भाग -2
जब रातें जगने लगती हैं…
‘सुनो चंद्रिका…. बस इतना चाहता हूँ कि तुम जो भी हो, जहाँ भी हो, सुरक्षित रहो और जितनी जल्दी हो सके मेरे पास आ जाओ। मैं खुद को तुममें देखना चाहता हूँ। जिस तरह मेरी देह… मेरा हृदय बस तुम्हारे लिए सुरक्षित है, मैं वही संरक्षण तुम्हारे आंचल में पाना चाहता हूँ।’
फोन जैसे ही ऑन किया तो चंदर का मैसेज था। चंदों के चेहरे पर मुस्कान फैल गई। वह सोचने लगी, इतनी शुद्ध हिन्दी मल्टीनेशनल कंपनी के उच्चाधिकारी की!! फनी इमोजी के साथ चंद्रिका ने मैसेज किया।
चंदर बिस्तर पर ही था, कब से चंद्रिका के मैसेज का इंतज़ार कर रहा था। इतना लंबा इंतज़ार और मैसेज में बस इमोजी!! उसने करवटे लेते हुए लिखा, ‘तुम शायराना जवाब दो मुझे। बाक़ी सब बातें रहने दो।’
‘आऊंगी…
आना निश्चित है,
आने से पहले कितनी देहों से गुज़रना होगा,
कितने जन्मों के चक्कर काटने होंगे,
कितनी दूरियों से गुज़रना होगा,
सिर्फ़ एक तुम्हारे लिए
अभी कुछ कह नहीं सकती,
पर आऊंगी, आना निश्चित है।’
‘हैट्स ऑफ़ टू यू, तुम्हारे पास हर बात का जवाब है। यूँ तुमसे ज़ुबानी जंग हारना हाल ऐ दिल को सुकून सा दे जाता है, पर सुनो! तुम अगले जन्म की बातें न करो, मुझे तो इसी जन्म में मिलना है।’लव इमोजी के साथ चंदर ने लिखा।
‘ज़्यादा हो गया।’हमेशा की तरह आज भी चंदों ने अपनी तारीफ़ सुनकर यही लिखा।
‘ज़्यादा नहीं है चंद्रिका जी, बहुत कम है। तुम बहुत ख़ूबसूरत हो। ‘
‘हम्म्म।’
‘क्या हम्म्म ? कुछ बोलोगी नहीं ? अच्छा ये बताओ, तुम्हें मुझसे बात करना कैसा लगता है?’
‘सच्च कहूँ या झूठ ?’
‘एकदम सच्च कहो।’
‘बहुत अच्छा लगता है। जैसे आप मुझसे बात करने के लिए इंतज़ार करते हैं, बिलकुल वैसे ही मैं भी करती हूँ या शायद आपसे ज़्यादा इंतज़ार करती हूँ।’
‘अगर मैं कहूँ कि मुझे प्यार है तुमसे!’
‘मैं इतना ही कहूँगी कि अभी आप कुछ नहीं जानते मेरे बारे में।’
‘तो बता दो न, क्यों नहीं बताती? डर किस बात का है?’
‘अगर मैं कहूँ कि आपको खो देने का डर है तो ?’
‘डरो मत मैं हमेशा साथ हूँ और रहूँगा और तुम्हारी शायरी पढूंगा, सुनूंगा, आदत हो गई है मुझे तुम्हारी।’फनी इमोजी के साथ जवाब आया।
‘ओह, अच्छा बताओ आपकी ऐज क्या है?’
‘क्यों? शक्ल से बुड्ढा लगता हूँ।’ठहाके लगाती इमोजी के साथ।
‘नहीं, सोच रही हूँ कि नाबालिग ना हों।’दोनों में ठिठोली शुरू हो गई।
‘ऐसा हुआ तो फिर ?’
‘फिर तो मुश्किल होगी।’
‘कैसी मुश्किल ? टेंशन ना लें मोहतरमा सब ज्ञान है हमारे पास।’
‘हम्म्म…।’
‘फिर से हम्म्म… मुझे गुस्सा आता है तुम्हारे हम्म पर, प्लीज़ कुछ बोला करो। मुझे अच्छा नहीं लगता तुम्हारा यूँ चुप रहना।
हेल्लो …
चंदो जी…? सो गई?
गुड नाइट करके तो जाती?’
इधर चंदर उसके जवाब का इंतज़ार कर रहा था और उधर चंदों के पास सो रहे मासूम चिंटू की नींद खुल गई थी। वह कहानी सुनने की जिद करने लगा और चंदों उसे प्यार से थपथपाकर सुलाने की कोशिश करती रही और मन तो बीप-बीप की आवाज़ में अटका रहा। वह देखना चाहती थी कि चंदर के मैसेज, वह बात करना चाहती थी उससे अभी और… पर चिंटू। मोबाइल की रोशनी तो उसे अच्छी ही नहीं लगती। चंदों चाहते हुए भी मोबाइल के मैसेज देख न सकी और चिंटू को सुलाने लग गई। धीमी-धीमी आवाज़ में लोरी गाने लगी। थोड़ी देर में जब वह सो गया तो उसने अपना मोबाइल संभाला।
देखा तो सुबह के तीन बज रहे थे। चंदर के मैसेज देख उसने गुड मॉर्निंग का मैसेज कर दिया साथ में हाथ जोड़ने की इमोजी सेंड की।
‘पहले गुड नाइट तो होने दो, बिना नाइट के गुड मॉर्निंग कैसे हो गई?’ उसका मैसेज मिलते ही चंदर का मैसेज आ गया ।
चंदों हैरान रह गई। बोली, ‘आप सोये नहीं?’
‘तुम्हारे बिना नींद कैसे आएगी ?’ चंदर के इस तरह के मैसेज उसे बहुत कुछ कह जाते, पर समझ कर भी वह अनजान बनी रहती।
‘कुछ भी बोलते हो आप।’
‘क्या मैं तुम्हारी आवाज़ सुन सकता हूँ ? मैसेंजर पर कॉल करके? प्लीज़ मना मत करना।’
‘सो जाओ, आपको ऑफिस भी जाना होगा न।’
‘सिर्फ़ एक बार प्लीज़।’
‘हम्म्म..।’
‘मतलब हाँ ?’
चंदर ने बेसब्रों की तरह कॉल कर दी। कॉल करने के कुछ पल में ही उसने कितनी कल्पनाएं जोड़ ली थीं।
‘हेल्लो .. कैसी हो तुम?’
‘ह्म्म्म…. ठीक हूँ , आप कैसे हैं ?’
‘तुम्हारी आवाज़ सुन ली है तो सब अच्छा है अब, कुछ बताओ अपने बारे में।’
‘क्या जानना चाहते हैं? पूछो आप।’
‘तुम इतनी ख़ूबसूरत कैसे हो ? बड़ा-सा … चाँद जैसा माथा, तीखी सी नाक, कथ्थई आँखें… मुझे प्यार है तुमसे, मैं जीना चाहता हूँ तुम्हें।’
चंदों इस बात पर देर तक चुप रही I वह जानती थी लड़के अक्सर बात की शुरुआत लड़की की तारीफ़ से ही करते हैं जिसका उस पर कोई प्रभाव नहीं हुआ पर चंदर उसका जवाब न पाकर बेचैन होने लगा।
‘कुछ बोलो तो, देखो गुस्सा मत करना। पिछले कुछ महीनों से मैं तुम्हारे लिए जो महसूस कर रहा हूँ, वही कहा है।’
‘कुछ पूछूं आपसे ?’ ख़ामोशी को तोड़ते हुए चंदों ने कहा।
‘हाँ, पूछो न।’
‘दिल्ली में रहते हैं। अच्छी नौकरी पर है, बहुत ज़्यादा पढ़े-लिखे भी हैं। दिल्ली में एक से बढ़कर एक ख़ूबसूरत लड़कियाँ हैं आपके लिए, फिर मैं ही क्यों ? हमारा तो कोई मेल ही नहीं है।’
‘हाँ, दिल्ली भरी पड़ी है ख़ूबसूरत लड़कियों से I’ चंदर ने गहरी साँस लेते हुए कहा और कुछ पल खामोश रहने के बाद बोला। ‘मैं तुम्हें सब बताना चाहता हूँ। अपने बारे में, अपने बीते कल के बारे में, तुम्हें जानने का हक़ भी है। मेरी एक गर्ल फ्रेंड थी, नहीं गर्ल फ्रेंड नहीं कह सकता। गर्ल फ्रेंड बहुत हल्का शब्द होगा उसके लिए। सब कुछ थी वह मेरे लिए। हम दोनों ने एक साथ न जाने कितने सपने बुने थे… एक साथ एक ऊँची उड़ान भरने के…।’चंदर की आवाज़ भर्राने लगी, चंदों ने महसूस किया कि वह भीतर से कितना टूटा हुआ है। चंदर ने धीरे-धीरे बोलना जारी रखा और रात सुबह की ओर बढ़ती रही…।
‘मेरी पहली नौकरी का इंटरव्यू था और उसकी भी, पहली मुलाक़ात हमारी वहीं पर हुई थी और दोनों को नौकरी भी मिल गई थी, कुछ दिनों बाद हम दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इज़हार किया और दोनों एक साथ रहने लगे।’
‘साथ मतलब?’ चंदों ने बीच में टोकते हुए पूछा।
‘साथ मतलब, लिव इन में। मतलब दुनियादारी वाली शादी नहीं थी, बाक़ी सब हम दोनों में शादी जैसा ही था।’चंदर उसे लिव इन का मतलब समझाने लगा। उसकी आँखों के सामने गाँव की सरल सी लड़की का चित्र उभर आया, जो लिव इन रिलेशन के बारे में ज़्यादा नहीं समझती होगी। चंदों उसके समझाने के ढंग से समझ रही थी कि इस समय वह उसके लिए क्या सोच रहा है।
‘तीन बरस हम साथ रहे और एक दिन अचानक वो मुझे छोडकऱ चली गई। उसे बहुत ऊँची उड़ान भरनी थी। मुझ से बेहतर कोई मिला उसे और वो उसके साथ चली गई I’ ख़ामोशी फिर से कुछ पल के लिए दोनों के बीच आकर खड़ी हो गई।
‘पता है चंद्रिका मैंने अपने माता-पिता को कभी नहीं देखा। जानता भी नहीं उनके बारे में। अनाथालय में पला-बढ़ा हूँ। शायद इसीलिए उसमें मैं अपने माँ-बाप, भाई-बहन, सब देखता था। मेरी दुनिया थी वो। उसके जाने के बाद मुझे ऐसा लगा जैसे मैं फिर से अनाथ हो गया। पिछले तीन सालों से अकेला हूँ। उसकी यादें और सिगरेट… बस यही तो मेरे पास था।’एक छोटे बच्चे की तरह रोने लगा चंदर।
चंदों ने उसे रोने दिया, कभी – कभी रोना भी ज़रूरी होता है । उसे अब चंदर एक छोटा बच्चा लग रहा है… एक हारा हुआ बच्चा, जिसका खिलौना किसी ने छीन लिया है। वह उसे दिलासा देना चाहती है, पर समझ नहीं आया कि कैसे। वह बस इतना ही बोली, ‘आपका दिल दुखा दिया मैंने। माफ़ कर दीजिए।’
‘नहीं, ऐसा नहीं हैं। मैं जब भी तुम्हें पढ़ता, तो बहुत अच्छा महसूस करता। बस इसलिए मैंने तुम्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी और यह भी सच है कि मैं तुम्हें तुम्हारे शब्दों में देखता था, फिर पता ही नहीं चला कि कब तुमसे इतना लगाव हो गया।’
‘हम्म…।’
‘हम्म नहीं, कुछ बोलो चंद्रिका, क्या महसूस करती हो मेरे लिए।’
‘ज़रूर बताऊंगी, पर अभी नहीं, टाइम देखिए, सुबह आपको भी ऑफिस जाना है और मुझे भी… बहुत काम है, इसलिए फिर कभी।’चंदों ने अंगड़ाई लेते हुए कहा।
‘तुम्हें नींद आ रही है ?’
‘नहीं, नींद तो नहीं, पर अब काम बहुत है। आपको नहीं पता कि मैं कहाँ रहती हूँ, बस इतना जान लें कि छोटा-सा गाँव है। पूरी देहाती हूँ मैं और इस देहाती को अब बहुत काम है।’ उसने हँसते हुए कहा।
‘जैसी भी हो, मेरा सपना हो और मैं इस सपने को हक़ीक़त बनाना चाहता हूँ।’
‘जब मेरे बारे में जानेंगे तो अपने सपने को हक़ीक़त में बदलने की सोचेंगे भी नहीं।’
‘वक़्त बतायेगा, सिर्फ़ इतना बता दो कि तुमने मेरी फ्रेंड रिक्वेस्ट क्यों एक्सेप्ट की थी?’
‘सच कहूँ तो आपका नाम देख कर… चंदर।’
‘और ये चंदर आपको कैसा लगता है?’
‘बहुत सुकून मिलता है आपसे बात करके, पर मैं चाहती हूँ कि आपको मेरे बारे में सब पता होना चाहिए इसलिए मैं सिर्फ़ इतना कहूँगी थोड़ा इंतज़ार कीजिए।’
‘तुम जहाँ कहोगी, मिलने आ जाऊंगा, बस मेरे साथ अपना ख़ाली वक़्त मत गुजारना, अगर मन से जुड़ सको तो ही अपना वक़्त मुझे देना, प्लीज़।’ चंदों को चंदर के भीतर का दर्द महसूस करने में देर न लगी I प्रेम में मिले दर्द को कहना मुश्किल होता है और चंदर की मुश्किल को चंदों ने महसूस किया था I
‘मैं ऐसा सोच भी नहीं सकती, पर कहीं आप अपनी ज़िंदगी का खालीपन तो नहीं भरना चाहते मुझसे।’ चंदों ने भी मन की बात कह दी ।
‘मुझे नहीं पता। मैं शायद इस समय तुम्हारे सवाल का जवाब ना दे पाऊं, पर जबसे तुमसे बात होने लगी है, ख़ुश रहता हूँ। मन में एक तसल्ली रहती है कि कोई मेरा अपना है इस दुनिया में जो मेरा इंतज़ार करता है।’
‘हम्म, सुनो मौसम बदल रहा है, अपना ध्यान रखना। अब मुझे फ़ोन रखना होगा।’
‘सुनो, तुम अपना फोन नंबर तो दे सकती हो न ?’
‘अभी नहीं पर एक दिन ज़रूर, अब बाय।’
‘बाय, लव यू।’
चंदों की सुबह कई सालों बाद आज इतनी ख़ूबसूरत हुई है पर मन में प्रश्न है कि आख़िर क्यों किसी का साथ अच्छा लगने लगा है क्यों कुछ देर का इंतज़ार विचलित करने लगता है I किसी का साथ होना वाकई हर पल को खूबसूरत कर देता है शायद इसका कारण सिर्फ़ आत्मीयता है I दो अजनबी कितनी आत्मीयता से जुड़ रहे हैं I एक दूसरे को ठीक से न जानने वाले दो अपरिचित सामान्य बातचीत से इतने नजदीक आ जाते हैं कि अवचेतन अवस्था में एक – दुसरे को मिलते हैं, देखते हैं, महसूस करते हैं I एक दूसरे की उर्जा आपस में मेल खाने लगती है तो साथ अच्छा लगने लगता है I अकेली सी चंदों की उर्जा तन्हा से चंदर से मिल रही थी और तलाश कर रहीं थी आपना – अपना सुकून I जीवन की सब भाग दौड़ इस सुकून के लिए ही तो है I भीड़ में अकेला इन्सान सुकून के लिए भाग रहा है I आस – पास का वातावरण अजनबी लगने लगता है और जो दूर देश में कोई बैठा होता है वह अपना सा I चंदर ने अपना सुकून चंदों में ढूंढ लिया था पर चंदों अभी तक क्यों क्या के सवालों में उलझी हुई थी जिसका जवाब वह पारदर्शी चाहती थी I प्रेम में पारदर्शिता की चाह एक सामान्य मानवीय इच्छा है I जब एक स्त्री पारदर्शिता की अपेक्षा करती है, तो वह एक ऐसे संबंध की तलाश में होती है जहाँ उसके साथी के इरादे स्पष्ट हों I
प्रेम में पारदर्शिता एक ऐसा आदर्श है जो संबंधों को मजबूती प्रदान करता है I यह स्त्री पुरुष के लिए एक समान रूप से महत्वपूर्ण है I संबंध में गहराई और स्थिरता के लिए जहाँ इसकी ज़रूरत है, वहीँ इससे एक स्वस्थ और संतुष्ट प्रेम संबंध की नींव बनती है I हर औरत की तरह चंदों भी एक स्वस्थ रिश्ते की कामना के साथ चंदर के साथ धीरे – धीरे खुलती जा रही थी I
लेखिका – नीना अंदौत्रा