कभी-कभी घर की मालकिन निकलती तो माँ से कुछ बात करती। फिर वे अंदर हो जाते। शाम को चारों प्राणी ट्रैक शूट में निकलते और स्टेडियम चले जाते। फिर अंधेरा होने पर आते। माँ आँगन में अक्सर लौकी-कददू रोपती थी। जब फल आते तो वह पड़ोसी को देने चली जाती। हम इंतजार करते। माँ काफी देर बाद लौटती और बताती कि चाय-पानी करते उसे देर हो गई।
सुबह सुबह दोनों बेटियां स्कूल चली जाती और पति-पत्नी ड्यूटी। पड़ोसी का लंबा-चौड़ा सहन दिन भर सूना रहता। धीरे-धीरे उनकी उदासीनता हमें खलने लगी। हम उन्हें देखते तो न जाने कैसा कसैला भाव उमड़ने लगता। मन ही मन गाली देते और उनकी तरफ थूकते। हमारा माथा तब भिन्ना जाता जब हमें लगता कि उन्होंने हमारी तरफ गौर ही नहीं किया। मन करता कि क्या ऐसा करें कि पड़ोसी जलभुनकर गालियां बकना शुरू कर दें। पर वे हमेशा शांत और सौम्य दिखाई पड़ते। इससे हमारी जलन बढ़ जाती। हम पान खाते तो पड़ोसी की तरफ थूक देते। चिप्स-गुटके और अन्य सामानों की पन्नियां उनके द्वार पर ही फेक देते। हमें अंदाजा था कि पड़ोसी जरूर किसी दिन भड़केंगे। माँ उनको अब तक बहुत सारा लौकी, तरोई, कददू और गन्ना दे चुकी थी। अब उन्हें भी उनका व्यवहार खटकने लगा। जबकि जब वे ये सामान उनके घर में देने जाती तो चाय-नाश्ता जरूर करके आती। पर वे अक्सर कहतीं कि पड़ोसन में बहू-बेटी वाला गुण नहीं है। माँ-बाप ने कुछ सिखाया-पढ़ाया नहीं। अंग्रेजन है। उन्हें सबसे बड़ी शिकायत यह थी कि हमारी जाति जानते हुए भी उसने उनका पैर नहीं छुआ था। इसलिए उनका मन भी खट्टा हो गया था। इधर हमने पड़ोसी के सामने खूब गन्दगी फैला दिए थे और अनुमान लगा रहे थे कि धैर्य का घड़ा फटने ही वाला है कि अगले इतवार को हमने देखा – एक मजदूर ने साफ-सफाई करके पड़ोसी का अगवाड़ा-पिछवाड़ा चकाचक कर दिया। हमें लगा कि किसी ने हमपर घड़ा भर पानी डाल दिया और हम ठिठुरकर सिकुड़ गए हों। हम भी जिद पर आ गए। अब हम दोस्तों के साथ वहीं बैठते और गम्मज करते। जितने पुकार-पुड़िया खाते सब पड़ोसी के सामने फेक देते और धृष्टता से सोंचते कि कभी बात चली तो कह देंगे कि हवा से उड़कर गया है। हवा को हम रोक नहीं सकते।
हमें पूरा भरोसा था कि दो लड़कियों के बाप को हमारे जैसे उजड्ड लोगों का बैठना जरूर चुभेगा। लेकिन ऐसा न हुआ। एक दिन पड़ोसी ने मजदूर लाकर अपने द्वार के दोनों किनारों पर क्यारी बनाकर झाड़ रोप दिए। अब हम इसपार और वो उसपार हो थे। झाड़ बड़ा और घना हो गया और हमें चुभने लगा।
राम करन
अपरा सिटी फेज –4
ग्राम व पोस्ट – मिश्रौलिया
जनपद – बस्ती, उत्तर प्रदेश
पिन – 272124