कहानी- ऐसी लागी लगन ज्योत्सना कपिल द्वारा

ऐसी लागी लगन (कहानी)

लेखिका - ज्योत्स्ना कपिल

महफ़िल सजी हुई थी। आगरा की मशहूर तवायफ़ नर्गिस का कोठा गुलज़ार हो चुका था। उस ज़माने में नर्गिस, आगरा की जान और गुरुर थी। दूर दूर के इलाके में उसकी खूबसूरती व मौसिकी के चर्चे थे। बड़े बड़े नवाबों, राजे – महाराजे के यहाँ के जश्न, उसकी मौसिक़ी के बगैर अधूरे थे। उसका कोठा किसी शहज़ादी की इशरतगाह से कम न था। बेल्जियम कट ग्लास के बने बड़े बड़े, रंग-बिरंगे , बेशकीमती झाड़-फानूस, चाँदी और हाथी दाँत की बनी दीवारगीरें, चाँदी के फ्रेम में मढ़े, बड़े-बड़े आईने, चाँदी के गमले और फूलदान, संगमरमर की मेज़ें और उन पर ज़री की कामदार मेज़पोश, ईरानी कालीन- इन सभी बेशक़ीमती चीज़ों से नर्गिस की शानोशौक़त का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। उसका सुर्खी लिए हुए संगमरमरी शफ्फाक बदन, तीखी कँटीली आँखें, जिधर भी नज़रें उठतीं,सामने वाले को ज़ख़्मी कर जातीं । गुलाब की पंखुड़ियों से होंठ, उसपर उसकी नाज़ों- अदा। कहते हैं कि जब वह पान खाती, तो जर्दे का नारंगी रंग उसके गले से होता हुआ जाता नज़र आता था। न जाने कितने ऊँचे घरानों के चिराग, उसके इश्क में गिरफ़्तार थे, पर मजाल है कि नर्गिस की निगाह में कोई चढ़ा हो। हर एक से, वह बहुत अदब और तहज़ीब से पेश आती। जिसकी ओर पान की पेशकश कर देती, वह निहाल हो जाता। उसकी एक एक मुरकी पर कद्रदान क़ुर्बान हो जाते थे।
लेखिका – ज्योत्स्ना कपिल ऐसी लागी लगन — Vcare Language Academy
उस दिन भी नर्गिस की ठुमरी पर लोग वाह वाह कर रहे थे। तभी उसके एक पुराने कद्रदान के साथ एक नया शख्स नमूदार हुआ। ऊँचा, कद्दावर, बाँका जवान, जिसकी चौड़ी पेशानी और उसपर लगा, कुमकुम और चंदन का टीका, दिलों को छलनी करती हुई निगाहें, तीखी नाक, तराशी हुई मूछें, बदन पर रेशमी कुर्ता ,झक्क सफ़ेद धोती, कंधे पर कीमती दुशाला। देखने वाले का ध्यान एकबारगी खींच लेने वाली शख्शियत। नर्गिस ने एक उड़ती हुई निगाह उसपर डाली और झुककर सलाम किया। उनदोनों को इज्जत के साथ बैठाया गया। इलायची, पान पेश किया गया। पुराने कद्रदान ने तो पान का बीड़ा उठाया लिया पर उसके साथ वाले अजनबी ने पेशकश ठुकरा दी। वह अजनबी बहुत गौर से नर्गिस को सुन रहा था। उसकी हर ताल, हर लय पर झूम रहा था। उसके सुनने के अंदाज़, सही जगह पर सराहना के लिए हिलता सर, देखकर नर्गिस समझ गई थी कि यह अजनबी मौसिक़ी का जानकार और सही कद्रदान है। जब वह जाने के लिए खड़ा हुआ, तो नर्गिस को महसूस हुआ मानो महफ़िल की सारी रौनक चली जा रही है। वह उसके जाने के बाद भी देर तक, उस ओर देखती रही। जब लोगों ने आवाज़ देकर उसका ध्यान खींचा तो उसे अचानक महसूस हुआ मानो काफी देर हो चुकी है और अब वह बहुत थक चली है। वह सबको मुजरा करते हुए उठ गई। वक़्त से पहले ही उस दिन महफ़िल उठ गई थी। लोग एक दूसरे से सवाल करते रहे गए, पर कोई माक़ूल जवाब किसी के पास न था।
        इसके बाद अगले दिन वह उस अजनबी का इंतज़ार करती रही और उखड़े अंदाज़ में गाती रही। आज महफ़िल जम ही न पा रही थी। फिर वह अपनी जगह रुकैय्या जान को गाने के लिए बैठाकर चली गई। लेकिन उसके चाहने वाले, भला किसी और को क्यों सुनने लगे। उन्होंने शोर मचाया, तो उसकी मुमताज़ ख़ाला और सहेलियों ने वजह जानने की कोशिश की। जवाब में नर्गिस ने तबियत नासाज़ होने का बहाना करके, बमुश्किल अपनी जान छुड़ाई। अब उसकी निगाहें दरवाजा तकती रहतीं पर अजनबी दोबारा नहीं आया। नर्गिस उदास हो गई। उसके दिल का दर्द, उसकी मौसिक़ी में उतर आया था। उसकी आवाज़ और भी पुरकशिश हो गई थी। जो सुनता, वह उसकी आवाज़ के जादू में गुम हो जाता। नर्गिस की मशहूरी बढ़ती ही चली जा रही थी। ऐसे में एक दिन राजशाही के शाही खानदान से राजा राजबीर सिंह जी के चश्मे – चिराग कुँवर समर सिंह की शादी के लिए मुजरे का पैग़ाम आया। साथ में शाही अशर्फियों की मुहरबंद थैली पेशगी के रूप में आयी। शाही खानदान को मना करना मुमकिन नहीं था। नर्गिस अपना कोठा छोड़कर जाना नहीं चाहती थी। क्या जाने कब उस अजनबी का दिल उसकी मौसिक़ी सुनने का तलबगार हो जाए। वह बहुत तरद्दुद में पड़ी, क्या किया जाए !  ख़ाला की ज़िद और हीले -हवाले की कोई गुंजाइश न देख नर्गिस अपने साजिंदे और साथियों के साथ शाही मजलिस के लिए चल दी।
         उन सभी को एक शानदार हवेली में ठहराया गया। हुक्म बजा लाने को खिदमतगार। सभी बड़े आराम से वहाँ ठहर गए, परन्तु नर्गिस उदास थी। कहीं वह अजनबी न आकर लौट जाए ! शाम हुई और महफ़िल सज गई। नर्गिस ने आलाप लिया, सभी दिल थामकर बैठ गए। सफ़ेद रंग के कीमती लिबास में सजी- धजी नर्गिस, जन्नत की हूर से कम न लग रही थी। शाही खानदान की दाद मिलने पर उसने उनकी ओर रूख़ करके आदाब किया तो, पलभर को उसकी निगाहें थमी रह गईं। राजबीर सिंह जी के पास ही एक शख्स ने आकर तशरीफ़ रखी। नर्गिस को लगा कि उसका दिल धड़कना बन्द कर देगा। जिसके दीदार को वह इस कदर बेचैन थी, वही अजनबी उसके सामने बैठा था। उसे लगा कि आज अगर वह कुछ और भी माँग लेती , तो वह भी उसे मिल जाता। उसको यकीन हो गया, कि ख़ुदा बहुत मेहरबान है। उसके चेहरे का रंग बदल गया। यकायक जैसे खिजाँ के फूल में बहार आ गई। वह सब कुछ भूलकर एक खूबसूरत नगमा गा उठी। समय गुज़रता जा रहा था और महफ़िल में बैठे लोग सुध खोकर सुन रहे थे। अजनबी भी तरन्नुम में खोकर, आँखें बंद किये, सुरों के जादू में डूब चुका था। कभी- कभी दाद देने के लिए उसका सर हिल जाता। नर्गिस के लिए और लोग जैसे महफ़िल में होकर भी गैरमौजूद थे। वहाँ बस वह और उसका महबूब था। अब तक मजबूती से सम्हालकर रखा दिल, वह हार चुकी थी। उसकी निगाहें मंत्रमुग्ध सी बस वहीं जमी हुई थीं। आधी रात के बाद महफ़िल खत्म हुई। अज़नबी ने बस एक दो बार उड़ती सी निगाह उसपर डाली, तारीफ़ में कुछ एक बार अपना सर हिलाया और महफ़िल खत्म होने पर बिना उसकी ओर निगाह डाले उठकर चला गया।
         नर्गिस का दिल तड़प उठा। जहाँ अच्छे अच्छे उसकी एक नज़र के तलबगार रहते हैं, उस अजनबी को इस क़दर गुरुर ! न तारीफ़ में एक भी शब्द कहा, न दीवानगी से उसे देखा, न उसकी मोहब्बत का दम भरा। इस कदर बेजारी … इतनी बेदिली से उठकर चला गया ! क्या उसके दिल पर नर्गिस के हुस्न का जादू कोई असर न दिखा पाया ! उसने अपनी एक कनीज़ को इशारा किया और वह उठकर चली गई। काफ़ी देर बाद लौटकर बताया कि अजनबी वहाँ के दीवान भास्कर शास्त्री हैं। वह एक कुलीन ब्राम्हण खानदान के वारिस हैं। राजशाही के ही वासी हैं। विवाह बचपन में ही हो गया था और दो किशोर पुत्रों के पिता हैं। उनका पता ठिकाना जानकर नर्गिस को लम्बे समय बाद क़रार आया था। उस रात वह सोई तो दीवान साहब के ख्वाबों को ही देखती रही। उसकी आँखों में नूर आ गया था, राजशाही में उसे अपनी जन्नत नज़र आने लगी। अगली रात भी महफ़िल जमी, और उसके गीतों पर लोग झूम – झूम उठे। दीवान साहब पर भी गायिकी का असर तो गहरा हुआ था, पर वह उससे स्वयं को लापरवाह दिखाने की कोशिश कर रहे थे। नर्गिस उनके मुँह से तारीफ़ भरे एक शब्द को, उनकी एक मुहब्बत भरी नज़र पाने को बेचैन थी। महफ़िल फ़िर से बर्खास्त हुई, नर्गिस को बहुत सारा ईनाम नज़र किया गया, जिसे लेने से उसने साफ़ इंकार कर दिया। जब राजा साहब ने उससे अपनी ख्वाहिश बताने को कहा तो उसने अकेले में अपनी दिली ख्वाहिश बताने की इल्तज़ा की। राजा साहब ने उसकी दरख़्वास्त कुबूल कर ली।
       अगले दिन राजा साहब ने नर्गिस को बुलवा भेजा। जब उन्होंने मुँहमाँगा इनाम देने का वादा किया तो नर्गिस ने उनसे राजशाही में ही बसने की इजाजत माँगी। राजा साहब ने बख़ुशी उस तजवीज़ को मंजूर किया और जिस हवेली में वह ठहरी हुई थी, वही उसे इनाम में दे दी। नर्गिस के दिल की मुराद पूरी हुई तो उसे महसूस हुआ कि वह उसकी ज़िन्दगी का सबसे बड़ा दिन है। अब उसका महबूब उसकी पहुँच से ज़्यादा दूर नहीं है। जिसने भी इस ख़बर को सुना हैरान रह गया। राजशाही के रहने वाले खुश हुए पर आगरा के बाशिंदे मायूस हो गए। आख़िर उनके शहर की रौनक उसे वीरान करके जा रही थी। उसके साजिंदे और ख़ादिम कशमकश में पड़ गए कि अब क्या करें। अपना घर बार, रिहाइश छोडकर यकायक यहाँ कैसे बस जाएं। पर नर्गिस थी कि कुछ सुनने को तैयार ही न थी। अंततः कुछ को छोड़कर बाकी अपने शहर वापस लौट गए। नर्गिस की दीवानगी बढ़ती ही जा रही थी। वह बस दीवान साहब की एक नज़र की तलबगार थी। उधर शायद दीवान साहब पर भी कुछ तो असर हुआ लगता था। क्योंकि अक्सर हर जश्न में वह तशरीफ़ तो ज़रूर लाते थे, यह बात और है कि उससे बात करने या उसकी ओर देखने से बचते थे।
       एक दिन रियासत के एक रईस के घर बच्चे की सालगिरह का जश्न था। कोई जश्न हो और नर्गिस के मुजरे के बगैर हो जाए, यह कहाँ सम्भव था। उसे भारी पेशगी देकर बुलाया गया। कद्रदानों ने नर्गिस से होरी की फरमाइश कर डाली। सामने हमेशा की तरह दिवान साहब मौजूद थे। उसने तरंग में आकर होरी की तान छेड़ी तो सब झूम उठे। रंग जम गया था, वहाँ मौजूद हर शख्स सुध बुध खो चुका था। समय- समय पर गर्दन की जुम्बिश से दीवान जी की भी दाद मिल रही थी। उसकी खुशी का ठिकाना न था। उसके सामने गुलाब और गेंदे के फूल व उनकी पंखुड़ियों से भरा चाँदी का थाल रखा था। उसने कुछ फूल उठाकर सामने बैठे लोगों की ओर उछाल दिए। इसके साथ फूलों की होली शुरू हो गई। उस होली के बीच उसने देखा कि उसका फेंका हुआ एक गुलाब दीवान जी ने अपनी हथेली के बीच छुपा लिया। फिर थोड़ी देर बाद उसे सबकी नज़र बचाते हुए रुमाल में रख लिया। इस एक छोटी सी हरकत ने नर्गिस को जैसे मुँह माँगी मुराद दे दी। 
         जब दिल की लगी हद से आगे बढ़ गई तो नर्गिस ने उनसे एक मुलाक़ात करने का फैसला किया। अपनी एक भरोसेमंद कनीज़ को भेजकर दीवान साहब की रोजाना की तफ़सील लाने का हुक्म दिया। दो दिन बाद कनीज़ ने उसके हुज़ूर में पेश होकर बताया कि शास्त्री जी बड़े नियम धरम, छुआ छूत मानने वाले ,कट्टर ब्राम्हण हैं और रोजाना सुबह तड़के उठकर ,घोड़े पर सवार होकर, दो खादिमों के साथ, प्राचीन शिवमंदिर जाते हैं। नर्गिस ने उन्हें वहीं घेरने का फैसला लिया। सारी रात वह बेचैनी से करवटें बदलती रही। एक- एक लम्हा बहुत भारी गुज़र रहा था। बस लग रहा था कि कब रात गुज़रे और वह उनके सामने जाए। सुबह जल्दी उठकर उसने स्नान किया और साधारण लिबास में बिना किसी जेवरात और श्रृंगार के पालकी में बैठकर चल दी। एक सुनसान स्थान पर उसने पालकी रुकवाई और दीवान जी का इंतज़ार करने लगी। काफ़ी देर बाद दूर से तीन आदमी आते हुए नज़र आये। उसकी कनीज़ ने पालकी से काफ़ी दूर जाकर दीवान जी का रास्ता रोक लिया। उसने उनसे कहा कि उसकी मालकिन किसी ज़रूरी बात के लिए उनसे अकेले में बात करना चाहती हैं। उन्होंने कुछ उलझन के भाव लिए अपने सैनिकों की ओर देखा और फिर उन्हें वहीं रुकने का इशारा करके आगे बढ़ गए।
        पालकी के पास आये तो नर्गिस ने उन्हें अदब से सलाम किया । उसे इस तरह साधारण वेशभूषा देखकर वह बुरी तरह चौंक गए। इस साधारण वेशभूषा में उसका मुखड़ा कुछ यूँ लग रहा था जैसे घने बादलों के बीच पूनम का चाँद। पलभर को मिश्र जी सम्मोहित से उसे देखते रह गए। उनकी वह मुग्ध दृष्टि देखकर जैसे नर्गिस को कलेजे में बहुत ठंडक का अहसास हुआ। इसी निग़ाह की तो वह कबसे तलबगार थी। तभी दीवान साहब को अपनी स्थिति का भान हुआ और उसपर से अपनी दृष्टि हटाते हुए उन्होंने प्रश्न किया
        ” आप … यहाँ …. इस तरह ?”
        ” जी, आप तो कभी हमारे दौलतखाने में तशरीफ़ लाते ही नहीं, तो हमें आना पड़ा। बस एक सवाल है हुज़ूर से “
        ” जी , कहिए ” उन्होंने आश्चर्य से कहा।
        ” हुज़ूर, आपको हमारा गाना पसन्द नहीं, या हमारी शक्ल पसन्द नहीं, या हमारी तर्बियत में ही आपने कोई कमी पाई है ?” उसने पूछा।
         ” यह क्या कह रही हैं आप ? आपकी आवाज़ ,आपकी खूबसूरती, और आपकी काबिलियत के चर्चे तो दूर दूर तक हैं। उसमें किसी तरह का शुबहा हो ही नहीं सकता। यह तो हमारी रियासत की खुशनसीबी है जो अब आप, यहाँ रह रही हैं। ” उनके एक एक शब्द में सच्चाई की झलक थी।
        ” अगर आप सच कह रहे हैं, तो कभी हमारे यहाँ तशरीफ़ लाइये न। “
        ” यह मुमकिन नहीं मोहतरमा “
        ” क्यों मुमकिन नहीं ?”
        ” हम कट्टर सनातनी ब्राम्हण हैं। किसी कोठे पर जाना हमें ज़ेब नहीं देता। इससे हमारे खानदान की इज्ज़त पर बट्टा लग जाएगा। ” कहते कहते उनका स्वर कुछ धीमा हो गया और सर झुका गया। नर्गिस को लगा जैसे किसी ने भरे बाज़ार उसे तमाचा जड़ दिया हो। उसका चेहरा सफ़ेद पड़ गया। उसका उतरा हुआ मुँह देखकर वह एकदम से परेशान हो उठे।
       ” पर आप जैसा संगीत की बारीकी समझने वाला कोई नहीं देखा। जब आप गाती हैं, तो जी चाहता है कि बस आपको सुनते ही रहें, और आपका गाना कभी खत्म न हो। ” उन्होंने उसकी तस्कीन के लिए कहा। उनका स्वर अब भी उनकी सच्चाई का बयान कर रहा था।
         इसके बाद नर्गिस कुछ न कह सकी, उसकी आँखें नम हो आयीं थीं। उसने उन्हें झुक कर सलाम किया और पलटकर पालकी पर बैठ गई। दीवान साहब खड़े उसे जाते हुए देखते रह गए। जब उसकी पालकी दूर चली गई तो पलटकर वह भी चल दिये।
  
* * * * * * *
 
       वह घर लौटी तो बहुत बेचैन थी। उसका वजूद जैसे नकार दिया गया हो। वह शख्स, जिसे वह अपना साहिल समझ बैठी थी वह तो एक भरम निकला। वह उसके लिए कोई अहमियत नहीं रखती। उसकी मुहब्बत की कोई कीमत नहीं। वह उनकी निगाह में कमतर है। वह उसे इस क़ाबिल नहीं समझते कि उसे निगाह भरकर देखें, उसके करीब आयें। उसके पास आने से उनकी शान में बट्टा लगता है। 
         ” हे ख़ुदा, तूने हमें इस दुनिया में भेजा ही क्यों ? अगर भेजा ही था तो तवायफ़ क्यों बनाया ? और अगर हमारे लिए तवायफ़ का पेशा ही तजवीज़ किया था ,तो हमारे दिल में मुहब्बत क्यों पैदा की ? भास्कर की मुहब्बत हमारी किस्मत में क्यों नहीं है ख़ुदा ? ” वह शिकायत कर उठी। दिन भर वह अकेले बैठी रोती रही, तड़पती रही। शाम को महफ़िल न सजी। कद्रदान आकर, इंतज़ार करके चले गए, पर नर्गिस ने उस दिन महफ़िल का रुख़ न किया। कई दिन वह अपने कमरे से बाहर न निकली। खाने पीने का होश न था, अक्सर गीली आँखें लिए वह शून्य को घूरती रहती थी। रो रोकर आँखों की नमी ख़त्म हो गई। बाज़ार की रौनक ख़त्म हो गई थी। साजिंदे मायूस दिखते, उन्हें अपने हुनर को दिखाने का मौका ही न मिलता। कई बड़े- बड़े जलसों के बयाने आये और लौटा दिए गए। अब उसका कहीं मुजरा करने का दिल ही नहीं कर रहा था। उसकी ख़ाला समझाती, की वह गाना शुरू करे ,पर वह किसी की न सुनती। बेजान बुत की तरह बैठी रहती। कई महीने बीत गए। उधर राजा साहब के घर पौत्र का जन्म हुआ। राजमहल से जश्न का पैग़ाम आया। नर्गिस ने तबियत नासाज़ होने का बहाना करके महफ़िल सज़ाने से इनकार कर दिया। कारिंदे ने समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने कह दिया कि उसका गला बहुत ख़राब है। वह आलाप नहीं ले पाएगी। कारिंदा लौट गया। सब उसे समझाने लगे कि इस तरह की बातें उसके पेशे के हक़ में नहीं हैं। अगर वह गाएगी नहीं, तो इतने परिवार कैसे चलेंगे ? धीरे धीरे दौलत खत्म होने लगी थी।
        एक दिन नर्गिस, मजार पर चादर चढ़ा कर लौट रही थी, कि रास्ते में शास्त्री जी कहीं से आते नज़र आये । वह ठिठक गई, अपना हिज़ाब उसने हटा दिया। पलभर को निग़ाह मिली। शास्त्री जी ठहर गए, उसने बहुत अदब से झुककर उन्हें सलाम किया। शास्त्री जी ने सिर हिला दिया। फिर वह झुकी और उनके पैरों के पास पड़ी थोड़ी सी धूल उठाकर अपनी पेशानी पर लगा ली। उसकी इस हरक़त पर शास्त्री जी समेत उसके साथ आयी मुमताज़ ख़ाला भी चौंक गयीं। फिर उसने झट से हिज़ाब से अपना चेहरा छुपा लिया, और आगे बढ़ गई। तभी शास्त्री जी की निग़ाह ज़मीन पर पड़े एक लाल पर पड़ी । जो नर्गिस के बुन्दे में से निकल कर गिर गया था। जब उसने झटके से अपना हिज़ाब हटाया था। शास्त्री जी ने झुककर वह लाल उठा लिया, एक बारगी वह उसे नर्गिस को देने को हुए , फिर उनके कदम जैसे वहीं जमे रह गए। नर्गिस को नज़रों से ओझल होते हुए देखकर, हथेली में लाल दबाए, वह अपने रास्ते चल दिये।
         नर्गिस घर आकर उन्हें ही सोचती रही। अगले दिन राजा साहब का पैग़ाम फिर आया, तो आखिरकार उसने मंजूरी दे दी। उधर शास्त्री जी की आँखों के सामने नर्गिस का ग़मगीन, कमज़ोर चेहरा रक्स कर रहा था। नर्गिस के साजिंदे और ख़ाला बेहद खुश थीं कि लम्बे समय बाद उसने मुजरे की मंजूरी दी थी। आखिर जश्न का वक़्त आ गया। आज महफ़िल में खूब भीड़ थी। लम्बे समय बाद नर्गिस को सुनने के लिए लोग बेताब थे। वह आकर बैठी और राजा साहब की ओर निग़ाह डाली। उनके बगल में शास्त्री जी मौजूद थे। उसने बहुत झुककर उन्हें कोर्निश की और उनका हुक्म मिलते ही ठुमरी सुनानी शुरू कर दी। सभी साँस थामकर उसे सुनते रहे। उसकी तड़प, उसकी आवाज़ का दर्द, उसकी गायकी में एक नया जादू जगा रही थी। शास्त्री जी की आँखें बंद थीं, सिर धीमे धीमे हिल रहा था। वह अपलक उन्हें देखती रही और गाती रही। 
