अजय कुमार का उपन्यास ‘तुम्हारे लिए’भाग-3

 

तुम्हारे लिए
***********
भाग तीन
************
कबाड़ी से तो तन्मय सुबह ही निपट लिया था , उसे
पूरे छः सौ रूपये मिल गये थे अपने जमा किए हुए कबाड़ के,मतलब कुल मिला कर जोड़े तो कबाड कबाड़ से ही उस
के ग्यारह सौ रूपये बन गये थे।
यहां रहते हुए उसने आज दूसरी बार अपने कमरे का कबाड़ निपटाया था,पहली दफह पांच सौ का बेचा था और आज छः सौ का, हमेशा की तरह उसने मिले हुए पैसे एक
टीन के डब्बे में डाल दिए थे,रोजमर्रा के खर्च के पैसे वो इसी डब्बे में रखता था, अपनी मां की तरह ,वह भी कबाड़ को
इसी तरह सुलटाया करती थी,दरअसल यह आदत उसने
अपनी मां से ही सीखी थी।
जल्दी से दो ब्वाइल्ड अंडो और दो पीस ब्रैड का नाश्ता करके तन्मय तैयार हो गया, बस आज भर का दिन
और, और कल सुबह वो यहां से सुबह की ट्रेन से निकल ही पड़ेगा,ट्रेन का रिजर्वेशन तो उसने पहले की कर लिया था।
अपने ट्रांसफर ऑर्डर से ही उसे पता लग गया था कि कुरूक्षेत्र का कोई नया बन्दा है ,जो आज यहां पर पहुंच रहा
है, उसे ही चार्ज लेना है उसका, शाम तक सब निपट जायेगा और कल सुबह की उसकी रवानगी पक्की,अपने चमाचम पॉलिश किए हुए जूतों के तस्मे कसते हुए उसे आज एक अजीब सा संतोष अनुभव हो रहा था,नौकरी के पूरे तीन
साल उसने बहुत अच्छे से निपटाये थे ,उसके पापा भी खुश
थे उसकी इस शुरूआती कामयाबी से,तन्मय अपने पापा से बहुत डरता था, हालांकि यह भी सच था कि उन्होंने आज
तक उसे जोर से डांटा तक नहीं था।
आज आखिरी दिन है यहां ,तो तन्मय पता नहीं क्या क्या सोचता हुआ ,अपने ऑफिस,अपनी ही बेख्याली में गुम आज ऑफिस समय से बहुत पहले ही गोडाउन्स पहुंच गया था,और बरामदे में बाहर बिछी एक चेयर पर ही जा टिका था।
आज खुद का यह ऑफिस भी उसे बहुत अच्छा लग रहा था ,कल से यह जगह , यह दृश्य, यहां का यह अटूट सा मौन , जो बाहर सड़क पर जाती कभी किसी गाड़ी से या फिर पटरियों पर दौड़ती हुई किसी ट्रेन की आवाज से ही टूटता था आज के बाद सब कुछ उसके लिए एक याद बन कर रह जायेगा,पता नहीं फिर कभी वह इस जगह को कभी देखेगा
भी कि नहीं।
तन्मय ने दूर तक निगाह डाली ,बड़े बड़े खुले चबूतरों
पर विशालकाय काले मोमजामे में लिपटे हुए हजारों ,सैंकड़ों गेहूं और दूसरे अनाजों के बोरे लिपटे रखे थे और हमेशा की तरह सुबह की धुंध में लिपटी हुई दूर दूर तक फैली पहाडियां भी अपनी जगह पर मौजूद थीं,जब भी उसके पास काम नहीं होता था, वो इसी बरामदे में बैठ कर अपने चारों तरफ फैले
हुए खुले खुले से परिदृश्य का मजा लूटता रहता था यही पसंदीदा शगल था उसका, जो उसे घंटो तक उसे बिजी रखता था, कभी कभी तो उसे लगता था कि यह सब उलटी सीधी किताबों को पढ़ते रहने की वजह से है,इंजिनियरिंग कॉलिज
