भीतर से महीन कराह की आवाज़ आई भद्दी सी गाली की मिलावट के साथ!
वैदेही पर कुछ नहीं गुजरा, न कुछ बीता। वह पहले की भाँति बैठी रही,परब्रह्म,एक पर एक पैर चढ़ाये, सामने कॉफ़ी टेबल पर खींचे कुछ सोचने की मुद्रा में, बायें हाथ को कोहनी से मोड़े, दायीं कोहनी को बायीं हाथ पर टिकायें।दायें हाथ की पहली दो उँगली में जलती हुई सिगरेट फँसी है, उसने अभी अभी कश लिया है, गहरा कश। धुआँ धीरे -धीरे नाक और मुँह के रास्ते निकल रहा है!
ऑडियो प्लेयर पर “आईना मुझसे मेरी पहले की सूरत माँगे…” ग़ज़ल के बोल तलत अज़ीज़ की आवाज़ में तिर रहें हैं!
नज़रें दीवार पर टंगी बंद घड़ी को घूर रही है। जाने कितने महीनों से बंद पड़ी है उसे सुध नहीं, वक़्त की सुई ठहर गई है उसकी ज़िंदगी की तरह। खिड़की से आती जाती हवा उसे यक़ीन दिलाती है वह ज़िंदा है, हाँ वह ज़िंदा है,ज़िंदा लाश। वह अपनी लाश अपने कंधों पर ढो रही है। काले गड्ढों में धँसे ख़्वाब से ख़ाली बेतरह सूनी आँखें, उम्मीद से रीता, टूट -फूट का एक कण भी मौजूद नहीं, सरापा ख़ाली, जो थे बरस बीते आँसू संग बह गए, अब मात्र वह है और उसकी ढीठता !
ढीठ, कोई ऐसे नहीं ढलता, बहुत ठोक पीट लगती है। ज़िल्लतों के रेले झेलना पड़ता है, खून के आँसू रोना पड़ता है, रोज मर-मर कर जीना पड़ता है तब कहीं जाकर कोई ऐसा धृष्ट होता है। वह हो गई है, अब उसपर कुछ असर नहीं करता, बहुत पहले रत चुकी है। सच तो यह भी है वैदेही को अब उसकी गाली पर सिर्फ़ हँसी आती है और ढेर सारा तरस भी, सिवाय इसके निरंजन और कर भी क्या सकता है बेचारा। हाँ मगर उसकी कराह बैदेही को लुफ्त देती है ठीक वैसा ही लुफ्त जैसा उसे आया करता था। वह जितना कराहती उसे उतना जोश आता,पहली बार तो आँसू निकल आये थे लेकिन तब वह उन्माद से भर गया था, उसका जोश उसे दर्द देता रहा वह मज़ा लूटता रहा !
ओह लूटना भी कैसा ख़ौफ़नाक शब्द है, कितने तो निर्दय भाव छुपे हैं। बर्बरता, क्रूरता, बहशीपन । वह अपने जंगलीपन पर खूब इतराता, शराब पीने से मना किया तो उसने उसके जननांग में उड़ेल दिया, वह जलन से बिलबिलाती रही उसकी कुटिल हँसी के अंधड़ उड़ते रहें!
हाथ में स्कॉच का ग्लास थामे वह निरंजन के सामने खड़ी थी,दीवार का सहारा लिए।
मैं तुम्हारे हाथ जोड़ता हूँ ? अब सहा नहीं जाता, मुक्त कर दो।
वैदेही ज़ोर से हँसी , इतनी जल्दी हार मान गए? मैंने सात वर्ष, उनतीस दिन सहा है!
मेरी चिता पर नया जीवन शुरू करो।
मैं अपनी चिता सजाए बैठी हूँ।
क्या हासिल होगा ?
सुकून !!
कन्यादान पर पहली बार निरंजन के हाथ दिखे थे, सुनहरी घड़ी बंधी पक्के रंग की हथेली। उसने कानाफूसी भी सुनी “बगुले और कौवा की जोड़ी”, किसी ने कहा “परी जैसी को लंगूर पल्ले बांध दिया, इतनी क्या पहाड़ थी बेटी?”।
क़स्बे भर उसकी सुंदरता के गीत गाए जाते थे, घर के बाहर निकलने पर माँ कान के पीछे काला टीका लगाना कभी भूले से ना भूलती, वार त्योहार सजती तो माँ चूल्हे में लाल मिर्च झोंक देती लेकिन तब भी नज़र तो लग ही गई। पिताजी को उसके और मिलिंद के संबंध भनक लग गई, उसका कॉलेज जाना बंद करा दिया गया, दोस्तों से मिलने जुलने पर सख़्त पाबंदी लग गई। वह घर में क़ैद कर दी गई थी!
