कहानी – घर” अब्दुल ग़फ्फार द्वारा

घर(कहानी)

लेखक - अब्दुल गफ्फार

मैं कुछ सहमा-सहमा सा गेट के अंदर दाख़िल हुआ कि पता नहीं कौन-कौन होंगे, कैसा माहौल होगा और सुहैल पहली नज़र में मुझे पहचानेंगे भी या नहीं। 
 
सुहैल अहमद साहिल बारामदे में ही कुर्सी डाले बैठे थे । मुझे देखते ही तपाक से बोले – आओ-आओ क़तील मियां ! घटा घिरे आसमान पर तुम चांद-सूरज बनकर नमूदार हुए। 
कहाँ थे आप ज़माने के बाद आए हैं 
मेरे शबाब के जाने के बाद आए हैं 
 
साहिल के मकान की बाहरी ख़ूबसूरती तो ग़ज़ब की थी लेकिन मकान में घर नदारद था, इस बात का अंदाज़ा मुझे पहली नज़र में ही हो गया। हर सू फैला सन्नाटा इस बात की गवाही दे रहा था। 
 
मैंने बैठते ही पूछा – घर में इतना सन्नाटा क्यों है भाई ?
लेखक – अब्दुल गफ्फार घर — Vcare Language Academy
क्या बताएं दोस्त… ये मकान तो बस मकान ही है, घर नहीं है।
 
मैंने फिर सवालिया लहजे में पूछा – मतलब?
 
मतलब क्या! घर लोगों से बनता है, परिवार के सदस्यों से बनता है। ये तो बेजान ईंट पत्थरों का धांचा बस है जिसे मकान कहते हैं। इसमें रहने वाले लोग इसमें नहीं रहते, बाहर रहते हैं। 
 
दोनों बेटियां अलीना और इतरत अपने-अपने घर बस गईं। बड़े साहबज़ादे आक़िब मियां दुल्हन के साथ दुबई  जा बसे और छोटे साहबज़ादे शाहरुख़ एमबीबीएस करने के बाद अब एमडी कर रहे हैं। बड़ी मुश्किल से ईद पर आते हैं और दूसरे-तीसरे दिन ही वापस लौट जाते हैं।
 
मैंने पूछा – और भाभी जान!
 
उनके चेहरे पर बेहद कमज़ोर सी मुस्कुराहट उभरी जिसमें मुझे आंसूओं के निचोड़ का एहसास हुआ। कई सेकेंड इसी तरह गुज़र गए, फिर कहने लगे – तुम तो यार दिल्ली में यूं जा बसे कि गांव गिरांव, दोस्त अहबाब सबको भूल गए। ना कभी ना दुआ सलाम, ना कोई खोज ना ख़बर। तुम्हारी भाभी को गुज़रे हुए तो पूरे दस साल हो गये।
 
दस… साल!! 
 
ये दो लफ़्ज़, कहने में मुझे चार पाँच  सेकेंड लग गए। अपनी ग़फ़लत पर मुझे शर्मिंदगी का शदीद एहसास हुआ। मैं हैरत से सुहैल अहमद साहिल का चेहरा तक रहा था, तभी एक चौदह पंद्रह साल का लड़का पानी, चाय और बिस्किट लाकर टेबल पर सजाने लगा।
 
ये है फ़ैज़ान, मेरा भांजा। इस वक़्त यही इस घर का मालिक है और इस घर का ख़ादिम भी। मेरी आंख, नाक, कान, हाथ और पांव, सब कुछ यही है। इस बेजान मकान में बस हम ही दो लोग ज़िंदगी की अलामत हैं। पता नहीं मेरी आंख बंद होने के बाद इस बच्चे का और इस मकान का क्या हश्र  होगा!
 
