लड़की दिखी, जो कभी कॉलेज के दिनों में बड़े-बड़े सपने देखा करती थी —
पत्रकार बनना चाहती थी, समाज में बदलाव लाने की बातें करती थी, और कभी किसी की छाया में नहीं जीना चाहती थी।

आईना उसकी ओर देख मुस्कुरा रहा था, जैसे कह रहा हो —
“तुम अभी भी वही हो। बस कुछ देर के लिए खुद को भूल गई थी।”

नाश्ते की मेज़ पर बैठते हुए उसने बच्चों से कहा —
“कल रविवार है, हम एक ‘माँ का दिन’ मनाएँगे।”

बेटा बोला — “मतलब आप हमारे लिए खाना बनाएंगी?”

अन्वी ने हँसते हुए कहा —“नहीं, इसका उल्टा। आप सब मेरे लिए कुछ करेंगे — एक कविता, एक ड्राइंग, या बस एक प्यारी सी बात। माँ को भी कभी अपना दिन चाहिए होता है।”

बेटी ने तुरंत कहा — “तो क्या हम बाहर खाना ऑर्डर कर सकते हैं?”

अन्वी ने सिर हिलाया —“हाँ, बिल्कुल और उस दिन मैं सिर्फ किताबें पढ़ूँगी, संगीत सुनूँगी और शांति से बैठूँगी।”

पति ने थोड़ा मुस्कराते हुए कहा —“तो अब तुम्हारे भी शौक़ हैं?”

अन्वी ने गहरी नज़र से देखा —“थोड़े नहीं, बहुत हैं और अब से मैं उन्हें भूले बिना जिऊँगी।”

उस दिन शाम को वह एक स्थानीय पुस्तक मेले में गई। एक महिला लेखकों की गोष्ठी चल रही थी — विषय था “आधुनिक स्त्री की पहचान”।

एक वक्ता कह रही थी —
“हमने हमेशा दूसरों के लिए जीना सीखा है — पति, बच्चे, परिवार। लेकिन क्या हमने कभी खुद के लिए जीना चाहा?…और अगर चाहा, तो क्या उसका अपराधबोध हमें खाने नहीं लगा?”

अन्वी की आँखों में नमी आ गई — ये शब्द उसके भीतर के तूफ़ान को नाम दे रहे थे।

सभा के अंत में सवाल-जवाब का सत्र था। अन्वी खड़ी हुई — धीरे, मगर दृढ़ आवाज़ में बोली —

“मैंने अभी हाल ही में खुद को पाया है। पहले मैं सिर्फ़ एक ज़िम्मेदारी थी — एक भूमिका। पर अब मैं एक व्यक्ति हूँ, जो सोचती है, महसूस करती है, और जीना चाहती है, बिना किसी अपराधबोध के।”

सभी ने ताली बजाई। वह मुस्कुराई — आज आईने में जो देखा था, वही अब बाहर था।

रात को, बालकनी में बैठी, अन्वी ने अपनी डायरी में अंतिम पंक्तियाँ लिखीं —
“अब कोई नहीं पूछेगा —
तुमने क्या किया आज?
क्योंकि अब मैं खुद से पूछती हूँ —
तुम कैसी हो आज?”

वह जानती थी, ज़िन्दगी कल भी वैसे ही होगी — बच्चे, ऑफिस, समाज की अपेक्षाएँ। लेकिन अब हर दिन में एक कोना उसका होगा — सिर्फ़ उसका, जहाँ वह अपने सपनों से, अपने विचारों से, और खुद से मिल सकेगी।

अब वह ‘व्यस्त औरत’ नहीं रही — अब वह ‘जागी हुई औरत’ थी।
जिसे न अब दुनिया की रफ्तार डराती थी, न समाज की चुप्पी।
जिसने अपने भीतर की आवाज़ को पहचान लिया था —
और वही आवाज़ अब उसकी सबसे बड़ी शक्ति थी।

अनिल पुरोहित   
सुजानगढ़- 331507(राज.)


प्रकाशित तिथि: 15  मई 2025