        इसके बाद नर्गिस बस ख़ास- ख़ास मौकों पर ही गाने बैठती थी। पर इस बात की तसल्ली ज़रूर थी कि उसकी हर महफ़िल में शास्त्री जी ज़रूर तशरीफ़ लाते थे। एक दिन वह नमाज़ पढ़कर उठी तो देखा कि उसकी कनीजें आपस में खुसुर पुसुर कर रही हैं। उसने एक कनीज़ की ओर इशारा करके वजह जाननी चाही। तो वह नज़र झुकाकर खामोश रह गई।
        ” अरी बताती क्यों नहीं कि क्या बात है ?” नर्गिस ने झुँझलाते हुए पूछा
         ” हुज़ूर एक बुरी ख़बर है “
         ” क्या ?” बेसाख्ता उसके मुँह से निकल पड़ा।
         ” आधी रात में दीवान साहब का इंतक़ाल हो गया। “
          ” ख़ामोश बदबख़्त , अगर तूने ये कुफ़्र दोबारा कहा, तो हम तेरी ज़ुबान खिंचवा देंगे। ” वह जुनूनी अंदाज़ में चीखी।
           ” यह हक़ीक़त है बिन्नो ” मुमताज़ ख़ाला ने कहा।
           ” नहीं ” वह दोनों कानों को कसकर बन्द करती हुई बोली। उसे महसूस हुआ मानो किसी ने कसकर उसके सीने पर घूंसे का वार किया है। वह फ़टी आँखों से देखती रह गई फिर उसने दीवार पर हाथ मारकर अपनी चूड़ियाँ तोड़ डालीं और जोर जोर से अपना सर टकराने लगी। ख़ाला और कनीज़ों ने बमुश्किल उसे रोका, पर तब तक वह बेहोश हो गई। इसके बाद कि दास्तान बड़ी मुख़्तसर सी है। जाने कितने दिन वह दीवान साहब का मातम मनाती रही, और फिर एक दिन हवेली से गायब हो गई। उसके बारे में जाने क्या क्या अफवाहें उड़ती थीं। कोई कहता कि वह पागल होकर गलियों में भटक रही है, तो किसी ने उसे अज़मेर की मजार शरीफ़ के बाहर भिखारियों की टोली में देखने का दावा किया। कोई कहता उसने दरिया में डूबकर जान दे दी। जितने मुँह उतनी बातें। उधर शास्त्री जी के स्वर्गवास कई दिन बाद उनके घर के पूजाघर में सफ़ाई के समय एक नक़्क़ाशीदार सन्दूकची देखकर परिवार की उत्सुकता, उसमें रखी चीज़ के प्रति जाग गई। जब उसे खोलकर देखा गया तो एक रेशमी रुमाल में एक सूखा हुआ ग़ुलाब और किसी बुन्दे का टूटा हुआ लाल दिखाई दिया। उनकी पत्नी, बेटे और घर के बाकी सदस्य यह देखकर पेशोपेश में पड़ गए कि किसी कीमती सामान की तरह एक सूखा ग़ुलाब और एक लाल उन्होंने इतनी हिफाज़त के साथ उस खूबसूरत नक़्क़ाशीदार सन्दूकची में क्यों रखा था ?
 
समाप्त।

Author