निरंजन उसे नज़रबंद रखता। हफ़्तों देश -विदेश दौरे पर तालाबंद कर जाता। उसने निरंजन को एक कमरे में बंद रखा है, क़ैदियों के सम खाने की प्लेट सरका देती है, दरवाज़ा खुलते ही निरंजन गालियों का पिटारा खोल देता है,वह मुसकुराती हुई दरवाज़ा पुनः बंद कर देती है। उसे निरंजन की सड़ती-गलती हुई रुग्ण देह पर तनिक भी दया नहीं आती, उसके भीतर सारी संवेदना बर्फ की सिल्लियों सी जम गई है, अनुभूतियों का श्रोत शुष्क पड़ गया है वह एक सख़्त पाषाण स्त्री बन गई है। उसे यक़ीन हो चला है अब वह मनुष्य नहीं रह गई है वन्य हो गई है। निरंकुश, बेलाग़ चौपाया !
रसोई में मांस पक रहा है, हर रोज़ पकता है। कैसी तो नृशंस हो गई है वह!
“पंडित जन्मी है” यही कहते थे पिताजी किंतु वह धर्म और मानवता में कोई साम्य नहीं देखती, काली पूजा में बलि के दिन रोते -रोते उसका बुरा हाल हो जाता, हिचकियाँ बंध जाती थी अब निर्दयी हो गई है ?। उसकी रगों में निष्ठुरता दौड़ती है, वह करुणा से हीन हो गई है!
शुरुआत में उसने प्रतिरोध किया था “मांस खाना मुझे अमानवीय लगता है” कहने पर भी निरंजन ने जबरन उसके मुँह में ठूँस दिया था, बाद में उसे खूब उल्टियाँ आई थी, फिर यह नैत्य हो गया, उसकी उल्टियाँ बंद हो गई। वह रम गई, हाँ लेकिन फिर उसने मंदिर का रुख़ नहीं किया। ईश्वर से उसका विश्वास जाता रहा। उसने अपना ख़ुदा निरंजन को स्वीकार लिया अब वह बाँदी थी। उसने जो कहा सुनती गई, जैसा चाहा करती गई। निरंजन ने रात को दिन कहा तो उसने दिन कहा, कभी औचक ही कहता हँसो और कभी कहता रोकर दिखाओ। वह कठपुतली बन गई थी, उसकी डोर उसके भगवान के हाथ थी।
उसने जाना “स्त्री का भाग्यविधाता पिता होता है, पति भगवान” !
पहली विदाई पर नैहर आई तो माँ ने मलिन देख दुलारा “भाग्य से ऊपर कुछ नहीं बिटिया”।
माँ यह आदमी नहीं राक्षस है।
पत्नी को पति के रूप ढलना पड़ता है ।
माँ वह मुझे सिगरेट से कहते हुए अपनी जाँघे उघाड़ दी, ब्लाउज के बटन खोल दिए ।
माँ के आँसू उन दागों पर मद्द का लेप हुआ।मुझे यहीं रोक लो माँ, अबके गई तो ज़िंदा नहीं बचूँगी।
“सिंदूर सजल बिटिया नैहर नहीं शोभती” रनियाँ, बीते जन्म का कोई पाप का फल स्त्री जीवन मिलता है, महापाप करे जो बिटिया की माई बने। उसे सीने से चिपकाए माँ फुसफुसा रही थी!
एक बार पिताजी से बात कर लो, दोनों हाथ स्वतः जुड़ गये थे!
प्रेम से सब सुंदर हो जाता है, तुम्हारे पिताजी बहुत क्रोधी थे। माँ उसे ख़ुद से अलग कर लँगड़ाती हुई आगे बढ़ गई।
वैदेही जान गई उसे अपना नरक आप ही भोगना है। उसने एक लंबी साँस ली, वह अपने यातना प्रवास के लिए तैयार थी!
नमस्ते मिसेज़ …?
निरंजन, कहते हुए उसने उसे अपने बायें हाथ के घेरे में ले लिया!
तुम्हारे क़िस्मत से जलन हो रही है कहते हुए उस आदमी ने उसे देखते हुए बायीं आँख दबाई।
जलसे से लौट निरंजन जैसे पागल हो गया, कोई सनक चढ़ गई उस पर। कई देर तक चहलक़दमी करता रहा, गुर्राता रहा, वह एक कोने में दुबकी रही। फिर अचानक ही अपने कपड़े फाड़ लिए, वैदेही ने नज़रें फेरी तो उसे भी निवस्त्र होने का आदेश दिया, उसमें विरोध का साहस शेष नहीं था किंतु भय थरथराती आवाज़ में पूछ सकी “मेरी क्या गलती है”?
तुम्हारी गलती तुम्हारा ये ख़ूबसूरत शरीर है।
फिर चुना क्यों? हिचकियों में तीन शब्द सधे।
बेतुका प्रश्न है यह, कहकर मतिभ्रष्ट भाँति हँसा , रुका, फिर हँसा , खोखली हँसी , वीरानों में गूँजती हुई। दरअसल उसके पास वैदेही के प्रश्न का कोई ठोस जवाब नहीं था,तिलमिलाहट में पलटकर उसकी नंगी देह पर थूक दिया “मैं तुम्हारी देह से घृणा करता हूँ” !
एक बार में ही ये क़िस्सा ख़त्म करो, मुझे मार डालो।
तुम्हें मार कर आज़ाद कर दूँ ?
“मैं रोज़ तिल-तिल मरता रहा हूँ, तुम्हें एक झटके में छुटकारा दे दूँ?” इतना मूर्ख समझती हो मुझे? उसके दोनों गाल बेहद घृणा से दबाते हुए कहा, मानो वह वैदेही नहीं ताई का चेहरा हो !
ताई, उसके जीवन का दुःस्वप्न।
एकरा पर नज़र पड़ी त दिन बिगड़ जाई, ताई उसकी हँसी उड़ाती।
टेढ़ों चोंच होई त सुग्गा, सुग्गे रही। माँ की ममता बेशर्त किंतु तर्कों कुतर्कों से भरी होती।
सुग्गा, ई त करिया कौवा हैई कहकर ताई मुँह बिचकाती। बाल विधवा ताई को वह फूटी आँख नहीं भाता।
पढ़- लिख अफ़सर बनी त रूप रंग कोईओ न देखी “माई रोज़ रात उसको यही घुट्टी पिलाती” अनेकों अनेक उद्धरण देती, माई की बात उसके भीतर गहरे पैठ, पैठती गई!
वह बिलकुल माँ पर गया था, माँ से अधिक पक्के रंग वाला। पिताजी ने माँ के साधारण रंग रूप की कभी कद्र नहीं की, सुनने में आया “पिता ने ताई को रखा था” ताई मौक़ा बे मौक़ा मखौल उड़ाने से तनिक न चूकती “बाबू साहेब भांग में चढ़े’ कह ज़ोर का ठहाका लगाती। अपमान की यह पीड़ा माई को गहरे धँसाती,भीतर ही भीतर रौंदती, कराहती, कलपती एक निरंजन को सीने से लगाकर उसे चैन पड़ता!
ताई को विष दे दो, उससे माई का दर्द सहा नहीं जाता।
चाँद जैसन कनियाँ लाकर ताई का मुँह पर ताला मढ़ देंगे, बस तुम अफ़सर बन जाओ।
कनियाँ मड़वे पर गश खा जाई, एक त करिया रंग ओकरा पर गोट्टी का दाग। ताई बहाने-बहाने से उसपर तंज के तीर तलवार चलाती, वह घायल छटपटाता, तड़पता व्याकुल होता रहता किंतु पिता के भय से कुछ न कहता!
उस दिन किसी ने खेल में हारने पर उसे ‘भूतनी का पूत, भूत’ कह दिया। उसने वहीं पड़ा एक पत्थर उठा निशाना लगा दिया। कपार फट गया था, पिताजी ने सबके सामने उसे जूते से सूता “ग़लत क्या कह दिया ?” ! तमाम तमाशबीन देखते रहे, ताई कुटिल हँसी हँसती रही।
निरंजन जूते की मार बिसर गया किंतु तिरस्कार उसमें गहरे बैठ गया। चुप रहने लगा, दोस्तों संग खेलना, मौज करना बंद कर दिया। दुनिया से दूर किताबों का होकर रह गया, किताबों ने उसे मनचाही ऊँचाई दी किन्तु सरेआम बेज्जती भुला पाने में नाकाम रहा!
वैदेही ने बंद दरवाज़ा खोल खाने की प्लेट सरका दी।
एक ग़लीच सी गाली के साथ मांस किस यार के लिए पकाती हो?
उसने मुस्कुराते हुए दरवाज़ा पुनः बंद कर दिया, यह नियमन कई महीनों से नैत्य है। वह निरंजन को सिर्फ़ रोटी और साग परोसती है!
अंदर से चीखने, चिल्लाने की आवाज़ आती रही, उसने म्यूजिक का वॉल्यूम बढ़ा दिया। निरंजन जब भी चीखता चिल्लाता म्यूजिक ऑन कर वॉल्यूम बढ़ा देता !
निरंजन के व्यक्तित्व की कुरूपता उसे और भद्दा बनाती, उसके मन का कालिख उसके बर्ताव को अत्यधिक स्याह कर देता, वह शायद ही कभी हँसता- मुस्कुराता किंतु वैदेही को दुःख देकर उसे अजीब सी ख़ुशी मिलती, इस सुख, इस आनंद में उसकी मुखाकृति और अधिक विकृत हो जाती !
आप पिता बनने वाले हैं। डॉक्टर ने बधाई दी।
“गिरा दो” निरंजन ने फ़ौरन कहा।
तीन माह का है, घर जाइए, सोचिए फिर बताइए। इसकी जान जा सकती है।
किसका बच्चा है यह ? उसने वैदेही का गाला दबा रखा था!
तुम मुझे ताला बंद कर जाते हो। घुटी -घुटी आवाज़ में किसी तरह बोल पाई थी।
किस रास्ते से आता है वो? निरंजन बौराया सा खिड़की, पर्दे, दरवाज़े सभी चेक किए,फिर कहा “गिरा दो”।
नहीं, ऐसा मत कहो।
मैं तुमसे नहीं पूछता।
‘यह तुम्हारा अपना है’ उसने तड़प कर कहा ।
मुझे तुम पर क़तई यक़ीन नहीं।
वह गिड़गिड़ाने लगी “रहम करो”.
पत्थर से रहमत की अपेक्षा बेमानी है। वैदेही से जीने की उम्मीद उसकी आँखों के सामने छीन ली गई और वह कुछ न कर सकी। वह ख़ाली देह, ख़ाली मन और ख़ाली आत्मा रह गई थी, निपट खोखली। लौट आई थी अपने बियाबान में, ठीक वैसे ही जैसे स्टेशन से मिलिंद लौट गया था!
दरअसल उसमें कुछ कर सकने का साहस कभी था ही नहीं। आज भी पिता की लाल आँखें याद कर सिहर जाती है। उसने पिता के समक्ष माँ की आवाज़ कभी नहीं सुनी, माँ एक डरी सहमी सी काया थी। सबकी ज़रूरते पूरी करने निमित मात्र। पिता को कभी माँ से स्नेह बरतते नहीं देखा, अधिकतर गरजते या ऊँची मालिकाना आवाज़ सुनी, कई मर्तबा माफ़िक़ स्वाद न मिलने पर खाना फेंक दिया करते, माँ को गालियों से पाट देते !
उस दिन निरंजन ने गर्म चाय का कप उस पर उड़ेल दिया ये कहते हुए कि ठंडी है, उसे परेशान देख बच्चों की भाँति हँसा था, हँसते हुए उसके सामने के दो दाँत बाहर निकल आते तब वह और अधिक विकृत दीखने लगता है। निरंजन अपने भद्देपन से वाक़िब है, उस दिन वैदेही ने नज़रें फेर ली तो उसने कहा “बहुत बुरा दिखता हूँ ना मैं?”।
नज़रें झुकाए वह चुप रही।
निरंजन चिल्लाया “देखो मेरी तरफ़” उसने पलके उठाई, वह बिलकुल उसके क़रीब था, उसकी आँखें आग बरस रही थी मानो कोई ज्वालामुखी फटा हो, तुम्हारी यही सजा है।
किस बात की सजा? बेचारगी में डूबी आवाज़ दिए की लौ सी काँप रही थी।
तुम्हारी ख़ूबसूरती की। फिर ज़ोर से हँसा था। माँ जब तक जीवित रही मुझे जनने के लिए अपमान सहती रही, काले रंग, गोटी के दाग के कारण मुझे सिवाय ज़िल्लत के कुछ न मिला। मुझे खूबसूरत लोगों से घिन आती है!