के जमाने से पता नहीं कैसे उसे किताबों को पढ़ने का शौक पड़ गया था,वरना उससे पहले ऐसा शौक कभी भी नहीं था उसे,इंजनियरिंग कॉलिज के हॉस्टल में ही पहली बार घर से
दूर अकेले रहने का मौका मिला थाऔर वहीं पर उसे किताबें पढ़ने का चस्का लग गया था,उसके दोस्त भी उसे टोकते रहते थे।यह क्या नया शौक पाल लिया है तूने जब देखो या तो ये
टैक्स्ट बुक्स या कोई फालतू किताब, यहां हमारे कॉलिज में दुनिया भर की स्पोर्ट्स फैसिलिटिज है, और पहले तू कितनी अच्छी टेबिल टेनिस खेलता भी था और अब तुझे इन किताबों ने ही पकड़ लिया है…”
जलंधर के इंजिनियरिंग कॉलिज में जब वो पढ़ता था ,तो पता नहीं कैसे अपने जिस पसंदीदा ढाबे में वो कभी कभार बाहर खाना खाने जाता था उस के पास ही थी एक पुरानी किताबों की दुकान हुआ करती थी,जे.एम. लायब्रेरी के नाम से,एक दिन पता नहीं कैसे ,वो उसे देखने अंदर.घुस गया और  बस वहीं से वो एक किताब ले आया था और तब से जब भी हॉस्टल में वो पढ़ाई से ऊबता था तो एक न एक किताब वहां
से लाता ही रहता था और तब से ही उसे एक आदत सी पड़ गयी थी कि रात को सोते समय बिना कोई ऐसी किताब
एकाध घंटा पढ़े बिना नींद ही नहीं आती थी उसे, उस लाय
ब्रेरी के मालिक जो खुद बेहद शौकीन थे किताबों के , उन्होंने
न जाने कितना पुराना कलैक्शन जमा कर रखा था ,बस वहीं कोई एक.दिलचस्प किताब उसे दे दिया करते थे ,और वो
पढ़ता रहता था,शुरू में उसने क्राईम थ्रिलर पढ़े फिर कुछ
दूसरे रौमेंटिक नावल्स और फिर तो वो अंग्रेजी की दुनिया
में घुस गया और तब उसे समझ आया कि किताबों की यह दुनिया सचमुच कितनी बड़ी है।
” क्या हुआ सर…आज तो ऐसा लग रहा है जैसे आप कहीं गहरे खो गये हैं..” यह प्रभात माथुर हैं ,एसिस्टेंट की
पोस्ट संभाले हुए है, इसने ही तो दिलाया था,चौधुरी जी के
यहां किराये पर मकान,लोकल बंदा है यहीं का।
“कुछ नहीं यार, बस लग रहा हूं, उड़ कर पहुंच जाऊं अपने घर, मुश्किल से हुआ है ट्रांसफर,वैसे क्या खबर है ,
कब आ रहे हैं नये बॉस,अचानक दिमाग से निकल गया..”
” दीपक जनवेजा है सर, उनका नाम….बस घंटे भर में आने ही वाले हैं, उनका कल फोन आया था,आपके बारे में
पूछ रहे थे, वैसे कोई रिश्तेदार है उनका जो यहीं रहता है,
वहीं पर ठहरने वाले हैं वो शायद कल ही आ गये हैं,ऑफिस आते ही होंगे…”
सुन कर एक राहत की सांस ली थी तन्मय ने ,चलो
अब आज जल्दी ही सब निपट जायेगा,दूर से रेलगाड़ी की आवाज आ रही थी,सड़क के पार ही पटरियां थी और वहीं
था एक चाय वाले का खोखा।तन्मय के चेहरे से पर एक मुस्कुराहट आ गयी..” प्रभात जी,चलिए ठीक है,आपने कह दिया तो आ ही जायेंगे ,यह बताइये ,चाय पियेंगे आप..”
*****************
(शेष आगे)

अजय कुमार

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment