कहानी-कई मौसमों की स्त्री मीनू खरे द्वारा

कई मौसमों की स्त्री( कहानी )

लेखिका - मीनू खरे

18 जुलाई 2005
पिछले 4 वर्षों के मोहब्बत के सफ़र की परिणति, आज से अथर्व  के संग  लिव-इन में हो गयी। माँ चाहती थीं कि शादी करके ही अथर्व के साथ रहूँ पर मुझे माँ और दीदी जैसी नीरस ज़िंदगी नहीं चाहिए.. आय एम डिफ़रेंट एंड ऐडवेंचरस..
 
18 जुलाई 2006
अथर्व के साथ एक साल बीता। एक दूसरे का साथ निभाते हुए भी हम  दोनो एकदम ओपन हैं…इंटरफ़ेयरिंग नहीं! प्यार के बन्धन में बँध कर भी मैं स्वतन्त्र हूँ मनचाहे ढंग से जीने को।सो लकी!
 
22 सितम्बर 2007
लिव-इन की दुनिया के अपने नियम, उतार चढ़ाव और प्रयोग हैं।दो महीनों से अपने सहकर्मी राहुल से चल रहीं बेबाक़ नज़दीकियाँ आज मैंने अथर्व से साझा कीं।उसकी नाराज़गी का डर था पर वो असहज तक नहीं हुआ बल्कि उसने मुझे बधाई दी।ही इज़ ग्रेट!
 
 
लेखिका -मीनू खरे कई मौसमों की स्त्री — Vcare Language Academy
18 जुलाई 2014
क्या हर रोग का इलाज एक दवा  से हो सकता है? नहीं ना! संगीत सुनने के लिए मेरे पास आईपॉड है, वीडिओ एडिटिंग के लिए कम्प्यूटर, वॉट्सएैप के लिए स्मार्टफोन, किताबें पढ़ने के लिए किंडल।जैसा हर चीज़ में है, वैसा ही मेरे संबंधों में भी है।मानसिक,शारीरिक, कलात्मक..
जितनी मेरी ज़रूरतें  उतने ही ब्वायफ़्रेंड्स.. सो सिंपल ! अथर्व के साथ लिव-इन संबंध के अलावा अब मेरे अन्य प्रगाढ़ सम्बन्ध भी हैं।
 
27 अगस्त 2014
आज अथर्व का कज़िन घर आया था।मेरी चर्चा करते हुए अथर्व ने मुझे ‘कई मौसमों की स्त्री’ के रूपमें वर्णित किया। अपनी यह परिभाषा मुझे पसंद आई ।यह मेरे अस्तित्व का सार है।
 
8 जनवरी 2016
पिछले तीन दिनों से अथर्व की गर्लफ़्रेंड 
भी हमारे साथ हमारे  बेडरूम में रह रही है। पता नहीं क्यों आज असुरक्षित महसूस कर रही हूँ  … हट! लिव-इन में क्या असुरक्षित? फिर भी … 
 
11 जनवरी 2016
अथर्व की गर्लफ़्रेंड चली गयी।जाते समय मन कर रहा था उसका मुँह नोच लूँ…
 
12 जनवरी 2016
अथर्व ने मुझे बाहों में भरने की कोशिश की मैंने झिड़क दिया। वह नहीं समझा मेरे ऐसे व्यवहार का कारण … शायद मैं भी नही।
 
14 फरवरी 2016
वैलेंटाइन डे पर आज  घर में इनोवेटिव फ़न पार्टी थी।सबको अपने अपने एक्स को इन्वाइट करनाथा।अथर्व की दो एक्स गर्लफ़्रेंड्स आयीं। मेरा कोई एक्स नहीं ! मैं प्यार में पड़ती हूँ तो यह कभी ख़त्म नहीं होता। जिसके भी साथ मैं अंतरंग महसूस करती हूँ, वह सदा मेरे दिल में एक प्रकाशित मोमबत्ती की तरह रहता है। दूर हो जाने पर भी वो मेरे दिल में रहता है, मुझमें अपनत्व और रोमांस भरते हुए।यह सब कॉम्प्लिकेटेड है ना! पर है…! मैंने पार्टी में अपने सभी ब्वायफ़्रेंड्स को बुलाया था।अथर्व ने मुझे आज भी  *कई मौसमों की स्त्री* कह कर सम्बोधित किया… जाने क्यों आज अच्छा नहीं लगा।
 
20 फ़रवरी 2017
जाने मुझे क्या होता जा रहा… उचाट लगता है ..सब व्यर्थ! ऋतु वसन्त है पर मुझमें उग आया है एक पतझर.. अथर्व का प्यार बिल्कुल पहले जैसा है पर मेरे अन्दर बसी स्त्री बदली-बदली सी है…
 
22 फ़रवरी 2017
आज पड़ोस में लाल टोपा पहने बच्चे को देख कर बहुत अच्छा लगा। कितना प्यारा लग रहा। क्या उठा लूँ इसे गोद में? नहीं इसकी माँ मुझे पसंद नहीं करती .. हिक़ारत से देखती है..
 
24 फ़रवरी 2017
मुझे माँ बनना है…
मुझे माँ बनना है…
मुझे माँ बनना है…
मेरे बच्चे का पिता कौन होगा?
 
27 फ़रवरी 2017
कल दीदी की बेटी सोनल  की शादी
शादी में जा रही हूँ, वर-वधू के सफल वैवाहिक जीवन की ढेरों मंगलकामनाओं संग…एक बेटी का विदा होकर पति के घर जाना मेरे अन्दर की स्त्री को रोमांच से भर  रहा है…जाने क्यूँ…

Author