मैं उस शख़्स के चेहरे का भाव पढ़ रहा था। मेरे बचपन का दोस्त, मुझसे दो-तीन साल बड़ा तक़रीबन 70 का, जो आगे चलकर मशहूर राइटर सुहैल अहमद साहिल बन चुका था। पुर्वक़ार शख़्सियत, लंबे घने बाल, लंबी डाढी, बंद गले की शेरवानी और हाथ में छड़ी। अपनी शरीक-ए-हयात के मरने का ज़िक्र यूं कर गया जैसे वो कोई मामूली बात थी। जबकि मुझे मलूम है कि वो अपनी शरीके हयात से बेपनाह मुहब्बत करता था । 
 
हम ज़िंदगी में कई बार उस क़ीमती चीज़ को खोने के बाद ख़ामोशी से टकटकी बांधकर देखते रह जाते हैं जिसके बग़ैर ज़िंदा नहीं रह सकने की क़समें खा चुके होते हैं। तब यूँ लगता है जैसे मन की दीवार पर नाख़ुन गाड़कर कोई मन के ख़दोख़ाल उधेड़ रहा है।
 
शायद वो मेरे मन की उथल-पुथल को महसूस कर रहे थे। उनकी आंखें डबडबा गईं। फिर तो बचपन के दोस्त के सामने खुलते ही चले गए। 
 
उन्होंने कहा – क़तील मियां! मुझे लगना चाहिए कि मेरा परिवार भी  है। अगर मैं अपने लोगों के प्रेम  से वंचित हूँ तो परिवार का कोई मतलब नहीं है , भले ही ब्लड रिलेशन ही क्यों न हो। सब अपनी-अपनी दुनिया में मसरूफ़ हैं। सब समझते हैं सुहैल अहमद साहिल ज़मींदार है, राइटर है, उसके पास सबकुछ मौजूद है। 
 
जब भरोसा टूटता है दिल भी चटक जाता है, रिश्ते भी चटक जाते हैं, परिवार ख़त्म हो जाते हैं। दुनियावी ज़रुरतें, अरमान और हसरतें इंसान को अंधा बना देती हैं। किसी के पास इतनी भी फ़ुरसत नहीं कि वो इतना  सोच सके कि बाप ज़ईफ़ हो चुका है और मां के बग़ैर एक तरह से यतीम भी, वो कैसे रहता होगा! 
 
मेरे पास पैसे तो हैं, लेकिन पैसे में इतनी ताक़त नहीं होती कि वो दवाईयां ख़रीदने जा सके, एक ग्लास पानी लाकर दे सके, आप के सर दबा सके, पांव दबा सके, कपड़े धो सके। आप के पैर लड़खड़ाएं तो दौड़ कर सहारा दे सके। 
 
आक़िब मियां महीने में एक आध बार, अलीना और इतरत महीने में दो तीन  बार और शाहरुख़ महीने में चार पाँच बार वीडियो कॉलिंग से मेरी ख़ैरीयत दरयाफ़्त कर लेते हैं। यानी अब रिश्तों की डोर वीडियो कॉलिंग के दायरे में बंध चुकी है। 
 
मैंने कहा, सही कहा आपने। आप बड़े हैं, पारिवारिक जीवन के जुड़ाव पर आप की तमाम बातें मायने रखती हैं। पारिवारिक रिश्तों में प्रेम का होना जितना ज़रूरी नहीं, उतना परवाह और सम्मान का  होना ज़रूरी होता  है। 
 
उन्होंने कहा – अब छोड़ो भी मेरी राम कहानी, कुछ अपनी भी सुनाओ! कैसा चल रहा है कारोबार?
 
मैंने हंसते हुए कहा – कारोबार चलता तो मैं गाँव लौटकर क्यों आता?
 
उन्होंने पूछा – तो क्या अब हमेशा के लिए गांव लौट आए हो!
 
तक़रीबन यही समझिए…
 
और कौन-कौन आया है साथ में?
 
बस हम दोनों मियां बीवी और कौन! औलाद के नाम पर बस वही एक बेटी है महजबीं, जो यहाँ गांव में पैदा हुई थी। दिल्ली में जो लड़का मेरे कारख़ाने का मैनेजर था फ़रहाद, उसी से उसका निकाह कर दिया यह सोचकर कि वो घरजमाई बनकर रहेगा, और रह भी गया। इधर कोरोना काल में कपड़े का कारोबार गिरता चला गया। आर्डर मिलने एकदम से बंद हो गए। कारोबार ठप्प हो गया और बिल-आख़िर कारख़ाना बंद करना पड़ा।
 
मैंने बेटी दामाद से कहा कि बिना आमदनी के दिल्ली में कब तक गुज़ारा होगा! चलो गांव चलते हैं, वहीं खेती बाड़ी कर के गुज़ारा कर लेंगे। तो फ़रहाद का टका-सा जवाब आया, हम भूखों मर जाएंगे लेकिन गांव नहीं जाएंगे। आप को जाना हो तो जाएं… हम तो यहीं रहेंगे… और फिर हम दोनों चले आए।
 
सुहैल अहमद साहिल ने सर्द आह भरी और शून्य में घूरते हुए ग़मग़ीन आवाज़ में कहने लगे – जब पहली बार हमारे बीच तुम्हारे होने का एहसास हुआ तो जैसे जहाँ भर की ख़ुशियाँ हमें मिल गईं। फिर कितनी तकलीफ़ के बाद तुम  इस दुनिया में आए। हालांकि उस दर्द का असल एहसास तो मां को होता है लेकिन बाप भी मां के दर्द में बराबर का शरीक होता है। लेबर पेन के दौरान मेरे एक बोसे से तुम्हारी मां की ताक़त बढ जाती थी। फिर तुम्हारे नन्हे-नन्हे हाथों को अपने हाथों में थामकर यूँ लगा जैसे फिर से हमारा बचपन लौट आया है। तुम्हारी अठखेलियाँ, शैतानियां, तोतली ज़ुबान से हमारा तन-मन गुदगुदा जाता था। आज उम्र की इस सांझ बेला में हमारी नज़रें धुंधली हो चली हैं, हमारे क़दम लड़खड़ाने लगे हैं, चलने की कोशिश में जब-जब तुम गिरने लगते थे तो तुम्हें हम थाम लेते थे, क्या तुम भी हमें वैसे ही थाम लोगे?
 
उनकी बातों से उनके गहरे दर्द का एहसास हो रहा था। मां-बाप के पास सबकुछ होकर भी कुछ नहीं होता। सबकुछ कमाने के बाद भी आख़िर में कुछ नहीं बचता। 
 
मैंने कहा – अच्छा भाई, चलता हूँ। 
 
ठीक है क़तील मियां! अब तुम्हारा बैठका यहीं रहना चाहिए। तुम जीने का सहारा बनकर आए हो, फिर से भाग मत जाना। 
 
घर आया तो महलक़ा रस्ता देख रही थी। आते ही बोली – मुझसे इस बुढ़ापे में लकड़ी जलाकर खाना नहीं बन सकता। कल जैसे भी हो गैस चुल्हे का इंतज़ाम करना होगा। 
 
यह सुनकर एक झटका सा लगा। मैं उल्टे पांव फिर साहिल के पास पहुंचा और उन्हें अपनी परेशानी से अवगत कराया ताकि गैस चुल्हे का इंतज़ाम हो सके। 
 
उन्होंने कहा – क्या ही अच्छा हो कि तुम अपनी बेगम के साथ यहीं शिफ्ट हो जाओ! तुम्हारे आने से ये ईंट पत्थर का मकान भी घर बन जाएगा। 
 
मैं बड़ा फेरे में पड़ गया। बाद की बात तो बाद में देखी जाती लेकिन फ़िलवक़्त के लिए तो ये सुझाव हमारे हक़ में था। लेकिन मेरी अना और ग़ैरत आड़े आ रही थी। मैंने कहा – लेकिन ये मुनासिब नहीं रहेगा। 
 
उन्होंने कहा – इसका मतलब है तुम मुझे ग़ैर समझते हो! भले ही हमारा ब्लड रिलेशन न सही लेकिन साथ रहेंगे तो  रिलेशन ख़ुद-बख़ुद डेव्लप हो जाएंगे। रिलेशन का मतलब ही है जुड़ाव। जो साथ है वही अपना है, जो साथ नहीं वो अपना नहीं है । 
 
मैंने कहा – फिर भी आप के बेटे हैं, बेटियां हैं, हमारा यहां रहना मुनासिब नहीं होगा। 
 
उन्होंने कहा – सब हैं, लेकिन फ़िलहाल तो कोई नहीं है , और मैं तुम्हें अपना वारिस थोड़ी न बना रहा हूँ। आ जाओ, साथ रहो, फिलहाल तुम्हारे साथ रहने सहने का मस’ला है। हम, तुम, तुम्हारी अहलिया और फ़ैज़ान मिलकर इस घर को जन्नत बना सकते हैं। 
 
अच्छा… महलक़ा से मशविरा कर के बताता हूं… 
ये कहते हुए मैं अपने घर की जानिब लौट पड़ा। आकर महलक़ा को सारी बातें बताईं। महलक़ा भी पशो-पेश में पड़ गई। 
 
आंगन में लगे लीची के दरख़्त के पीछे से चाँद झांक रहा था। उसकी फीकी रौशनी दालान और आंगन में फैल रही थी। आधी रात तक हम दोनों के दरमियान इस मौज़ू पर गुफ्त ओ शुनीद चलती रही। बहुत दिनों बाद आने पर अपना ही घर बेगाना लग रहा था । 
 
फिर अहले सुबह महलक़ा ने कहा – चलिए कुछ दिनों तक मेहमान बनकर रहेंगे जबतक हमारा घर रहने के लायक़ नहीं हो जाता। अभी हमारे सामने हर चीज़ का मस’ला है। अना और ग़ैरत अपनी जगह और इंसान की ज़रूरतें अपनी जगह।
 
अब तो वाक़ई में साहिल का ये मकान घर जैसा लगने लगा है। दरो दीवार बोलने लगे हैं। साहिल जैसा दोस्त क़िस्मत वालों को मिलता है। हम दोनों भाई की तरह रहने लगे हैं। फ़ैज़ान जैसा नेक बच्चा भी सबकी क़िस्मत में कहां होता है, इतना ख़िदमत गुज़ार, इतना फ़रमाबरदार! अलबत्ता महलक़ा यहां से जाने की ज़िद करती रहती है। कहती है – इसके पहले कि इस घर से बेआबरू होकर निकलने की नौबत आए, हमें अपने घर में शिफ्ट हो जाना चाहिए।
 
दिल्ली से आए हुए  हमें तक़रीबन चार महीने हो गए लेकिन आज तक ना फ़रहाद का फ़ोन आया न महजबीं का। महलक़ा कभी-कभी बेटी से बात करने की ज़िद करती हैं लेकिन मैं टाल देता हूँ। बेटी से बात करने के लिए मेरा भी मन  तड़पता है, लेकिन ज़मीर है कि बार-बार रोक रहा है। इंतज़ार में हूँ ,देखें बेटी कब फोन करती है ।  साहिल  के छोटे  बेटे शाहरुख़ का फ़ोन आता रहता है। साहिल ने हमारे बारे में शाहरुख़ को बताया तो वो बेहद ख़ुश हुआ और कहने लगा – वेरी गुड अब्बू जान, वे लोग आप के दोस्त नहीं बल्कि ख़ुदा के भेजे हुए फ़रिश्ते हैं। आप लोग एक दूसरे का सहारा बनकर रहेंगे और मुझे भी आप की तरफ़ से इत्मिनान रहेगा।
 
हम दोनों दोस्त ग्यारह बजे रात तक मह्वे गुफ़्तुगू रहते। कभी उनकी किसी किताब का ज़िक्र छिड़ जाता तो कभी गँवई राजनीति पर बातें होने लगतीं ।  फिर उसके बाद साहिल लिखने बैठ जाते हैं और एक-दो बजे रात तक लिखते रहते। 
 
वक़्त मुठ्ठी के रेत की तरह फिसलता जा रहा है। रमज़ान का मुबारक महीना शुरू हो चुका है और हम लोग अभी यहीं पड़े हुए हैं। हम दोनों दोस्त साथ में सेहरी से फ़ारिग़ होकर फ़जर की नमाज़ बाद टहलने निकले हैं। चंद फ़रलांग दूर ही इनकी आबाई ज़मीन में इनकी मरहूमा बीवी आराम फ़रमा रही हैं। साहिल के साथ मैं भी उनकी दुआ-ए-मग़फ़िरत में शामिल हूँ।
 
दुआ के लिए उठे मेरे दोनों हाथों की हथेलियों में वो ख़ूब-रू दिल नशीं सूरत उभर आई जिसे ज़ीनत कहते थे। ज़ीनत एक सब्ज़ी फ़रोश, इक़बाल मियां की दुख़्तर-ए-नेक अख़्तर थीं । वो एक कोस दूर मुबारकपुर गांव से हमारे गाँव के मदरसे में पढ़ने आया करती थीं । उनकी ख़ूबसूरती और ज़ेहानत पर कई लड़कों की तरह मैं भी फ़रेफ़्ता था, लेकिन वो फ़रेफ़्ता थी सुहैल पर, और सुहैल उससे बढ़कर उसे चाहता था। चार साल मदरसे की पढ़ाई के बाद मैं, सुहैल, ज़ीनत और कुछ अन्य दोस्तों ने शहर के हाई स्कूल में दाख़िला लिया। यहां भी सुहैल और ज़ीनत की मुहब्बत परवान चढती रही। चार साल बाद हम में से अक्सर ने हाई स्कूल पास करने के बाद पढाई छोड़ दी, उनमें  मैं भी था और ज़ीनत भी थीं , लेकिन सुहैल चूंकि मालदार घर का बेटा था इसलिए उसने कॉलेज में दाख़िला ले लिया।
 
सुहैल ज़ीनत से निकाह के लिए बज़िद था, लेकिन उसके वालिदैन अपने से कमतर की बेटी को अपनी बहू बनाने के लिए बिल्कुल  तैयार नहीं थे। ज़ीनत ,साहिल का साथ छूटता देख  ग़मग़ीन और उदास रहने लगी, लेकिन सुहैल उसका हौसला बढ़ाता रहा। फिर एक दिन अचानक सुहैल कोर्ट मैरिज कर के ज़ीनत को अपने घर ले आया। घर में तूफ़ान आना लाज़िम था, आ गया। दोनों ख़ानदानों में हंगामा बरपा हो गया। सुहैल तूफ़ान के मद्दे मुक़ाबिल मज़बूती के साथ खड़ा रहा और बिल-आख़िर सबको झुकना ही पड़ा।
 
मैं हथेलियों को चेहरे पर मलते हुए दुआ से फ़ारिग़ हुआ तो देखता हूं कि सुहैल अहमद साहिल के हाथ अभी भी दुआ के लिए उठे हुए हैं। मैंने सोचा कि साहिल का देर तक ज़ीनत के लिए दुआएं मांगना फ़ितरी बात है और ये ज़ीनत का हक़ भी  है। कुछ देर गुज़र जाने के बाद मैंने महसूस किया कि साहिल बुत की तरह जामिद व साकित बैठा  है। उसके जिस्म में कोई हरकत नहीं है। मैं थोड़ा और क़रीब गया। आंखें खुली तो थीं लेकिन पत्थराई सी लग रही थीं। मैंने साहिल के बदन पर हाथ रखा तो वो एक तरफ़ लुढ़क गए।
 
शाहरुख़, अलीना और इतरत तो आ गए लेकिन आक़िब मियां दुबई से नहीं आ सके। दुबई कोई दिल्ली तो है नहीं जो किसी भी सवारी से आ जाते। आक़िब मियां ने वीडियो कॉलिंग के ज़रिये बड़े बेटे के फ़रायज़ अंजाम दिये। यूं लग रहा था जैसे किसी फिल्म का डायरेक्टर दूर से हर चीज़ को परफेक्ट देखना चाह रहा है। विदेश कमाने वाले इसी तरह मां-बाप की मौत में शरीक हुआ करते हैं। 
 
दोनों बेटियों के चेहरे पर ग़म से ज़्यादा राहत टपक रही थी। अब वालिद की फ़िक्र करने से उन्हें राहत जो मिल गई  थी। अलबत्ता शाहरुख़ ज़रुर मग़मूम था। उसकी आंखों से बाप की जुदाई  टपक रही थी। उसकी आंखों की सुर्ख़ी बता रही थी कि बाप के जाने का ग़म उसे रात भर रुलाता रहा है। शायद कुंवारा था इसलिए बनावटी रिश्तों का अभी शिकार नहीं हुआ था। अलबत्ता फ़ैज़ान अपने मामू के तदफ़ीन व तकफ़ीन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहा था। आज अगर सबसे ज़्यादा मसरूफ़ और सबसे ज़्यादा ग़मग़ीन कोई था तो वो फ़ैज़ान ही  था। 
 
मेरे मन में ख़दशा था कि साहिल की मौत का ठीकरा कहीं मेरे सर न फूटे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। शाहरुख़ कोई इल्ज़ाम देने के बजाय मुझे इज़्ज़त दे रहा था। क़ुरआन ख़्वानी के बाद हम लोगों ने अपना बोरिया बिस्तर समेटना शुरू कर दिया, इसलिए कि यहाँ से अब हमारा दाना-पानी उठ चुका था। हमसे पहले साहिल  की दोनों बेटियां रुख़सत हो गईं। 
 
मैंने शाहरुख़ से जाने की इजाज़त मांगी तो उसने कहा – चाचू! ये आप क्या कह रहे हैं! अब्बू ने वसीयत कर रखी है कि इस मकान के तीन हिस्से होंगे। जिसमें एक हिस्सा आप का, एक हिस्सा मेरा और एक हिस्सा फ़ैज़ान का होगा। ज़मीनें शरीयत के हुक्म के मुताबिक़ हम दो भाईयों और दो बहनों के बीच तक़सीम होंगीं। मतलब आप को और फ़ैज़ान को घर में हिस्सा मिलेगा, ज़मीनों में नहीं। जबकि भाई जान और दोनों बहनों को ज़मीनों में हिस्सा मिलेगा, घर में नहीं। अलबत्ता मेरा हिस्सा घर और ज़मीन दोनों में वालिद साहब मुक़र्रर कर गए हैं। अल्लाह पाक उनकी मग़फ़िरत फरमाए और जन्नतुल फ़िरदौस में उन्हें आला मुक़ाम अता फ़रमाए।
 
शाहरुख़ की बातें सुनकर मेरा मुंह खुला का खुला रह गया। मैंने यह बात महलक़ा को बताई। उसे अब भी यक़ीन नहीं हो रहा है….
 
परिचय 
__________
 
नाम – अब्दुल ग़फ़्फ़ार
 
जन्म – 15 जनवरी 1971
 
पेशा –   लेखन (हिन्दी कथाकार) 
 
शिक्षा – एम ए (उर्दू) एम एस कॉलेज मोतिहारी।
 
सदस्य – SWA ( SCREENWRITERS ASSOCIATION) मुंबई।
 
लेखन अनुभव – मुख्यतः हिन्दी कथाकार, इसके अतिरिक्त उर्दू और भोजपुरी कहानियां, तीन भोजपुरी फिल्मों में पटकथा व संवाद लेखन। 
 
प्रकाशित पुस्तक – “आ अब लौट चलें” (कहानी संग्रह) 2023 – इंडिया नेटबुक्स प्रा. लि. नोएडा। 
 
सम्मान – 
“प्रणवाक्षर” ग़ाज़ियाबाद की तरफ़ से ‘श्रेष्ठ रचनाकार सम्मान 2022’ से सम्मानित। 
 
निम्नलिखित पत्र-पत्रिकाओं में कहानियाँ प्रकाशित – 
 
अहा ज़िंदगी, क़िस्सा, क़िस्सा कोताह, दिल्ली प्रेस, संपर्क भाषा भारती, प्रभात ख़बर, हरिभूमि, पंजाब केसरी, सुख़नवर, सदीनामा सहित दर्जनों पत्र पत्रिकाओं में कहानियां प्रकाशित।
 
प्रकाश्य पुस्तक – कहानी संग्रह (2025)
 
राजनीतिक जुड़ाव – जदयू 
 
*****
 
पता 
___
 
अब्दुल ग़फ़्फ़ार 
 
वार्ड नं 26
 
दूबे टोला, बगहा बाज़ार 
 
पोस्ट – बगहा, पिन 845101 
 
ज़िला – पश्चिम चंपारण 
 
बिहार 
 
 
मोबाइल/व्हाट्सऐप/फोन पे नं – 9122437788

Author