ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘उर्वशी’ – भाग -4

 

( 4 )

श्रीमान आदित्य जी, सादर नमन
हमें इस बात की बेहद खुशी है कि आप व आपके कलाकारों ने, विदेशी अतिथि के सम्मुख भारत का सिर गर्व से ऊँचा उठा दिया। हमें आप सभी की योग्यता पर नाज़ है। खुशी के इस अवसर पर हम आपकी पूरी टीम को मौर्या में रात्रिभोज के लिए आमंत्रित करते हैं। शनिवार को शाम सात बजे हम, आप सभी साथियों के स्वागतोत्सुक रहेंगे।
राणा ग्रुप्स ।

गतांक से आगे –

यह सन्देश सुनकर सभी खुशी से उछल पड़े। न जाने क्यों उर्वशी को महसूस हुआ जैसे यह सारा आयोजन सिर्फ उसके लिए ही किया गया है। सिम्मी ने यह सुनकर बहुत अर्थपूर्ण दृष्टि से उसे देखा और मुस्कुरा दी।
” ओहो, तो बात यहाँ तक आ पहुँची ?”
” कहाँ तक ?” वह अनजान बनते हुए बोली।
” आपकी मासूमियत का तो जवाब ही नहीं ” सिम्मी ने उसके कपोल पर चुटकी ली।
” तेरा दिमाग भी न जाने क्या क्या कल्पनाएं करता रहता है. हवाई घोड़े पर सवार बस आसमान में कुलाँचे भरता रहता है। ” उसने बुरा मानने का बहाना किया।
” पर ज़रा सम्हल कर, आग से खेलने में हाथ जल जाने का खतरा रहता है। इन अमीरों से दूर रहने में ही भलाई है। “
” ऐसा कुछ भी नहीं है। “
” अगर सचमुच नहीं है तो बेहतर है। ” सिम्मी ने कहा।
वह सोच में पड़ गई, क्या यह सिर्फ उसका वहम है या सच है ? क्या सचमुच राणा साहब की नज़र में उसकी कोई अहमियत है, या वह सिर्फ खुशफहमी का शिकार है। पर इसकी कोई वजह ही नहीं। कहाँ वह और कहाँ मैं। कोई तालमेल ही नहीं हमारा। सिम्मी तो बेकार ही, दिन में सपने देख रही है। हाँ वह मुझे पसन्द हैं, उनका व्यक्तित्व है ही इतना प्रभावी, कि मैं उस आकर्षण से दूर नहीं रह पाती, पर उससे क्या। उन्हें सुंदर लड़कियों की क्या कमी, क्या पता वह सचमुच पूरी टीम को डिनर कराने को उत्सुक हों। उसमें मेरा कोई रोल न हो। बेकार की बात सोचने का कोई फ़ायदा नहीं। क्या होने वाला है यह वक़्त पर छोड़ देना ही बेहतर है। अब उसे बेसब्री से इंतजार था उस समय का जब वह उसके सामने होंगे।
सिम्मी के साथ वह पार्टी में पहुँची तो अधिकतर लोग आ चुके थे । वह ही ट्रैफिक में फँसकर विलम्ब से पहुँची थी। जब उसने हॉल में प्रवेश किया तो सबकी दृष्टि उसकी ओर ही केंद्रित हो गई। सिल्क के ऑरेंज कलर के सूट में वह बिल्कुल शोला ही लग रही थी। उसके रूप की दमक से पूरा हॉल जैसे जगमगा उठा था. राणा साहब ने उसे देखा तो पलभर देखते रह गए। फिर वह और उसके निर्देशक आदित्य , दोनो ही उर्वशी की ओर बढ़े। आदित्य ने बहुत स्नेह से उसके कंधे पर हाथ रखकर अगवानी की और फिर राणा साहब से उसका परिचय करवाया। उन्होंने उसकी ओर हाथ बढ़ाया और उसके हाथ को थामे रह गए। उनके स्पर्श से उसने अपने शरीर में एक सिहरन सी महसूस की। उनकी तीखी दृष्टि उसके हृदय को बींध रही थी। उन्होंने उसकी प्रशंसा की ,तो उसे लगा जैसे चारो ओर रजनीगंधा महमहा उठा हो। फिर कई लोगों से उसका परिचय करवाकर उसकी प्रशंसा में ज़मीन आसमान एक कर दिया। वह उस वक़्त एक अजब खुमार में थी। उन्होंने क्या कहा, लोगों ने क्या प्रतिक्रिया दी, उसे कुछ न पता था। उसे तो लग रहा था कि वक़्त वहीं थम जाए और वह उनमें खोई रहे। वह उसके अभिनय को बहुत सराह रहे थे और कह रहे थे कि उसने देश का मस्तक विदेशी मेहमान के समक्ष ऊँचा कर दिया। वह उनके बात करने के अंदाज़, उनकी शालीनता, और चुम्बकीय व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित हुई। उसे महसूस हुआ जैसे राणा साहब अनायास ही उसके हृदय पर आधिपत्य कर बैठे हैं। उसका जी चाह रहा था कि बातचीत का यह क्रम कभी न टूटे, और वह सदा उनके सम्मुख बैठी रहे, उन्हें निहारती रहे, उन्हें सुनती रहे। उस दिन वह पूरी तरह दिल हार चुकी थी। यद्यपि उसकी और उनकी सामाजिक स्थिति में जमीन आसमान का अंतर था, परन्तु नादान हृदय इन सब बातों को समझता ही कहाँ था। वह तो आसमान के चाँद की माँग कर रहा था। उसे तनिक भी परवाह न थी कि आसमान उससे बहुत दूर है. बहुत समय तक वह उनके सम्मोहन के बंधन में बंधी रही।

* * * * *

परीक्षाएं समाप्त हो चुकी थीं और वह कुछ दिनों के लिए आजाद थी । नुक्कड़ नाटक की टोली दूसरे शहरों में गई हुई थी। जिसमें हिस्सा लेने से उसने मना कर दिया था। घर वालों की बहुत शिकायतें आ रही थीं। लम्बे समय से वह आगरा नहीं गई थी । इस बीच उमंग भी सप्ताह भर का अवकाश लेकर घर आ रहा था, उसने उर्वशी को आदेश दिया कि वह तुरन्त अपना बैग पैक करे और आगरा आ जाए। जब वह घर आएगा तो उसकी अपेक्षा रहेगी कि उसकी लाडली बहन उसके स्वागत के लिए घर में उपस्थित रहे। बड़े भाई के उस आदेश को उसने सहर्ष शिरोधार्य किया और तुरन्त आगरा की ओर निकल पड़ी। दोनों भाई बहन के घर आ जाने के कारण घर में खूब रौनक हो गई थी। दोनो खूब गप्पें मार रहे थे, दुनिया जहान की बातें कर रहे थे। उमंग यह जानने को बहुत बेचैन था, कि दीपंकर घोष कैसे उससे प्रभावित हुआ और अपने ड्रीम प्रोजेक्ट में काम करने का उसे प्रस्ताव दिया। उर्वशी ने उसे सब कुछ विस्तार से बताया। उमंग भी अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव उससे साझा कर रहा था। दोनों ने फ़िल्म देखी, उमंग ने उसे खूब सारी खरीदारी करवाई। वह अपना बहुत दिनों का संचित स्नेह छोटी बहन पर लुटा देने को उत्सुक लग रहा था। उधर बेटी के स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष की परीक्षाएं समाप्त हो जाने के कारण माँ को उसके विवाह की बहुत चिंता हो गई थी। वे बार बार पापा को याद दिला रही थीं कि अब उसके हाथ पीले करने की फिक्र की जाए, जिसका उसने तुरन्त विरोध किया। यह कहकर की अभी तो मेरे पँख उगने शुरू हुए हैं, अभी मुझे आसमान में बहुत ऊँची उड़ान भरनी है। पापा उसके निर्णय से आश्वस्त दिख रहे थे, उमंग ने जमकर उसका समर्थन किया। वह चाहता था कि उसकी अनुजा खूब यश कमाए। कहीं से अपने समर्थन में कोई स्वर न पाकर माँ चुप रह गईं, पर उनके मन में यह दुश्चिंता सिर उठाने लगी कि इतनी दूर मुम्बई जाकर उसपर उनका कोई जोर नहीं रहेगा. वह मनमानी करने को आजाद हो जाएगी. फिर कोई शक नहीं कि लड़की हाथ से निकल जाएगी।
उस दिन दोनो भाई बहन ने मिलकर पूरे घर की सफ़ाई करके, उसे नए सिरे से व्यवस्थित किया। सारा फालतू सामान कबाड़ में डाला और नए सिरे से घर को चमका कर दम लिया। स्नान व नाश्ता करके उमंग तो अपने दोस्तों से मिलने निकल गया और उर्वशी आराम से अगाथा क्रिस्टी का एक उपन्यास लेकर बैठ गई। वह सस्पेंस में पूरी तरह डूबी हुई थी कि पापा ने आकर उसके एकान्त व मनोरंजन में व्यवधान डाल दिया।
” उर्वशी बेटा , तुम किसी शिखर को जानती हो ? ” इस प्रश्न को सुनते ही वह बुरी तरह चौंक उठी। उसका पीछा करते हुए यह नाम आगरा तक कैसे आ गया ? उसने पिता की ओर प्रश्नवाचक दृष्टि उठाई

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment