कहानी एक रात की…..
कहते है हर रात की सुबह होती है….. अभिप्राय की जीवन में कितना भी अंधकार छा जाए लेकिन रोशनी की एक किरण उसे चीर देती है। बस आपको हौसला बनाये रखना है…. एक मन्त्र है “मै कर सकता /सकती हूं “और आप समस्या से बाहर आ जाते है। तो इसी विचार के साथ अपनी सभी समस्याओ को विराम दीजिये और सुनिए मेरे साथ यानि अपनी आरजे दिव्या के साथ ये प्यार भरा गाना….
“जिंदगी के सफ़र में गुज़र जाते है जो मक़ाम, वो फिर नहीं आते…..
गाड़ी में गाना बज रहा था, राजवीर ने ऐसी इतना तेज़ किया हुआ था कि आम इंसान तो ठण्ड में जम ही जाए लेकिन राजवीर को अब भी पसीने आ रहे थे….. स्टेयरिंग पर उसके घूमते हाथ उसके दिमाग़ के साथ क्रियाशील नहीं थे। दिमाग़ में जब विचारों का मंथन प्रबल वेग से आगे बढ़ रहा हो तब दिमाग़ शरीर से अलग हो जाता है।सारी इन्द्रियां स्वतंत्र हो जाती है। ऐसा ही कुछ राजवीर के साथ हो रहा था….. वो कर कुछ रहा था, हो कुछ रहा था….. सोच कुछ रहा था। जिंदगी कभी कभी कितनी बोझिल हो जाती है…..तभी राज वीर की गाड़ी से कोई टकरा जाता है…… टककर बहुत तेज़ थी….. गाड़ी से टकरा कर वो व्यक्ति बहुत दूर जाकर पड़ा…… राजवीर घबरा गया….. तुरंत गाड़ी एक साइड रोकर…. उतरकर वो उस जगह देखने गया….. एक लड़की थी….. खून से लथपथ…..राजवीर ने उसकी नाक के पास ऊँगली रखकर देखा…. सांस चल रही थी।
” शुक्र है ईश्वर का, जिन्दा है…. कहकर उसने किसी तरह उसे उठाया…. और फटाफट हॉस्पिटल भागा। थोड़ी देर पहले जहाँ उसके दिमाग़ में विचारों का ट्रैफ़िक जांम था वही अब वह केवल उस लड़की के बचने की प्रार्थना कर रहा था…..राजवीर बार बार पीछे मुड़कर देखता……. उस लड़की की चलती साँसे, उसमें दम भर रही थी। गाड़ी की स्पीड बहुत तेज़ थी…उसे लगा कही जिंदगी रफ़्तार में पीछे ना रह जाए…. कुछ देर बाद हॉस्पिटल भी आ गया…..
“डॉक्टर…. डॉक्टर…. देखिये कितना खून बह रहा है… जल्दी से इनका ट्रीटमेंट कर दीजिये” राजवीर ने डॉक्टर से कहा।
” राजवीर कौन है ये…. और तुम… कैसे?
“आप ट्रीटमेंट तो शुरू कीजिये…. मै आपको सब बताता हूं….. विश्वास कीजिये… मैंने कुछ गलत नहीं किया… राजवीर ने कहा।
” ओके ओके…. तुम रिलैक्स हो जाओ… लेकिन हाँ मुझे पुलिस को फ़ोन करना होगा.. ये एक्सीडेंट केस है… डॉक्टर रविश ने कहा।
” जैसा आपको ठीक लगे, बस उसका इलाज कीजिये…. राजवीर ने अपनी बात दोहराई।
राजवीर डॉक्टर रविश को अच्छी तरह जानता था…. दोनों में यूँ तो डॉक्टर और मरीज़ का रिश्ता था लेकिन अब ये रिश्ता दोस्ताना हो चला था।
राजवीर हॉस्पिटल में चक्कर काट रहा था। कभी वो बेच पर बैठता, तो कभी ओटी की ओर रुख करता। दवाइयो और फिनाइल की गंध नाक से होते हुए उसके मस्तिष्क के अन्तिम द्वार तक जा पहुंची थी। हैरान परेशान लोग देखकर उसके माथे पर बल आ रहे थे। लोगो की आपस की बातचीत उसे कभी निराश करती तो कभी उर्जित करती। घड़ी की टिक टिक उसे उस लड़की के ह्रदय की धड़कन के समान लगती। ओटी से बाहर आती नर्स या बॉर्ड बॉय उसकी धड़कने बढ़ा देते। कभी वो दवाई लाने को कहते तो कभी उसे ढांढस बंधाते।
राजवीर बैच पर बैठा अपनी अंगुली चटका रहा था। उसके पैर ज़ोर ज़ोर से हिल रहे थे…. गला सूख रहा था। आँखों की कोरों पर नमी थी….. पैतीस साल का हष्ट पुष्ट युवक हताशा और निराशा के भंवर में हिचकोले खा रहा था…… वो बार बार अपना मोबाइल देखता लेकिन वो भी खाली था बिल्कुल उसके जीवन की तरह…..
