सुभाष सेटिआ की बाल -कहानी -बूंद-बूंद से सागर

लेखक -सुभाष सेटिआ

‘टन टन टन’ स्कूल की घंटी बजी। सारे बच्चे अपना-अपना बस्ता सँभालते हुए भागे, पर मोहन को जैसे घर जाने की कोई जल्दी नहीं थी। वह सबसे पीछे अपनी फटी कमीज को निक्कर में खोंसता हुआ धीरे-धीरे कमी से बाहर निकला। प्रिंसिपल के कमरे के सामने से गुजरते हुए उसने देखा कि उसकी कक्षा के इंचार्ज मोंगिया सारे फॉर्म  चेक कर रहे हैं। एक मिनट की मोहन ठिठका पर तुरंत आगे बढ़ गया। उसके चेहरे पर चिंता और दुख को छाया और गहरी हो गई। तभी पीछे से सुरेश ने, जो कक्षा का मॉनीटर होने के नाते रजिस्टर तथा मोंगिया साहब की किताबें कार्यालय में छोड़कर आ रहा था, उसे आवाज दी- “मोहन, तुमने फॉर्म जमा नहीं कराया ? अभी मैंने सारे फॉर्म देखे हैं। तुम्हारा फॉर्म नहीं था।”
 
मोहन ने बुझी आँखों से सुरेश को देखा और चुपचाप चलता रहा।
karnike (1) — Vcare Language Academy
इस साल भी मैं तुम्हें आगे नहीं बढ़ने दूँगा। मैं ही फर्स्ट आऊंगा।” सुरेश ने मोहन की पीड़ा को समझे बिना अपने मन की बात कही।
 
“भाई, जब मैं इम्तहान में ही नहीं बैठूंगा तो तुमसे ज्यादा अंक लाने का सवाल ही कहाँ है ?” मोहन की
मायूसी और पीड़ा उसके प्रत्येक शब्द से टपक रही थी।
 
“क्यों ?” सुरेश ने हैरान होकर पूछा।
 
“फॉर्म र्म के साथ परीक्षा शुल्क जमा कराने के लिए मेरे पास पैसे ही नहीं हैं। माँ ने आज भी पैसे नहीं दिए। कल आखिरी तारीख है। फॉर्म  जमा न हुआ तो परीक्षा में कैसे बैठूंगा ?” मोहन ने कहा।
 
सुरेश के लिए यह एकदम नई बात थी। वह सोच भी नहीं सकता था कि किसी के पास परीक्षा शुल्क देने के लिए भी पैसे नहीं हो सकते। उसके पिता जी की दुकान थी और उसके बडे भाई और बहन कॉलेज में पढ़ रहे थे। सभी उसे जेब खर्च देते रहते थे। फीस पिताजी नौकर के हाथ भिजवा देते थे। जब कभी पैसों की जरूरत होती, आराम से मिल जाते थे। यह तो वह जानता था कि मोहन गरीब है। उसके पिताजी, भाई आदि कोई नहीं है और उसकी माँ लोगों के घरों में काम करती है। मोहन पढ़ाई में अच्छा है, इसलिए उसकी फीस माफ है। पर उसे गरीबी की इस सीमा की कल्पना नहीं थी। सुरेश का संवेदनशील हृदय मोहन की इस लाचारी पर दुखी हो उठा।
 
घर जाकर सुरेश ने माँ, भाइयों तथा बहन से अलग-अलग मोहन के बारे में बात की, पर ‘अच्छा, वह इतना गरीब है’ कहने के अलावा किसी ने कोई दूसरी बात नहीं की। सुरेश के मन में यही उधेड़बुन चल रही थी कि मोहन अब परीक्षा न दे पाया तो वह आगे पढ़ ही नहीं पाएगा।
 
होमवर्क पूरा करके वह शाम को मोहन के घर गया।
 
मोहन अपनी माँ का सिर दबा रहा था। उसकी माँ माथे पर पटटी बांधे  लेटी हुई थी। उनका बिस्तर बहुत मैला था। धुँए से कमरे की दीवारें काली पड़ गई थीं। सुरेश को देख कर मोहन की माँ उठ बैठी तथा उसने सुरेश के सिर पर हाथ फेर कर प्यार किया।
 
“पैसों का इंतजाम हो गया ?” सुरेश ने मोहन से पूछा। मोहन माँ की ओर ताकने लगा।
 
“कल तक पैसे मिल जाएंगे, बेटा। मैं बीमार हो गई, इसलिए पैसे लेने नहीं जा पाई। कल यह फीस जमा करा देगा।” मोहन की माँ ने जवाब दिया।
 
सुरेश नमस्ते करके अपने घर लौट आया।
 
अगले दिन स्कूल जाते ही सुरेश ने मोहन से फीस के पैसों के बारे में पूछा तो मोहन की आँखों में आँसू आ गए। सुरेश का भी मन भर आया। तभी उसने मन ही मन निश्चय किया और मोहन से कहा- “तुम फिक्र मत करो। तुम्हारा फॉर्म आज जरूर जाएगा।”
 
अभी अध्यापक कक्षा में नहीं आए थे। सुरेश मेज के पास जाकर खड़ा हो गया और बोला “दोस्तो, तुम जानते हो कि हमारा मोहन पढ़ाई में कितना होशियार है। पर पैसे न होने के कारण वह अपना फॉर्म नहीं भर पा रहा है। हम सबको उसकी मदद करनी चाहिए। हम सब मिल कर अपना जेब खर्च ही इकट्ठा कर लें तो मोहन की फीस जमा हो सकती है। मैं अपनी तरफ से दो रुपये देता हूँ।” उसने दो रुपये निकाल कर मेज पर रख दिए। क्लास के बच्चे पहले तो यह सब सुन कर अवाक् रह गए पर जब
पूरी बात उनकी समझ में आई तो जिसके पास जितने पैसे थे दे दिए। आधी छुट्टी में कुछ बच्चे घरों से पैसे ले आए। मोंगिया साहब को जब अपनी क्लास के बच्चों की इस समझदारी का पता चला तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा।
 
उन्होंने सुरेश को बुला कर कहा- “शाबाश बेटे। अपने माथी की मदद के लिए तुमने जो किया है, तुम्हें जिन्दगी में इसका फल अवश्य मिलेगा। अच्छे कर्मों का फल जरूर मिलता है।” उन्होंने पाँच रुपये अपनी ओर से भी दिए। सुरेश के पास पैंतालीस रुपये एकत्र हो गए, जबकि फीस केवल पच्चीस रुपये जमा करानी थी।
 
मोहन को जब पता चला कि क्लास में इक‌ट्ठे किए गए रुपये फीस की राशि से भी ज्यादा हो गए हैं तो खुशी और कृतज्ञता से उसकी आँखें भर आईं। बाकी बीस रुपये सुरेश ने मोहन की माँ को दे दिए और कहा- “आप अपना इलाज करा लीजिए।”
 
परीक्षा का परिणाम आया तो सुरेश और भी खुश हुआ क्योंकि मोहन पूरे स्कूल में प्रथम रहा था। इस बार उसके अंक सुरेश से अधिक थे।
 
सुभाष सेटिआ
प्रकाशित तिथि: 16 मई 2025