कुंडलिया दिवस (19 नवम्बर) पर विशेष प्रस्तुति

सभी साहित्यकारों एवं पाठकों को कुण्डलिया दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ
---------------------------------------------

कुण्डलिया दिवस (19 नवम्बर) पर विशेष प्रस्तुति

कुण्डलिया छंद लोककाव्य के रूप में प्रचलित एक मनभावन छंद है। दोहा और रोला के संयोजन से बने इस छंद में संतों और कवियों ने नीतिपरक रचनाएँ की हैं। वर्तमान समय में कुण्डलिया छंद के कीर्तिपुरुष त्रिलोक सिंह ठकुरेला द्वारा कुण्डलिया छंद के उत्थान के लिए अप्रतिम कार्य किया गया है। कुण्डलिया छंद के उन्नयन और प्रचार प्रसार के लिए त्रिलोक सिंह ठकुरेला द्वारा 19 नवम्बर को कुण्डलिया दिवस के रूप मनाने का सुझाव रखा गया, जिसे साहित्यकारों का सार्थक समर्थन मिला और साहित्यकारों द्वारा पहला कुण्डलिया दिवस 19 नवम्बर 2024 को मनाया गया। आज कुण्डलिया दिवस के अवसर पर विशेष प्रस्तुति के रूप में यहाँ कुछ रचनाकारों की कुण्डलियाँ प्रस्तुत हैं।

5f403df5-1cc5-4d84-96be-4c01cb40bd1b — Vcare Language Academy

1.

तोताराम ‘सरस’

जीवन में पाले रहो, नित्य नई उम्मीद।
सुन्दर भावों को कभी, मत लेने दो नींद।।
मत लेने दो नींद, साहसी बनकर जी लो।
कर मन में संतोष, अभावों का विष पी लो।
बनकर आशावान, रहो अविचल निज मन में।
हो सुखदायी भोर, ‘सरस’ सुखमय जीवन में।।

सद्भावों की गंध से, महकायें संसार।
बदले में संसार से, मिले असीमित प्यार।।
मिले असीमित प्यार, सभी सम्मान करेंगे।
खुशियों के भण्डार, सहज बहुभाॅंति भरेंगे।
हो जीवन रंगीन, सजे दुनिया ख्वावों की।
फैले अगर सुगंध हमारे सद्भावों की।।

अंतर्मन की स्वच्छता, दे पावन संदेश।
यदि अंतर्मन स्वच्छ तो, सद्गुण करें प्रवेश।।
सद्गुण करें प्रवेश, भाव हों निर्मल निर्मल।
हो जाये व्यवहार, पूर्णतः निश्छल निश्छल।
खुद का करें सुधार, सुधर जायेगा जन जन।
देख सुखद परिणाम, प्रफुल्लित हो अंतर्मन।।

छोड़ें क्षुद्र विचार को, अहंकार दें छोड़।
रुढ़िवादिता के सभी, बंधन डालें तोड़।।
बंधन डालें तोड़, फसादों की जड़ काटें।
भरसक करें प्रयास, दिलों की खाई पाटें ।
मन से मन के तार, ‘सरस’ आपस में जोड़ें।
सबसे रखें लगाव, किसी को अलग न छोड़ें ।।

हालातों का सामना, जो लें करना सीख।
नहीं पड़ेगी माॅंगनी, कभी दया की भीख।।
कभी दया की भीख, रास्ता स्वयं बनाकर।
हर बाधा कर पार, पहुँच जायेंगे मंजिल पर।
देंगे वे मुख मोड़, तीव्र झंझावातों का।
उन्हें न किंचित मात्र, कभी डर हालातों का।।

दुख में जो सुख खोजते, वे ही रहें प्रसन्न।
जीवन में रहते सदा, खुशियों से सम्पन्न।।
खुशियों से सम्पन्न, शान्ति निज मन में पाते।
स्वाभिमान के साथ, जिन्दगी ‘सरस’ बनाते।
मन पर कसें लगाम, जियें बस वे ही सुख में।
जिन्हें नहीं संतोष, जिन्दगी उनकी दुख में ।।

हॅंसते रहना ही सदा, जीवन में उपयुक्त।
हॅंसते हॅंसते जिन्दगी, हो तनाव से मुक्त।।
हो तनाव से मुक्त, सुगम हों पथ जीवन के।
विहॅंसें बारहमास, सुमन निज मन उपवन के।
सौ बातों की बात, ‘सरस’ यह मानो कहना।
जीवन में अनिवार्य, हमेशा हॅंसते रहना।।

— तोताराम ‘सरस’

89fb4658-3013-42df-ab14-951f20a17042 — Vcare Language Academy

2.

त्रिलोक सिंह ठकुरेला

तिनका तिनका जोड़कर, बन जाता है नीड़।
अगर मिले नेतृत्व तो, ताकत बनती भीड़।।
ताकत बनती भीड़, नये इतिहास रचाती।
जग को दिया प्रकाश, मिले जब दीपक, बाती।
‘ठकुरेला’ कविराय, ध्येय सुन्दर हो जिनका।
रचते श्रेष्ठ विधान, मिले सोना या तिनका।।

***

बोता खुद ही आदमी, सुख या दुख के बीज।
मान और अपमान का, लटकाता ताबीज।।
लटकाता ताबीज, बहुत कुछ अपने कर में।
स्वर्ग नर्क निर्माण, स्वयं कर लेता घर में।
‘ठकुरेला’ कविराय, न सब कुछ यूं ही होता।
बोता स्वयं बबूल, आम भी खुद ही बोता।।

***

रत्नाकर सबके लिये, होता एक समान।
बुद्धिमान मोती चुने, सीप चुने नादान।।
सीप चुने नादान, अज्ञ मूंगे पर मरता।
जिसकी जैसी चाह, इकट्ठा वैसा करता।
‘ठकुरेला’ कविराय, सभी खुश इच्छित पाकर।
हैं मनुष्य के भेद, एक सा है रत्नाकर।।

***

थोथी बातों से कभी, जीते गये न युद्ध।
कथनी पर कम ध्यान दे, करनी करते बुद्ध।।
करनी करते बुद्ध, नया इतिहास रचाते।
करते नित नव खोज, अमर जग में हो जाते।
‘ठकुरेला’ कविराय, सिखाती सारी पोथी।
ज्यों ऊसर में बीज, वृथा हैं बातें थोथी।।

***

मोती बन जीवन जियो, या बन जाओ सीप।
जीवन उसका ही भला, जो जीता बन दीप।।
जो जीता बन दीप, जगत को जगमग करता।
मोती सी मुस्कान, सभी के मन मे भरता।
‘ठकुरेला’ कविराय, गुणों की पूजा होती।।
बनो गुणों की खान, फूल, दीपक या मोती।

***

हँसना सेहत के लिये, अति हितकारी, मीत।
कभी न करें मुकाबला, मधु, मेवा, नवनीत।।
मधु, मेवा, नवनीत, दूध, दधि, कुछ भी खायें।
अवसर हो उपयुक्त, साथियो, हँसें, हँसायें।
‘ठकुरेला’ कविराय, पास हँसमुख के बसना।
रखो समय का ध्यान, कभी असमय मत हँसना।।

***

जीवन जीना है कला, जो जाता पहचान।
विकट परिस्थिति भी उसे, लगती है आसान।।
लगती है आसान, नहीं दुख से घबराता।
ढूंढ़े मार्ग अनेक, और बढ़ता ही जाता।
‘ठकुरेला’ कविराय, नहीं होता विचलित मन।
सुख-दुख, छाया-धूप, सहज बन जाता जीवन ।।

— त्रिलोक सिंह ठकुरेला

3.

साधना ठकुरेला

चलती रहती जिंदगी, ज्यों कागज़ की नाव ।
लोग भटकते लक्ष्य से, करते नहीं चुनाव ।।
करते नहीं चुनाव, हवा खे कर ले जाती ।
कुछ हो जाती पार, कहीं पर भँवर डुबाती ।
कहे ‘साधना’ सत्य, करो मत कोई गलती ।
हाथ रखो पतवार, नाव तब ढंग से चलती ।।

चढ़ती चींटी सर्वदा, अनथक करे प्रयास ।
ले जाती है शीर्ष तक, बस मंजिल की आस ।।
बस मंजिल की आस, सदा श्रम करती जाती ।
हो जाता श्रम साध्य, और मंजिल को पाती ।
कहे ‘साधना’ सत्य, लगन ही आगे बढ़ती ।
देती श्रम की सीख, तुच्छ चींटी जब चढ़ती ।।

जाला मकड़ी बुन रही, करके यही विचार ।
कीट फसेंगे जाल में, कर लूँ सहज शिकार ।।
कर लूँ सहज शिकार, मजे से पेट भरुँगी ।
ऐश करूँ दिन-रात, नहीं अब कभी मरूंगी ।
खुद फँस खुद के जाल, सहज बन गयी निवाला ।
ऐसे ही इंसान, बनाता रहता जाला।।

गढ़ता काँटा पैर में, देता भारी पीर ।
तीखी वाणी भी सदा, मन को देती चीर ।।
मन को देती चीर, घाव ऐसा हो जाता ।
होते यत्न अनेक, नहीं फिर भी भर पाता ।
कहे ‘साधना’ सत्य, विवेकी बस यह पढ़ता ।
तन, मन रहे सचेत, न कोई काँटा गढ़ता ।।

नेकी कर के भूल जा, मत कर उसको याद ।
मिल जायेगा फल तुझे, कुछ दिन के ही बाद ।।
कुछ दिन के ही बाद, मिले यश, मान, बड़ाई ।
दे सुख अमित, अपार, यही है नेक कमाई ।
कहे ‘साधना’ सत्य, याद रखना जाने की ।
मानव बनो प्रबुद्ध, करो तुम हर दिन नेकी ।।

पीड़ा दें संसार में, कुछ अपने ही कर्म ।
लेकिन जो अनभिज्ञ हैं, नहीं जानते मर्म ।।
नहीं जानते मर्म, दोष ईश्वर पर मढ़ते ।
कोसें अपना भाग्य, कहानी नित नव गढ़ते ।
कहे ‘साधना’ सत्य, सुखों की बाजे वीणा ।
करते रहो सुकर्म, हरे ईश्वर सब पीड़ा ।।

आजादी की आड़ में, नारी हुई असभ्य ।
रँगी पश्चिमी रंग में, खुद को समझे सभ्य ।।
खुद को समझे सभ्य, भूल बैठी मर्यादा ।
सभ्य जनों की सीख, न उसको भाती ज्यादा ।
कहे ‘साधना’ सत्य, कर रही खुद बर्बादी ।
विस्मित हैं सब लोग, भला ये क्या आजादी ।।

— साधना ठकुरेला

4.

डॉ. उपमा शर्मा

तेवर बिगड़े सूर्य के, धरती लिखे प्रपत्र।
छा जाओ बादल-गगन, चुभे धूप सर्वत्र।
चुभे धूप सर्वत्र, ताप से सब अकुलाये।
कितने भेजे पत्र, न बादल जल बरसाये।
धरती जाती सूख,वृक्ष से काटे जेवर।
जीव-जंतु बैचेन, बिगाड़े सूरज तेवर।।

सागर बड़ा विशाल है, पर अवगुण यह पास।
ख़ारापन इतना रखे, इससे मिटे न प्यास।
इससे मिटे न प्यास, रखे कितनी जलधारा।
मिलते कितने रत्न, नहीं यह फिर भी प्यारा।
ठंडक और मिठास, रखे मिट्टी की गागर।
बुझा न पाये प्यास,भरा जल से ये सागर।।

होती श्यामल रात है, उजली होती भोर।
सुख-दुख दो पहलू रहे,जीवन के दो छोर।
जीवन के दो छोर,विपति से मत घबराना।
निकले मुश्किल दौर,मिले सुख खूब सुहाना।
रजनी का गर साथ, तभी दुनिया है सोती।
कैसे मिलता चाँद,अगर जो रात न होती।।

होली बिन खेले हुई, मैं तो ऐसी लाल।
तुमने जब से है भरा, उर ये प्रेम-गुलाल।
उर ये प्रेम गुलाल,धूम होली की न्यारी।
रंगों की भरमार,रँगी प्रियतम की प्यारी।
पिचकारी की मार, और ये हँसी -ठिठोली।
भूली लगे सब आज, सजन,मैं तेरी हो ली।।

बेटी वह सौभाग्य है, महकाती संसार।
इससे ही द्वारे रहें, खुशियाँ अपरम्पार।
खुशियाँ अपरम्पार, मिले हैं दिन अरु रैना।
गुंजित है परिवार, कूकती कोयल-मैना।
होती यह अनमोल, यही खुशियों की पेटी।
उपमा होती मुग्ध, चले जब अँगना बेटी।।

