अजय शर्मा का उपन्यास ‘तुम्हारे लिए’ भाग -13

तुम्हारे लिए
***********
भाग तेरह
***********
जाह्नवी की बात सुन कर तन्मय अब क्या ही कहता,
” बाय एंड थैंक्यू जाह्नवी जी, आज कम से कम एक नतीजे
तक तो पहुंच पाया,हालांकि जो भी पता लगा है वो दुखदायी
है और अगर आपकी बात और अनुमान सच है तो और भी ज्यादा दुखदायी , मैं तो यही चाहूंगा कि वो जहां भी है ,खुश रहे….”
जाह्नवी तो चली गयी,दोनो की कॉफी बिना पिए
ही ठंडी हो चुकी थी, तन्मय भी बिल चुका कर बाहर निकल आया, आज उसे लगरहा था कि अगर अपर्णा के बारे में उसे अब भी कुछ पता नहीं चलता तो ज्यादा अच्छा होता , कम
से कम उसके मन में वो कुछ पल ,उसकी छवि और उसकी
वो पहली मासूम सी स्मृति तो अक्षुण्ण रहती,पर अब तो उन सबकी जगह एक शून्य, एक प्रश्न चिन्ह और एक खामख्याली ही रह गयी है।
उस रात तन्मय जब सबसे बातचीत कर के अपने कमरे में गया तो लगा जैसे किसी ने उससे सब कुछ छीन कर किसी अनजान रास्ते पर एकदम अकेला छोड़ दिया ,उसकी प्रेमकहानी तो शुरू होने से पहले ही खत्म हो चुकी थी,पर
नहीं उसे अब अपनी इस बेवकूफी से बाहर निकलना होगा ,
वो इस तरह से खुद को और नहीं ठग सकता और दूसरा भी कोई यह किस्सा सुनेगा तो उसी पर हंसेगा,नहीं बस बहुत
हुआ अब कोई ख्याल और ख्वाब नहीं ,फालतू की ये किताबें भी पढ़ना उसे छोड़नी होंगी।
नींद आने से पहले अंधेरे में एक बार फिर उसके सामने अपर्णा का चेहरा ,उसकी वो आंखें, उसकी वो निर्मल मुस्कु राहट ,सब बारी बारी से रौशन हुए ,पर उसने सख्ती से सब
को अपने जेहन से पोंछ दिया एक बार फिर से उसे जाह्नवी
की कही बात याद आई ,बदकिस्मत लड़की है वो ,आज वो
जरूर पछता रही होगी, पछताती है तो भले ही पछताए मेरी
बला से ,तन्मय ने एक और करवट ली,और सोने की कोशिश
करने लगा।
कल सुबह मेघा दीदी जाने वाली हैं , और फिर उसे
भी तो ड्यूटी ज्वाईन करनी होगी, उसे भी जल्दी से सो जाना चाहिए,उस रात नींद पर तन्मय को ठीक से नहीं आई, लगा किसी ने गद्दे के नीचे कुछ कंकर बिछा दिए हैं ,पर जैसे तैसे
रात खत्म हो गयी ,पर बात शायद अब भी उसके मन में कहीं बाकी रह गयी थी।
इस बार मेघा को अपने पीहर से जाना कुछ चुभ
रहा था।यहां एक दो दिन क्या रूकी, एक उत्सव का सा
माहौल बन गया था, जैसे पुराने दिन फिर लौट आये थे पर अच्छा समय तो चट से गुजर जाता है और तो सब फिर भी ठीक था मगर तन्मय के लिए आज उसका दिल कुछ ज्यादा
ही दुख रहा था।उसने बराबर महसूस किया था कि किस
तरह तन्मय खुद को सरेंडर करे जा रहा था, जैसे यही एक उपाय बचा हो उसके लिए, सबसे छोटा था, फिर भी दूसरों
को खुश करने की कितनी कोशिशें कर रहा था।
” मम्मी , रोने की जरूरत नहीं है , जल्दी ही मैं कोई अच्छी सी लड़की ढूंढ निकालती हूं इस भोंदू के लिए ,और
फिर चट मंगनी पट ब्याह ,पूरे पन्द्रह दिन की छुट्टी ले कर
यहीं डेरा डाले रहूंगी यहां पर….”
अपनी मम्मी से ज्यादा जैसे मेघा खुद को दिलासा देने
की कोशिश कर रही थी , और प्रभा जी हमेशा की तरह बार बार अपने आंचल से आंखें पोंछे जा रही थीं।साना अपने
पापा की गोद में बैठे कार का हैंडिल संभाले थी , मुश्किल
से चुप कराया गया था उसे, जल्दी जागने से बहुत ज्यादा
मूड उखड़ा.हुआ था उसका और तन्मय चुपचाप अपने पापा
के पीछे आ खड़ा हुआ था।
सुबह के पांच बजे थे और सिर्फ चाय पी कर मेघा और दिनकर निकल पड़े थे।आज समय से उन्हें अपने हॉस्पिटिल
जो पहुंचना था, तन्मय भी उन्हें विदा कर के अपने कमरे की तरफ जाने लगा था, उसे भी तो आज तैयार होकर अपनी ड्यूटी ज्वाईन करनी थी।
“एक मिनिट यहां बैठो….” तन्मय अपने पापा की आवाज सुन कर ,अपने कमरे की तरफ बढ़ता रूक गया था..
” तुमसे थोड़ी बात करनी है, अभी तो टाइम है ऑफिस जाने
के लिए…”
” जी,बैठ जाता हूं ,हां, बोलिए पापा… “
तन्मय तुरंत अपने.पापा के सामने जा कर बैठ गया था..” उस दिन तुम कह रहे थे न कि तुम दूसरे ऑप्शन भी
सोच रहे हो,क्या ऑप्शन है वैसे तुम्हारे दिमाग में,” अपने
पापा की बात सुनकर तन्मय को लगा,शायद यही एक सही
अवसर है, सच सच बोल देने का, “पापा,मैं आर.ए.एस.करने की सोचरहा था ” मजिस्ट्रेट साहब अपने बेटे की बात सुन
कर हंसने लगे, ” उसके लिए तो तुमने बहुत देर नहीं कर दी, दी ,नौकरी करने से पहले सोचना चाहिए थे, अब जॉब के
साथ इस एग्जाम के लिए तैयारी करना, ए वैरी डिफिकल्ट टॉस्क रियली ,और फिर अगले एग् जाम के लिए तो अभी
पूरा एक साल पड़ा है ,और फिर पूरे प्रोसेस में तो दो साल
पड़े हैं ..इट इज नाउ टू लेट….”
” पापा सच तो यह है कि मैं आर.ए. एस का रिटन एग्जाम क्लियर कर चुका हूं ,सिर्फ अब इंटरव्यू ही बाकी है, अकेला ही रहता था न वहां तो पढ़ने के लिए मुझे वहां पर काफी टाइम मिलता था ,आपको कभी बताया नहीं कभी,
सोचा पहले कुछ कामयाबी मिल जाए तभी कहूं…”
******************************************
(शेष आगे)

अजय कुमार
 

 

WhatsApp Image 2026-06-03 at 13.23.29 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment