“चला जाऊँगा, चला जाऊँगा,” शहर की ऐंठ ने लचका मारा, “छोटे-मोटे विकाने मैं भीख नहीं मांगता। गाँव के चिरकुट लोग क्या तो खुद खायेंगे, क्या दान-दक्षिणा देंगे!”
“तो रुका काहे है?” छंगू मँगते ने आँखें तरेरीं।
“रुका हुआ हूँ तुम अन्धों की आँख में उँगली देने। रिरियाते-गिड़गिड़ाते दया की भीख माँगते जितना टेम तुम फिजूल करते हो यहाँ, हमारे यहाँ के मामूली मन्दिर का ठियाँ भी धरे बैठे होते न तो दिनभर में सैकड़ों पीटते।
“मुच्च से मुँह का तक रहे! हमारे यहाँ काले धन्धेवालों का दिल भगवान में खूब रमता है। भीख में काला पैसा बरसता है। ये अठन्नी-चवन्नी हमारे यहाँ के मँगते, दानी के मुँह फेंक मारते हैं। दस, पाँच पत्ते के नीचे भीख नहीं लेते। पूड़ी-हलवा के पैकेट रोज कोई-न-कोई दानी बाँटता ही रहता है। न हो तो बगल के ढाबे, होटल में ले जा जिमा देता है। जीमने की इच्छा न हो तो अपनी पर्ची ले लो। जब जी करे, जीम लो। जीमना न हो तो पर्ची नकद कर लो। कमीशन जरूर कटेगा। कटता रहे।”
सीढ़ियों पर जमे मैंगतों की जमात की जीभ पनिया आयी- “किस्मतवाले हो भाई!”
“किस्मत तुम्हारी भी जाग सकती है।”
“सो कैसे?”
“हमारे साथ हमारे यहाँ चलो।”
“कैसे जा सकते हैं भैया!” उनकी आह फूटी। आँखें भटे हो आईं।
“गाड़ी में बैठ के।”
“पल्ले पैसा न कौड़ी, किराया कहाँ से लायेंगे?”
“जोड़ी गाँठी जमा पूँजी कुछ तो होगी!”
“बोलो, कुछ तो होगी!”
“थोड़ी-बहुत !” सभी के मुँह से निकला।
“तो लाओ, निकालो और आज साँझ की गाड़ी से दिल्ली चलने के लिए सभी मय सामान तैयार हो जाओ।”
छंगू ने जिज्ञासा की, “दिल्ली में रहेंगे कहाँ?”
“सरकार ने बडे अच्छे रैनबसेरे बनाये हुए हैं वहाँ। चिन्ता कैसी ! फिर मेरा घर, तुम्हारा घर।”
झिझकते-सकुचाते बोरे के नीचे से अपनी जमा-पूँजी बटोर सभी ने लँगड़े शहर के हाथ टिका दी।
“बस यही? इतने से कैसे काम चलेगा? चलो, मैं अपनी ओर से मिला दूँगा। दिल्ली में वसूल लूँगा। दे दोगे नह
“झौवा भर कमाएँगे तो मुट्ठी भर निकालते कौन मुँह फेरेगा!” छंगू ने वकालत की।
“तो ऽ ऽ, मैं चलता हूँ। चलकर टिकट कटवाता हूँ। मय सामान तुम सब सूरज डूबने से पहले मन्दिर की सीढ़ियों के नीचे खड़े मिलना।”
दिनभर अनमने से वे सब सोचते रहे। कौन है उनका यहाँ गाँव में, जिसे छोड़ते हुए उन्हें दुख हो? जिनके हैं भी, उनके सिर से भी पाप कटेगा। शहर में बल्कि उनके दिन बहुरेंगे। तर माल खायेंगे, जमकर दिहाड़ी झोरेंगे। भीख की खातिर कौन कम गलेबाजी करनी पड़ती है!
गाँव ने सोचा।
मन्दिर के मण्डप के नीचे खड़े-खड़े साँझ अँधेरे में डूब गयी। अँधेरा खर्राटे भरने लगा। शहर उन्हें लेने न पलटा।
—-
चित्रा मुदगल
प्रकाशित तिथि: 17 मई 2025