तुम्हारे लिए
***********
भाग ग्यारह
*************
जाह्नवी तो चली गयी थी पर तन्मय वहीं कुछ अनिश्चय
की मुद्रा में खड़ा रह गया था , उसे फिर से एक और प्रतीक्षा करनी थी ,पर इस बार उसके दिमाग में बहुत से अनुत्तरित सवाल थे ,जाह्नवी ने यह क्यूं कहा कि जो भी तुम सोच रहे
हो ऐसा तो कभी नहीं हो सकता,अब ऐसा उसने क्यूं कहा है,
यह तो वही बता सकती है पर कहीं ऐसा तो नहीं कि हाल
ही में उसकी शादी होने को है,या शायद हो ही चुकी हो।
तन्मय मॉल से बाहर निकल आया था ,मॉल से निकलते निकलते जाह्नवी का मिस काल भी आ गया,उसने जाह्नवी
का नम्बर तुरंत सेव कर लिया, उसका मन था कि वो आज अपने बचपन से दोस्त मोहित से मिले ,आज उसकी भी तो
छुट्टी है,पर जो बातें उसे अभी पता चली थीं उससे बाद उस
का मन नहीं रहा था मोहित से अभी मुलाकात करने का
बेहतर है ,उसे अपने घर वापस चला जाना चाहिए,अब तक
तो वहां सब लोग आ भी चुके होंगे..यह सोचते ही उसके मन
में एक अजीब सी उदासी और कोफ्त भर गयी थी, आदमी
को एक साथ कितने सारे स्तरों पर एक साथ जीना होता है,
न चाहते हुए भी एक अभिनय करना होता है,पर कल ही तो मेघा दीदी से उसने हामी भरी है तो अब उसके पास कोई
दूसरा चारा भी कहां है।
” कहां चले गये थे तुम,सब लोग तुम्हारा ही पूछ रहे हैं…” अभी तन्मय मोटर साईकिल गैरेज में छोड़ कर घर में
घुसा ही था कि सामने उसकी दीदी आ खड़ी हुई थी…”कुछ नहीं, मैं जरा मोहित से मिलने चला गया था ,पर वो घर पर
था ही नहीं…”
“ओह ,ठीक है ,फिर शाम वाम को मिल लेना उससे , अब पहले मामा मामी जी से मिल लो और चाचा जी भी बस आने ही वाले हैं…” तन्मय ने एक गहरी सांस ली और अपने
घर में दाखिल हो गया।ड्राइंग रूप में तो जैसे उसके सामने
एक पूरी कमेटी बैठी हुई थी..”लो तन्मय भी आ गया….”
प्रभा जी के जी को तन्मय को सामने.देख कर जैसे
एक तसल्ली मिल गयी ,आज सुबह ही तो मेघा ने उसकी इतनी.वकालत की है और यह तन्मय पहले मौके पर ही नदा
रद है घर से,मजिस्ट्रेट साहब को तो फिर से कुछ और कहने का अवसर मिल जाता।
” हां ,भाई तन्मय.,अब तो अपने शहर आ गये हो ,
और सुना है अब तो तुम शादी.के लिए भी तैयार हो..” तन्मय
ने अपने मामा मामी के पैर छुए और मामा जी तो तुरंत शुरू
ही हो गये।मामा जी का भी एक ही लड़का है ,सुभाष ,और
वो उनका साड़ियों का शो रूम संभालता है ,बहुत ही अच्छी
चलती है उनकी दुकान और उनके लड़के की शादी भी हो
चुकी है बल्कि उनको इस महान् कार्य के फलस्वरूप एक
सुंदर सा पोता भी प्राप्त हो चुका है तो उनके मुंह पर आज
कल हमेशा ही एक विश्व विजेताओं वाली मुस्कुराहट भी विद्यमान रहती है।वो अब और भी ज्यादा गोल मटोल नजर आने लगे हैं,बात बात पर एक मुस्कुराहट तिर आती है उनके चेहरे पर।
तन्मय जवाब में आज चुप रहना चाहता था पर उसे
लगा यह तो यह़ा फिर से एक असभ्यता ही मानी जायेगी ,
तो वो बहुत धीमे से बोला..” मामा जी,अब मैं यहां आ गया
हूं तो कुछ न कुछ तो मुझे सोचना ही होगा,आप सब लोग
जैसा उचित समझते हैं अब सब वही मंजूर है मुझे….”
शाम को पौने चार बजे आई थी जाह्नवी की कॉल,
तब तक भी घर में चाय पानी का कार्यक्रम चल रहा था पूरा
घर भरा हुआ था मेहमानो से और इस वक्त तो बड़ा मुश्किल
था तन्मय के लिए यूं सब को छोड़ कर घर से बाहर निकलना, उसने तुरंत बाहर आकर जाह्नवी से बात की..”हैलो ,क्या मैं ठीक आधा घंटे बाद आपसे मिलूं,मेरे घर में कुछ मेहमान आ गये हैं अचानक….प्लीज…”
मन ही मन तन्मय को यह कहते हुए डर लग रहा था
कि कहीं जाह्नवी फिर मिलने को मना ही नहीं कर दे…”अरे नहीं, मैंने यही कहने को ही तो फोन किया है कि आप साढ़े पांच बजे तक इसी मॉल में आ जाइये।पिक्चर तो हमने देख
ली है पर अभी हम लोगों का कुछ खानेपीने का और शॉपिंग का प्लान है…थोड़ा समय और लगेगा….”
“यह तो बहुत अच्छा रहेगा..सी यू दैन..” उसने एक चैन की सांस ली ,पर मन ही मन उसे गुस्सा भी आ रहा था ,जब
से पापा ने यह बंग्ला खरीदा है हर मौके बेमौके सबको इकट्ठा कर लेते हैं,और दर असल यह बात सच भी थी, जिंदगी भर
तो मजिस्ट्रेट साहब अलग अलग शहरों में घूमते रहते थे, तब
वह एक मजबूरी थी,आखिर यह उनके कैरियर का सवाल था, वैसे भी पहले वो एक मामूली से वकील थे,और उनकी वका
लत ज्यादा चलती भी नहीं थी,फिर उन्हें लगा , ऐसे तो काम चलेगा नहीं फिर उन्होंने एग्जाम दिया और किस्मत ने उन्हें मुंसिफ मजिस्ट्रेट बना दिया , और फिर आखिर में वो एक एडीशनल जज की पोस्ट से रिटायर हुए, इस तरह उनकी
पूरी जिंदगी सरकारी क्वार्टर्स में ही निकल गयी,आपसदारी
से, समाजिक सरोकारों से तो वो हमेशा दूर ही रहे, रिटायर
मैंट के बाद उन्होंने अपने ही शहर में पुराना मकान बेच कर नया बंग्ला खरीदा और तब कहीं उनकी जिंदगी का रंग ढंग बदला,और अब जब भी कोई मौका मिलता है,फिर चाहे वो छोटा हो या बड़ा वो घर में किसी न किसी को निमंत्रित कर
ही लेते हैं, और दूसरों के मुंह से जी भर कर अपनी तारीफें सुनते है ,उनकी जिंदगी भर का शुष्क अकेलापन अब इसी तरह की जीवनचर्या में निजात पा रहा था।
किसी तरह फारिग हो कर शाम को सवा पांच बजे
ही तन्मय एक बार फिर रीजेंट मॉल में पहुंच गया था और जाह्नवी भी बस तभी फ्री हुई थी, जैसे ही उसने जाह्नवी को
कॉल किया,उसने यही कहा, ” हां, मैं अब फ्री हूं, बताइये
कहां हैं आप… “
**************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार