राघवेन्द्र सैनी की कहानी-सालते क्षण

लेखक -राघवेन्द्र सैनी

पाँच के निर्वासन के पश्चात् मैं पुनः यहाँ आया हूँ। सोचा था, यहाँ कभी नहीं आऊंगा परन्तु प्रााचीन सालते क्षणों को नये परिवेश में देखने के मोह का मैं संवरण न कर पाया। जीवन के प्रत्येक निर्वासन क्षण में भी इस मोह की स्मृति मेरे भीतर बनी रही और मैं इसी के उतार-चढ़ाव संग बढ़ता-घटता रहा। फिर भी आज तक मैं यह न जान पाया कि यह मोह क्यों और किस के प्रति है? हाँ, एक नन्हीं-सी अनुभूति मेरे भीतर अवश्य है। मैं महसूस करता हूँ, यह मोह, जो मुझे बार-बार यहाँ आने के लिए बाध्य करता रहा है, इसी नन्हीं अनुभूति के प्रति है। यह अनुभूति माँ के प्रति भी हो सकती है अथवा अमृतसर की इस धरती के प्रति भी, जिस की मिट्टी में लोट-पोट कर मैं बढ़ा हुआ हूँ। इसे लेकर मैं कभी एक मन नहीं हो पाया और यदि हो भी पाता तो भी मुझे बार-बार यहाँ आना पड़ता। बस से मैं बड़ी बदहवासी में उतरा। बदहवासी, यहाँ आने की, वे
मनोज कामदेव- दोहे — Vcare Language Academy
प्राचीन क्षण, जिन के लिए मैं यहाँ आया हूँ, अपने परिवेश में यदि वे ज्यों के त्यों हुए तो जो निरर्थकता मेरे भीतर उभरेगी, उसका सामना मैं कैसे कर पाऊंगा ? पश्चात् सहेज कर रखी हुई रुपयों की गड्डी वाले, हाथ में पकड़े ब्रीफकेस से मुझे बल मिलता है। अल्प समय के लिए मैं इस एहसास से मुक्ति पा लेता हूँ कि अब मैं

माँ का निखट्टू पुत्र नहीं हूँ। निखट्टू मेरा उपनाम है। इसके संग ही मुझे स्मरण हो आते हैं मेरे अन्य उपनाम जो बचपन से लेकर अब तक मुझे सालते रहे हैं। प्रत्येक प्रताड़ना में मूक, भोला होने वश रखा गया ‘भलोल’ उपनाम। सदा नाक बहने वश ‘दोमूंही’ उपनाम और इन उपनामों की पुनः पुनः आवृति से मेरा रुदन निकलता तो माँ से लेकर छोटे भाई तक को गली में लड़ती कौशल्या के स्वर का आभास होता। नौवीं में मेरे कौशल्या उपनाम की बड़ी चर्चा थी। परन्तु यह प्रश्न मेरे मन के भीतर अपने मुखर रुप में उस समय भी था और आज भी है ? यदि मैं भलोल हूँ अथवा मेरी नाक बहती है तो इसमें मैं कहाँ दोषी हूँ? और यह भी कि मेरी दुर्दशा करने वाले ये मेरे अपने कहाँ हुए ? अब सोचता हूँ, मेरा इन संग केवल रोटी-कपड़े तक का सम्बन्ध रहा है।
इसी बदहवासी में मुझे पता ही नहीं चला कि कब मैं संगम’ सिनेमा से गुजर कर जी.टी. रोड से होते हुए पिंगलबाड़े के पास पहुँच गया हूँ। पिंगलबाड़े के बाई ओर को मुड़ने पर पहले तहसील आती है जहाँ इतवार में भी भीड़ का जमगट लगा रहता है। मैं इस भीड़ से सदा कतराया हूँ। न जाने क्यों इसमें मुझे खून की बदबू आती। मैं जल्दी से उसे पार कर जाता हूँ। पश्चात् वह गाऊंड आती जहाँ मैं गली के साथियों सगं क्रिकेट खेला करता। माँ प्रायः ही कहती क्रिकेट ने मेरी पढ़ाई ले ली। मैं माँ को कैसे बताता कि बड़े भैया की नई-नई शादी, एक ही कमरे में पर्दे लगा कर उनके सोने की व्यवस्था, रात भर चारपाई की चरमराहट और पर्दे के पीछे के दृश्य की परिकल्पनों ने मुझे पढ़ने नहीं दिया। पढ़ने के लिए मैं माडल टाऊन चाचा जी के पास और चालीस-कुंओं पर भी जाता परन्तु पर्दे के पीछे की परिकल्पनाएं मेरा पीछा नहीं छोड़ती। धीरे-धीरे मैं पढ़ने में खंडित होता गया। जब मेरा परीक्षा परिणाम निकला तो मैं असफल था। पढ़ने के लिए जब पुनः दाखिला भरा तो बड़े भाई का मत बड़ा स्पष्ट था.. ..”तुम्हें अब की बार स्मरण रखना होगा कि व्यक्ति कारखाने में पैसा तब लगाता है जब उसे लाभ दिखाई दे।” मैंने उस समय सोचा था कि कैसी विडम्बना है, यही शब्द जब राजू भईया ने इन को कहे थे तो सबके समझाने और मनाने पर भी इन्होंने पढ़ाई को तिलांजलि दे दी थी, जबकि राजू भईया केवल यही चाहते थे कि वे कूक्कू का चक्र छोड़ कर अपनी पढ़ाई की ओर ध्यान दें और आज वही शब्द कहने से वे बिलकुल नहीं हिचकचाए। राजू भईया ठीक ही कहते थे, रौकी, जिस बात का विरोध आज हम अपनी जान देकर भी करते हैं, कोई समय आता है, हम परिस्थितियों द्वारा इतने असहाय होते हैं कि उसी बात को बिना किसी शर्त के स्वीकार कर लेते हैं। उस समय उन की यह फिलासफी मेरे पल्ले नहीं पड़ी थी परन्तु आज समझ में आती है। और मैंने भी पढ़ाई को तिलांजलि दे दी, इसलिए नहीं कि राजू भईया की फिलासफी समझ में आ गई थी प्रत्युत इसलिए कि बड़े भईया के शब्द मुझ से सहन नहीं हुए थे। निश्चय ही बड़े भाई भी राजू भईया के यही शब्द सहन नहीं कर पाए होंगे। काश ! बड़े भाई राजू भईया के शब्द सहन कर लेते और मैं बड़े भाई के तो सम्भवतः स्थिति यह न होती जो आज है।

देखता हूँ, क्रिकेट ग्राऊंड भी अब गाऊंड नहीं रही जब कि मैंने परिकल्पना की थी कि जब मैं वहाँ पहुंचुंगा तो बच्चे उसी प्रकार किकेट खेलते मिलेंगे। उनमें मैं अपने को खोज कर प्राचीन क्षणों को पुनः जी लूंगा, परन्तु ग्राऊंड के स्थान पर एक खूबसूरत बंगला बना दिखा। एक बार विचार आया कि बंगले के रहने वालों से जा कर पूछूँ कि उनको क्या अधिकार था, बच्चों के खेलने के स्थान पर अपना प्रवास बनाएं, परन्तु मैं ऐसा न कर पाया, यदि करता तो निश्चय ही यह एक हिमाकत होती। मन के एक कोने से एकाएक उभर आई निराशा को मैंने जबरदस्ती दबा दिया। निराशा इसलिए
नहीं कि मैं बंगले में रहने वालों का कुछ नहीं कर सकता था। बच्चों के उल्लास तो आए दिन समाप्त किए जाते हैं, उनके द्वारा जिन को उल्लास बनाए रखना चाहिए।

बड़ी हसरत लिए मैं वहाँ से गली की ओर बड़ा क्योंकि मन के भीतर यह एहसास आज भी बना हुआ है कि क्रिकेट संग जीवन की अनेक उत्पीड़ित अनुभूतियां चिपकी हुई हैं जिन को एक-एक कर मैंने निज के सालते क्षणों में डूबो दिया है। इसकी पीड़ा आज भी मेरे भीतर बनी हुई है।

गली के मोड़ तक पहुंचते-पहुंचते एकाएक मेरे पांव शिथिल पड़ गए। आगे बढ़ने की इच्छा ही नहीं रही, इसलिए कि गली के सभी परिचित व्यक्ति मुझे निखट्टू नाम से जानते हैं। मुझे देखते ही दावानल की तरह यह खबर गली में फैल जाएगी। न जाने दुर्भाग्य के कौन से क्षणों में मेरा निखट्टू नाम प्रसिद्ध हुआ जबकि इससे पीछा छुड़ाने के लिए मैंने मोटर मकैनिकी से ले कर होटल के बरतन मांजने तक और रिक्शा चलाने से लेकर कुलिगिरी तक के कार्य किये और अब जब मैं निखट्टू नहीं रहा, मेरे तन के सुन्दर कपड़े और हाथ में पकड़ा रुपयों से भरा ब्रीफकेस इसका प्रबल प्रमाण है तो भी यह निखट्टू मेरे संग है।

मैं जानता हूँ, मैं अपने ही भीतर की हीन भावना से छला गया हूँ। यही भावना मुझे बल देती हैं, मैं आगे बढ़ जाता हूं। गली में झांक कर देखता हूँ तो जिस बात की अपेक्षा की थी, वैसा कुछ नहीं था। गली में मुझे कोई दिखाई नहीं दिया। मुझे और बल मिला मैं धीरे-धीरे आगे बढ़ जाता हूँ। मैने महसूस किया कि गली भी अब वह नहीं रही। सब कुछ बदल गया है। महाजनों का मकान अब और बड़ा हो गया है। जहाँ पहले हौजरी में एक मशीन हुआ करती थी, अब बहुत सी मशीनें लग गई हैं। गली की सड़क पक्की हो गई है। मंसो की भैंसों के कारण जहां गन्दगी फैली रहती थी, मुझे गली के आखरी कोने तक कोई भैंस दिखाई नहीं दी। घर के समीप पहुंच कर एकाएक मैं चकरा गया। हमारा घर कहाँ गया? उसके स्थान पर एक खूबसूरत दोमंजिला मकान खड़ा था। मैंने इधर-उधर यह जानने के लिए देखा कि कोई परिचित निकले तो पूछूँ कि दिनेश साहनी का घर यही है, एकाएक ऊपर लिखे साहनी-विल्ला’ पर मेरी नजर पड़ी। पश्चात दरवाजे की एक और बड़े भाई के नाम की तख्ती भी दिखाई दे गई।

उनके नाम के नीचे लगी घंटी दबाने के बाद एक अपरिचित महिला ने घर का दरवाजा खोला। कपड़ों से वह नौकरानी लगती थी। मुझे देख कर उसके चेहरे के भावों के वशीभूत कि आप किससे मिलना चाहते हैं, सम्भवतः कुछ पूछती कि इतने में ‘कौन है’ कहती हुई माँ दरवाजे तक चली आई। मुझे देख कर अल्प समय के लिए आश्चर्य के भाव उनके चेहरे पर आये, पश्चात् वह सामान्य हो गई। मुख से निखट्टू निकलते-निकलते रह गया पर निकला नहीं। माँ को देख कर घर की नौकरानी सी लगने वाली भीतर चली गई। माँ ने दरवाजा पूरा खोल दिया और मैं उनको प्रणाम करने के
पश्चात बड़े अनमने भाव से भीतर चला गया। कदम रखते ही आँखें चुंधिया गई। पूरे कमरे में इरानी कालीन, एक और बड़ी सी डाइनिंग टेबल, दरवाजे के पास चमकदार फ्रिज, एक तरफ सोफा कम बैड, गद्देदार कुर्सियां और टी.वी। टी.वी. के पीछे वाली दीवार पर मोतियों से बनाई गई एक औरत की आकृति फ्रेम की गई थी।

मैं एकाएक आगे नहीं बढ़ पाया और न ही माँ ने मुझे बढ़ने के लिए कहा। बैठने के लिए भी नहीं कहा। मैने महसूस किया, उनको मुझे बैठाने से अधिक यह बताने की चिन्ता है कि यह सब सामान जिसे देख कर मैं हैरान हूँ, कहाँ से और कैसे आया है। क्योंकि वे बता रहीं थी कि ये सारा सामान दिनेश ने फोरेन से मंगवाया है… यह इरानी कालीन अभी पिछले महीने ही आया है। टी.वी और फिज बहुत पहले आ गया था…. पूरे पचास हजार लगे हैं… !

मैंने अनुभव किया, मेरे ब्रीफकेस में पड़ी रकम एकदम छोटी है। जो रकम माँ ने बताई थी, उससे चार गुणा छोटी। एकाएक मुझे एहसास हुआ, इन पाँच वर्षों में जो क्षण मुझे निरन्तर सालते रहे हैं वे और बड़े हो गए हैं। न जाने कहाँ से पीड़ा की एक तीखी अनुभूति भीतर से उठी और चली गई। पीड़ा इसलिए कि निखट्टू उपनाम से मुक्ति पाने की जो उत्कंठा लेकर यहाँ आया था, वह जाती रही। बैठक और ड्योड़ी मिला कर एक ड्राइंग रूम में इतनी कीमत की वस्तुएं हैं तो भीतर के कमरों में जाने क्या-क्या देखने को मिले। माँ बता रही थी,” अपनी पत्नी के सभी गहने बेच कर जिस होटल में तुम बरतन मांजते थे, उसी को खरीद लिया था और यह उसी की करामात है कि हमें कोई कमी नहीं है।” ऐसे सुनाया जैसे अब भी उसी होटल में बरतन मांजता होऊं, “गांव की जमीन उसने छेड़ी तक नहीं, कहता था जिसमें सब हिस्सेदार हों उसमें वह कुछ भी करने को प्रस्तुत नहीं।” सम्भवतः माँ को भय हुआ कि होटल में मैं अपने हिस्से का दावा न करने लगूं इसलिए बात स्पष्ट करना ठीक समझी। मैं कहने को हुआ, इस मकान में भी तो मेरा हिस्सा है परन्तु मूक रहा।

बहुत बाद में माँ ने महसूस किया कि उसने मुझे बैठने को नहीं कहा, ” बूट उतार कर सोफे पर बैठ जाओ।” सुन कर एकाएक मैं संकुचित हो उठा कि उनका अपना बेटा अपने भाई के इरानी कालीन पर बूट पहन कर नहीं आ सकता। मैंने यह भी महसूस किया, घर छोड़ते समय जिस तरह मुझे ले कर माँ भाव शून्य थी उसमें और वृद्धि हो गई है, परन्तु मैं बैठा नहीं, और न ही बूट उतारे। कहा, “चलूंगा माँ…देखने आया था, सम्भवतः तुम्हें मेरा अभाव खटकता हो पर नहीं, यहाँ सब कुछ विपरीत है। तुम्हें मेरा अभाव नहीं था, प्रत्युत मुझे तुम्हारा अभाव था… कितना विलक्षण है, बेटे को माँ का अभाव है परन्तु मां को नहीं…”

वहाँ से निकलने बाद भी पीछे से माँ का स्वर सुनाइ देता रहा…. “कुछ खाते-पीते जाओ, भाई से नहीं मिलोगे ? होटल नहीं देखोगे ?” मुझे माँ की आवाज किसी कुएं से
आती सुनाई दी जो मेरे कानों की पहुंच के बाहर थी। मैंने तो यह महसूस किया कि अब तक के सालते क्षणों में कुछ और क्षण समावेश कर गए हैं, और यह भी कि क्षण यदि स्वयं के परिवेश में बदल भी जाएं तो निरथर्कता और बढ़ जाती है जो व्यक्ति को जीवन भर सालती है।

राघवेन्द्र सैनी

फलैट नः 101, संस्कृति अपार्टमैंट, पलाट नः जी.एच. 3, सैक्टर-46, फरीदाबाद-121003, हरियाणा 9810192475
प्रकाशित तिथि: 5 अगस्त 2025