वैदेही को उसकी बातों से घिन आती है, इस मकाँ से, दरों दीवार से, यहाँ रखी हरेक वस्तु से कभी-कभी ख़ुद से भी। हाँ ख़ुद से भी। पिछले कई दिनों से आत्महत्या का ख़याल उसे बेचैन कर रहा है, दुखों से स्याह जीवन के पन्ने जला कर तमाम पापों के बोझ के एकबारगी मुक्त हो जाना चाहती है। उसने नस काट इह लीला समाप्त करने की कोशिश की किंतु नाकाम रही। उसने जाना आत्महत्या हिम्मतजद काम है, वह कायर है, पीठ पर वार करने में हुनरमंद हो गई है!
उसने निरंजन के खाने में दवा मिला दिया था, वह अभी सो रहा है। जागता है तो गाली और कराह की आवाज़ आती रहती है। इन आवाज़ों से अब वह बुरी तरह थक गई है, सुकून के दो पल तकसीम नहीं। बाहर-भीतर द्वन्द में गुत्थम गुत्था, वह मात्र तमाशावीन !
निरंजन की तबियत बिगड़ी तो फिर कभी नहीं सुधरी, गिरती ही गई।आठों पहर ताप, खाँसी के दौरे, ऐठन ।उसने बिस्तर पकड़ लिया, वैदेही पर उसकी पकड़ ढीली पड़ गई। उस हुज्जत बाद दंभ की जद में जकड़ा उसने वैदेही की तरफ़ दुबारा नहीं देखा, अपना डेरा दूसरे कमरे में बसा लिया किंतु वह रात अलग थी, वह उसपर पर चढ़ आया। वह नशे में धुत्त था वैदेही सचेत थी, उसने एक बड़े अस्पताल से आया कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट पढ़ा था, किसी जादुई आवेश में आ तकिए के नीचे छुपाया चाकू खींच लाई “ख़बरदार” जो मुझे छुआ भी।
उसके एकांतवास से वैदेही को जरा सुकून ज़रूर हासिल था किंतु बेफिक्र नहीं थी, एक अनजानी आशंका से घबरायी जागती करवटें बदलती रहती। वह देर रात लौटता, नशे में चूर, कोई बाजारू गीत गुनगुनाता उसे झाँक कर देखता, मुतमईन हो अपने कमरे का रुख़ करता!
वैदेही ने चण्डी रूप धरा था, उसपर दुर्गा सवार थी उसके रौद्र रूप से भयभीत निरंजन के मन की तमाम कुत्सित विकृति दुम दबा किसी अँधेरे कोने में दुबक गई, वह निरपराध बालक भाँति अपने कमरे में लौट गया। वैदेही ने उस पर ताला जड़ दिया!
वैदेही आज़ाद थी, तमाम क़ैद से मुक्त किंतु आत्मा पर एक जकड़न हर वक़्त तना रहता, उसका दम घुटता, रात बिरात नींद उचट जाती। काश उस रात वह ज़रा सी हिम्मत कर लेती, स्टेशन पहुँच जाती तब उसकी कहानी कुछ और होती सोच कभी तो अनायास हँसने लगती कभी आँसू निकल आते!!
हाँ वह ज़िंदा लाश ही तो है। सिर्फ़ लाश, एक अरसे से अपने ही कंधों पर अपनी देह ढो रही है।
इतनी हिम्मत? के साथ चटाक और बदजात की ध्वनि आपस में समा कर एक हो गई
हिम्मत नहीं थी ज़रा भी,पिताजी की अंगारे बरसाती लाल आँखों के सामने प्रेम भूल बिसर गई, गंगा में सबकुछ तिरोहित कर चुप चाप मंडप पर बैठ गई।यही उसका भाग्य है। यही उसकी नियति। माँ को भनक थी शायद, इसलिए जल्दी जल्दी में… कहा था, लड़का बड़ा अफ़सर है वह खुश रहेगी। गहने, कपड़े, सरकारी रुतवा सुनकर वह बहुत खुश हुई थी, माँ -बाप से बढ़कर भला कौन चाहेगा!
प्रियंका ओम
प्रकाशित तिथि: 16 मई 2025