” राज… अभी वो लड़की ठीक है….. मतलब खतरे से बाहर है…. उसका ऑपरेशन कर दिया गया है…. हार्ट के पास एक नुकीला पत्थर गड़ गया था…. हाथ का भी ऑपरेशन करना पड़ा। राड डाल दी है। लेकिन…..
” लेकिन क्या…… राजवीर ने आँखे फैलाते हुए पूछा।
” उसके माइंड में एक छोटा सा क्लाट आ गया है, जिसके कारण पैरालायसिस का असर है…. उसमे समय लगेगा….. वैसे कौन है ये लड़की? डॉ ने पूछा।
” वो… मै गाड़ी से कही जा रहा था.. अपनी सोच में था, अचानक से ये लड़की गाड़ी से आ टकराई…. जितना मुझे याद है मेरी गलती नहीं थी। पता नहीं ये सब कैसे हो गया…. मै तो अपने ही विचारों में खोया था… फिर अचानक… राजवीर ने बैठते हुए कहा।
” तुम दवाई नहीं ले रहे हो क्या? डॉक्टर सोमेश परसों आ रहे है चाहो तो फिरसे कंसल्ट कट लो….. डॉक्टर रविश ने कहा।
” देखता हूं, लेकिन डॉक्टर साहब पुलिस यकीन करेंगी मेरी बात पर? मानेगी कि मैंने कुछ नहीं किया… रविश ने प्रश्नवाचक दृष्टि से देखा।
” तुम चिंता ना करो, थाने से जो ऑफिसर आएगा मेरा जानने वाला ही है, और फिर ये लड़की भी तो बयान देगी ही…. तुमने तो यहाँ भर्ती कराकर उसकी मदद ही की है राज….. रविश ने उसके कंधे पर हाथ रखते हुए कहा।
” थैंक्यु सो मच डॉक्टर….. क्या मै उसे देख सकता हूं… राजवीर ने पूछा?
” नहीं, अभी नहीं ड्रेसिंग चल रही है, कल मिल लेना, अभी तुम अपना बयान देखकर घर जाओ, स्ट्रेस तुम्हारे लिए अच्छा नहीं…..
” जी, कोई भी ज़रूरत या बात हो तो मुझे कॉल कीजिएगा, राजवीर ने कहा।
कहकर वो हॉस्पिटल से निकल गया, लेकिन उसके दिमाग़ में आज की ये घटना ही घूम रही थी। रह रहकर राजवीर उस लड़की के बारे में सोच रहा था….. जाने कौन है? घर में कौन कौन है? घरवालों को चिंता हो रही होंगी? कैसे ढूंढेगे उसको? और सबसे ज्यादा इस बात की कि वो ठीक तो हो जाएगी ना, दिन ढलने आया था, अब ऑफिस जाने का क्या ही औचित्य बचा है, अब तो घर ही जाया जाए…. लेकिन कौन सा घर?
क्या था राजवीर की जिंदगी में जो उसे परेशान कर रहा था?
कौन थी वो लड़की?
“राजवीर किस बीमारी की दवाई खाता था?
” क्या वो लड़की बच पाएगी?
” क्या राजवीर अपने विचारों से जीत पाएगा….. जानने के लिए पढ़िए अगला भाग
पारुल अग्रवाल मित्तल
Agarwalmittalparul@gmail.com