नारी तू नारायणी, तू है सबसे ख़ास।
तुझे न परिचय चाहिए, रख ख़ुद पर विश्वास।
रख ख़ुद पर विश्वास, चढ़े हर पल नव सीढ़ी।
देती है सम्मान,सँवारे अगली पीढ़ी।
रही जगत की मूल, सृष्टि तेरी आभारी।
मिला सृजन वरदान, बड़ी अद्भुत कृति नारी।।

आओ बैठें पास हम, कर लें मन की बात।
जाने कब हो क्या पता, इस जीवन की रात।
इस जीवन की रात, प्रीत मिलकर बरसायें।
होना नहीं उदास, गीत खुशियों के गायें।
कह उपमा यह बात,खुशी अब खूब मनाओ
यह जीवन सौगात, पास अब बैठो आओ ।।

— डाॅ. उपमा शर्मा

5.

डाॅ. बिपिन पाण्डेय

सारी दुनिया कह रही,मचा-मचाकर शोर।
उसे कटारी मार मत,जो ककड़ी का चोर।।
जो ककड़ी का चोर,किया क्यों उसने ऐसा?
उसे मिटानी भूख ,चाह या उसकी पैसा।
सोचे इसे समाज, और ले जिम्मेदारी।
रहे न भूख अभाव,मिटे हर मुश्किल सारी।।

छोटी-मोटी बात को ,नहीं दीजिए तूल।
रिश्तों की इससे सदा,हिल जाती है चूल।।
हिल जाती है चूल,व्यर्थ में झगड़ा बढ़ता।
होता वाद-विवाद,और फिर पारा चढ़ता।
रहे हमेशा ध्यान,बात मत बोलो खोटी।
करे दूध को नष्ट, बूॅंद नीबू की छोटी।।

बोलो अंतिम काल में,होगा कैसे काम।
अगर-मगर करते रहे,हुई सुबह से शाम।।
हुई सुबह से शाम, बैठ अब रोना रोते।
समझा नहीं महत्त्व,जिंदगी बीती सोते।
धर्म-तुला पर काम,हमेशा अपने तोलो।
प्यारे प्रभु का नाम,समय जब मिलता बोलो।।

अपने पैरों पर खड़े ,होते हैं वे लोग।
नहीं सफलता मानते,जो केवल संयोग।।
जो केवल संयोग,मानकर रचें कथानक।
साक्षी है इतिहास, नहीं वे होते नायक।
वे ही भरें उड़ान, पूर्ण हों उनके सपने।
करते हैं उपयोग,शक्ति का जो भी अपने।।

अपने मुँह मिट्ठू मियाँ,बनते हैं जो लोग।
आत्ममुग्धता का उन्हें,होता तगड़ा रोग।।
होता तगड़ा रोग ,सुनाना रोज कहानी।
करना खुद पर गर्व,समझना खुद को ज्ञानी।
जो रहते सामान्य,पूर्ण हों उनके सपने।
करना नहीं घमंड, दूर हो जाते अपने।।

जब तक बनती थी,नहीं,मुँह से फूटा बोल।
खत्म हुई यारी दिया ,कच्चा चिट्ठा खोल।।
कच्चा चिट्ठा खोल,आइना उसे दिखाया।
छुपा हुआ जो रूप,सामने सबके आया।
ये कलयुग के मित्र,छिपाते बातें तब तक।
कहते दिन को रात,मित्रता रहती जब तक।।

निर्णय अपना लो स्वयं,यदि रहना आबाद।
हो जाएगा अन्यथा, ये जीवन बर्बाद।।
ये जीवन बर्बाद, करो मत बन कठपुतली।
रखो आत्म-विश्वास,छँटेगी दुख की बदली।
होना नहीं उदास ,कभी भी देख पराजय।
नहीं हमेशा ठीक ,सभी होते हैं निर्णय।।

— डाॅ. बिपिन पाण्डेय

6.

राजपाल सिंह गुलिया

जल ये अब दूषित हुआ, हुई प्रदूषित वात ।
पैदा हमने आज ये , स्वयं किए हालात ।।
स्वयं किए हालात, प्रदूषण नित बढ़ता जाए ।
कटें रोज ही पेड़ , कौन किसको समझाए ।
कह गुलिया कविराय,नहीं जो निकला हल ये ।
दम घोटू हो वायु, विषैला होगा जल ये।

घटने रिश्तों में लगा, अब दिन प्रतिदिन प्यार ।
रोज़ बताता बात ये , रक्त सना अखबार ।।
रक्त सना अखबार , वधू ने वर को मारा ।
वहशी बनता बाप, मातु कर गई किनारा ।
हुआ अजब ये हाल, लगे जन -जन से कटने ।
लगा तभी तो प्यार, आज रिश्तों से घटने ॥

मानें बेटा बेटियाँ , जग में एक समान ।
लगे समझने बात ये , बहुतेरे इंसान ।।
बहुतेरे इंसान , सुता को खूब पढ़ाते ।
जिनके नेक विचार , जगत में आदर पाते ।
कह गुलिया कविराय,सुता को सुत सम जानें ।
बेटी कुल का मान, पराया धन ना मानें ।।

होता है संसार में , रिश्ता एक विचित्र ।
संकट में जो साथ दे, कहते उसको मित्र ।।
कहते उसको मित्र, सदा जो साथ निभाए ।
गिरे हमारा स्वेद, वहाँ वह खून बहाए ।
कह गुलिया कविराय, विपद में नैन भिगोता ।
वो ही सच्चा मीत, दुखी हर दुख में होता।।

ऐसी मारें मेख वो , निकले हरदम पार ।
ऐसे जन को जानिए , बहुत बड़ा मक्कार ॥
बहुत बड़ा मक्कार , चूकता नाहीं अवसर ।
करता मीठी बात , घात जो करता अकसर ।
कह गुलिया कविराय , सदा जैसे को तैसी ।
रहे उसे भी याद , करो कुछ करनी ऐसी ॥

सुनकर बातें आपकी , विस्मय हुआ अपार ।
ठकुरसुहाती भूमिका , चाटुक उपसंहार ॥
चाटुक उपसंहार , कथन में मिसरी घोली ।
नहीं एक भी बात , तथ्य को लेकर बोली ।
कह गुलिया कविराय ,सभी बैठे जल भुनकर ।
मुखिया को भी खेद , प्रशंसा झूठी सुनकर ॥

बातें सब ये भाग्य की , हैं किस्मत के खेल ।
कोई भोगे राज तो , कोई काटे जेल ॥
कोई काटे जेल , लिखा कबहूँ ना टलता ।
जन से हरदम भाग्य , कदम दो आगे चलता ।
कह गुलिया कविराय , बिछी हैं भाग्य बिसातें ।
शह मिलती या मात ,सभी किस्मत की बातें ॥

— राजपाल सिंह गुलिया

7.

बृजभूषण चतुर्वेदी ‘ब्रजेश’

जीवन से उल्लास को, खो मत देना यार।
हर दिन अपना यों जिओ,जैसे हो त्यौहार।।
जैसे हो त्यौहार,मुश्किलों में मुस्काओ।
कैसा भी हो दौर, ठहाके रोज लगाओ।
कह ब्रजेश कविराय,हँसी ही है सच्चा धन।
यह धन अगर न पास,व्यर्थ है ऐसा जीवन।।

थोड़ा सा धीरज रखो,क्यों हो रहे उदास।
इस पतझर के बाद फिर,महकेगा मधुमास।।
महकेगा मधुमास,हवा होगी पुरवाई।
कोयलिया की कूक, सुनायेगी अमराई।
मिट जायेगी पीर,फूटने दो बस फोड़ा।
आयेगा मधुमास, रखो अब धीरज थोड़ा।।

गौ धन गज धन बाजि धन,हुई पुरानी बात।
आज मशीनें लोह की,काम करें दिन रात।।
काम करें दिन रात,कहाँ अब गौ के जाये।
खड़े ट्रेक्टर द्वार,कार वाइक मन भाये।
कह ब्रजेश कविराय,उपज हो चाहे सौ मन।
लोहा ही धन आज,घरों में कहीं न गौ धन।।

आंगन में खुशियां उगें,खिलें प्यार के फूल।
गृह लक्ष्मी की हो कृपा,रहे सदा अनुकूल।।
रहे सदा अनुकूल,न सर पर बेलन खायें।
चरण दवायें रोज़,प्यार दिन दूना पायें।
खायें छप्पन भोग,व्याधियां रहें न तन में।
मने दिवाली रोज़,नोट बरसें आंगन में।।

जीवन भर जिस से मिले, पालन पोषण प्यार।
वही पिता लगने लगा,अब बच्चों को भार।।
अब बच्चों को भार,रख दिया वृध्दाश्रम में।
में मेरा परिवार,रहा कल तक जो भ्रम में।
काट रहा दिन शेष,पिता अब सिसक सिसक कर।
खून पसीना एक,किया जिसने जीवन भर।।

दीप जलाओ द्वार पर, बांधो बंदनबार।
राम लला घर आ रहे, स्वप्न हुआ साकार।।
स्वप्न हुआ साकार, उठो आरती उतारो।
बोलो जय श्री राम, स्वयं को उन पर वारो।
बीत गया संघर्ष, विजय के शंख बजाओ ।
दीपोत्सव है आज, घरों में दीप जलाओ।।

अपने इस गणतंत्र की, फीकी पड़े न शान।
अमर तिरंगे पर सदा, न्यौछावर है जान।।
न्यौछावर है जान, सदा फर फर फहराये।
जन गण मन का गान, यहां हर बच्चा गाये।
लगे राम का राज, हकीकत हों सब सपने।
निष्ठा से कर्तव्य, निभाएं हम सब अपने ।।

— बृजभूषण चतुर्वेदी ‘ब्रजेश’

8.

सुधा त्रिपाठी

मन से जैसा सोचते, बने वही व्यवहार।
औरों को जो ज्ञान दे, करें अमल हर बार।
करें अमल हर बार, मधुर रखकर हम वाणी।
कहते वेद पुराण, मौन आभूषण प्राणी ।
करें आचरण शुद्व,त्याग छल को जीवन से।
परखे जब निज दोष,मैल धुल जाए मन से।।

जंगल कटने से बढ़े,नित्य धरा का ताप।
अब बादल बरसे नहीं,तापमान को माप।
तापमान को माप, हुआ दुष्कर अब जीवन।
बरसो जल की धार,तृषित है पल-पल तन-मन।
सुधा कहे यह बात, भला कैसे हो मंगल।
अब भुगतो परिणाम, बहुत काटे जो जंगल।।

भर कर रख जल अन्न को,खग गाएंगे राग।
सूखी नदियाँ पावनी, नभ से बरसे आग ।।
नभ से बरसे आग,हाय!लाचारी कैसी।
पशु-पक्षी भी त्रस्त, पड़ी है विपदा जैसी।
रखे सुधा यह आस, वृक्ष की छाया सर पर ।
आए नन्हीं जान, पात्र रखना जल भरकर।।

होती है संस्कार की, संतति से पहचान।
त्याग तपस्या प्रेम से, गढ़ भावी संतान।।
गढ़ भावी संतान,नीति सम्मान सिखाना।
नित ममता से सींच, सुधोपम मार्ग दिखाना।
सुधा कहे यह भेद,लाल ये माणिक-मोती।
हुई तनिक ज्यों चूक, व्यथित फिर जगती होती।।

तन-मन हो एकांत जब, जुड़ता है संभाव्य।
शब्द छंद रस भाव तब, रचते नूतन काव्य।।
रचते नूतन काव्य,तिमिर जग के नित हरते।
अक्षर-अक्षर जोड़,सही संयोजन करते।
कहे सुधा यह भेद,श्रेष्ठ परिमार्जित जीवन।
शिल्पकार तब साध, करे संस्कारित तन-मन ।।

जगमग माया झूठ है,क्यों उलझे बिन बात।
अंतर्मन की आंँख को,खुली रखें दिन-रात।।
खुली रखें दिन-रात,विकारों पर रख पहरा।
माया तृष्णा छोड़,बृहद भवसागर गहरा।
प्रेम दया तप त्याग,साधकर बढ़ना पग-पग।
ज्ञान चक्षु को खोल,मार्ग तब होगा जगमग।।

कविता ऐसी हम रचें,सौम्य मधुर ले भाव।
दिव्य प्राण झंकृत करें, बहे सुधा रस स्त्राव।
बहे सुधा रस स्त्राव , नहीं हो कोई बंधन।
वीणा मृदु स्वर सप्त, गीत बस जाये तन-मन।
हृदय तार यूँ छेड़, किरण बिखरे ज्यों सविता।
वीणा के झंकार,संग ले गूँजे कविता।।

— सुधा त्रिपाठी

9.

रमाकांत सिंह ‘शेष’

कल-कल-नाद-निनादिनी,निर्मल सलिल-कलोल ।
जय शिव-जटा-विहारिणी, महिमा अतुल अमोल ।
महिमा अतुल अमोल, तटों का दृश्य मनोरम ।
अतिशय पावन तीर्थ , छटा गंगा की अनुपम ।
काशी के शुचि घाट, बह रही धारा निर्मल ।
मन को दे अभिराम , जाह्नवी की यह कल-कल ।।

मां गंगा की आरती , शंख नाद के साथ ।
देख घाट की दिव्यता , जुड़ जाते हैं हाथ ।
जुड़ जाते हैं हाथ ,शीश श्रद्धा से झुकता ।
जय गंगे का घोष, हृदय का प्रेम न चुकता ।
है वर्णन से परे ,पुलक वह मन चंगा की ।
खड़े देखते लोग , आरती मां गंगा की ।।

सुंदर छवि मधु-रस भरी ,चितवन में मधु-हास ।
मादकता गति में भरी , मन में नव-उल्लास ।
मन में नव-उल्लास, सुभगता रति-सी न्यारी ।
भव्य केश-विन्यास ,सरलता मुख पर प्यारी ।
रहता सदा अशांत , ताप से यथा समुंदर ।
उद्वेलित कर चित्त , लुभाती है छवि सुंदर ।।

छिपा बीज के गर्भ में , है तरुवर का रूप ।
उचित समय पर अंकुरण , घटना दिव्य अनूप ।
घटना दिव्य अनूप ,प्रकृति की अद्भुत माया ।
किसलय,कोमल-पत्र, फूल-फल, शीतल छाया ।
मंगल-सूचक पुष्प , पत्र-नव हरित तीज के ।
शाखाओं का जाल , गर्भ में छिपा बीज के ।।

वैवाहिक-सम्बंध है,बंधन परम पवित्र ।
बदल रहे उसके मगर , वे मर्यादित चित्र ।
वे मर्यादित चित्र , रंग नित उतर रहा है ।
संबंधों का स्वत्व, स्वतः ही बिखर रहा है ।
झूठे शक की मार , हुआ विश्वास प्रभावित ।
हुआ संक्रमित प्रेम , नर्क जीवन-वैवाहिक ।।

मन पवित्र तन स्वस्थ हो ,नहीं दंभ का लेश ।
मृदु वाणी, व्यवहार शुभ, नहीं शत्रु का क्लेश ।
नहीं शत्रु का क्लेश ,प्रेम की विस्तृत गति हो ।
सुख-दुख में सम-भाव ,धैर्य-बल, शुचि थिर-मति हो ।
दृढ़ हों नव संकल्प,तेज से आलोकित तन ।
सद विचार हो साथ , राम में रमा रहे मन ।।

दृढ़ इच्छा का अंततः, होता शुभ परिणाम ।
मिले सहज उपलब्धि में , धन-वैभव,यश-नाम ।
धन-वैभव, यश-नाम , बने आनंदित जीवन ।
स्वास्थ्य बुद्धि मन सोच ,गुणों का होता मंडन ।
मुदिता करती वास , तिरोहित हो जाती चिढ़ ।
उन्नति छूती पांव , अगर होती इच्छा दृढ़ ।।

— रमाकांत सिंह ‘शेष’

10.

परमजीत कौर ‘रीत’

पथ के कंटक भूलकर, बढ़ते जाओ मीत ।
आने वाला हर दिवस, दे जाएगा जीत ।।
दे जाएगा जीत,काल की बोली कहती ।
प्रतिपल दे संकेत, हमें चेताती रहती ।
मिले नहीं नवनीत, ‘रीत’ पानी को मथ के ।
करते रहना कर्म, भूलकर कंटक पथ के ।।

आहट फागुन की हुई, मीठी हुई बयार ।
रंगों भरी उमंग में, बहक रहा संसार ।।
बहक रहा संसार, पहन मस्ती का बाना ।
बरसें रंग अबीर, फाग ज्यूँ खेले कान्हा ।
पा रंगो का साथ, भरें रिश्ते गर्माहट ।
लिये मधुरता ‘रीत’, हुई फागुन की आहट ।।

जब तक अंतिम साँस है, तूफानों से ऱार ।
जलता दीपक कह रहा, नही माननी हार ।।
नही माननी हार, मुझे जलते जाना है ।
अपना तनिक उजास, जगत में बिखराना है ।
लौ बढ़ जाये और, आखिरी जब हो दस्तक ।
कुछ कर ले तूफ़ान, लडूँगा साँसे जब तक ।।

बनते हैं आदर्श जब, दुनिया में कुछ लोग ।
रचते हैं इतिहास को, संकल्पों के योग ।।
संकल्पों के योग, अटल-पथ बढ़ते जाते ।
बाधायें हो लाख, कहाँ कब वे घबराते ।
कहती ‘रीत’ यथार्थ, संकटों में हैं छनते ।
लोग वही आदर्श, उद्धरण जग में बनते ।।

सरिता बहती जा रही, बाधाओं को चीर ।
अपनी राहें ढूँढकर, आगे बढ़ता नीर ।।
आगे बढ़ता नीर, और पत्थर घिस देता ।
बह निकले जो संग, साथ उसको ले लेता ।
सरिता जीवन-दर्श, लगे ज्यों कविता कहती ।
बढ़ हर बाधा चीर, कह रही सरिता बहती ।।

कितनी प्यारी सी लगें, बिटिया चिड़िया धूप ।
रोशन करतीं चहककर, आँगन का हर रूप ।।
आँगन का हर रूप, बदल ही इनसे जाता ।
इनके आते गेह, एक रौनक सी पाता ।
करतीं नभ पर राज, बात ये इनकी न्यारी ।
बिटिया चिड़िया धूप,तभी तो कितनी प्यारी।।

साँकल तेरे पाँव में, दूर बहुत आकाश ।
अरी! चिड़कली किन्तु तूँ, होना नहीं निराश ।।
होना नहीं निराश, पंख फैलाती रहना ।
एक न इक दिन टूट, गिरेंगे बंधन, है ना ?
पलट समय के साथ,कहें क्या कौन यहाँ कल।
बन जाये औजार, पाँव की जो है साँकल ।।

— परमजीत कौर ‘रीत’

कुण्डलिया छंद के सृजनयोगी – त्रिलोक सिंह ठकुरेला

काव्य की भूमि पर जब विचारों के बीज संवेदना से सिंचते हैं, तब वहाँ शब्द नहीं, अर्थ जन्म लेते हैं।
ऐसे ही अर्थपूर्ण सृजन के अप्रतिम साधक हैं त्रिलोक सिंह ठकुरेला, जो कुण्डलिया छंद के क्षेत्र में निरंतर श्रम-साध्य कार्य कर रहे हैं। केवल रचना तक सीमित न रहकर वे इस छंद के संपादन, प्रसार और संरक्षण में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

इसी सृजनशील परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, उनकी शुभेच्छा एवं प्रेरणा से सन 2024 में प्रतिवर्ष 19 नवम्बर को ‘कुण्डलिया दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।
साहित्यकारों एवं अनेक साहित्यिक संस्थाओं ने प्रथम बार 19 नवम्बर 2024 को यह दिवस अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और सृजनशीलता के साथ मनाया और यह दिन अब साहित्य-जगत में एक नई सार्थक परंपरा बन चुका है।

हमारा सभी रचनाकारों, कवियों और साहित्यप्रेमियों से हार्दिक निवेदन है कि इस वर्ष भी 19 नवम्बर 2025 को अपने-अपने मंचों, सोशल मीडिया, पत्रिकाओं एवं गोष्ठियों के माध्यम से कुण्डलिया दिवस को एक साहित्यिक पर्व के रूप में मनाएँ।
अपनी एवं अन्य रचनाकारों की कुण्डलियाँ साझा करें और प्रत्येक रचना के साथ #कुण्डलिया_दिवस अवश्य लिखें, ताकि यह छंद न केवल जीवित रहे, बल्कि नई पीढ़ी के हृदयों में भी अपनी लय और गरिमा के साथ गूंजता रहे।

– संपादकीय टीम, पंखुरी साहित्य मंच

प्रकाशित तिथि: 19 नवंबर 2025