‘गूँगी मोहब्बत’
भाग -20
अपनी अम्मा से बात करने के बाद गरिमा अपसेट हो गयी थी। इस समय वो किसी जाल में फंसी मछली सा महसूस कर रही थी। अमर भी पशोपेश में था कि वो किस तरह गरिमा को कम्फर्ट पहुंचाया जा सकता है।लेकिन फिलहाल उसे समस्या की जड़ ही नहीं पता थी। कुछ देर तक उस कमरे का माहौल भारी हो गया था। इस बीच अमर ने नताशा को फोन करके जो भी तिरुची में घटा था ,उसकी सारी डिटेल्स ले ली थीं। उसने स्पष्ट रूप से कह दिया था कि मूलचंदानी ब्रदर्स को और अधिक टार्चर न किया जाये। वो खुद ही उस मामले को अपने लेवल पर हैण्डल करेगा।कुछ और हल्की फुल्की बातें हुईं थीं ।नताशा तो बहुत देर फोन पर बात करना चाहती थी लेकिन अमर ने फ़िर बात करने का कह कर फ़ोन डिस्कनेक्ट कर दिया था।
इधर गरिमा जो कल से चहक रही थी ,उसे गुमसुम देखकर अमर को अच्छा नहीं लग रहा था। वैसे भी जिस तरह से गोली चलने के बाद गरिमा ने अपना रिग्रेट शो किया था,वो अमर के दिल में घर कर गया था। और एक हम उम्र लड़के पर विश्वास कर उसे अपने कमरे में जगह देना ,कोई छोटी बात नहीं थी। कुल मिला कर अमर के दिल में गरिमा के लिये एक फ्रेंडली फील थी।
अमर को ह्यूमन साइकोलॉजी की बेहतर समझ थी । वो इस बात को अच्छे से समझता था कि गरिमा सिंह उस तरह की लड़कियों में नहीं थी जो विक्टिम कार्ड खेलकर अपना उल्लू सीधा करतीं हैं। सीधा कितना भी पूछता ,शायद गरिमा उसे अपनी प्रॉब्लम बताती ही नहीं।इसलिये उसने बहुत दूर से बात शुरू की।
” गरिमा,क्या इतना वक्त साथ गुजारने के बाद हम लोग यह कह सकते हैं कि हम अच्छे दोस्त हैं?”
गरिमा को समझ ही नहीं आया कि अमर क्या पूछना चाहता है।उसने धीमे से सर उठाकर अमर की ओर देखा।
अमर ने कांटीन्यू रखा, ” सच सच बताओ,मुझे परेशान देखकर तुम्हें अच्छा लगेगा क्या? बोलो”
गरिमा समझ नहीं पा रही थी कि अमर क्या कहना चाहता है फिर भी उसने बिना कुछ बोले किसी छोटे बच्चे की तरह इन्कार में सिर हिलाया।
” क्या तुम मुझे अपना दोस्त मानती हो ?”
“ह..हां।”
“फिर तो दोस्तों को हक होना चाहिये कि वो गले मिलकर बात करें। ” यह कहते हुये बिना कुछ सोचे हुये अमर ने खींच कर गरिमा को गले लगा लिया। गरिमा पहले तो एकदम हड़बड़ाई लेकिन अमर की तरीका ही कुछ इस तरह का था कि वो खुद को रोक नहीं पायी। यह एक अलग तरह का अहसास था। अमर ने बहुत जेंटली उसे गले से लगा रखा था और अपना एक हाथ गरिमा के सिर पर कुछ इस तरह घुमा रहा था जैसे एक पिता अपनी बेटी को दुलार रहा हो।वास्तव में दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है जिसमें हर रिश्ते के अहसास सिमटे होते हैं। यह अनुभूति गरिमा की उम्मीद से थोड़ा अलग जरूर थी लेकिन बहुत सुकूनभरी थी। उसके जीवन में किसी पुरुष का यह प्रथम स्पर्श था लेकिन इस स्पर्श में उसे उष्णता नहीं बल्कि स्नेह युक्त शीतलता मिल रही थी,सकून मिल रहा था।जाने गरिमा के मन में क्या भाव आया,वह अमर के सीने में सिर छुपा कर फफक कर रो पड़ी थी। दोनों हाथों से अमर की बाजू के आस्तीन कस के पकड़े हुये वह कुछ देर तक रोती रही थी। अमर ने भी उसे चुपाने की कोई कोशिश नहीं की ।बस वह प्यार से उसके सिर पर हाथ घुमा रहा था।
अमर जानता था कि स्पर्श प्रेम को स्पंदित कर देता है। यह मन की गांठों को सुलझाने की चाबी है। स्पर्श अपनेपन का वाहक है और एक प्रेमयुक्त खामोश आलिंगन जन्म भर की गयी बातों पर भारी पड़ता है।
गरिमा सिंह की नाक चलने लगी थी। कुछ लोग होते हैं जो भावनात्मक होते ही नाक पर नियंत्रण खो बैठते हैं।
” पागल लड़की, मेरी शर्ट को बचा रहने दे। “प्यार से चुटकी लेते हुये उसने गरिमा को सोफे पर बैठा दिया था और खुद उसके पैरों के पास नीचे बैठ गया था।
“बताओ, क्या बात है? क्यों परेशान हो?” अमर ने गरिमा के बायें पैर की उंगली को अपने नाखून से खरोंचते हुये पूछा।
“। सब लोगों को लगता है कि पुलिस बहुत स्ट्रोंग होती है। कुछ भी कर सकती है। लेकिन चीजें ऐसी नहीं होतीं यार । …”
एक बार गरिमा ने शुरू किया तो सब बताती चली गयी।
अमर ने सब धैर्यपूर्वक सुना था ।इतना भी काफी था । सच तो यही है कि कोई अच्छा सुनने वाला मिल जाये तो तकलीफें कहने से कम होती हैं।गरिमा ने जो बताया उसका लब्बोलुआब यह था कि गरिमा एक फादरलेस चाइल्ड थी और फेमिली के नाम पर उसके पास केवल एक मॉ थी।गरिमा के माता पिता ने प्रेम विवाह किया था। ननिहाल से रिश्ते पहले ही खत्म हो चुके थे। पिता जी गरिमा के जन्म के समय ही चल बसे थे। दादा जी नहीं चाहते थे कि परिवार की संपत्ति कहीं बाहर जाये। अगर पोता होता तो शायद यह व्यवहार नहीं होता। लेकिन अब पिता जी के मरते ही सबने मुंह मोड़ लिया था।दादा जी अपनी सारी संपत्ति तो पहले ही गरिमा के दो चाचा लोगों के नाम पर कर चुके थे। ले देकर एक मकान बचा था जिसमें माता जी रहतीं थीं। अब वो मकान भी चाचा लोगों के नाम कर दिया गया था। माता जी ने किसी तरह गरिमा को पढ़ा लिखा कर यहां तक पहुंचाया था। पहली पोस्टिंग थी,इसलिये अभी मॉ को साथ नहीं लायी थी।मां आना भी नहीं चाहती थीं। उस मकान से माता जी का भावनात्मक लगाव था ।उन्होंने साफ कह दिया था कि उस मकान में उनकी डोली आयी थी और वहां से अब उनकी अर्थी जायेगी। गरिमा की नौकरी लगने के बाद, माता जी ने जीवन भर की जमा की हुई जो थोड़ी पूंजी थी ,वो भी उस पुराने मकान की मरम्मत में यह कहते हुये लगा दी थी कि सरकारी अफसर का घर है,उठने बैठने लायक तो होना ही चाहिये।उनको कानून की उतनी समझ थी नहीं और अब वो ये सोचती थीं कि बिटिया पुलिस में है तो अब मकान कोई छीन नहीं सकता।गरिमा मॉ को भी टूटते हुये देख नहीं सकती थी और लीगल वे में मकान को पाना टेढ़ी खीर थी क्योंकि वो मकान दादा जी ने बाद में खरीदा था और लीगली वो जिसे देंगें उसी का हक बनता था। ऊपर से चाचा लोग का बिजनेस एंपायर काफी बड़ा था और शहर में उनके सब तरह के कांटेक्ट्स थे। उन लोगों के लिये यह मकान कोई बहुत बड़ी चीज नहीं थी लेकिन हराम की ढाड़ पड़ी हुई थी। बातों में ही अमर ने उस मकान और उसके शहर की जरूरी डिटेल्स भी ले लीं थीं। यह आगरा के पास एक छोटा सा शहर था।
इस समय उफान बैठ चुका था और गरिमा काफी रिलैक्स्ड फील कर रही थी। उधर अमर के ह्रदय में गरिमा के लिये सम्मान और बढ़ गया था। उसे अचानक ऐसा फील होने लगा था कि वो एक बरगद है और एक प्यारी सी छोटी चिड़िया ने उसके ऊपर घोंसला बनाया है और कोई बड़ा चील उस घोंसले को तहस नहस करने आ रहा है …
बारिश कमाल किये थी। गरिमा ने फोन करके हेड कांस्टेबल को बोल दिया था कि अगर थाने में कोई मैटर आये तो उसे बुला लिया जाये।वैसे भी ये एक पीसफुल एरिया था और ऊपर से इतनी बरसात ,तो शायद आज भी कोई काम नहीं रहने वाला था।
गरिमा ने खाना बना लिया था । उस दौरान अमर कहीं फोन पर उलझा रहा था । और अब वो दोनों खा पीकर फिर बैठ गये थे।चूंकि लगातार बारिश भी हो रही थी और कमरे में हल्की सी सर्दी का आभास हो रहा था तो अमर महाशय ने एक और चाय की फरमाइश पेश कर दी थी । और महोदय चाय और करेलिया में उलझे हुये की वी देखने लगे थे।
गरिमा वक्त को गुजरता देख रही थी और उसे पूरा यकीन हो चला था कि न तो बारिश करने वाली है और न ही अमर । वास्तव में ,दिल के किसी कोने में वो चाहती भी नहीं थी कि दोनों में से कोई भी टले। अब तक की पूरी जिंदगी,अम्मा,पढ़ाई,रोजमर्रा की समस्याओं और नौकरी के पीछे दौड़ते हुये ही निकल गयी थी। शायद ही इससे पहले कोई बरसात इतनी खूबसूरत लगी हो।यह उसे एक तरह से पिकनिक एक होम जैसा फील दे रही थी। अमर की तलब को ध्यान में रखते हुये उसने मेस से दूध मंगा कर रख ही लिया था और करेलिया साहबजादे के पास स्टाक में पहले से मौजूद थी।वास्तव में सब दिल मिलने का सौदा होता है। चौबीस घंटे पहले जो शख्स उसे दुनिया का सबसे बड़ा गुनहगार लग रहा था ,वही इंसान इस समय उसे अपना तरफदार लग रहा था।
क्या अमर गरिमा की कोई मदद कर पायेगा?
अनंता के नफरत भरे लहजे पर अमर की क्या प्रतिक्रिया होगी?
क्या अमर को गरिमा के दिल में मचलते तूफान का कोई अंदाज है?
फिलहाल तो अमर टीवी पर चल रहे ड्रीम्स रिविजिटिड एल्बम के गाने में खोया हुआ था..
“लिखा है क्या नसीबों में,मोहब्बत के खुदा जाने..”